मोदी ने अपनी मां के संघर्षों से बहुत कुछ सीखा और यही मूल्य उनके कार्यों में दिखाई देते हैं, उनकी योजनाओं से बदला भारत

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि यह उनके जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों में शामिल रहा है। मोदी ने अपनी मां के संघर्षों से बहुत कुछ सीखा और यही मूल्य उनके कार्यों में दिखाई देते हैं। उन्होंने हमेशा महिलाओं के लिए अवसरों को बढ़ावा दिया और उन्हें नेतृत्व की भूमिकाओं में स्थान दिलाने के लिए संघर्ष किया। भले ही वह आरएसएस प्रचारक के तौर पर काम कर रहे थे, भाजपा के नेता बने या फिर प्रधानमंत्री बने, मोदी ने हमेशा महिलाओं के लिए नए रास्ते खोले। उन्होंने पार्टी में महिलाओं के अधिक प्रतिनिधित्व के लिए 30% आरक्षण सुनिश्चित किया और यह सुनिश्चित किया कि महिलाएं केवल प्रतीकात्मक रूप से न हो, बल्कि वास्तविक नेतृत्व की भूमिकाएं निभाएं। कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने गुजरात में महिला सरपंचों को सशक्त किया और महिलाओं के लिए सुरक्षित और आर्थिक रूप से समृद्ध वातावरण बनाने के लिए कई पहल की। 2006 में, उन्होंने महिलाओं के लिए एक व्यापक नारी गौरव नीति शुरू की, जो उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक स्थिति को सुधारने पर केंद्रित थी। प्रधानमंत्री बने तो महिलाओं को सशक्त किया इसके बाद, जब मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने कई योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त किया। स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाएं खास तौर पर महिलाओं के कल्याण के लिए बनाई गईं। इसके अलावा, पीएम आवास योजना ने महिलाओं को घर देने में अहम भूमिका निभाई और महिला सशक्तिकरण के लिए कई अन्य योजनाओं का शुभारंभ किया गया। मोदी के कार्यकाल में महिला को वित्त मंत्री का सम्मान मिला प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को सिर्फ लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि नेता और निर्णयकर्ता के रूप में देखा। उनके द्वारा किए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए अब लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इसके अलावा, देश को पहली महिला वित्त मंत्री का सम्मान भी प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में मिला। इस महिला दिवस पर, हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की यात्रा को मान्यता देते हैं, जो भारत को एक विकसित राष्ट्र की ओर ले जा रही है।   recent visitors 72

नेशनल हाईवे 44 पर अचानक जलने लगा ट्रक, ड्राइवर और हेल्पर ने कूदकर बचाई जान, देर से पहुंची फायर ब्रिगेड

सिवनी नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर कुरई घाटी के पास चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। इससे पहले ट्रक के ड्राइवर और हेल्पर कुछ समझ पाते आग तेजी से फैल गई। किसी तरह ड्राइवर और हेल्पर ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और उससे कूदकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पहुंचने से पहले ट्रक लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो गया। यह हादसा जिले जिले कुरई थाना अंतर्गत कुरई घाटी के पास शनिवार देर रात हुआ। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। कुरई पुलिस ने बताया कि नागपुर की ओर से एक ट्रक सिवनी की ओर आ रहा था। जब वह कुरई घाटी के समीप पहुंचा तो अचानक अज्ञात कारणों से ट्रक में आग लग गई। आग के तेजी से फैलने के कारण ट्रक जलने लगा। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद कुरई पुलिस पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। जिस समय ट्रक में आग लगी उसी समय नागपुर से सिवनी लौट रहे धरेंन्द्र रघुवंशी ने बताया कि सड़क पर चल रहे एक ट्रक में अचानक आग लग गई, जिसके कारण वह जलने लगा। देर से पहुंची फायर ब्रिगेड कुरई थाना प्रभारी केएस तेकाम ने बताया कि ट्रक में किराना का सामान भरा हुआ था। ट्रक के चालक ने पूछताछ में बताया कि वह किराना का सामान नागपुर से मंडला ले जा रहे थे। कुरई घाटी के पास अज्ञात कारण से ट्रक में आग लग गई। उन्होंने ट्रक से कूद कर जान बचाने के साथ ट्रक में रखे पानी व अन्य सामग्री से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग और तेजी से फैल गई। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक में आग लगने की सूचना पर सिवनी कंट्रोल रूम में जानकारी दी गई। इस पर सिवनी से लगभग 40 मिनिट बाद फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचा। तब तक ट्रक काफी जल चुका था। एक घंटे नेशनल हाईवे पर रहा जाम घटना की जानकारी के बाद पुलिसकर्मी और राष्ट्रीय राज्यमार्ग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर जल रहे ट्रक को देखकर वाहनों को रोक दिया, ताकि कोई अनहोनी घटना ना हो। इससे लगभग एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए और यहा लंबा जाम लग गया। कुरई थाना प्रभारी ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद यातायात व्यवस्था बहाल की गई। recent visitors 36

10 दिन बाद सुनीता विलियम्स अपने साथी बुच विल्मोर के साथ स्पेसएक्स के यान ड्रैगन पर सवार होकर लौटेंगी

नई दिल्ली भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स की धरती पर वापसी की तारीख लगातार नजदीक आ रही है। 10 दिन बाद सुनीता विलियम्स अपने साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर के साथ स्पेसएक्स के यान ड्रैगन पर सवार होकर लौटेंगी। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनके बारे में मीडिया से बात की। कहा कि एलन मस्क को मैंने कह दिया है और जल्द ही वो वापस आएंगे। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन में दोनों यात्री पिछले 8 महीनें से फंसे हुए हैं। अच्छी बात यह है कि सुनीता पूरी तरह से सुरक्षित हैं और नासा उनकी सेहत को लेकर लगातार अपडेट देती रहती है। पिछले दिनों उनकी तस्वीरों ने लोगों को हैरान और परेशान भी किया, तस्वीरों में वो काफी पतली नजर आईं थी। बिगड़ती सेहत के बावजूद इन आठ महीनों में सुनीता विलियम्स ने दो अनोखे रिकॉर्ड बनाए। नासा के दो अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष में नौ महीने बिताने के बाद आखिरकार धरती पर लौटने वाले हैं। बुच विल्मोर और भारतीय मूल की विलियम्स को अगले सप्ताह तक उनकी जगह अन्य अंतरिक्ष यात्री के आने तथा उसके अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने तक इंतजार करना होगा। उसके बाद ही वे इस महीने के अंत में अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर निकल सकेंगे। वे अपने ‘स्पेसएक्स राइड होम’ में दो अंतरिक्ष यात्रियों के साथ शामिल होंगे। सुनीता विलियम्स ने बनाए रिकॉर्ड सुनीता विलियम्स ने इन आठ महीनों में एक नहीं दो कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वह अब अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक लगातार रहने वाली पहली महिला बन गई हैं। वह पिछले नौ महीने से भी ज्यादा समय से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में हैं। यह कोई पहला रिकॉर्ड नहीं है जो उन्होंने बनाया है। इसके अलावा सुनीता विलियम्स सबसे अधिक स्पेसवॉक करने वाली पहली महिला भी बन गई हैं। सुनीता विलियम्स की यह तीसरी अतंरिक्ष यात्रा है। तीनों यात्राओं को मिलाकर अब तक नौ बार स्पेसवॉक कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने 62 घंटे 6 मिनट स्पेसवॉक में बिताए हैं। 2006-07 में अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा के दौरान सुनीता ने कुल 29 घंटे 17 मिनट तक स्पेसवॉक किया था। यह किसी भी महिला द्वारा किया गया सबसे लंबा स्पेसवॉक था। इससे पहले यह रिकॉर्ड कैथरीन थार्नटन के नाम था, जिन्होंने 21 घंटे से ज्यादा समय तक स्पेसवॉक किया था। अब तक, सुनीता अपनी तीन अंतरिक्ष यात्राओं के दौरान कुल नौ बार स्पेसवॉक कर चुकी हैं। इन सभी स्पेसवॉक का कुल समय 62 घंटे 6 मिनट तक पहुंच चुका है। ट्रंप ने मस्क को दी जिम्मेदारी ट्रंप ने हाल ही में एक बयान में सुनीता विलियम्स के घने बालों की सराहना की और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को संदेश दिया कि उन्हें जल्द धरती पर वापस लाया जाएगा। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘बाइडन ने उन्हें वहीं फंसा छोड़ दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे दो अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं। मैंने एलन (मस्क) से कहा, 'मेरा एक काम करो। क्या तुम उन्हें बाहर निकाल कर ला सकते हो?' उन्होंने कहा ‘हां’। वह वहां जाने की तैयारी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि दो सप्ताह में।’’ recent visitors 67

PM मोदी और CM योगी की मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी हुई बातचीत, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी चर्चा

नई दिल्ली उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई. पीएम मोदी के साथ सीएम योगी की यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई. इसके साथ ही यूपी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी बातचीत हुई है. सीएम योगी ने महाकुंभ आयोजन के सफल आयोजन को लेकर भी चर्चा की. इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी. सीएम योगी और नड्डा के बीच लंबी बातचीत हुई थी. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी बात हुई थी. कुछ दिन पहले ही बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े भी लखनऊ पहुंचे थे. इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर नामों पर चर्चा हुई थी. योगी ने नड्डा को भेंट की महाकुंभ की कॉफी टेबल बुक सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को महाकुंभ की कॉफी टेबल बुक भी भेंट की. यूपी के सीएम ने एक्स पर लिखा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की. अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आपका हार्दिक आभार. मुलाकात बेहद अहम यीएम योगी की यह दोनों मुलाकातें इसलिए अहम मानी जा रही हैं, क्योंकि यूपी समेत देश के अन्य हिस्सों में बीजेपी में संगठन के चुनाव चल रिे हैं. यूपी में बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलना है. इसकी कवायद तेज हो गई है. मंडल अध्यक्ष के चुनाव हो गए हैं. अब जिलाध्यक्ष के नामों का ऐलान होना बाकी है. नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है. मंत्रिमंडल विस्तार की भी चर्चाएं यूपी में उपचुनाव में बंपर जीत के बाद लंबे समय से योगी मंत्रिमंडल में विस्तार की चर्चाएं भी हैं. माना जा रहा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव के लिए अपने हिसाब से टीम तैयार करेंगे, जिसके लिए कुछ नेता सरकार से संगठन में और कुछ संगठन से सरकार में किए जाएंगे. सूत्रों के मुताबिक, योगी सरकार कई मंत्रियों के कामकाज से संतुष्ट नहीं हैं. नतीजे ना देने वाले मंत्री हटाए जा सकते हैं और कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव की संभावना है. मंत्रिमंडल विस्तार में नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं और कइयों को संगठन भेजा जा सकता है. recent visitors 64

तेज हवा का अलर्ट, चौंकाएगा मौसम, अब होली के आसपास भी कई जगहों पर बारिश और तापमान गिरने की संभावना

जम्मू पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बीते कुछ दिनों से हिमालय में हो रही बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत में ठंड ठहर सी गई है। वहीं अब होली के आसपास भी कई जगहों पर बारिश और तापमान गिरने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 9 मार्च को पश्चिमी हिमालय में नया पश्चिमी विक्षोभ ऐक्टिव होने की संभावना है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और यूपी के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं 10 और 11 मार्च को केरल, लक्षद्वीप और आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है। होली पर हो सकती है बारिश मौसम विभाग के मुताबिक अकले चार दिनों में उत्तर भारत में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होने वाला है। 8 से 12 तारीख के बीच सौराष्ट्र और कच्छ में लू चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम बदलने की संभावना है। 11 और 12 मार्च को तेज हवाओं की संभावना है। वहीं इसके साथ ही होली के मौके पर छिटपुट बारिश भी हो सकती है। होली वाले दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हलकी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहेगा। 9 और 10 मार्च को उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यहां एक सप्ताह तक बारिश का अनुमान मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने रविवार को अनुमान लगाया कि कि जम्मू-कश्मीर में सोमवार से एक सप्ताह तक बारिश का मौसम रहेगा। इसने कहा कि रविवार शाम तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। विभाग ने कहा कि 10 और 11 मार्च के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है, जबकि 12, 13 14 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। इसने कहा कि 15 और 16 मार्च के दौरान कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने यात्रियों, पर्यटकों और ट्रांसपोर्टरों के लिए परामर्श भी जारी किया है जिसमें कहा है कि वे इस अवधि के दौरान अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले प्रशासन/यातायात परामर्श का पालन करें। किसानों को 10 मार्च से 18 मार्च तक कृषि कार्य स्थगित रखने की सलाह दी गई है; इसके अलावा, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इस अवधि के दौरान ढलान वाले और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने के लिए कहा गया है। recent visitors 61

हमने कैलिफोर्निया में एक हिंदू मंदिर पर हुए हमले के बारे में रिपोर्ट्स देखी हैं, हम घृणित कृत्यों की कड़ी निंदा करते हैं: रंधीर जयस्वाल

नई दिल्ली भारत सरकार ने दक्षिणी कैलिफोर्निया के एक प्रमुख हिंदू मंदिर बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर पर हुए हमले को लेकर विरोध जताया है। सरकार ने इस घटना की कड़ी निंदा की और स्थानीय अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जयस्वाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "हमने चेनो हिल्स कैलिफोर्निया में एक हिंदू मंदिर पर हुए हमले के बारे में रिपोर्ट्स देखी हैं। हम इस तरह के घृणित कृत्यों की कड़ी निंदा करते हैं। हम स्थानीय अधिकारियों से अपील करते हैं कि वे इन कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और पूजा स्थलों की सुरक्षा को भी सुनिश्चित करें।" कैलिफोर्निया के चेनो हिल्स में स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर को अपवित्र किए जाने के बाद व्यापक निंदा का सामना करना पड़ा। यह घटना हिंदू समुदाय के लिए एक बड़ा आघात थी। हिंदू संगठनों में व्यापक गुस्सा संयुक्त राज्य अमेरिका में बीएपीएस के आधिकारिक पृष्ठ ने इस घटना के बारे में कहा कि वे घृणा के खिलाफ खड़े हैं और यह सुनिश्चित करेंगे कि शांति और सहानुभूति का पालन हो। बीएपीएस पब्लिक अफेयर्स ने लिखा, "चेनो हिल्स में एक और मंदिर की अपवित्रता के खिलाफ हिंदू समुदाय दृढ़ता के साथ खड़ा है। चेनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया के समुदाय के साथ मिलकर हम घृणा को कभी जड़ पकड़ने नहीं देंगे। हमारी सामान्य मानवता और विश्वास यह सुनिश्चित करेंगे कि शांति और सहानुभूति का शासन हो।" यह घटना कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस में होने वाले "खलिस्तान जनमत संग्रह" कार्यक्रम से कुछ ही दिन पहले हुई है, जिससे धार्मिक तनावों में वृद्धि को लेकर चिंता जताई जा रही है। उत्तर अमेरिका में हिंदू मुद्दों के लिए काम करने वाली संगठन कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) ने एक्स पर पोस्ट करते हुए इस घटना की निंदा की है। इससे पहले सितंबर में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो स्थित बीएपीएस हिंदू मंदिर को अभद्र भाषा वाले ग्राफिटी से अपवित्र किया गया था, जिसमें "हिंदू वापस जाओ!" जैसे नारे लिखे गए थे। लगभग 10 दिन पहले न्यूयॉर्क के मेलविल में स्थित बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर पर भी इसी तरह के घृणित संदेशों के साथ हमला किया गया था। न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इन घटनाओं की कड़ी निंदा की है। स्थानीय हिंदू समुदाय ने इन हमलों से घबराते हुए अपनी एकता और ऐसे कृत्यों के खिलाफ दृढ़ खड़े रहने की प्रतिबद्धता दोहराई है। recent visitors 74

दिल्ली में सरकार द्वारा महिला समृद्धि योजना का पैसा मिलने में क्यों हो रही देर, समझ लीजिए पूरी बात

नई दिल्ली दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने के लिए भाजपा सरकार ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी। सचिवालय में शनिवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में गरीब महिलाओं को आर्थिक मदद के लिए 5100 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया। ऐसे में आपके मन में सवाल होगा कि योजना को मंजूरी मिल गई और पैसों का भी इंतजाम हो गया तो फिर खातों में क्यों नहीं डाले गए हैं? दरअसल, यह स्कीम दिल्ली की सभी महिलाओं के लिए नहीं है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में ही साफ कर दिया था कि यह योजना गरीब परिवारों की महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए है। दिल्ली में करीब 72 लाख महिला वोटर्स हैं। सरकार को यह तय करना है कि इनमें से किनको आर्थिक सहायता की आवश्यकता है और किनको नहीं। यानी पहले पहले सरकार को यह तय करना है कि कितनी आमदनी तक वाले परिवारों को इस योजना में शामिल किया जाएगा। नियम और शर्तों को तय करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में चार मंत्रियों की एक कमिटी बनाई गई है। सूत्रों की माने तो महिला एवं बाल विकास विभाग ने योजना के तहत जो पात्रता और शर्ते तय की थीं, उन्हें लेकर सरकार सहमत नहीं थी। नियम और शर्तों को तय करने के अलावा सरकार एक पोर्टल भी बनाएगी जिस पर महिलाओं को रजिस्ट्रेशन कराना है। रजिस्ट्रेशन के बाद जिन आवेदनों को स्वीकार कर लिया जाएगा उनके खाते में पैसे डाले जाएंगे। नियम और शर्तों को तय करने और रजिस्ट्रेशन में 15-20 दिन का समय लग सकता है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले महीने से महिलाओं को महिला समृद्धि योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने बीपीएल कार्डधारक महिलाओं को ही आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। यदि बीपीएल को आधार बनाया जाता है तो करीब 17-18 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल सकता है। क्या बोलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य दिल्ली की गरीब महिलाओं को हर महीने वित्तीय सहायता देकर उनके सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना में पारदर्शिता लाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जाएगा। इसके लिए एक पोर्टल भी बनाया जाएगा। लाभार्थियों को प्रमाणित करने के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन का इस्तेमाल किया जाएगा। सही महिलाओं तक मदद पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के प्रयोग से यह सुनिश्चित होगा कि वित्तीय सहायता केवल उन लोगों तक पहुंचे, जो पात्र हैं। उन्होंने कहा कि किसी तरह का दुरुपयोग रोकने के लिए मजबूत डिजिटल भुगतान तंत्र लागू किया जाएगा। इससे प्रक्रिया सुरक्षित, परेशानी मुक्त और सभी लाभार्थियों के लिए आसानी से सुलभ होगी। recent visitors 58