सांस्कृतिक महक और व्यंजनों की विरासत के साथ 2 अप्रैल से शुरू होगा बुंदेली शेफ प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण

भोपाल पांच करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुँच और 75 से अधिक सहयोगियों के साथ बुंदेलखंड के नंबर वन डिजिटल न्यूज़ प्लेटफार्म के रूप में कार्य कर रहे बुंदेलखंड 24×7 द्वारा आयोजित बुंदेली शेफ प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण अपनी सांस्कृतिक महक और व्यंजनों की विरासत के साथ एक बार फिर परंपरा और नवाचार का संगम लेकर आ रहा है। प्रतियोगिता की शुरुआत 2 अप्रैल को होने वाले पहले ऑडिशन राउंड से होगी। पूरी तरह निःशुल्क इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले झाँसी में होगा, जबकि ऑडिशन, क्वार्टर फाइनल व सेमीफाइनल राउंड चैनल के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से लाइव आयोजित किए जायेंगे। मूल रूप से बुंदेलखंड से आने वाली महिलाएं देशभर के किसी भी कोने से प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकती हैं। इस अनूठी पहल का उद्देश्य बुंदेलखंड की घरेलू महिलाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी पाक-कला को न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिला सकें। कार्यक्रम की भव्यता को और अधिक बढ़ाते हुए जाने माने फिल्म अभिनेता व राजनेता राजा बुंदेला और सुप्रसिद्ध अभिनेत्री सुष्मिता मुखर्जी जैसी विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति भी देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों को कड़े परीक्षणों और रोमांचक मुकाबलों के माध्यम से सम्पन्न किया जाएगा। प्रतियोगिता की शुरुआत के बाद, 9 अप्रैल को दूसरा ऑडिशन, 16 अप्रैल को क्वार्टर फाइनल, 30 अप्रैल को सेमीफाइनल और 11 मई को ग्रैंड फिनाले का आयोजन होगा। इन सभी चरणों में प्रतिभागियों की पाक कला को परखने के लिए अनुभवी जज सृष्टि त्रिपाठी और डॉ अतुल मालिकराम मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता को लेकर दामिनी गौर ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, "बुंदेली शेफ प्रतियोगिता न केवल एक कुकिंग कॉम्पिटिशन है, बल्कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और अपनी कला को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर भी है।" वहीं शिवांगी तिवारी ने कहा "यह प्रतियोगिता हर महिला को अपने भीतर छिपी शेफ को पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह आयोजन बुंदेली व्यंजनों की समृद्धि को दर्शाने का भी एक माध्यम है।" अपने पहले संस्करण की अपार सफलता के बाद बुंदेली शेफ प्रतियोगिता का यह दूसरा संस्करण नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम है, जो पारंपरिक पाक-कला को आधुनिकता का स्पर्श देकर बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत बनाने का प्रयास कर रहा है। recent visitors 45

BCCI की बैठक में महिला वनडे विश्व कप के लिए आयोजन समिति का गठन किया जाएगा, स्पॉन्सरशिप होगी बंद

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की शीर्ष परिषद की कोलकाता में 22 मार्च को होने वाली आपात बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए जाने हैं। इस बैठक के दौरान महिला वनडे विश्व कप के लिए आयोजन समिति का गठन किया जाएगा। इसके अलावा इस साल होने वाले वैश्विक टूर्नामेंट के लिए वेन्यू का भी चयन किया जाएगा। बैठक गत चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच ईडन गार्डंस पर होने वाले आईपीएल के पहले मैच के दौरान होगी । बीसीसीआई ने पिछली बार 2013 में महिला वनडे विश्व कप की मेजबानी की थी। बैठक के एजेंडे में महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के लिए आयोजन समिति का गठन और टूर्नामेंट के आयोजन स्थलों पर चर्चा शामिल है। भारतीय टीम दो बार 50 ओवरों के विश्व कप के फाइनल में पहुंची, लेकिन जीत नहीं सकी। शीर्ष परिषद 2025-26 घरेलू सत्र के ढांचे को भी अंतिम रूप देगी। भारत को वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करनी है जिसके लिये मैचों के आयोजन स्थलों पर भी फैसला लिया जाएगा। नए पदाधिकारियों के आने के बाद बोर्ड के बैंक खातों पर हस्ताक्षर के लिए अधिकृत व्यक्ति के नाम को भी मंजूरी दी जाएगी। इस महीने की शुरूआत में स्वास्थ्य मंत्रालय ने बीसीसीआई से आईपीएल के दौरान सभी तरह के तंबाकू और शराब के प्रचार पर रोक लगाने के लिए कहा था। यह मसला भी बैठक में रखा जाएगा, जिसमें तंबाकू और क्रिप्टो करेंसी से जुड़े स्पॉन्सर भी शामिल हैं। उम्मीद है कि आने वाले महिला वैश्विक आईसीसी टूर्नामेंट में इस तरह के विज्ञापन कम से कम स्टेडियम में नहीं लगेंगे। आईपीएल 2025 से ही इसकी शुरुआत हो सकती है। आईपीएल में शायद ही स्टेडियम में तंबाकू, शराब, सट्टेबाजी और क्रिप्टो से जुड़े विज्ञापन नजर आएं। बीसीसीआई समेत बाकी खेल संघों को बीसीसीआई ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। recent visitors 64

आईपीएल 2025 में एक या दो नहीं, बल्कि 13 दिन आयोजित होगी ओपनिंग सेरेमनी, BCCI बना रही प्लान

नई दिल्ली अक्सर आईपीएल के किसी भी सीजन के पहले मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होती है, लेकिन इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई की प्लान कुछ अलग है। आईपीएल को 18 साल होने जा रहे हैं और इस अवसर पर बीसीसीआई सिर्फ आईपीएल 2025 के पहले मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं करेगी, बल्कि आईपीएल के इस सीजन में जिस भी स्टेडियम में पहला-पहला मैच होगा, उस पहले-पहले मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होगी। बीसीसीआई दुनिया के प्रमुख फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट के 18 साल के समापन के उपलक्ष्य में सभी 13 स्थलों पर विशेष समारोह आयोजित करेगी। आईपीएल 2025 का सेलिब्रेशन पूरे सत्र के दौरान जारी रहेगा, जिसमें हर एक स्टेडियम में पहले मैच की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगी, जिसमें प्रमुख कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस घटनाक्रम से अवगत एक सूत्र ने स्पोर्टस्टार को बताया, "हम टूर्नामेंट में और अधिक रंग भरना चाहते थे, ताकि हर जगह के दर्शक उद्घाटन समारोह का लुत्फ उठा सकें। हम हर जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए हम राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों की एक लाइन-अप बनाने की योजना बना रहे हैं।" IPL 2025 की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ होगी। ये मैच 22 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इसे मुकाबले से पहले एक ओपनिंग सेरेमनी आयोजित होगी। इसकी पुष्टि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल यानी सीएबी के चेयरमैन स्नेहाशीष गांगुली ने की है। उन्होंने कहा है कि इस मैच की टिकटों की डिमांड काफी ज्यादा है और लंबे समय के बाद कोलकाता में आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी होगी। केकेआर वर्सेस आरसीबी मैच से पहले 35 मिनट का शानदार उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें मशहूर गायिका श्रेया घोषाल और अभिनेत्री दिशा पटानी के परफॉर्म करने की संभावना है। इस कार्यक्रम में आईसीसी के चेयरमैन जय शाह और अन्य गणमान्य लोगों के भी शामिल होने की संभावना है। स्नेहाशीष ने उद्घाटन समारोह के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा, "यह एक बड़ा मैच है, जिसके लिए टिकटों की मांग बहुत अधिक है। ईडन गार्डन्स में लंबे समय के बाद उद्घाटन समारोह आयोजित किया जा रहा है।" recent visitors 52

QR कोड स्कैन करना पड़ सकता है भारी, छोटी गलती से बड़े नुकसान का डर, इन बातों का रखें ध्यान

नई दिल्ली ऑनलाइन फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर क्रिमिनल आए दिन नए-नए तरीकों से यूजर्स को चूना लगा रहे हैं। QR कोड से होने वाले स्कैम भी इन्हीं में से हैं। इस स्कैम के खतरे को देखते हुए CERT-In (Ministry of Electronics & Information Technology) ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट से कुछ जरूरी सेफ्टी टिप्स को शेयर किया है। इन सेफ्टी टिप्स को फॉलो करके आप QR कोड के जरिए होने वाले फ्रॉड्स से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं। CERT-In ने X अकाउंट से एक पोस्टर शेयर किया है, जिसमें QR कोड स्कैन करते वक्त ध्यान रखने वाली बातों का जिक्र किया गया है। शेयर किए पोस्टर में CERT-In ने कहा कि स्कैम फेक QR कोड का इस्तेमाल करके यूजर्स को मलीशियस वेबसाइट पर रीडायरेक्ट कर देते हैं या फेक ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहते हैं, ताकि उन्हें यूजरनेम, पासवर्ड के साथ सेंसिटिव इन्फर्मेशन का ऐक्सेस मिल जाए। इस स्कैम से बचने के लिए आप CERT-In की इन बातों का ध्यान रखें: 1- किसी भी QR कोड को स्कैन करते वक्त यह जरूर कन्फर्म कर लें कि वह कि भरोसेमंद सोर्स का है। 2- QR कोड स्कैन करते वक्त यह जरूर ध्यान रखें कि कहीं वह आपको किसी शॉर्ट URL पर तो रीडायरेक्ट नहीं कर रहा। 3- सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद QR कोड से सावधान रहें। अक्सर जालसाज सार्वजनिक स्थानों पर लगे पोस्टर में फेक QR को चिपका देते हैं, जो स्कैन किए जाने पर मलीशियस वेबसाइट पर रिडायरेक्ट कर देगा। साइबर फ्रॉड की शिकायत करने के लिए डायल करें 1930 साइबर फ्रॉड की शिकायत करने के लिए आप CERT-In की वेबसाइट- www.cybercrime.gov.in पर जा सकते है। आप चाहें तो 1930 पर कॉल करके भी अपनी रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं। बताते चलें कि रेग्युलर अपडेट्स के लिए आप CERT-In को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फॉलो कर सकते हैं। recent visitors 70

20 मार्च 2025 का राशिफल मेष, कर्क और कुंभ राशि वालों पर मां लक्ष्मी की रहेगी विशेष कृपा

मेष राशि- आज स्वास्थ्य संबंधी कोई बड़ी समस्या रोजमर्रा की जिंदगी पर असर नहीं डालेगी। खर्च की अधिकता मन को परेशान कर सकती है। कुछ लोगों की मुलाकात उनके एक्स लवर से भी हो सकती है। धन लाभ होने की संभावना है। वृषभ राशि- आज के दिन किसी भी बहस में ना पड़ने की सलाह दी जाती है। कोई ऐसा प्रोजेक्ट जो किसी कारणवश रुक गया था, वो फिर से अब शुरू हो सकता है। आपको अपने दुश्मनों से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। मिथुन राशि- ऑफिस में आपको अपने काम पर फोकस करने की सलाह दी जाती है। आज का दिन बैंकर्स के लिए काफी बिजी रहने वाला है। अपनी डाइट में हेल्दी जूस शामिल करें। ऑफिस रोमांस में न पड़ें। कर्क राशि- आज आपके जीवन में जरूरी बदलाव आ सकता है। रोमांटिक जीवन में कई प्यार भरे पल आएंगे। आज का आपका दिन काफी रोमांचक रहने वाला है। लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशन वालों आपको पार्टनर की तरफ से खास सरप्राइज मिलेगा। सिंह राशि- आज के दिन आपके सिनीयर्स आपके प्रति काफी सपोर्टिव रहेंगे, जो आपके साथ दोस्तों जैसा व्यवहार करेंगे। डाइट में सलाद शामिल करना बेहतर रहेगा। ऑफिस में वेतन वृद्धि पर बात करना आपके लिए पॉजिटिव साबित हो सकता है। कन्या राशि- आज पैसों का हिसाब-किताब करते समय बेहद सावधान रहने की जरूरत है। अपनी मेंटल हेल्थ पर ध्यान दें। जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहेगी। किचन में काम करते समय आपको थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत होगी। तुला राशि- आज व्यापारियों को नए पार्टनर्स मिल सकते हैं। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य सामान्य से बेहतर रहेगा। पार्टनर के साथ आपकी अच्छी बान्डिंग होगी। अपनी बॉडी को फिट रखें। घर-परिवार में शांति रहेगी। वृश्चिक राशि- आज काम की लापरवाही सिनीयर्स की नाराजगी का कारण बन सकती है। स्ट्रेस से दूर रहने के लिए वो काम करें, जो आपको खुशी देता है। बिना किसी हिचकिचाहट के अपना प्यार दिखाएं। धनु राशि- आज सकारात्मक बातचीत से सब कुछ सॉल्व हो सकता है। धन का आगमन होगा लेकिन खर्च भी बढ़ेंगे। आप ऑफिस में अच्छे माहौल का अनुभव करेंगे और अपने रिश्तों में नई चीजें सीखेंगे। मकर राशि- आप अपनी इच्छाओं और लोगों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाकर रखें। आपका पूरा ध्यान अपने घर-परिवार पर रहेगा। आप अपने कार्यस्थल पर किसी से मिल सकते हैं या उसके प्रति आकर्षित भी हो सकते हैं। कुंभ राशि- कोई गलतफहमी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। मैरिड कपल्स को एक दूसरे के काम में हाथ भी बटाना चाहिए। अपने पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम स्पेन्ड करेंगे। पैसों से जुड़े मुद्दे आपको परेशान कर सकते हैं। मीन राशि- आज का आपका दिन उतार-चढ़ाव से भरपूर रहने वाला है। आज के दिन आपको डाइट में हेल्दी सब्जियां शामिल करनी चाहिए। लव के मामले में दिन अच्छा रहेगा। तनाव कम लें और सेहत पर फोकस करें। recent visitors 63

कांग्रेस की भीतरी लड़ाई सड़कों पर आई, सीनियर नेता के समर्थकों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया

ग्वालियर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में कांग्रेस नेता सुनील शर्मा पर लगाए गए आरोपों के बाद अब सियासत तेज हो गई है। सुनील शर्मा के समर्थन में ग्वालियर के कांग्रेस पार्षद और महिला नेत्री उतर आई हैं। सीनियर नेता के समर्थकों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही सुनील शर्मा पर लगाए आरोपों को निराधार बताते हुए महिला नेत्री ज्योति सिंह पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस के सीनियर नेता सुनील शर्मा ग्वालियर विधानसभा से दो बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। साथ ही वर्तमान में प्रदेश महासचिव है। वहीं, ग्वालियर क्षेत्र के हजीरा क्षेत्र की रहने वाली ज्योति सिंह ने पिछले मंगलवार को पुलिस की जनसुनवाई में यह शिकायत की थी। उन्होंने सुनील शर्मा और उनके समर्थक जितेंद्र भदोरिया पर सोशल मीडिया में भद्दे कमेंट करने के गंभीर आरोप लगाए। इसके चलते सियासी पारा गर्म हो गया। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर ज्योति सिंह एसपी ऑफिस पहुंच प्रदर्शन किया। एसपी ऑफिस पहुंचे शर्मा के समर्थक महिला नेत्री ज्योति सिंह के आरोपों के खिलाफ सुनील शर्मा के समर्थक सड़क पर उतर आए। प्रदेश महासचिव के समर्थन में कई पार्षद और महिला नेत्री उतर आईं। उन्होंने एसपी ऑफिस पहुंचकर महिला नेत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उस पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ज्ञापन देते हुए महिला नेत्री के आरोपों को निराधार बताया है। ज्योति सिंह ने लगाए थे ये आरोप कांग्रेस नेत्री ज्योति सिंह ने सुनील शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के समय वह पार्षद की दावेदार थी। उस दौरान जब वह भोपाल में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा से टिकट के लिए मिली। तब सुनील शर्मा ने पार्षद का टिकिट दिलाने के लिए उसकी अस्मत और दस लाख रुपए की मांग की थी। सोशल मीडिया में कर रहे चरित्र हनन ज्योति सिंह ने आगे कहा कि जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो पार्षद का टिकिट दूसरे को दिलवा दिया। वहीं, अब प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा अपने सहयोगी के जरिए उसका सोशल मीडिया पर चरित्र हनन करवा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में महिला नेत्री को बयान दर्ज करने को कहा है। बयान के बाद पुलिस दूसरे पक्ष का जवाब लेकर कार्रवाई करने की बात कह रही है। recent visitors 57

राजनाथ सिंह ने मेजर बॉब खाथिंग मेमोरियल कार्यक्रम के दौरान कहा- सरकार प्रशासनिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है

नई दिल्ली रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने एक भी गोली चलाए बिना सबसे बड़ी बाधा 'अनुच्छेद 370' को हटाकर जम्मू-कश्मीर का देश में पूर्ण विलय किया। यह सभी हितधारकों को ध्यान में रखते हुए पूरी सुरक्षा के साथ शांतिपूर्ण तरीके से किया गया। राजनाथ सिंह ने दिल्ली में आयोजित मेजर बॉब खाथिंग मेमोरियल कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार प्रशासनिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। 'न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन' और 'सुशासन' के माध्यम से लोगों और सरकार के बीच के अंतर को कम किया गया है। उन्होंने बताया कि मेजर बॉब खाथिंग ने एक भी गोली चलाए बिना तवांग को भारत में कुशलतापूर्वक शामिल किया था। उन्होंने न केवल तवांग, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के एकीकरण, विकास और पुनर्निर्माण में मेजर खाथिंग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के लिए उन्होंने जो किया, वह सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर किए गए कार्य के समान है। रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार की विदेश नीति मेजर खाथिंग जैसे व्यक्तित्वों के कूटनीतिक कौशल पर आधारित है। आज भारत बहुध्रुवीय विश्व में व्याप्त अनिश्चितताओं के बीच अपनी 'हार्ड पावर और सॉफ्ट पावर' के बीच संतुलन बनाए हुए है। यह बहुत गर्व की बात है कि भारत ने अपनी वैश्विक स्थिति को मजबूत किया है। दुनिया के सामने एक नया, मजबूत और संगठित भारत उभरा है। एक समय था जब अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज जब हम बोलते हैं तो दुनिया सुनती है। यह मेजर खाथिंग के आदर्शों से प्रेरित है। राजनाथ सिंह ने 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने के लिए संगठित रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने देश की विकास यात्रा में पूर्वोत्तर की भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि सरकार ने हमेशा इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी है। इनमें बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में 13,000 फीट की ऊंचाई पर बनाई गई सेला सुरंग शामिल है, जो असम के तेजपुर को अरुणाचल प्रदेश के तवांग से जोड़ती है। इसके अलावा, अरुणाचल फ्रंटियर हाईवे के खुलने से यह पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र, विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। लगभग दो हजार किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग भारत के लिए एक रणनीतिक और आर्थिक परिसंपत्ति के रूप में काम करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई विकास परियोजनाओं का ही परिणाम है कि पूर्वोत्तर तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और हिंसक घटनाओं में काफी कमी आई है। उन्होंने न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा जारी '2025 में भ्रमण योग्य 52 स्थलों' का उल्लेख किया, जिसमें असम को चौथे स्थान पर रखा गया है। मेजर खाथिंग को भारत का महान सपूत बताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने युद्ध के मैदान में बहादुरी और कूटनीति के क्षेत्र में कौशल के माध्यम से देश के इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी। ऐसे महान व्यक्तित्वों के आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाना लोगों की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह, असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा और यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया के महानिदेशक मेजर जनरल बी.के. शर्मा (सेवानिवृत्त) उपस्थित थे। recent visitors 62