अमित शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि उन्होंने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का अपमान किया

नई दिल्ली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा राज्यसभा में कल दिए गए एक भाषण पर हंगामा मच गया है। इंडिया समूह के नेताओं ने संसद भवन परिसर में गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि उन्होंने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का अपमान किया है। वायनाड से लोकसभा उपचुनाव जीतकर संसद पहुंची प्रियंका गांधी ने भी अपनी पार्टी की तरफ से मोर्चा संभाल लिया है। विपक्ष के नेताओं ने आरोप लगाया कि अमित शाह ने राज्यसभा में मंगलवार को संविधान पर चर्चा का जवाब देते हुए बाबा साहब का अपमान किया और विपक्षी दल इस अपमान को स्वीकार नहीं करेंगे। विपक्षी नेताओं ने कहा कि इसके लिए अमित शाह माफी मांगे। विपक्षी दलों के इस विरोध-प्रदर्शन में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ ही कई दलों के प्रमुख नेता मौजूद थे। प्रदर्शन कर रहे नेता बाबा साहब की तस्वीर हाथ में लेकर भीमराव आंबेडकर की जय और मोदी सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपनी मानसिकता का परिचय दिया है और बाबा साहब का संसद में अपमान किया है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख राजेश लिलोथिया ने कहा, “अमित शाह ने संसद में बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर जी के लिए अपमानजनक बयान दिया। इससे आरएसएस और भाजपा की मनुवादी सोच उजागर होती है। बाबा साहब के संविधान में दलितों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं को बराबरी का हक मिला है। अमित शाह जी को देश से माफी मांगनी चाहिए।” लोकसभा में भी हंगामा विपक्ष के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने प्रश्न संख्या पुकारा, लेकिन विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। अध्यक्ष ने कहा कि आप लोग प्रश्नकाल चलाने में सहयोग करें। इस बीच विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया है। जब बाबा साहब जिंदा थे, तब उनका तिरस्कार किया था। कांग्रेस ने तो अपने कार्यालय में बाबा साहब की तस्वीर लागने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब को लोकसभा चुनाव हराया था। ये बाबा साहब का अपमान करने वाले लोग है। हम बाबा साहब का सम्मान करने वाले लोग हैं। क्या कहा था अमित शाह ने? कांग्रेस और विपक्षी दलों का आरोप है कि शाह ने राज्यसभा में ‘भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा’ विषय पर दो दिन तक चली चर्चा का जवाब देते हुए मंगलवार को अपने संबोधन के दौरान बाबासाहेब का अपमान किया। मुख्य विपक्षी दल ने शाह के संबोधन का एक वीडियो अंश जारी किया जिसमें गृह मंत्री विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए यह कहते सुने जा सकते हैं , ‘‘अभी एक फैशन हो गया है- आंबेडकर, आंबेडकर…। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’’ recent visitors 76

सौर ऊर्जा से जगमग हो रहा उत्तर प्रदेश, तेजी से लगाए जा रहे सोलर रूफटॉप पैनल: सीएम योगी

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में ‘पीएम सूर्य घर योजना’ को यूपी में नए आयाम मिल रहे हैं। केंद्र की योजनाओं को प्रदेश के विकास से जोड़ते हुए योगी सरकार ने यूपी को सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में शीर्ष राज्यों में ला खड़ा किया है। बिजली बचत, आय वृद्धि और हरित ऊर्जा के लक्ष्य को पूरा करने वाली इस योजना से प्रदेश के लाखों घर लाभान्वित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार की सक्रियता का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश, सोलर रूफ टॉप इंस्टालेशन के मामले में गुजरात और महाराष्ट्र के बाद देशभर में तीसरे स्थान पर है। अब तक प्रदेश में 53 हजार से अधिक सोलर रूफ टॉप पैनल लगाए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में 25 लाख सोलर रूफ टॉप पैनल लगाने का है। योजना को जनता तक पहुंचाने में मिली सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 18 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं, जिनमें से 32 हजार से अधिक घरों में पैनल का इंस्टालेशन भी पूरा कर लिया गया है। ‘पीएम सूर्य घर योजना’ के तहत सरकार सोलर रूफटॉप लगाने के लिए आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही है। 1 किलोवॉट क्षमता के पैनल के लिए केंद्र सरकार 30 हजार रुपए और प्रदेश सरकार 15 हजार रुपए की सहायता देती है, यानी कुल 45 हजार रुपए की सब्सिडी। इसी तरह, 2 किलोवॉट के पैनल के लिए केंद्र सरकार द्वारा 60 हजार और योगी सरकार द्वारा 30 हजार, कुल 90 हजार रुपए की सहायता लाभार्थियों को दी जा रही है। वहीं, 3 किलोवॉट या उससे ऊपर के पैनल के लिए केंद्र की ओर से 78 हजार रुपए और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपए की सब्सिडी मिलाकर 1 लाख 8 हजार रुपए तक की सहायता दी जा रही है। इस योजना का सीधा फायदा उन घरों को मिल रहा है जो बिजली बिल के बोझ से राहत पाना चाहते हैं। सोलर पैनल लगवाने से न केवल बिजली के बिलों में भारी कमी आ रही है, बल्कि लोग अतिरिक्त ऊर्जा का उपयोग करके आय में वृद्धि भी कर रहे हैं। खास बात यह है कि सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण को भी स्वच्छ और हरित बनाया जा रहा है। योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शहरी स्थानीय निकायों और पंचायतों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में 25 लाख सोलर रूफटॉप पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रदेश के सातों डिस्कॉम और हर जिले के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के सुचारू क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री स्वयं इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। आरईसी, डिस्कॉम्स और वेंडर्स के साथ समन्वय स्थापित कर इस योजना में आने वाली हर चुनौती का समाधान किया जा रहा है। यह योजना न केवल बिजली के संकट को दूर करने में सहायक है, बल्कि इससे प्रदेश को आत्मनिर्भर और हरित ऊर्जा से संपन्न राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। ‘पीएम सूर्य घर योजना’ के तहत न केवल बिजली बचत की दिशा में सफलता मिल रही है, बल्कि यह योजना रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है। सोलर पैनल इंस्टालेशन से तकनीकी विशेषज्ञों, श्रमिकों और अन्य संबंधित क्षेत्रों में काम करने वालों के लिए रोजगार के द्वार खुले हैं। इसके अलावा, सौर ऊर्जा के उपयोग से प्रदेश में कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी मदद मिल रही है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। जनता को राहत, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण के इस अद्भुत संगम से यूपी आने वाले वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की ओर अग्रसर है।   recent visitors 74

नौवीं कक्षा के छात्र के उत्पीड़न के बाद आत्महत्या करने की कोशिश, मामला दर्ज

ग्वालियर ग्वालियर शहर में एक सरकारी स्कूल के दो टीचर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.आरोप है कि उनके द्वारा नौवीं कक्षा के एक छात्र के उत्पीड़न के बाद कथित तौर पर उसने आत्महत्या करने की कोशिश की. अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी है. एक अधिकारी ने बताया कि घटना 8 नवंबर को हुई थी लेकिन छात्र का बयान दर्ज होने के बाद मामला दर्ज किया गया.अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 में पढ़ने वाले 14 साल के लड़के ने आत्महत्या करने के लिए कथित तौर पर फिनाइल पी लिया. उन्होंने बताया कि कैमिकल पीने से पहले उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा था. अधिकारी ने बताया कि लड़के के ठीक होने के बाद उसका बयान दर्ज किया गया है, जिसमें उसने दो टीचर्स पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि इसके बाद दोनों शिक्षकों के खिलाफ किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया.अधिकारी ने कहा, मामले में आगे कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं. बता दें कि ये कोई अपने तरह का पहला मामला नहीं है बल्कि एक दिन पहले ही हैदराबाद के एक निजी आवासीय स्कूल के छात्रावास में 12 साल के लड़के ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी. कक्षा सात के छात्र को बीते रात उसके रूममेट ने छत के पंखे से लटका पाया. सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित किया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, परिजनों ने टीचर्स द्वारा प्रताड़ना के   गंभीर आरोप लगाए हैं.  recent visitors 43

खजराना गणेश मंदिर में तिल चतुर्थी पर तीन दिन का मेला लगेगा, नए साल पर आते हैं लाखों श्रद्धालु

इंदौर खजराना गणेश मंदिर लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र है। नए साल और तिल चतुर्थी को लेकर यहां पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही है। इसे लेकर कलेक्टर आशीष सिंह ने एक बैठक की, जिसमें कई निर्देश दिए गए।नए साल और तिल चतुर्थी पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएगी। मंदिर में साज-सज्जा होगी। भक्तों के लिए कई सुविधाएं जुटाई जाएगी। तिल चतुर्थी पर मंदिर में तीन दिन का मेला भी लगेगा। 20 दिसंबर को भक्त निवास और प्रवचन हॉल का सीएम डॉ. मोहन यादव द्वारा लोकार्पण करना भी प्रस्तावित है। खजराना मंदिर परिसर में हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर ज्योति शर्मा, डीसीपी अमरेंद्र सिंह, मुख्य पुजारी अशोक भट्ट और जयदेव भट्ट भी शामिल रहें। नए साल पर आते हैं लाखों श्रद्धालु 31 दिसंबर और 1 जनवरी को लाखों की संख्या में भक्त भगवान गणेश के दर्शन करने मंदिर आते हैं। इसे देखते हुए भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि मंदिर में ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे किसी भी भक्त को परेशानी न हो। आसानी से भक्तों को दर्शन हो सकें। ट्रैफिक, पार्किंग, कतारबद्ध दर्शन, पानी, लाइट आदि की उचित व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है। ऐसी रहेगी व्यवस्थाएं     पूरा मंदिर परिसर दो दिन तक लाइटों से विशेष रूप से सजेगा।     झिग-झेग और स्टेपिंग के जरिए दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। दर्शन के लिए मंदिर पहुंच मार्ग (एकांकी) रहेगा।     सीसीटीवी कैमरों से यहां पर निगरानी रखी जाएगी।     अस्थायी रूप से अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।     आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था भी रखी जाएगी। तीन दिन लगेगा मेला तिल चतुर्थी उत्सव 17 से 19 जनवरी तक मनाया जाएगा। मेला आयोजन के साथ कई प्रोग्राम भी होंगे। भगवान गणेश का स्वर्ण आभूषणों से विशेष श्रृंगार होगा। पूरे मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा। मंदिर के प्रस्तावित मास्टर प्लान के संबंध में भी बैठक में चर्चा की गई। इसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है। बैठक में मंदिर के आय-व्यय के संबंध में भी बात की गई। 20 दिसंबर को सीएम के हाथों लोकार्पण प्रस्तावित खजराना गणेश मंदिर में भक्तजनों की सुविधा के लिए भक्त निवास बनाया गया है। प्रवचन हॉल भी तैयार किया गया है। इन दोनों सुविधाओं का सीएम डॉ. मोहन यादव द्वारा 20 दिसंबर को लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है। इस मौके पर आयोजित किए जाने वाले प्रोग्राम की तैयारियों की कलेक्टर आशीष सिंह ने मौके पर मुआयना कर समीक्षा की। उन्होंने प्रोग्राम के संबंध में प्रस्तावित तैयारियों का भी निरीक्षण किया। recent visitors 40

रोहित शर्मा से शमी की मौजूदा ट्रॉफी के लिए उपलब्धता के बारे में पूछा तो कहा-एनसीए की मंजूरी पर निर्भर

ब्रिस्बेन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा से जब अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की मौजूदा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए उपलब्धता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह सब राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) की मंजूरी पर निर्भर करता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा में तीसरे टेस्ट में भारत के ड्रॉ के बाद बोलते हुए, रोहित ने शमी की फिटनेस उपलब्धता के सवाल को एनसीए के हाथों में छोड़ दिया, जहां नवंबर 2023 में टखने की सर्जरी के बाद शीर्ष तेज गेंदबाज पुनर्वास से गुजर रहा है। रोहित ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे लगता है कि एनसीए से किसी को उसके बारे में बात करने का समय आ गया है। यह हमारी राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी है, जहां वह पुनर्वास कर रहा है। उन लोगों को ही आकर हमें किसी तरह की अपडेट देने की जरूरत है। लेकिन देखिए, मैं समझता हूं कि वह घर पर बहुत क्रिकेट खेल रहा है, लेकिन उसके घुटने के बारे में कुछ शिकायतें भी हैं।” रोहित ने बीच सीरीज में चोटों के कारण होने वाली गड़बड़ी का जिक्र करते हुए चुटकी ली, “आखिरी चीज जो आप चाहते हैं वह यह है कि खिलाड़ी यहां आए और फिर खेल के बीच में बाहर हो जाए। आप जानते हैं कि जब ऐसा होता है तो क्या होता है,” शमी, जो नवंबर 2023 में भारत के वनडे विश्व कप फाइनल के बाद से अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई से बाहर हैं, ने घरेलू क्रिकेट के माध्यम से वापसी की है सर्जरी और गहन पुनर्वास कार्यक्रम के बाद, अनुभवी तेज गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी में प्रतिस्पर्धी वापसी की, इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। शमी की घरेलू सफलता के बावजूद, भारतीय टीम प्रबंधन एनसीए से स्पष्ट हरी झंडी के बिना उनकी फिटनेस को जोखिम में डालने से हिचक रहा है। रोहित ने दोहराया कि अकादमी से केवल 200 प्रतिशत आश्वासन ही टीम को उन्हें टीम में लाने के लिए प्रेरित करेगा। “हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते हैं जब तक कि हम सौ प्रतिशत नहीं, 200 सौ प्रतिशत सुनिश्चित न हों। हम कोई जोखिम नहीं लेने जा रहे हैं। लेकिन हां, जैसा कि मैंने पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, दरवाज़ा खुला है। अगर एनसीए के लोगों को लगता है कि वह ठीक हो सकता है और खेल सकता है, तो मुझे उसे लेने में खुशी होगी।” भारत का मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण जसप्रीत बुमराह पर बहुत अधिक निर्भर है, जिन्होंने श्रृंखला में अधिकांश कार्यभार संभाला है। अब तक तीन टेस्ट मैचों में बुमराह ने लंबे स्पैल में गेंदबाजी की है और प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, लेकिन उन्हें साथी तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और हर्षित राणा से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला है।   recent visitors 78

दिल्ली में 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों का होगा मुफ्त इलाज, केजरीवाल ने किया संजीवनी योजना का एलान

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना शुरू करने का एलान किया है।इस योजना के तहत दिल्ली में 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों का नि:शुल्क उपचार दिया जाएगा। केजरीवाल ने एलान किया कि उनके उपचार का पूरा खर्च दिल्ली सरकार उठाएगी। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सभी महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना शुरू करने की घोषणा की थी। केजरीवाल ने कहा कि चुनाव के बाद दिल्ली की हर महिला के खाते में 2100 रुपये भेजे जाएंगे। recent visitors 150

रूस-यूक्रेन के बीच चल रही जंग अब एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर, रूस यूक्रेन के खिलाफ बड़ा कदम उठा ……

 मॉस्को रूस-यूक्रेन के बीच लंबे समय से चल रही जंग अब एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर आ गई है. रूसी सेना के न्यूक्लियर डिपार्टमेंट के चीफ इगोर किरिलोव की मंगलवार को मॉस्को में हुई हत्या के बाद तनाव बढ़ गया है. रूस ने साफ किया है कि वह इसका बदला लेगा. हाई लेवल मीटिंग का दौर जारी है. माना जा रहा है कि रूस यूक्रेन के खिलाफ कोई बड़ा कदम उठा सकता है. कब और कैसे हुआ हमला… इगोर किरिलोव की मंगलवार को मॉस्को में उनके अपार्टमेंट के बाहर स्कूटर ब्लास्ट में मौत हो गई थी. इस धमाके में उनके सहायोगी की भी जान चली गई थी. रूस की जांच समिति ने बताया कि जब इगोर किरिलोव सुबह-सुबह अपने घर की बिल्डिंग से बाहर निकल रहे थे, तभी वहां खड़े एक स्कूटर में जोरदार विस्फोट हो गया. इगोर किरिलोव इसके चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई. किस इलाके में हुआ हमला यह घटना मॉस्को के Ryazansky Prospekt इलाके में हुई, जो क्रेमलिन से करीब सात किलोमीटर दूर है. धमाका इतना जबरदस्त था कि बिल्डिंग की कई खिड़कियां टूट गईं और मुख्य दरवाजा पूरी तरह से तहस-नहस हो गया. यूक्रेन ने ली जिम्मेदारी यूक्रेन की SBU Security Service ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. SBU के सूत्रों के अनुसार, किरिलोव की हत्या एक 'स्पेशल ऑपरेशन' का हिस्सा थी. SBU के एक अधिकारी ने कहा, 'इगोर किरिलोव एक युद्ध अपराधी थे और पूरी तरह वैध टारगेट थे क्योंकि उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ प्रतिबंधित केमिकल हथियारों का इस्तेमाल करने का आदेश दिया था.' यूक्रेन ने हमले पर क्या कहा यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा, 'इगोर किरिलोव एक युद्ध अपराधी थे और पूरी तरह वैध टारगेट थे क्योंकि उन्होंने यूक्रेन के खिलाफ प्रतिबंधित केमिकल हथियारों का इस्तेमाल करने का आदेश दिया था.' कितना खतरनाक था विस्फोटक रूसी जांचकर्ताओं के मुताबिक इस धमाके में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की क्षमता करीब 200 ग्राम TNT के बराबर थी. सूत्रों का कहना है कि स्कूटर में विस्फोटक सामग्री को रात के करीब 4 बजे बिल्डिंग के बाहर खड़ा किया गया था. Baza Telegram Channel की रिपोर्ट के अनुसार, यह संभावना है कि बिल्डिंग के आसपास के लोगों की निगरानी के लिए सामने की गली में एक अपार्टमेंट किराए पर लिया गया था. इसके अलावा बिल्डिंग के सीसीटीवी कैमरे को हैक करके भी हमलावरों ने निगरानी की हो सकती है. कौन थे इगोर किरिलोव 54 वर्षीय लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव 2017 से रूसी सेना के रेडियोलॉजिकल, केमिकल और बायोलॉजिकल डिफेंस फोर्स का नेतृत्व कर रहे थे. हाल ही में ब्रिटेन ने उन पर और उनकी यूनिट पर यूक्रेन में कथित केमिकल हथियारों के इस्तेमाल को लेकर बैन लगाया था. उन्हें 'रूसी प्रोपेगैंडा का बड़ा चेहरा' भी कहा गया. किरिलोव ने कई बार यूक्रेन पर रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल का आरोप लगाया था.   recent visitors 63