वर्ष 2025-26 के लिए गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रूपये घोषित किया गया

भोपाल खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने बताया है कि अभी तक 62 हजार 77 किसानों ने पंजीयन कराया है। किसान 31 मार्च तक पंजीयन करा सकते हैं। उन्होंने बताया है कि वर्ष 2025-26 के लिए गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रूपये घोषित किया गया है। यह गत वर्ष से 150 रूपये अधिक है। मंत्री श्री राजपूत ने किसानों से आग्रह किया है कि गेहूँ की विक्री के लिए समय-सीमा में पंजीयन जरूर करायें। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ की बिक्री के लिए जिला बुरहानपुर में 2, बड़वानी में 17, खरगोन में 189, खंडवा में 339, अलीराजपुर में 13, झाबुआ में 776, धार में 4202, इंदौर में 9381, नीमच 134, मंदसौर 362, आगर-मालवा में 823, शाजापुर में 3710, देवास में 4035, रतलाम में 2211, उज्जैन में 11344, ग्वालियर में 55, शिवपुरी में 23, गुना में 23, दतिया में 142, अशोकनगर में 6, भिंड में 4, मुरैना में 96, श्योपुर में 43, छिंदवाड़ा में 157, सिवनी में 61, डिंडौरी में 21, कटनी में 14, नरसिंहपुर में 215, मंडला में 353, हरदा में 173, बैतूल में 362, नर्मदापुरम में 1793, विदिशा में 1563, राजगढ़ में 1096, रायसेन में 1969, भोपाल में 1975, सीहोर में 12596, सतना में 48, सीधी में 75, रीवा में 44, सिंगरौली में 19, मैहर में 3, उमरिया में 64, अनूपपुर में 9, शहडोल में 239, पन्ना में 37, सागर में 419, दमोह में 124, छतरपुर में 289, निवाड़ी में 88 और टीकमगढ़ में 341 किसानों ने पंजीयन कराया है।   recent visitors 65

तेज रफ्तार बस पेड़ से टकरा गई, इस हादसे में एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल, 3 की हालत गंभीर

छतरपुर मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बिजावर में गुरुवार दोपहर को एक तेज रफ्तार बस पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हुए है। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अचानक सड़क पर आए बंदर को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ है।     टक्कर लगते ही केबिन में बैठे यात्री उछलकर बाहर जा गिरे, वहीं ड्राइवर स्टीयरिंग में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। घायलों को बिजावर अस्पताल अस्पताल ले जाया गया, जहां से 3 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।   पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर को अपसा कंपनी की बस (MP16ZB3870) जटाशंकर से बिजावर जा रही थी। जटाशंकर से 3 किमी दूर अचानक सड़क पर बंदर आ गया। बंदर को बचाने के प्रयास में बस असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। घटना बिजावर थाना क्षेत्र की है। recent visitors 72

प्रेमानंद महाराज तड़के 2 बजे राधा केलि कुंज आश्रम तक पद यात्रा करते थे, ये दर्शन अब अनिश्चित काल के लिए बंद

लखनऊ वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज रोज तड़के अपने भक्तों को दर्शन देते थे। प्रेमानंद महाराज तड़के 2 बजे राधा केलि कुंज आश्रम तक पद यात्रा करते थे। इस दौरान रातभर से जमा भक्तों की भीड़ को उनके दर्शन मिलते थे। लेकिन ये दर्शन अब अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिए गए हैं। तड़के अब प्रेमानंद महाराज के दर्शन नहीं होंगे। आश्रम ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि उनके स्वास्थ्य और बढ़ती भीड़ के कारण ये बंद किया गया है। प्रेमानंद महाराज आश्रम श्री हित राधा केलि कुंज तक पद यात्रा के दौरान भक्तों को दर्शन देते थे। आश्रम ने कहा कि पूज्य महाराज जी के स्वास्थ व बढ़ती हुई भीड़ को देखते हुए, पूज्य महाराज जी, जो पद यात्रा करते हुए रात्रि 02:00 बजे से श्री हित राधा केलि कुंज जाते थे, जिसमें सब दर्शन पाते थे, वो अनिश्चित काल के लिए बंद किया जाता है। गौरतलब हो कि रोज आश्रम सत्संग के लिए जाते हुए प्रेमानंद महाराज के दर्शन को उनके भक्तों की भीड़ पूरे रास्ते पर उमड़ती थी। इसके बाद वहां से सुबह सभी भक्त उनके सत्संग में शामिल होने जाते। बढ़ती भीड़ के कारण आश्रम की ओर से अब दर्शन बंद किए गए हैं। साथ ही इस फैसले के पीछे प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य भी कारण बताया है। दरअसल, प्रेमानंद महाराज जी की दोनों किडनियां खराब हैं और उनका रोज डायलिसिस होता है। उनका स्वास्थ्य इसी कारण खराब रहता है। recent visitors 77

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने किया आगाह, धिक सोडियम वाले नमक का उपयोग करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक

नई दिल्ली अधिक सोडियम वाले नमक का उपयोग करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे लेकर चेताया है। इससे पहले भी संगठन ने गाइडलाइन जारी करके बताया था कि एक दिन में औसतन पांच ग्राम नमक ही खाना चाहिए। सोडियम युक्त नमक के लिए डब्ल्यूएचओ ने नई गाइडलाइन जारी की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन का यह सुझाव भारतीयों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डब्ल्यूएचओ ने लोगों से कम सोडियम वाले नमक को खाने की अपील की है। गाइडलाइन में खाने में सामान्य टेबल साल्ट की जगह पर पोटेशियम युक्त कम सोडियम वाले नमक के उपयोग की बात कही गई है। यह सिर्फ वयस्कों और स्वस्थ व्यक्तियों के लिए कहा गया है। वहीं, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किडनी से जुड़ी समस्याओं वाले लोगों को सामान्य नमक खाने की सलाह दी गई है। नमक का इस्तेमाल न ज्यादा करना चाहिए और न ही कम करना चाहिए, इसका संतुलित इस्तेमाल करना चाहिए। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक एक दिन में व्यक्ति को मात्र पांच ग्राम नमक खाना चाहिए, वहीं दो ग्राम प्रतिदिन सोडियम की खपत सही होती है। लेकिन भारत में लोग औसतन 10 ग्राम तक नमक को हर दिन खाते हैं। नमक का इस्तेमाल अधिक करने से कई सारी शारीरिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी डब्ल्यूएचओ की इस सिफारिश की तारीफ की है। उनका कहना है कि कम सोडियम युक्त नमक खाना भारतीय लोगों के लिए काफी उपयोगी है क्योंकि भारतीय स्वाद के मामले में समझौता करने से अमूमन बचते हैं और इस चक्कर में अधिक नमक का सेवन करते हैं। बता दें कि अधिक नमक खाना कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है। इससे ब्लड प्रेशर में बढ़ोतरी, हार्ट अटैक, दिल से जुड़ी कई अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। अधिक नमक खाना किडनी, लिवर और खून पर भी असर डालता है। पेट और त्वचा की समस्या, डिहाइड्रेशन और हड्डियों के कमजोर होने की समस्याएं भी होने लगती हैं। 27 जनवरी 2025 को जारी किए गए दिशानिर्देश के मुताबिक लो सोडियम सॉल्ट सब्सटिट्यूट (एलएसएसएस) नियमित नमक का अच्छा विकल्प है। इनमें सामान्य नमक की तुलना में कम सोडियम होता है और अक्सर इसमें पोटेशियम क्लोराइड भी होता है ताकि सामान्य नमक जैसा स्वाद प्राप्त हो सके।   recent visitors 70

शेख मुजीबुर रहमान के आवास पर अब चला बुलडोजर, एक दिन पहले ही यहां तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी

ढाका बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के आवास पर अब बुलडोजर चल गया है। एक दिन पहले ही यहां तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी। खबरें हैं कि मौके पर एक फिलिस्तीनी झंडा भी देखा गया है। खास बात है कि सोशल मीडिया पर पहले ही 'बुलडोजर जुलूस' की अपील की जा रही थी। यह सब उस दौरान हुआ, जब शेख हसीना लोगों को संबोधित करने की तैयारी कर रही थीं। गुस्साई भीड़ ने शेख मुजीबुर रहमान के धानमंडी इलाके में स्मारक और आवास पर जमकर तोड़फोड़ की थी। साथ ही आवास में आग लगा दी गई थी। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, अब गुरुवार सुबह शेख के आवास पर बुलडोजर चला दिया गया है। साथ ही मौके पर एक युवक को फिलिस्तीन का झंडा भी लहराते हुए देखा गया है। भीड़ शेख रहमान की बनाई आवामी लीग पर बैन की मांग कर रही है। तोड़फोड़ और आगजनी पीटीआई भाषा के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राजधानी के धानमंडी इलाके में स्थित घर के सामने हजारों लोग शाम से ही एकत्र हो गए थे। इस घर को पहले एक स्मारक संग्रहालय में बदल दिया गया था। सोशल मीडिया पर "बुलडोजर जुलूस" का आह्वान किया गया था, क्योंकि हसीना स्थानीय समयानुसार रात नौ बजे अपना संबोधन देने वाली थीं। हसीना का संबोधन आवामी लीग की अब भंग हो चुकी छात्र शाखा छात्र लीग द्वारा आयोजित किया गया था। पूर्व प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देशवासियों से वर्तमान शासन के खिलाफ संगठित प्रतिरोध करने का आह्वान किया। हसीना ने स्पष्ट रूप से नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस की सरकार की ओर इशारा करते हुए कहा, 'उनके पास अभी भी इतनी ताकत नहीं है कि वे राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और उस स्वतंत्रता को बुलडोजर से नष्ट कर सकें, जिसे हमने लाखों शहीदों के जीवन की कीमत पर अर्जित किया है।' उन्होंने कहा, 'वे इमारत को ध्वस्त कर सकते हैं, लेकिन इतिहास को नहीं… लेकिन उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि इतिहास अपना बदला लेता है।' recent visitors 50

राजधानी रायपुर से एक बड़ी खुशखबरी आई, पं. जेएनएम मेडिकल कॉलेज को M.Ch. सर्जिकल ऑन्कोलॉजी कोर्स को मिलीं 3 सीटें

रायपुर  राजधानी रायपुर से एक बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य द्वारा संचालित पं. जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (पं. जेएनएम) मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत क्षेत्रीय कैंसर संस्थान के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग को M.Ch. सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के सुपर-स्पेशलाइजेशन कोर्स की तीन सीटें मिली हैं। ऐसा करने वाला मध्य भारत का पहला मेडिकल इंस्टीट्यूट इसके साथ ही, पं. जेएनएम मेडिकल कॉलेज मध्य भारत का पहला सरकारी मेडिकल संस्थान बन गया है जहाँ यह विशेष कोर्स शुरू किया जा रहा है। यह मध्य भारत के लोगों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से एक पत्र मिला है। इस पत्र में लिखा है, 'केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) को निर्देश दिया है कि वह मेडिकल कॉलेज रायपुर के क्षेत्रीय कैंसर संस्थान के अंतर्गत M.Ch. सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के सुपर-स्पेशलाइजेशन कोर्स की तीन सीटों के लिए अनुमति पत्र (LoP) जारी करे।' इसी सत्र से शुरू होगा कोर्स यह महत्वपूर्ण कोर्स इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू हो जाएगा। यह ध्यान देने योग्य है कि कैंसर विभाग में पहले से ही स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम M.D. (रेडियोथेरेपी) की 6 मान्यता प्राप्त सीटें चल रही हैं। अब M.Ch. कोर्स के जुड़ने से कैंसर के इलाज में और भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पिछले साल किया था आवेदन NMC सेल के अध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरल ने बताया कि इस सुपर-स्पेशलाइजेशन कोर्स को शुरू करने के लिए पिछले साल की शुरुआत में आवेदन किया गया था। कुछ कमियों का हवाला देते हुए NMC ने LoP जारी नहीं किया था। कॉलेज ने कमियों को दूर करते हुए दो बार पूर्ण समीक्षा की अपील की। पिछले हफ्ते सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. आशुतोष गुप्ता को NMC के निर्देशानुसार अपना पक्ष रखने के लिए व्यक्तिगत रूप से NMC नई दिल्ली भेजा गया था। कैंसर रोगियों को मिलेगी सुविधाएं डॉ. गुप्ता ने कहा कि यह मध्य भारत का पहला सरकारी मेडिकल संस्थान है जहां यह विशेष कोर्स शुरू किया जा रहा है। इस कोर्स के शुरू होने से सर्जरी की आवश्यकता वाले कैंसर रोगियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। राज्य को सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में सुपर-स्पेशलिस्ट मिलेंगे। मेडिकल स्नातकोत्तर छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए नए अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। यह कोर्स युवा डॉक्टरों के लिए एक सुनहरा अवसर है। recent visitors 73

पुलिस मुख्यालय में तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर 76 लाख रुपए के फर्जी मेडिकल बिल भुगतान का आरोप लगाया

भोपाल पुलिस मुख्यालय में तैनात तीन पुलिसकर्मियों पर 76 लाख रुपए के फर्जी मेडिकल बिल भुगतान का आरोप लगा है। ये तीनों में एक सूबेदार, एक सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर है। सभी लेखा शाखा में काम करते थे। इन्होंने वित्तीय वर्ष 2022, 2023 और 2024 में खुद को और अपने परिवार के सदस्यों को बीमार बताकर यह धोखाधड़ी की। संचालक ट्रेजरी की ओर से भेजे गए एक पत्र के बाद इस घोटाले का खुलासा हुआ, जिसमें इनके खातों में असामान्य रूप से उच्च भुगतान की ओर इशारा किया गया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। ऐसे हुआ खुलासा यह मामला तब सामने आया जब संचालक ट्रेजरी ने पुलिस मुख्यालय को एक पत्र भेजा। इस पत्र में बताया गया कि तीन पुलिसकर्मियों के खातों में मेडिकल बिल के मद में काफी ज्यादा रकम ट्रांसफर हुई है। इसके बाद पुलिस मुख्यालय की लेखा शाखा ने आंतरिक जांच शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि सूबेदार नीरज कुमार, सब-इंस्पेक्टर हरिहर सोनी और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर हर्ष वानखेड़े ने फर्जी मेडिकल बिल बनाकर सरकारी खजाने को चूना लगाया है। अलग-अलग बीमारियों के नाम पर मेडिकल बिल लगाए तीनों आरोपियों ने खुद को और अपने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग बीमारियां बताकर मेडिकल बिल जमा किए थे। यह बिल असामान्य रूप से ज्यादा थे, जिससे शक पैदा हुआ। जांच में पता चला कि इन्होंने 'प्रो-लॉन्ग सर्टिफिकेट' का भी गलत इस्तेमाल किया। यह सर्टिफिकेट गंभीर बीमारियों के लिए सिविल सर्जन द्वारा जारी किया जाता है। लेकिन जांच दल ने जब सिविल सर्जन से पुष्टि की, तो पता चला कि उन्होंने इन तीनों को केवल दो ही सर्टिफिकेट जारी किए थे। इससे यह संदेह और गहरा हो गया कि बाकी सभी सर्टिफिकेट फर्जी हैं। एडीजी अनिल कुमार ने बताया कि संचालक ट्रेजरी से पत्र मिलने के बाद गोपनीय जांच शुरू की गई थी। जांच शुरू होने से पहले ही तीनों आरोपियों को लेखा शाखा से हटा दिया गया था। जांच में आरोप सही पाए जाने पर 8 जनवरी को तीनों को निलंबित कर दिया गया। तीनों के खिलाफ जहांगीराबाद थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 318, 319, 336, 338 और 340 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में 14 साल तक की सजा का प्रावधान है। वानखेड़े ने किए 35 लाख गबन जांच में यह भी पता चला है कि तीनों आरोपियों ने अलग-अलग रकम का गबन किया है। हर्ष वानखेड़े के खाते में लगभग 35 लाख रुपए, हरिहर सोनी के खाते में लगभग 24 लाख रुपए और नीरज कुमार के खाते में लगभग 17 लाख रुपए का भुगतान हुआ है। यह कुल मिलाकर लगभग 76 लाख रुपए होता है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। एसीपी जहांगीराबाद सुरभि मीणा ने बताया कि लेखा शाखा की रिपोर्ट के आधार पर तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस घोटाले में और लोग भी शामिल हैं। इस मामले में सिविल सर्जन से भी पूछताछ की जा सकती है। recent visitors 47