केजरीवाल के मतदाताओं के नाम काटने के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया, फाइनल लिस्ट 6 जनवरी तक होगी जारी

नई दिल्ली दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मतदाताओं के नाम काटने के आरोपों पर अब चुनाव आयोग ने सफाई दी है. वह इस मुद्दे पर लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, और कह रहे हैं कि बीजेपी ये 'साजिश' रच रही है. चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि फाइनल वोटर लिस्ट 6 जनवरी तक जारी की जाएगी, और ये कि ये कि वोटर लिस्ट में बदलाव होता रहता है, जो कि अभी भी चल रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री का आरोप था कि, 15 दिसंबर को बड़े पैमाने पर अभियान शुरू हुआ, जिसमें उनके विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली में अब तक 5,000 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए एप्लिकेशन दिए गए थे, जबकि जोड़ने के लिए 7500 एप्लिकेशन दाखिल किए गए. उन्होंने दावा किया कि इससे उनके निर्वाचन क्षेत्र के 12 फीसदी वोट बदल सकते हैं. अरविंद केजरीवाल का का कहना था कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 106,873 है. उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं की यह संख्या 20 अगस्त से 20 अक्टूबर के बीच किए गए संशोधन के बाद 29 अक्टूबर को जारी की गई लिस्ट के मुताबिक है. 6 जनवरी को जारी की जाएगी फाइनल लिस्ट अरविंद केजरीवाल जिस लिस्ट का हवाला दे रहे हैं उसपर अब चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि वो वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट 29 अक्टूबर को जारी किया गया था. इनके अलावा, 29 अक्टूबर से 28 नवंबर तक मिली अर्जियों का निपटारा 24 दिसंबर तक किया गया. इसके आगे, 1 जनवरी तक जो भी  अर्जियां आएंगी उसे शामिल किया जाएगा और फिर फाइनल लिस्ट 6 जनवरी को जारी की जाएगी. अरविंद केजरीवाल के आरोप अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया, "ऑपरेशन लोटस अब मेरे निर्वाचन क्षेत्र तक पहुंच गया है. वे चुनाव परिणाम बदलने के लिए मतदाता सूची में हेरफेर करने की कोशिश कर रहे हैं." उन्होंने कहा, "इस तरह की हेराफेरी लोकतंत्र को कमजोर करती है. हम चुनाव आयोग से अपील करते हैं कि वह इस तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए अपनी सख्त निगरानी जारी रखे." recent visitors 86

जनजातीय गौरव भीमा नायक ने भीलों के स्वतंत्रता प्रिय स्वाभिमान को बनाए रखा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता सेनानी, भीमा नायक के बलिदान दिवस पर सादर श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के अधिकारों और अस्मिता के रक्षार्थ उनका संघर्ष हमें देश भक्ति की प्रेरणा प्रदान करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के गौरव भीमा नायक के 148वें बलिदान दिवस पर, बड़वानी जिले के ग्राम धाबा बावड़ी में हुई श्रंद्धाजलि सभा कार्यक्रम के लिए जारी संदेश में कहा कि भीमा नायक प्रदेश के गौरवशाली इतिहास का अभिन्न अंग हैं। आजादी की लड़ाई में भीमा नायक ने जनजातियों को अंग्रेजों के विरुद्ध संगठित किया। सुरसी बाई भील, भीमा नायक की माता जी थी, उन्होंने ही भीमा नायक और जनजातीय समाज को अंग्रेजों के विरुद्ध एकजुट करने की प्रेरणा दी। शहीद भीमा नायक का कार्य क्षेत्र बड़वानी रियासत से महाराष्ट्र के खानदेश तक फैला था। तात्या टोपे के निमाड़ आगमन पर भीमा नायक ने उनसे मुलाकात की थी। अंबापानी युद्ध में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। भीमा नायक ने भीलों के स्वतंत्रता प्रिय स्वाभिमान को बनाए रखा, उन्होंने अंतिम क्षणों तक कोई समझौता या समर्पण नहीं किया। सलोदा नामक स्थान पर अंग्रेजों से युद्ध के दौरान धोखे से उन्हें बंदी बनाया गया। मंडलेश्वर किले में बंदी रखने के बाद उन्हें कालापानी कैद में डाल दिया गया। लम्बी प्रताड़ना सहने के बाद वे जेल में ही वीरगति को प्राप्त हुए। जनजातीय वर्ग के समग्र विकास और कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय वर्ग के समग्र विकास और कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। शासन द्वारा जनजातीय विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, आवास सहायता, विदेश में अध्ययन के लिए सहायता, परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। जनजातीय समुदाय के लिए आवास, सड़कों के विस्तार, समग्र शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में हाल ही में जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न विभागों की चिन्हित योजनाओं में शत-प्रतिशत सैचुरेशन के लिए कैबिनेट द्वारा "धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान" आरंभ करने को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। शहीद भीमा नायक के नाम पर बड़वानी का शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जनजातीय समुदायों के गौरवशाली व्यक्तियों के संग्रहालयों का विकास किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा बड़वानी शासकीय कॉलेज का नाम शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रखा गया है। बड़वानी के पास धाबा बावड़ी गांव में भीमा नायक प्रेरणा केंद्र भी स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीर योद्धा भीमा नायक ने माँ भारती के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके बलिदान का संपूर्ण राष्ट्र अनंतकाल तक कृतज्ञ एवं ऋणी रहेगा।   recent visitors 85

किसानों को बिना कठिनाई के हो भुगतान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल देश के कुल सोयाबीन उत्पादन का लगभग आधा उत्पादन मध्यप्रदेश में होता है। मध्यप्रदेश सम्पूर्ण देश में सोयाबीन उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। किसानों के परिश्रम और किसानों के हित में शासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं से मध्यप्रदेश इस उपलब्धि को प्राप्त कर सका है। कृषि अर्थव्यवस्था को व्यापक पैदावार से महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। खरीफ की फसलों में सर्वाधिक बोई जाने वाली फसल सोयाबीन ही है। प्रदेश में सोयाबीन का रकबा और उत्पादन बढ़ रहा है। गत वर्ष की तुलना में प्रदेश के सोयाबीन के रकबे में लगभग 2 प्रतिशत वृद्धि हुई है। वर्तमान में प्रदेश का सोयाबीन का रकबा 66 लाख हैक्टयर से अधिक है। प्रदेश में 31 दिसम्बर तक लगभग 6.5 से 7 लाख मीट्रिक टन तक सोयाबीन का उपार्जन पूर्ण हो जाने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश ने महाराष्ट्र और राजस्थान को पीछे छोड़कर सोयाबीन के सबसे बड़े उत्पादक राज्य बनने में सफलता प्राप्त की है। मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों को सोयाबीन के लिए 4 हजार 892 रुपए की राशि प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य के रूप में देने की व्यवस्था की है। प्रदेश में सोयाबीन उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि को देखते हुए उपार्जन की आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर किसानों से उपार्जित सोयाबीन के लिए राशि का भुगतान बिना कठिनाई के किया जा रहा है। सोयाबीन के भण्डारण और उपार्जित सोयाबीन की सुरक्षा के प्रबंध भी किए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश हैं कि किसानों को उपार्जन की आधुनिक व्यवस्थाओं का लाभ दिलवाया जाए। प्रदेश में पहली बार सोयाबीन का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जा रहा है। ई-उपार्जन पोर्टल का उपयोग भी किया जा रहा है। किसानों को ऑन लाइन राशि के भुगतान की व्यवस्था की गई है। भुगतान के मामले में ये हैं टॉप 10 जिले प्रदेश में लगभग दो लाख किसानों को 1957.1 करोड़ रूपए की राशि का भुगतान उपार्जन के रूप में अब तक किया जा चुका है। प्रदेश में भुगतान का प्रतिशत 70.41 है। राशि के भुगतान में नीमच जिला अग्रणी है, जहां शत-प्रतिशत किसानों को राशि दी जा चुकी है। नीमच सहित विदिशा,राजगढ़, नर्मदापुरम, आगर मालवा, शहडोल, अनूपपुर, जबलपुर, उमरिया और खरगौन ऐसे दस शीर्ष जिलों में शामिल हैं, जहां 75 प्रतिशत से अधिक किसानों को राशि का भुगतान किया जा चुका है। सोयाबीन के परिवहन का कार्य भी प्रदेश में 95 प्रतिशत हो चुका है। प्रदेश में मालवा अंचल में सर्वाधिक सोयाबीन उत्पादन होता है। किसानों के पंजीयन से लेकर, आवश्यक बारदाने की व्यवस्था, परिवहन,भण्डारण और राशि के भुगतान के कार्यों की राजधानी से लेकर जिलों तक नियमित समीक्षा भी की जा रही है। recent visitors 71

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी को दी बधाई

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत की ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी को फाइड वुमेन्स वर्ल्ड रैपिड शतरंज चैम्पियनशिप-2024 का खिताब जीतने पर बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्रैंडमास्टर हम्पी ने खिताब जीत कर भारत को गौरवान्वित किया है। यह पूरे राष्ट्र के लिए गौरव और हर्ष का क्षण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दूसरी बार वर्ल्ड रैपिड चेस चैम्पियनशिप जीतकर कोनेरू हम्पी ने इतिहास रच दिया है। हम्पी ने देश की बेटियों को आगे बढ़ने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए नव-शक्ति और नव-प्रेरणा दी है। उल्लेखनीय है कि आंध्रप्रदेश निवासी भारतीय ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी ने रविवार को न्यूयार्क में इंडोनेशिया की प्रतियोगी इरीन सुकंदर को विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में पराजित कर पहली भारतीय महिला विश्व चैंपियन होने का श्रेय प्राप्त किया।   recent visitors 42

ऑपरेशन प्रहार: पुलिस ने राजस्थान के दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार जब्त किये

बड़वानी ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध हथियारों के खिलाफ निवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने राजस्थान के दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार जब्त किए गए। दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है। कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षिक जगदीश डावर ने बताया कि किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए हथियारों की तस्करी की जा रही थी। इसे बड़वानी पुलिस ने नाकाम किया। आपरेशन प्रहार के तहत थाना निवाली पुलिस ने अवैध फायर आर्म्स ले जाते हुए राजस्थान के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 23 हथियार जब्त किए गए। जिसमें नौ पिस्टल, 14 देशी कट्टे, 11 जिंदा कारतूस, चार खाली मैग्जीन, दो आईफोन कुल कीमती करीब सवा तीन लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।   निवाली बेरियर के पास घूम रहे थे मुखबिर द्वारा निवाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति निवाली बेरियर के पास इधर-उधर घूम रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निवाली उप निरीक्षक रामकृष्ण लौवंशी के नेतृत्व में थाना निवाली की टीम गठित कर भेजी गई। पुलिस टीम ने बैरियर के आसपास पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए अनुसार दो संदिग्ध बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ा। वीर पाजी ने दिए थे हथियार पकड़े गए तस्करों के नाम शिवम उर्फ शिवा पुत्र गोपीसिंह रावत निवासी रूपारेल ग्राम राजौसी पोस्ट भवानी खेडा थाना नसीराबाद जिला अजमेर राजस्थान और इकबाल पुत्र शंकर खान निवासी नाडा की बाड़ी ग्राम राजौसी थाना नसीराबाद जिला अजमेर राजस्थान हाल 23 सेक्टर प्रतापनगर जयपुर राजस्थान है। आरोपितों ने बताया कि ये सभी अवैध हथियार थाना वरला क्षेत्र के उमर्ठी के वीर पाजी नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराए थे। इस पर पूछताछ जारी है। recent visitors 82

पूर्व प्रधानमंत्री के ​परिजनों ने उनकी अस्थियां पूरे विधि-विधान के साथ यमुना में विसर्जित कीं, कांग्रेस से नहीं पंहुचा कोई: बीजेपी

नई दिल्ली पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अस्थियां रविवार को दिल्ली के मजनू का टीला स्थित गुरुद्वारे में लाई गईं. यहां शब्द कीर्तन, पाठ और अरदास के बाद पूर्व प्रधानमंत्री के ​परिजनों ने उनकी अस्थियां यमुना में विसर्जित कीं. कांग्रेस ने एक्स पर अस्थि विसर्जन का एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'आज भारत मां के सपूत और देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की अस्थियां पूरे विधि-विधान के साथ मजनू का टीला स्थित गुरुद्वारे के पास यमुना घाट पर विसर्जित की गईं. हम सभी मनमोहन सिंह जी की देश सेवा, समर्पण और उनकी सहजता को हमेशा याद रखेंगे. सादर नमन.' हालांकि, बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया कि डॉ. मनमोहन सिंह के अस्थि विसर्जन के वक्त कांग्रेस का कोई नेता उपस्थित नहीं रहा. उन्होंने आजतक से बातचीत में कहा, 'डॉ. मनमोहन सिंह जी की पवित्र अस्थियों के विसर्जन के समय गांधी परिवार और कांग्रेस नेताओं की अनुपस्थिति देखकर बहुत निराशा हुई. एक नेता जिसने सम्मान के साथ देश की सेवा की, वह अपनी पार्टी से कहीं बेहतर सम्मान का हकदार था. यह कांग्रेस और गांधी परिवार की प्राथमिकताओं के बारे में बहुत कुछ बताता है.' उदारीकरण के नायक के प्रति उदार रहेगा इतिहास? पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर को उम्र संबंधी समस्याओं के कारण दिल्ली एम्स में निधन हो गया. वह 92 वर्ष के थे. उनका अंतिम संस्कार 28 दिसंबर को नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर किया गया. भारत और दुनिया भर के नेताओं ने मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया. केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर सात दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की. इस बीच कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर मनमोहन सिंह का अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पत्र लिखकर अनुरोध करने के बावजूद, बीजेपी सरकार ने मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने के लिए दिल्ली में जमीन आवंटित नहीं किया. कांग्रेस की मांग थी कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार उसी स्थान पर हो, जहां उनका स्मारक बन सके. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पार्टी पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन का 'राजनीतिकरण' करने और 'ओछी राजनीति' में शामिल होने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया कि मनमोहन सिंह जब प्रधानमंत्री पद पर थे तो कांग्रेस पार्टी ने उनके प्रति कभी सम्मान नहीं दिखाया. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने खड़गे और डॉ. सिंह के परिवार को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित किया है कि सरकार ​राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री का स्मारक बनवाएगी. इसके लिए ट्रस्ट का गठन पड़ता है, जिसकी औपचारिकताओं में समय लगेगा. इसलिए कांग्रेस और डॉ. सिंह के परिवार से अनुरोध किया गया था कि वे अंतिम संस्कार की सभी प्रक्रियांए निर्धारित समय में पूरी कर लें. हालांकि, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि डॉ. सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित कर दी गई. इसके बारे में उनके परिवार को भी जानकारी दे दी गई है. हालांकि नड्‌डा ने यह नहीं बताया कि जमीन कहां दी गई है. नड्‌डा ने कहा- राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे नेता मनमोहन सिंह के निधन पर भी राजनीति कर रहे हैं. कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को जीवित रहते हुए कभी सम्मान नहीं दिया, और अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है. recent visitors 70

मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया, बारिश के बाद लुढ़का पारा, बढ़ी ठंड

नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्र में साफ दिख रहा है। मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में इस समय कंपकंपी वाली ठंड का अहसास हो रहा है और मौसम विभाग ने आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट मुख्य रूप से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए है, जहां बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के कारण तापमान और भी गिर सकता है। इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी से हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज न्यूनतम मौसम 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं अगले सप्ताह तक मौसम ठंडा और शुष्क बना रहेगा। उत्तर भारत के कुछ स्थानों में रविवार (29 दिसंबर) से शीतलहर शुरू होने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान के अलग-अलग स्थानों में 29-30 दिसंबर के दौरान देर रात और सुबह के दौरान घने से बहुत घना कोहरा रहने की आशंका जताई जा रही है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में इस समय घना कोहरा देखा जा रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण ड्राइविंग करना मुश्किल हो सकता है। कोहरे की चादर ने इन राज्यों में ठंड को और बढ़ा दिया है, जिससे सर्दी का अहसास और भी तेज हो गया है। राजस्थान माउंट आबू के तापमान में 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को राज्य के विभिन्न इलाकों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बादल गरजने का भी अलर्ट जारी किया गया है। बनारस कोहरे की सफेद चादर में ढका है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मौसम और भी बिगड़ सकता है और ठंडी हवाएं और बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस स्थिति में दिल्ली और एनसीआर सहित अन्य हिस्सों में ठंड बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को ज्यादा सर्दी का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली का मौसम ठंडा रहेगा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार को दोपहर के समय भी बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और कमी आ सकती है।   recent visitors 68