श्रद्धालुओं को रेलवे लगातार कुंभ मेला विशेष ट्रेन उपलब्ध करा रहा है, कल से दौड़ेगी विशाखापत्तनम-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन

रायपुर प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे लगातार कुंभ मेला विशेष ट्रेन उपलब्ध करा रहा है। इसी कड़ी में विशाखापत्तनम-गोरखपुर-कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन कल से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल व उमरिया स्टेशन पर रुकते हुए अपने गंतव्य तक जाएगी। इस ट्रेन के चलने से हजारों श्रद्वालु कुंभ में पुण्य स्नान कर सकेंगे। मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 08588 विशाखापत्तनम-गोरखपुर कुंभ स्पेशल ट्रेन विशाखापत्तनम से मंगलवार चार फरवरी को रात 10.20 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 1.55 बजे रायगढ़, तीन बजे चांपा, चार बजे बिलासपुर, छह बजे पेंड्रा रोड, 6.45 बजे अनूपपुर, 7.35 बजे शहडोल, 8.42 बजे उमरिया समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन 7.30 बजे गोरखपुर स्टेशन पहुंचेगी।   गोरखपुर से सात फरवरी को रवाना होगी इसी तरह से ट्रेन नंबर 08587 गोरखपुर-विशाखापत्तनम कुंभ स्पेशल, गोरखपुर से शुक्रवार सात फरवरी को शाम 5.45 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन 3.05. बजे उमरिया, 4.30 बजे शहडोल, 5.20 बजे अनूपपुर, 6.15 बजे पेंड्रा रोड, 9.15 बजे बिलासपुर, 10.18 बजे चांपा, 11.23 बजे रायगढ़ और मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन 3.55 बजे विशाखापत्तनम स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन में एक एसएलआरडी, चार सामान्य, आठ शयनयान, तीन एसी थ्री इकोनामिक, चार एसी टू और एक जनरेटर कार सहित 21 एलएचबी कोच की सुविधा रहेगी। दुर्ग-टुंडला महाकुंभ स्पेशल ट्रेन 14 को होगी रवाना इसी तरह दुर्ग-टुंडला कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन 14 फरवरी को चलाने की घोषणा की है। विपरीत दिशा में यह ट्रेन 15 फरवरी को टुंडला से दुर्ग के लिए रवाना होगी। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन का रायपुर,भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, न्यू कटनी जंक्शन, कटनी, मैहर, सतना जंक्शन, माणिकपुर जंक्शन, प्रयागराज, फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा जंक्शन, टुंडला रेलवे स्टेशनों में ठहराव की सुविधा दी गई है। इस ट्रेन में एक एसी टू, दो एसी थ्री, 10 स्लीपर, तीन जनरल, दो एसएलआरडी सहित 18 कोच चलेगी। ट्रेन नंबर 08763 दुर्ग-टुंडला कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन दुर्ग स्टेशन से 1.50 बजे रवाना होकर रायपुर 2.20 पहुंचकर 2.25 बजे छूटेगी। इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 08764 टुंडला-दुर्ग कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन टुंडला से 5.10 बजे रवाना होकर दुर्ग पहुंचेगी। राजधानी एक्सप्रेस में चार से एक अतिरिक्त फर्स्ट एसी कोच रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए नई दिल्ली–बिलासपुर राजधानी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त फर्स्ट एसी कोच की सुविधा स्थायी रूप से उपलब्ध कराई है। यह सुविधा ट्रेन नंबर 12442 नई दिल्ली–बिलासपुर में चार फरवरी से और ट्रेन नंबर 12441 बिलासपुर-नई दिल्ली में छह फरवरी से उपलब्ध रहेगी। इसकी उपलब्धता से इस गाड़ी में यात्रा करने वाले अधिकाधिक यात्रियों को कन्फर्म बर्थ की सुविधा मिलेगी। recent visitors 37

मंदिर के कपाट आगामी 4 मई को सुबह 6 बजे प्रात: विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खुलेंगे बद्रीनाथ के कपाट

टिहरी उत्तराखंड़ में वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर टिहरी राज दरबार नरेंद्रनगर में गणेश पूजन के साथ विश्व प्रसिद्ध धाम भगवान बदरीनाथ के कपाट खोलने की तिथि घोषित कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक शुभ लग्न के अनुसार मंदिर के कपाट आगामी 4 मई को सुबह 6 बजे प्रात: विधिवत पूजा-अर्चना के साथ आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। भगवान बदरी विशाल के महाभिषेक के लिए तिलों का तेल 22 अप्रैल को पिरोया जाएगा। उसी दिन राज दरबार से गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा शुरु होगी। इसके साथ ही चारधाम यात्रा के भी विधिवत शुरुआत हो जाएगी। नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में बसंत पंचमी पर राज पुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने गणेश, पंचांग और चौकी पूजन के बाद महाराजा मनुजेंद्र शाह की जन्म कुंडली का अध्ययन और ग्रह नक्षत्रों की दशा देखकर भगवान बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खोलने की तिथि घोषित की। भगवान बदरी विशाल के महाभिषेक के लिए स्थानीय सुहागिन महिलाएं महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह के नेतृत्व में 22 अप्रैल को राजदरबार में तिलों का तेल निकालेंगी। टिहरी के नरेश महाराजा मनुजेंद्र शाह बताया कि चार मई को प्रातः: 6:00 बजे श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। उन्होंने देश के श्रद्धालुओं से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में सुखद एवं सफल यात्रा करें। राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल ने बताया कि महाराजा मनुजेंद्र शाह की जन्म कुंडली के आधार पर यह तिथि तय की गई है। धार्मिक पंचायत के उपाध्यक्ष भास्कर डिमरी ने बताया कि 22 अप्रैल को राजदरबार में सुहागिन महिलाओं द्वारा तिलों का तेल पिरोया जाएगा।   recent visitors 59

भारतीय टीम प्रतियोगिता में प्रत्येक मैच जीतने पर ध्यान केंद्रित कर रही है: गौतम गंभीर

नई दिल्ली 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में शुरू होने में मात्र 17 दिन शेष हैं। भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा कि उनकी टीम प्रतियोगिता में प्रत्येक मैच जीतने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, न कि केवल चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में जीत हासिल करने पर। 2002 और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम 23 फरवरी को दुबई में पाकिस्तान से भिड़ेगी। मुंबई में बीसीसीआई के वार्षिक पुरस्कार समारोह के अवसर पर गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, "हम चैंपियंस ट्रॉफी में यह सोचकर नहीं जाते कि 23 तारीख का मैच हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। मुझे लगता है कि पांच मैच, सभी मैच महत्वपूर्ण हैं। दुबई जाने का मिशन चैंपियंस ट्रॉफी जीतना है, न कि केवल एक विशेष मैच जीतना।" उन्होंने कहा, "लेकिन हां, यदि यह चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बीच का एक मैच है, तो हम इसे यथासंभव गंभीरता से लेने का प्रयास करेंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जब दो देश, भारत और पाकिस्तान, एक दूसरे के खिलाफ खेलते हैं, तो जाहिर है कि भावनाएं बहुत अधिक होती हैं, लेकिन अंत में यह एक मुकाबला ही रहता है।" भारत को 20 फरवरी और 2 मार्च को दुबई में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी भिड़ना है। यह मैच आठ टीमों के टूर्नामेंट के नॉकआउट में प्रवेश करने के लिए जीतने बहुत महत्वपूर्ण हैं। गंभीर ने यह भी महसूस किया कि एकदिवसीय विश्व कप की तुलना में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान गलती की बहुत कम गुंजाइश होती है। गंभीर ने कहा, "50 ओवर के विश्व कप की तुलना में चैंपियंस ट्रॉफी एक पूरी तरह से अलग चुनौती है क्योंकि हर खेल सचमुच निर्णायक होता है, इसलिए आप इस टूर्नामेंट में कहीं भी नहीं रुक सकते। उम्मीद है कि हम वास्तव में अच्छी शुरुआत करेंगे, क्योंकि आखिरकार, अगर आप आगे बढ़ना चाहते हैं और प्रतियोगिता जीतना चाहते हैं, तो आपको पांच गेम जीतने होंगे।" गंभीर ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के हाल के खराब प्रदर्शन के बावजूद आगामी टूर्नामेंट में भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन करने पर भरोसा जताया। रोहित और कोहली के साथ रविंद्र जडेजा 2013 में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के एकमात्र मौजूदा सदस्य हैं। गंभीर ने कहा, "मुझे लगता है कि रोहित और विराट दोनों ही ड्रेसिंग रूम में बहुत महत्वपूर्ण हैं। वे भारतीय क्रिकेट में भी बहुत अहम हैं। उन्हें (चैंपियंस ट्रॉफी में) एक बड़ी भूमिका निभानी है। और मैंने पहले भी कहा है, वे लोग बहुत भूखे हैं, वे देश के लिए खेलना चाहते हैं।"   recent visitors 74

बॉडी रिवाइवल के सीईओ मुनीश खान ने कहा- कैंसर से लड़ने में बॉडी रिवाइवल हो सकता हैं कारगर साबित

जयपुर आयुर्वेदिक सिद्धांतों पर आधारित एवं नवाचारपूर्ण हर्बल उत्पाद बॉडी रिवाइवल कैंसर से लड़ने में कारगर साबित हो सकता हैं और इससे कैंसर के खिलाफ लड़ाई लड़ने में नई आशा जगी हैं। बॉडी रिवाइवल के सीईओ और निदेशक मुनीश खान ने विश्व कैंसर दिवस को लेकर यह बात कही और बताया कि बॉडी रिवाइवल ने दूसरा चरण क्लीनिकल ट्रायल को पूरा किया है और यह अध्ययन विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर मरीजों पर केंद्रित था और इसमें प्रोग्रेशन-फ्री सर्वाइवल (पीएफएस) और जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला हैं, जिससे कैंसर के खिलाफ लड़ाई में नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि कैंसर आज विश्वभर में सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक है और इसकी देखभाल में बॉडी रिवाइवल एक महत्वपूर्ण प्रगति के रूप में हैं। सरकारें और चिकित्सा विशेषज्ञ लगातार बेहतर उपचार के लिए प्रयासरत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केन्द्र सरकार कैंसर अनुसंधान और समग्र चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आयुष मंत्रालय के माध्यम से उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने आयुर्वेद के क्षेत्र में अनुसंधान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है, जिससे पारंपरिक चिकित्सा को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिल रही है। उन्होंने कहा कि बॉडी रिवाइवल एक स्वामित्वयुक्त माइक्रो-हर्बल समाधान है, जिसे नौ शक्तिशाली आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के संयोजन से तैयार किया गया है। इनमें बेल, वचा, अश्वगंधा, मंजिष्ठा और शहद शामिल हैं जो अपनी एंटी-कैंसर, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और समग्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने वाली विशेषताओं के लिए प्रसिद्ध हैं। यह उत्पाद 25 वर्षों के गहन अनुसंधान और विकास का परिणाम है जो प्राचीन आयुर्वेदिक ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण का संगम प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि जे बी रॉय स्टेट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल कोलकाता में बारह सप्ताह के क्लीनिकल ट्रायल में 44 ब्रेस्ट कैंसर मरीजों को शामिल किया गया जो रेडिएशन और कीमोथेरेपी से गुजर रहे थे। इस अध्ययन के परिणाम अभूतपूर्व रहे जहां मरीजों ने शारीरिक और भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण सुधार की रिपोर्ट दी। अध्ययन में हीमोग्लोबिन स्तर, डब्ल्यूबीसी काउंट और ट्यूमर मार्कर्स में सकारात्मक बदलाव देखे गए, जिससे यह सिद्ध हुआ कि बॉडी रिवाइवल न केवल सुरक्षित और सहनीय है बल्कि कैंसर उपचार के दुष्प्रभावों को कम करने में भी प्रभावी है। उन्होंने कहा “यह क्लीनिकल ट्रायल आधुनिक कैंसर देखभाल में आयुर्वेद की क्षमता को दर्शाता है। बॉडी रिवाइवल एक समग्र और मरीज-केंद्रित उपचार पद्धति की ओर एक बड़ा कदम है। हम श्री मोदी के प्रति अत्यंत आभार व्यक्त करते हैं, जिनकी आयुर्वेद के प्रति प्रतिबद्धता ने इस प्रकार के नवाचारों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी है। श्री खान ने बताया कि हाल में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे से मिलकर उन्हें इसकी क्लीनिकल ट्रायल रिपोर्ट से अवगत कराया और राज्यपाल ने इसकी सराहना भी की।   recent visitors 76

महाकुंभ में पूरी दुनिया आकर अभिभूत है, लेकिन सपा को इससे पीड़ा हो रही है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अयोध्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी को खूब धोया। बोले कि 'एक्स' पर दो महीने से सपा अध्यक्ष के पोस्ट को देखिए, यह प्रयागराज महाकुंभ का विरोध करते हुए आए हैं। अब तक 34 करोड़ श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी के संगम पर आस्था की डुबकी लगाई है। शनिवार को उप राष्ट्रपति, कई देशों के राजदूत-हाई कमिश्नर आए थे। पूरी दुनिया आकर अभिभूत है, लेकिन सपा को इससे पीड़ा हो रही है। जिससे सनातन धर्म का गौरव बढ़ता हो, भारतीयों का सीना चौड़ा होता हो, उससे सपा को पीड़ा होती है। सपा सनातन धर्म और सामाजिक न्याय के पुरोधाओं की विरोधी है। मुख्यमंत्री ने मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान के पक्ष में रविवार को जनसभा कर उन्हें जिताने की अपील की। सीएम ने कहा कि परसों (शुक्रवार) हेलीकॉप्टर से जा रहा था, अयोध्या धाम में हर तरफ जनसैलाब दिखाई दे रहा था। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने फोरलेन सड़कें, रेलवे लाइन को डबल, स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण, इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार नहीं किया होता तो प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु यहां नहीं आ पाते। केंद्र व राज्य सरकार का पैसा और हमारे जनप्रतिनिधियों का प्रयास रहा तो अयोध्या का विकास व व्यवसाय बढ़ रहा है। जब भी हमने अयोध्या के विकास की कार्ययोजना को बढ़ाया तो सपा ने विरोध किया। सड़क चौड़ीकरण के दौरान 1700 करोड़ से अधिक का मुआवजा दिया गया। राम मंदिर का शिलान्यास और राम मंदिर में रामलला विराजमान हुए, तब भी सपा ने विरोध किया। एयरपोर्ट का नामकरण महर्षि वाल्मीकि, रैन बसेरों का नाम निषादराज गुह्य के नाम पर किया गया, रसोई का नाम मां शबरी के नाम पर रखा गया, तब भी सपा को पीड़ा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने यूपी में पीएसी की तीन महिला बटालियन (वीरांगना उदा देवी, झलकारी बाई, अवंती बाई लोधी) गठित की। सपा ने तब भी विरोध किया था। यह वही सपा है, जो बहराइच में महाराज सुहेलदेव के विजय स्मारक का विरोध करती है, यह कहती है कि वहां गाजी का स्मारक होना चाहिए। सपा को गाजी व पाजी (बदमाश) प्यारे हैं। इन्हें बेटियों की इज्जत पर हाथ डालने वाला मिल्कीपुर का मोईद खान और कन्नौज का नवाब सिंह यादव प्यारा है। सपा गरीब, किसान, बेटी-बहन, व्यापारी, युवा के साथ नहीं, बल्कि माफिया, दुष्चरित्र व पेशेवर अपराधी के साथ खड़ी होती है। कोई घटना घटित होती है तो सपा का हाथ होता है या वह षड्यंत्र में शामिल रहती है। सीएम ने कहा कि सपा भारत विरोधी तत्वों को गले लगाती है। विधानसभा उपचुनाव के दौरान इनके दरिंदे नेता ने मैनपुरी में दलित बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। अयोध्या में कल एक बेटी के साथ घटना हुई है, आज इनका सांसद नौटंकी कर रहा है। जांच होगी तो उसमें भी सपा का कोई दरिंदा शामिल जरूर होगा। सीएम ने कहा कि 2016 में सपा सरकार के समय 2.35 लाख पर्यटक अयोध्या आए थे, जबकि 2024 में यहां 16.11 करोड़ श्रद्धालु आए। विकास विरोधी सपा की दृष्टि सैफई से बाहर नहीं जाती। सत्ता में आने पर यह परिवार के लिए कार्य करते हैं और वोट मांगने के लिए जाति का सहारा लेते हैं। सीएम ने कहा कि मिल्कीपुर का चुनाव भी राष्ट्रवाद बनाम परिवारवाद का चुनाव बन गया है। एक तरफ एनडीए प्रत्याशी के रूप में चंद्रभानु पासवान राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं के साथ मैदान में हैं तो दूसरी तरफ सपा के परिवारवाद का नमूना है, जिसका नाम भूमाफिया-अनैतिक, अराजक गतिविधियों में आता है। सीएम ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि सब कुछ सुधर सकता है, लेकिन प्रवृत्ति नहीं। इनका पेशा अपराध, गुंडागर्दी, बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाना है। समाजवादियों का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है…, लेकिन 2017 में जब भाजपा सरकार आई और हमने एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स बनाया तो इसने गुंडों से 64 हजार एकड़ लैंड खाली कराई। यह परेशान हैं कि डबल इंजन सरकार ऐसे ही कार्य करेगी तो इनका धंधा चौपट हो जाएगा। धंधा चौपट होने से इनकी पार्टी भी चौपट हो जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या आकर विकास का मॉडल देखा जा सकता है। सरयू में स्टीमर भी चलकर सैर करा रही है। सपा को यह विकास अच्छा नहीं लग रहा है। सपा कहती थी कि अयोध्या का समाधान हुआ तो खून की नदियां बहेंगी, हमने कहा कि खून की नदियां बहाने वाले जहन्नुम में जा चुके हैं, धरती पर उनके लिए जगह नहीं है। अयोध्या की तर्ज पर मिल्कीपुर का समग्र विकास कराने के लिए चंद्रभानु पासवान यहां की आवश्यकता है। सीएम योगी ने कहा कि सपा वाले केवल सैफई का विकास कराते थे, लेकिन मैंने गोरखपुर और पीएम मोदी जी के आशीर्वाद से काशी में जितना विकास हुआ, उससे अधिक विकास अयोध्या में कराया गया। कोई भेदभाव नहीं हुआ। यह लोग कारसेवकों का रक्त बहाते थे। हम लोगों ने दीपोत्सव से यात्रा प्रारंभ की, आज यहां घर-घर में दीप जल रहे हैं। हमारी सरकार बिना भेदभाव विकास के लिए भरपूर मदद कर रही है। जनसभा में कृषि मंत्री व अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जेपीएस राठौर, गिरीश चंद्र यादव, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', मयंकेश्वर शरण सिंह, सतीश चंद शर्मा, मनोहर लाल कोरी, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, धर्मराज निषाद, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, अवनीश सिंह पटेल, पूर्व सांसद लल्लू सिंह आदि मौजूद रहे। recent visitors 80

कांग्रेस सांसद अजय माकन ने कहा- आप सरकार ने दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को बनाया बदहाल

नई दिल्ली कांग्रेस सांसद अजय माकन ने दिल्ली में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। माकन ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र को बदहाल कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली सरकार ने दिल्ली के विकास को लेकर भ्रम का जाल बिछाया। मैंने शीला दीक्षित के कार्यकाल और वर्तमान सरकार के बीच अंतर को उजागर किया था। मैंने बताया कि कैसे दिल्ली के अस्पतालों में विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी में प्रति बिस्तर दो मरीज हैं। मैंने यह भी बताया था कि अस्पतालों में एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी मशीनों की क्या हालत है। राज्य के प्रमुख अस्पतालों में जरूरी मेडिकल उपकरण जैसे एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड मशीनें खराब पड़ी हैं। साथ ही कई अस्पतालों में आईसीयू भी कार्य में नहीं हैं। कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार से जो वित्तीय मदद मिली थी, वह भी आप सरकार द्वारा सही तरीके से खर्च नहीं की जा सकी। यह गंभीर लापरवाही है। यह सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली बुनियादी मुद्दों पर असफल साबित हुई है। अब दिल्ली की जनता यह महसूस कर रही है कि कांग्रेस पार्टी ही उनकी सभी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है। ऐसे में मैं दिल्लीवासियों से कांग्रेस को समर्थन देने की अपील करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल का एजुकेशन मॉडल केवल एक धोखा है। हम उस शिक्षा मॉडल को कैसे उचित ठहरा सकते हैं, जहां सरकारी स्कूलों के छात्र निजी स्कूलों में स्थानांतरित हो रहे हैं? हम आज यह सवाल पूछना चाहते हैं, और आप को इसका जवाब देना ही होगा कि अगर शिक्षा मॉडल इतना अच्छा है, तो 12वीं कक्षा पास करने वाले छात्रों की संख्या क्यों कम हो रही है? पूरी दुनिया में आप जैसी सरकार नहीं है, जहां शिक्षा और शराब मंत्री एक ही व्यक्ति हो। recent visitors 53

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री मनसुख मांडविया से सौजन्य मुलाकात की और पुष्प-गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विंध्य क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में रीवा में एक भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है, जहां दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र के जनजातीय और पिछड़े क्षेत्रों से उभर रही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने केन्द्रीय मंत्री श्री मांडविया से विंध्य क्षेत्र के खिलाड़ियों के विकास के लिए रीवा में 10 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने के लिये अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान और खेल के माध्यम से युवाओं के समग्र विकास की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण से विंध्य क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए केन्द्रीय मंत्री श्री मांडविया ने सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। रीवा के सांसद श्री जनार्दन मिश्र और सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्र भी उपस्थित रहे।   recent visitors 60