केजरीवाल ने भाजपा मुख्यालय के पास धरना देते हुए कहा कि वह दिल्ली चुनाव में आंबेडकर मामले को घर-घर लेकर जाएंगे

नई दिल्ली गृहमंत्री अमित शाह की ओर से संसद में भीमराव आंबेडकर पर दिए गए बयान को बाबा साहब का अपमान बताते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली चुनाव में इसे मुद्दा बनाने की बात कही है। 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा मुख्यालय के पास धरना देते हुए कहा कि वह दिल्ली चुनाव में इस बात को घर-घर लेकर जाएंगे। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा के समर्थकों को भाजपा और बाबा साहब में से किसी एक को चुनना होगा। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नारा देते हुए लिखा- जो बाबा साहेब से करे प्यार, वो बीजेपी को करे इनकार। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद संजय सिंह समेत पार्टी के कार्यकर्ताओं संग भाजपा मुख्यालय के पास सड़क पर धरना दिया। वह भाजपा मुख्यालय तक जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग करके प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। केजरीवाल ने सड़क पर बैठकर मीडिया से बात की और भाजपा पर आरोप लगाया कि जानबूझकर बाबा साहब का अपमान किया गया। केजरीवाल ने कहा, 'मैं अमित शाह जी से कहना चाहता हूं कि देश के करोड़ों दलितों, गरीबों, पिछड़ों, वंचितों के लिए बाबा साहब भगवान से कम नहीं। मरने के बाद पता नहीं स्वर्ग मिलता है या नहीं, लेकिन पृथ्वी पर करोड़ों लोग जिंदा हैं क्योंकि उन्हें संविधान ने जीने और रहने का हक दिया। जिस तरह अमित शाह ने आंबेडकर का अपमान किया करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुईं।' केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री जी अमित शाह जी के समर्थन में उतर आए उससे लगता है कि कल जो अमित शाह ने कहा था वह भाजपा की सोची हुई रणनीति थी, जिसके तहत संसद में बाबा साहब का अपमान किया गया। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। इससे साफ हो गया कि भाजपा बाबा साहब और संविधान के खिलाफ है। अब भाजपा के समर्थकों को चुनना पड़ेगा कि या तो भाजपा के साथ हैं या बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के साथ। आप दोनों के साथ नहीं हो सकते हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि वो बाबा साहब के खिलाफ हैं। दिल्ली में चुनाव, हम घर-घर ले जाएंगे यह बात: केजरीवाल पूर्व सीएम ने कहा, 'हम मांग करते हैं कि अमित शाह जी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि जो लोगों में रोष है वह खत्म तो नहीं हो सकता है, लेकिन गुस्सा कम हो सकता है। हम देशभर में इस बात को लेकर जाएंगे कि किस तरह भाजपा और शीर्ष नेतृत्व बाबा साहब का अपमान कर रहा है। दिल्ली में चुनाव है, हम घर-घर में इस बात को लेकर जाएंगे कि किस तरह उनका अपमान हो रहा है।' recent visitors 86

मायावती ने सरकार से गरीबी से राहत की योजनाएं चलाने की अपील की

लखनऊ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने विधानसभा सत्र में सरकार से गरीबी से राहत की योजनाएं चलाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर ऐसा होता है तो ये प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ का बड़ा उपहार होगा। बसपा मुखिया मायावती ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स के माध्यम से लिखा कि यूपी में भी गरीबी, बेरोजगारी व महंगाई आदि से त्रस्त लोगों के हितों में यहां चल रहे विधानसभा सत्र में सरकार को कुछ ऐसी योजनाओं को भी शुरू करना चाहिए जिससे इनको थोड़ी राहत मिल सके। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा किए जाने पर फिर सरकार का यहां प्रयागराज के महाकुंभ का इनके लिए बहुत बड़ा उपहार होगा। इससे फिर इनको कुछ हद तक राहत जरूर मिलेगी। इनकी ओर से पार्टी की यह खास अपील। ज्ञात हो कि प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाता है। इस बार महाकुंभ की शुरुआत 13 जनवरी से हो रही है। वहीं, इसका समापन 26 फरवरी को होगा। प्रयागराज में शुरू होने जा रहा महाकुंभ का विशेष महत्व है, क्योंकि प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती का मिलन होता है। यह संगम विश्वभर में प्रसिद्ध है। हर 12 वर्ष पर विशेष रूप से चार स्थानों प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक में आयोजित होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस आयोजन में पवित्र नदियों में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।   recent visitors 80

खालिस्तानी आतंकी के दो सहयोगियों के खिलाफ एनआईए ने विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया

नई दिल्ली राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब आतंकवादी साजिश मामले में प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकवादी संगठन के आतंकवादी लखबीर सिंह उर्फ लांडा के दो प्रमुख सहयोगियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। पंजाब के फिरोजपुर जिला के जसप्रीत सिंह उर्फ जस और मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला के बलजीत सिंह उर्फ राणा भाई के खिलाफ मोहाली स्थित एनआईए विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया गया। एनआईए ने दोनों की पहचान विदेश स्थित खालिस्तानी आतंकवादी लांडा द्वारा गठित एक आतंकी गिरोह के सदस्यों के रूप में की थी। एनआईए की जांच में जस को लांडा और उसके सहयोगी को पट्टू खैरा के सहयोगी के रूप में चिन्हित किया है। जबकि राणा भाई लांडा गिरोह के सदस्यों और अन्य गैंगस्टरों को हथियारों की आपूर्ति में शामिल था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी लांडा के ड्रग तस्करी और जबरन वसूली नेटवर्क में शामिल थे, जिसका उद्देश्य बीकेआई के लिए धन जुटाना था। वहीं बलजीत स्थानीय स्तर पर हथियार बना रहा था और लांडा गिरोह के गुर्गों को आपूर्ति करने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग कर रहा था। बलजीत उन विभिन्न हथियार आपूर्तिकर्ताओं में से एक था, जिनके साथ आतंकवादियों ने देश भर में हथियारों और गोला-बारूद आदि की आपूर्ति के लिए समझौता किया था। जांच के दौरान एनआईए ने आरोपियों से विभिन्न हथियार, गोला-बारूद, नशीले पदार्थ और ड्रग मनी, डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक लेख जब्त किए। इस मामले में जांच जारी है।   recent visitors 79

भारतीय सेना ने शुरू किया 40 दिवसीय ड्राइविंग कोर्स, पुंछ में महिलाएं होंगी सशक्त

पुंछ भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने 25 सीमावर्ती गांवों की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 40 दिवसीय ड्राइविंग कोर्स शुरू किया है। भारत-पाकिस्तान एलओसी के पास पुंछ के मेंढर में कोर्स शुरू कराया गया है। यह 40 दिवसीय ड्राइविंग कोर्स क्षेत्र के 25 सीमावर्ती गांवों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं दोपहिया और चार पहिया वाहन चलाने में सक्षम होंगी। सीमावर्ती इलाकों में महिलाओं के लिए वाहन चलाने का प्रशिक्षण न केवल उनकी आजीविका के लिए बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी उपयोगी साबित होगा। सेना द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में महिलाओं को इस कोर्स की जानकारी दी गई, ताकि वे इसका पूरा लाभ उठा सकें। इस पहल का महिलाओं ने खुले दिल से स्वागत किया और भारतीय सेना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेना की इस सकारात्मक मुहिम से वे न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि अपने परिवारों और समाज के लिए भी योगदान दे पाएंगी। एक प्रतिभागी मीनाक्षी बक्शी का कहना है कि मैं भारतीय सेना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को देखकर बहुत खुश हूं, एलओसी के किनारे रहने वाली महिलाओं के लिए यह एक अच्छी पहल है। इससे उन्हें अपने सशक्तिकरण को समझने में मदद मिलेगी और हर क्षेत्र में वो आगे बढ़ेगी। सेना ने जो ड्राइविंग कोर्स लागू किया है, वह महिलाओं को भाग लेने और अपने कौशल को बढ़ाने में सक्षम बनाएगा। मेरा मानना है कि महिलाओं को आत्मनिर्भर होना चाहिए। एलओसी के किनारे रहने वाली महिलाओं के लिए हमारी सेना जो यह पहल शुरू की है, उसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देती हूं। वहीं जेबा अंजुम ने कहा कि मैं सेना का धन्यवाद करना चाहूंगी कि उन्होंने ऑपरेशन सद्भाव के तहत जो ये मिशन शुरू किया है। एलओसी के पास रहने वाली महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ड्राइविंग कोर्स शुरू किया है। यहां हम लोग बिना पैसे से ड्राइविंग कोर्स करेंगे। भारत की सेना की यह अच्छी पहल है। मैं उन्हें धन्यवाद देती हूं। भारतीय सेना का यह कदम सीमावर्ती क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी सामाजिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक अनुकरणीय प्रयास है।   recent visitors 159

रूस ने मचाया कोहराम- पिछले 24 घंटों में रूस ने 540 यूक्रेनी सैन्यकर्मियों को मार गिराया

रूस पुतिन के सबसे भरोसेमंद जनरलों में से एक लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव की हत्या ने रूस को हिला कर रख दिया है। एक बम धमाके में किरिलोव की मौत के बाद रूस ने यूक्रेन से इसका जबरदस्त बदला लिया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में रूस ने 540 यूक्रेनी सैन्यकर्मियों को मार गिराया है। इसके साथ ही कई अमेरिकी और पोलिश बख्तरबंद गाड़ियां और वाहनों को भी ध्वस्त कर दिया गया है। रूस ने किया यूक्रेन पर भारी हमला रूस की 'जैपड' (पश्चिम) और 'त्सेंट्र' (केंद्र) सेना ने यूक्रेन के 11 जवाबी हमलों को विफल कर दिया। 'जैपड' ग्रुप ने 440 यूक्रेनी सैनिकों को मार गिराया, जबकि 'युग' (दक्षिण) ग्रुप ने 350 सैनिकों को खत्म किया। इसके अलावा, डोनेट्स्क क्षेत्र के ट्रूडोव और स्टारी टेर्नी इलाकों पर रूसी सेना का नियंत्रण हो गया है। किरिलोव की हत्या से बौखलाया रूस मंगलवार को मॉस्को में किरिलोव के अपार्टमेंट के बाहर खड़े एक स्कूटर में छुपाए गए बम धमाके से उनकी हत्या हुई। रूसी एजेंसियों का कहना है कि यह हमला यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उजबेकिस्तान के रहने वाले संदिग्ध हमलावर ने यूक्रेन की एजेंसी ने इस काम के लिए एक लाख डॉलर और यूरोप में रहने की सुरक्षा का वादा किया था। बदले पर उतरी रूसी सेना किरिलोव की हत्या के बाद रूस में हड़कंप मच गया है। मॉस्को में इस तरह की घटना ने दुनिया को चौंका दिया है। कुछ लोग इसे इजरायल की मोसाद जैसी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं रूस अब इसे अपनी प्रतिष्ठा पर हमला मानते हुए और बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। रूस ने साफ कर दिया है कि किरिलोव की हत्या का बदला लिया जाएगा। यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों की यह कार्रवाई रूस-यूक्रेन युद्ध में एक नए मोड़ का संकेत देती है, जहां अब टकराव और भी हिंसक हो सकता है। recent visitors 81

घाटी में कड़ाके की ठंड जारी, 26 दिसंबर तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं, शीत लहर जारी रहने के आसार

श्रीनगर जम्मू-कश्मीर के कई स्थानों पर रात के तापमान में मामूली सुधार तो हुआ है लेकिन घाटी में कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर ने बुधवार को बताया कि 26 दिसंबर तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होने के कारण शीत लहर जारी रहने के आसार हैं। राजधानी श्रीनगर में मंगलवार देर रात न्यूनतम तापमान में थोड़ा सुधार हुआ और पिछली रात के 5.3 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसके अलावा, रात के तापमान में मामूली सुधार के बावजूद, पहलगाम का पर्यटन स्थल सबसे ठंडा स्थान बना रहा। यहां मंगलवार को तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है। कश्मीर के प्रवेशद्वार शहर काजीगुंड में भी न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई और बुधवार को तापमान शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस कम था, जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में रात का तापमान काफी नीचे चला गया और पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम था। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में बुधवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि देखी गई और यह 5.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सीमावर्ती कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले तापमान और गिरकर शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है।   recent visitors 91

PM मोदी अमित शाह के विरोध में प्रदर्शन के बीच उतरे, गिनाए आंबेडकर के खिलाफ कांग्रेस के 4 ‘पाप’

नई दिल्ली भारत रत्न बाबासाहब भीमराव आंबेडकर मामले में जारी राजनीतिक हलचल में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी एंट्री हो गई है। विपक्ष के प्रदर्शन के बीच उन्होंने डॉक्टर आंबेडकर के खिलाफ किए कांग्रेस के '4 पाप' भी गिनाए हैं। साथ ही कहा है कि 'एक पार्टी' ने डॉक्टर आंबेडकर की विरासत को खत्म करने की हर संभव कोशिश की है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लोकसभा में दिए भाषण का वीडियो भी शेयर किया है। पीएम मोदी ने लिखा, 'संसद में गृहमंत्री अमित शाह जी ने डॉक्टर आंबेडकर को अपमानित करने और एससी एसटी समुदायों की अनदेखी करने के कांग्रेस के काले इतिहास का खुलासा किया। यह साफ है कि उनकी तरफ से पेश किए गए तथ्यों से वो स्तब्ध हो गए हैं। यही वजह है कि वो अब नौटंकी पर उतर आए हैं। दुखद है, लेकिन लोग सच जानते हैं।' उन्होंने कहा, 'हम जो भी हैं उसकी वजह डॉक्टर बाबासाहब आंबेडकर हैं। हमारी सरकार ने बीते एक दशक में डॉक्टर बाबासाहब आंबेडकर के सपनों को पूरा करने के लिए बगैर थके मेहनत की है। कोई भी सेक्टर ले लें, फिर चाहे वह 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालना हो, एससी एसटी एक्ट को मजबूत करना हो। हमारी सरकार ने स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्जवला योजना और कई कार्यक्रम शुरू किए। इन सभी ने गरीब और हाशिए पर मौजूद लोगों के जीवन को छुआ है।' कांग्रेस के 'पाप' पीएम मोदी ने डॉक्टर आंबेडकर के खिलाफ कांग्रेस को 'पाप' याद दिलाए हैं। उन्होंने कहा, 'उन्हें चुनाव में एक नहीं दो बार हराया गया। पंडित नेहरू उनके खिलाफ प्रचार कर रहे थे और उनकी हार को प्रतिष्ठा का मुद्दा बना रहे थे। उन्हें भारत रत्न देने से इनकार कर दिया। उनकी तस्वीर को संसद में सम्मानीय जगह लगाने से इनकार कर दिया।' उन्होंने कहा, 'अगर कांग्रेस और उसके सड़े हुए तंत्र को लगता है कि उनका झूठ कई सालों के गलत काम और खासतौर से डॉक्टर आंबेडकर के किए अपमान को छिपा सकता है, तो वो बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं।' उन्होंने लिखा, 'भारत के लोगों ने कई बार देखा है कि कैसे एक वंशवाद से चलने वाले एक पार्टी ने डॉक्टर आंबेडकर की विरासत को खत्म करने और एससी एसटी समुदायों का अपमान करने का हरसंभव प्रयास किया।' विपक्ष का प्रदर्शन संसद में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल शाह के भाषण को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार पर आंबेडकर के अपमान के आरोप लगाए जा रहे हैं। इधर, भारतीय जनता पार्टी ने गृहमंत्री के भाषण का पूरा वीडियो शेयर किया और कांग्रेस पर एडिटेड क्लिप पोस्ट करने के आरोप लगाए हैं। recent visitors 65