वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- उम्मीद है कि आने वाले हफ्ते में नया इनकम टैक्स बिल पेश किया जाएगा

नई दिल्ली केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाले हफ्ते में नया इनकम टैक्स बिल पेश किया जाएगा, जो जांच के लिए संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति के पास जाएगा। आम आदमी के हाथ में अधिक पैसा छोड़ने और नियमों के सरलीकरण के लिए लाया जा रहे नए इनकम टैक्स बिल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिल गई है। बजट के बाद की बैठक में रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत में वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि जब सारी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और संसद इसे पारित कर देगी, तब सरकार तय करेगी कि नया कानून कब लागू किया जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि इसे आने वाले हफ्ते में लोकसभा में पेश किया जाएगा। प्रक्रिया यह है कि समिति अपनी सिफारिश देती है, वह वापस आती है और फिर सरकार कैबिनेट के माध्यम से निर्णय लेती है कि क्या ये संशोधन किए जाने हैं।" उन्होंने आगे कहा, "इसके बाद ही यह फिर से संसद में जाता है। एक बार जब संसद पारित हो जाता है, तब वे निर्णय लेते हैं कि इसे कब लागू करना सबसे अच्छा रहेगा।" कैबिनेट द्वारा नए इनकम टैक्स बिल को मंजूरी दिए जाने से पहले इस मामले से जुड़े लोगों ने कहा था कि केंद्रीय बजट में इनकम टैक्स छूट की सीमा 12 लाख रुपये तक बढ़ाए जाने के बाद कर आधार में कमी को देखते हुए, नया कानून संभवतः कर दायरे को बढ़ाने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान करेगा। सूत्रों का कहना है कि मौजूदा इनकम टैक्स एक्ट 1961 में लागू हुआ था। नया इनकम टैक्स बिल 21वीं सदी के मुताबिक होगा और मौजूदा कानून को रिप्लेस करेगा। सूत्रों की मानें तो नए इनकम टैक्स बिल में सरकार ने भाषा को सरल बनाने पर काम किया है। दरअसल अभी जो इनकम टैक्स एक्ट है उसमें एक कोट में किसी चीज की व्याख्या अलग होती है, दूसरे में अलग। यानी यह कानून पूरी तरह से खिचड़ी की तरह बन गया है। इस बिल के सरलीकरण को ऐसे समझा जा सकता है कि पुराने आयकर कानून में लगभग 6 लाख के करीब शब्द हैं जो इस नए बिल में 3 लाख के करीब रह जाएंगे और यह करदाताओं को समझने के लिए भी आसान होगा। recent visitors 76

उज्जैन सिंहस्थ 2028 के भव्य आयोजन के संकल्प के साथ आया हूं प्रयागराज : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल   मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महाकुंभ सनातन संस्कृति का गौरवशाली उत्सव है। विशेष ग्रह नक्षत्रों के शुभ संयोग में होने वाले महाकुंभ में सभी की आस्था का प्रकटीकरण होता है। साथ ही साधु-संतों के सान्निध्य में आत्मिक और आध्यात्मिक उन्नति का अवसर भी प्राप्त होता है। भारत वर्ष में प्रत्येक 12 वर्ष में अलग-अलग चार नगरों में होने वाले कुंभ में स्नान का अवसर कई जन्मों के पुण्य से प्राप्त होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रयागराज के महाकुंभ में पधारे श्रद्धालुओं को इस सौभाग्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि वे उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ : 2028 के दिव्य और भव्य आयोजन की तैयारी के संकल्प के साथ प्रयागराज आए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पवित्र संगम में डुबकी लगाने के बाद प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के बाद कहा कि माँ गंगा, जमुना और सरस्वती की कृपा है, संगम का किनारा है। प्रयागराज सभी तीर्थों का राजा है। यहां आज कुंभ स्नान का जो आनंद आया है वह कई जन्मों के पुण्य के बाद प्राप्त होता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माँ गंगा, यमुना और सरस्वती का प्रवाह अनंत काल तक निर्बाध रहे, सबका मंगल एवं कल्याण हो, ऐसी कामना करता हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रयागराज महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्य सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आशीर्वाद से उत्तरप्रदेश सरकार ने इस भव्य महाकुंभ का कुशलता से आयोजन किया है। विगत दिनों प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने पवित्र संगम में डुबकी लगा चुके हैं। अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री भी तीर्थराज प्रयाग पधार रहे हैं। सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर साधु-संतों से भी लेंगे मार्गदर्शन मुख्यमंत्री डॉ. यादव कहा कि कुंभ मेले में धर्म के प्रति आस्था के साथ अनेकों साधु-संतों का सत्संग मिलता है, जिससे जीवन की सार्थकता सिद्ध होती है। वृहस्पति के सिंह राशि में प्रवेश करने पर उज्जयिनी में सिंहस्थ का आयोजन होता है। समुद्र मंथन की आलौकिक घटना से भी इसका संबंध है। इस अवसर पर ऋषि-मुनि, साधु-सन्यासी, तपस्वी एवं श्रद्धालु आस्था के इस महापर्व में शामिल होते हैं और आस्था के साथ पवित्र स्नान करते हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ के लिए, प्रयागराज महाकुंभ में हुई तैयारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों का दल प्रयागराज भेजा गया है। महाकुंभ में पधारे साधु-संतों से भी इस संबंध में मार्गदर्शन लिया जाएगा। महाकुंभ में मध्यप्रदेश के पंडाल में सांस्कृतिक आयोजन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि तीर्थराज प्रयाग की पावन भूमि पर महाकुंभ में मध्यप्रदेश का पंडाल भी लगाया गया है, जहां भगवान श्रीकृष्ण और सम्राट विक्रमादित्य से जुड़े वृतांतों पर मंचन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस प्रयास से देश-दुनिया के लोग प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और वैभव से परिचित हो रहे हैं। recent visitors 71

दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही: जे पी नड्डा

नई दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की हार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता-जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत करार दिया। उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘‘आप-दा' सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टीकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थीं। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है। यह जनादेश ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत' के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा।''   यह जनता- जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत- नड्डा जेपी नड्डा ने कहा, ‘‘‘आप-दा' मुक्त दिल्ली! आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता- जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत है।'' भाजपा अध्यक्ष ने इस ‘प्रचंड विजय' के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार जताया और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं तथा दिल्लीवासियों का अभिनंदन किया। दिल्ली में भाजपा 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने जा रही है। 48 सीट पर निर्णायक बहुमत की ओर भाजपा भाजपा दिल्ली की 70 में से 48 सीट पर निर्णायक बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीट पर सिमटने के कगार पर है। एक बार फिर कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपना खाता खोलती नहीं दिख रही है। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा को करीब 47 प्रतिशत और आप को 43 प्रतिशत वोट मिले हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सौरभ भारद्वाज सहित सत्तारूढ़ दल के कई अन्य प्रमुख नेता चुनाव हार गए हैं। recent visitors 57

यमुना मैया की जय के साथ मोदी ने शुरू किया भाषण, आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी

नई दिल्ली दिल्‍ली चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भाजपा मुख्‍यालय पर पहुंचे। यहां उन्‍होंने अपने भाषण की शुरुआत यमुना मैया की जय के साथ ही। उन्‍होंने कहा कि दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्ली वासियों के आभार व्यक्त करता हूं। यहां पढ़ें उनके भाषण के मुख्‍य अंश। मैंने हर दिल्ली वासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार में मेरा ये पत्र पहुंचाया था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए, दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है। आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।     तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी। दिल्ली चुनाव 2025 में भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "…मैं देख रहा था कि देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के दिल में भी एक पीड़ा थी। यह दिल्ली की पूरी तरह से सेवा नहीं कर पाने की पीड़ा थी। लेकिन आज दिल्ली ने हमारी इस प्रार्थना को भी स्वीकार कर लिया है। 21वीं सदी में पैदा हुए युवा अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि देश को भाजपा की डबल इंजन सरकार पर कितना भरोसा है।     लोकसभा चुनाव में उस जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया, फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में एक नया इतिहास रचा गया है।" पूरा देश जानता है कि जहां NDA है वहां सुशासन है, विकास है, विश्वास है। NDA का हर कैंडिडेट, हर जन प्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है।     देश में NDA को जहां भी जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। AAP-दा वालों ने मेट्रो का काम आगे बढ़ाने से रोका, इन AAP-दा वालों ने झुग्गी वालों को घर देने से रोका, इन AAP-दा वालों ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी दिल्ली के लोगों को नहीं मिलने दिया। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है।   recent visitors 62

सचदेवा ने दावा किया, दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में अब डबल इंजन की सरकार चलेगी

नई दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रूझानों पर प्रसन्नता व्यक्त की है और दावा किया है कि दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में अब डबल इंजन की सरकार चलेगी। गौरतलब है कि मतगणना के शुरुआती रूझान में भाजपा को स्पष्ट बहुत मिलते हुए दिखाई दे रहा है और पार्टी ढाई दशक से ज्यादा समय बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करती हुई दिखाई दे रही है। वहीं, पिछले 12 साल से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी ( आप) के खेमे में निराशा झलक रही है और कांग्रेस का इस बार भी खाता खुलता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। श्री सचदेवा ने मतगणना के रूझानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “अगर आप जनता के साथ बेईमानी करोगे, तो जनता भी ऐसा ही परिणाम देगी। हम जनता के निर्णय का स्वागत करते हैं। यह अभी शुरुआती रूझान है। परिणाम इससे बेहतर आएंगे और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनेगी।” इससे पहले श्री सचदेवा कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर गये और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ दिल्ली भाजपा के मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल और अन्य नेता मौजूद थे। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने रूझानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “रुझानों में भाजपा काफी आगे चल रही है, लेकिन हम नतीजों का इंतजार करेंगे। मुझे विश्वास है कि हमारी संख्या इससे भी बेहतर होगी। दिल्ली का हर वर्ग आप से दूर हो चुका है। यह रुझानों में देखा जा सकता है। आप की निष्क्रियता और भ्रष्टाचार – यही कारण हैं कि उन्होंने लोगों का समर्थन खो दिया है।   recent visitors 43

दिल्ली की जीत पर एमपी भाजपा में जश्न, कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी

भोपाल दिल्ली चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है, जिससे 27 साल बाद भाजपा सरकार बनाने जा रही है। रुझानों में भाजपा की जीत के संकेत मिलते ही भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल बन गया। दिल्ली की जीत पर एमपी भाजपा में जश्न प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन मंत्री हितानंद शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। इस मौके पर भाजपा कार्यालय में ढोल-नगाड़े बजाए गए और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि दिल्ली की यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा, "इस चुनाव में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने भी भाजपा पर भरोसा जताया है।" दिल्ली चुनाव में कई बड़े नेताओं की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए वीडी शर्मा ने कहा, "उन्हें तो हराया ही जाना था, क्योंकि यही लोग दिल्ली को आपदा की स्थिति में लेकर गए थे, और अब वे खुद आपदा में चले गए हैं। कांग्रेस लगातार गिरावट की ओर बढ़ रही है।" दिल्ली चुनाव में एमपी के नेताओं की अहम भूमिका दिल्ली चुनाव में मध्यप्रदेश के नेताओं की भूमिका पर बोलते हुए वीडी शर्मा ने कहा, "हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं और जहां भी हमें जिम्मेदारी दी जाती है, उसे पूरी शिद्दत के साथ निभाते हैं।" भोपाल भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल दिल्ली में भाजपा को बहुमत मिलने के बाद भोपाल के भाजपा कार्यालय में जश्न मनाया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ उत्सव का माहौल रहा। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में जमकर आतिशबाजी की गई। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश महामंत्री शरदेंदु तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, भाजपा शहर अध्यक्ष रविंद्र यति, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। recent visitors 41

महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने कहा- जम्मू कश्मीर में चुनाव के बाद भी कुछ नहीं बदला, मां महबूबा के साथ किया नजरबंद

नई दिल्ली पीडीपी नेता और पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती की बेटी ने दावा किया है कि उनकी मां को कई घंटों के लिए नजरबंद कर दिया गया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में इल्तिजा मुफ्ती ने कहा कि महबूबा मुफ्ती आर्मी की फायरिंग में मारे गए ट्रक ड्राइवर के परिवार से मिलने जाना चाहती थीं। उन्होंने कहा, मुझे और मेरी मां दोनों को घर में नजरबंद कर दिया गया। हमारे गेट लॉक कर दिए गए। हम सोपोर के वसीम मीर के परिवार से मिलना चाहते थे। इसके अलावा कठुआ में माखन दीन के परिवार से भी मिलने की कोशिश थी। हमें घर से बहार ही नहीं निकलने दिया गया। उन्होंने कहा, कश्मीर में चुनाव के बाद भी कुछ नहीं बदला है। अब पीड़ितों के परिवार को भी अपराधी बताया जा रहा है। इल्तिजा ने एक्स पर एक तस्वीर भी शेयर की। महबूबा मुफ्ती ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा थआ कि पेरोडी के माखन दीन को बिलावर के एसएचओ ने ओवर ग्राउंड वर्कर होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और उसको जमकर पीटा। जबरन कबूलनामा करवाने के लिए उसे इतना मारा गया कि पुलिस कस्टडी में ही मौत हो गई। उन्होंने कहा, इंटरनेट बंद कर दिया गया और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। इल्तिजा ने भी कहा था, कश्मीर में कई जगहों से लड़कों को उठा लिया जाता है। क्या वे सभी आतंकवादी हैं। सबको ही शक की नजर से देखा जाता है। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस से भी सवाल किया कि आखिर कोई मंत्री इस मुद्दे को क्यों नहीं उठा रहा है। बता दें कि पिछले साल जम्मू- कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव में इल्तिजा भी श्री गुफवारा बिजबेहरा सीट से मैदान में थीं। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इल्तिजा मुफ्ती अकसर अपने बयानों की वजह से भी चर्चा में रहती हैं। उन्होंने यह भी कह दिया था कि हिंदुत्व एक बीमारी है और इससे लाखों की संख्या में भारतीय बीमार हो गए हैं। recent visitors 45