मालेगांव वोट जिहाद पैसा घोटाले की जांच शुरू हो गई है और जल्द ही सब साफ हो जाएगा: किरीट सोमैया

मुंबई भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता एवं पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने शनिवार को लोकसभा चुनाव में मालेगांव पर वोटों के लिए हुई फंडिंग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, मालेगांव वोट जिहाद पैसा घोटाले की जांच शुरू हो गई है और जल्द ही सब साफ हो जाएगा। सोमैया ने कहा, “मालेगांव वोट जिहाद का पैसा घोटाले मामले में यह बात सामने आई है कि सिराज मोहम्मद ने नासिक मर्चेंट बैंक में जो 14 बेनामी कंपनियों के अकाउंट खोले थे, उनमें हिंदुस्तान के 21 राज्यों के 255 बोगस कंपनियों के बैंक अकाउंट से 112 करोड़ 71 लाख 97 हजार 780 रुपए जमा हुए।” उन्होंने कहा, “इसी तरह से मालेगांव की बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में 5 बेनामी अकाउंट खोले गए। इनमें 53 करोड़ 75 लाख रुपए के रुपए आए हैं। अब महाराष्ट्र के एटीएस पुलिस ने इसकी जांच अपने हाथ में ली है। जो 250 से बोगस कंपनियों में से पैसे आए हैं, अब उनकी जांच भी शुरू हो चुकी है।” दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को महाराष्ट्र में हार का सामना करना पड़ा, मालेगांव में भी बीजेपी उम्मीदवार की हार हुई थी। 11 नवंबर को भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके वोट जिहाद के लिए करोड़ों की फंडिंग का खुलासा किया था। उससे पहले भी उन्होंने वोट जिहाद के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की फंडिंग की बात कही थी। भाजपा नेता ने कहा था- “मालेगांव में सिराज अहमद और मोईन खान नाम के शख्स ने मिलकर दो दर्जन बेनामी अकाउंट एक कॉपरेटिव बैंक में खोले, जिसमें उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश समेत अलग-अलग राज्यों में मौजूद ब्रांचों से इन बेनामी अकाउंट में पैसे भेजे गए थे। सिर्फ चार दिन में 125 करोड़ रुपये से अधिक रकम इन अकाउंट में जमा की गई। इसके बाद सिराज अहमद और मोईन खान ने अलग-अलग 37 अकाउंट में वापस पैसे ट्रांसफर किए और फिर इसे निकाल भी लिया गया। कुल मिलाकर 2,500 बैंक ट्रांजेक्शन किया गया, जिसमें 125 करोड़ पैसे भेजे गए और इतने ही निकाल भी लिए गए।”   recent visitors 73

तिरुमाला ‘लड्डू’ विवाद की जांच कर रही एसआईटी टीम ने मंदिर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया

तिरुपति आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगवान श्री वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार सुबह विशेष जांच दल (एसआईटी) की छह सदस्यीय टीम मंदिर की रसोई का निरीक्षण करने पहुंची। तिरुमाला ‘लड्डू’ विवाद की जांच कर रही एसआईटी टीम ने मंदिर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। जांच दल ने मंदिर की रसोई की भी जांच की, जहां पवित्र तिरुमाला श्रीवारी लड्डू (प्रसादम) बनाया जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टीम ने प्रयोगशाला का निरीक्षण किया, जहां लड्डू की गुणवत्ता जांची जाती है। एसआईटी टीम ने आटा मिल का भी निरीक्षण किया। टीम ने श्रीवारी मंदिर में लड्डू पोटू, मंदिर के बाहर बूंदी पोटू, घी स्टोरेज सेंटर और विपणन (मार्केटिंग) गोदाम से साक्ष्य एकत्र कर रही है। वे मंदिर के अधिकारियों से लड्डू बनाने की विधि, घी की खपत, प्रसाद बनाने, घी की आपूर्ति और अन्य मुद्दों पर विवरण भी एकत्र कर रहे हैं। एसआईटी टीम ने आवश्यक रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं। ज्ञात हो कि इससे तीन हफ्ते पहले, एसआईटी की एक टीम पवित्र प्रसादम में इस्तेमाल किए जाने वाले घी में मिलावट की जांच करने के लिए तिरुपति गई थी। टीम ने विस्तृत जांच की थी, जिसका उद्देश्य मिलावट के मामले के बारे में पूरी जानकारी जुटाना था। बता दें कि सितंबर में आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में जो प्रसाद भक्तों को लड्डू के रूप में दिया जाता है, उसमें जानवरों की चर्बी और मछली तेल से बनाई जाने वाली घी का उपयोग करने की बात सामने आई थी। मिलावटी घी से बने प्रसाद के खुलासे ने पूरे देश के करोड़ों भक्तों की आस्था पर गहरी चोट पहुंचाई थी। इस बात के सामने आने के बाद से देशभर के साधु-संतों ने मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने की मांग शुरू की थी।   recent visitors 92

कश्मीर में सर्दी का सितम, अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर शीतलहर जारी रहने के आसार

श्रीनगर कश्मीर में रात के तापमान में गिरावट आने से शीतलहर जारी है और सभी स्थानों का तापमान हिमांक बिंदु से काफी नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) के अनुसार, अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर शीतलहर जारी रहने के आसार हैं। श्रीनगर में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस समय के सामान्य तापमान से शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम है। मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले में पर्यटन स्थल सोनमर्ग में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान गिरकर शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। दक्षिण कश्मीर में स्थित पर्यटन स्थल पहलगाम में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि कुपवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्र में शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और कोकरनाग में क्रमशः शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम और शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। जम्मू संभाग में गर्मी रही, लेकिन रात के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। जम्मू शहर में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि बनिहाल में 4.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।   recent visitors 74

लोकतंत्र केवल प्रणालियों पर ही नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति और संवाद के संतुलन पर केंद्रित मूल्यों पर भी पनपता है : धनखड़

नई दिल्ली उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को कहा कि लोकतंत्र केवल प्रणालियों पर ही नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति और संवाद के संतुलन पर केंद्रित मूल मूल्यों पर भी पनपता है।श्री धनखड़ ने यहां भारतीय डाक एवं दूर संचार लेखा और वित्त सेवा के 50वें स्थापना संबोधित करते हुए कहा कि आज की संस्थागत चुनौतियाँ भीतर और बाहर से अक्सर सार्थक संवाद और प्रामाणिक अभिव्यक्ति के क्षरण से उत्पन्न होती हैं। विचार की अभिव्यक्ति और सार्थक संवाद दोनों ही लोकतंत्र के अनमोल रत्न हैं। अभिव्यक्ति और संचार एक दूसरे के पूरक हैं। दोनों के बीच सामंजस्य ही सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, डिजिटल संचार आयोग के वित्त सदस्य मनीष सिन्हा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। श्री धनखड़ ने कहा कि लोकतंत्र केवल व्यवस्थाओं पर नहीं, बल्कि मूल मूल्यों पर पनपता है। इसे अभिव्यक्ति और संवाद के नाजुक संतुलन पर केंद्रित होना चाहिए। अभिव्यक्ति और संवाद, ये जुड़वां ताकतें लोकतांत्रिक जीवन शक्ति को आकार देती हैं। उनकी प्रगति को व्यक्तिगत पदों से नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक लाभ से मापा जाता है। उन्होंने कहा किभारत की लोकतांत्रिक यात्रा इस बात का उदाहरण है कि विविधता और विशाल जनसांख्यिकीय क्षमता राष्ट्रीय प्रगति को बढ़ावा दे सकती है। लोकतांत्रिक स्वास्थ्य और आर्थिक उत्पादकता राष्ट्रीय विकास में बराबर भागीदार हैं। स्व-लेखा परीक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री धनखड़ ने कहा, "सेल्फ ऑडिट बहुत ज़रूरी है। किसी व्यक्ति या संस्था को गिराने का सबसे पक्का तरीका है, उसे या सज्जन या सज्जन महिला को जांच से दूर रखना। आप जांच से परे, आपका पतन निश्चित है। और इसलिए, आत्म-लेखा परीक्षा, स्वयं से परे एक लेखा परीक्षा, आवश्यक है"।विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तालमेल पर जोर देते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा, "एक दूसरे से जुड़ी दुनिया में विभागों के बीच सहयोग बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। हमें एक दूसरे के साथ तालमेल में रहना चाहिए, हमें एक दूसरे के साथ तालमेल बिठाना चाहिए। मैंने अक्सर सभी को यह समझाया है कि शक्तियों के पृथक्करण का सिद्धांत कुछ और नहीं बल्कि तीन संस्थाओं, न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका, को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए। उन्हें सामंजस्य के साथ काम करना चाहिए।"   recent visitors 54

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश पर्यटन विविधताओं से भरपूर है

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश पर्यटन विविधताओं से भरपूर है। रेवांचल में सरसी आईलैंड देखने पर गोवा और अंडमान निकोबार की अनुभूति हो रही है। हमारा मध्यप्रदेश पर्यटन विविधताओं और विभिन्न विशिष्टताओं से भरा हुआ है, प्रदेश का पर्यटन दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में जनकल्याण पर्व मनाया जा रहा है। इसमें प्रतिदिन विकास के नये आयाम रचे जा रहे हैं। जनकल्याण पर्व में प्रतिदिन नई शुरूआत की जा रही है। पर्यटन विकास निगम व्दारा 29 करोड रूपये की लागत से बाण सागर के टापू में 5 हेक्टेयर में सरसी आईलैंड को खूबसूरती से विकसित किया गया है। इससे प्रदेश के पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव शहडोल जिले में बाण सागर डैम में स्थित सरसी आईलैंड के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, पर्यटन एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी, ब्यौहारी विधायक शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरसी आईलैंड के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये इसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व तथा संजय नेशनल पार्क से जोड़ा जायेगा। बाणसागर डैम में जल पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विंन्ध्य क्षेत्र की बाल कलाकार (गायिका) सुश्री मान्या पांडे से मुलाकात कर कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने मान्या को 51 हजार रूपये का पुरस्कार देने की घोषणा भी की। उन्होंने सरसी आईलैंड में आये जनजातीय लोक कलाकारों के साथ झांझ-करतल भी बजाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संगीत मंडलियों के प्रत्येक सदस्य को 5-5 हजार रूपये का पुरूस्कार देने की भी घोषणा की। सरसी आईलैंड में पर्यटन सुविधाओं का किया अवलोकन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सरसी आईलैंड में पर्यटकों के लिए की गई सुविधाओं का अवलोकन किया। आईलैंड में पर्यटक सुविधा केंद्र, 3 वोट क्लब, 10 आवासीय कक्ष, रेस्टोरेंट एवं बार, कॉन्फ्रेंस हाल, जिम, लाइब्रेरी, चिल्ड्रन प्ले एरिया तथा अन्य खेल सुविधाएं जैसे बेडमिंटन, टेबिल टेनिस, स्टार ग्रेबिंग, सैंड वॉलीवाल, साइकिलिंग आदि की सुविधाएं, लैड स्केपिंग एवं गार्डन का विकास, 40 किलो वाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित किया गया है। सरसी आईलैड को मार्कण्डेय घाट जिला मैहर एवं इटमा घाट जिला उमरिया से जोडा गया है। वोट क्लब एवं जेटटी 4 स्पीड वोट, एक जेट स्की, मिनी क्रुज, ड्रायवर डोरमेट्री, पॉर्किग, कैफेटेरिया तथा जन सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सरसी आईलैंड पर केन्द्रित लघु फिल्म का अवलोकन कर पर्यटन विकास निगम के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सरसी आईलैंड पर आधारित ब्रोशर का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने किया नौका-विहार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सरसी आईलैंड में वोट क्लब का निरीक्षण कर नौका-विहार भी किया। पर्यटन विकास निगम द्वारा आयोजित नौकायान प्रतियोगिता के पुरस्कार विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री ने जन जातीय कलाकारों तथा बाल कलाकारों से की भेंट सरसी आईलैंड के उदघाटन के अवसर पर पर्यटन विकास निगम व्दारा आमंत्रित ग्राम बिरहुलिया के जनजातीय कलाकारों की प्रस्तुति के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित होकर उत्साहवर्धन किया और उनके साथ झांझ करतल भी बजाया। विंन्ध्य क्षेत्र की मान्या पांडे द्वारा- "सीएम विंन्ध्य को रहे सजाए, हमारे सीएम सबको भाए, सब रहे सुख-चैन के साथ" गीत की प्रस्तुति दी।   recent visitors 69

दिल्ली के लिए पैदल निकले 101 किसानों को पुलिस ने रोक दिया और उनपर आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया

नई दिल्ली दिल्ली कूच करने पर अड़े किसानों पर हरियाणा पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई शुरू कर दी है। शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल की तैनाती है। दिल्ली के लिए पैदल निकले 101 किसानों को पुलिस ने रोक दिया और उनपर आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा पुलिस ने किसानों पर पानी की बौछार की। इससे पहले 6 और 8 दिसंबर को भी किसानों ने दिल्ली कूच की कोशिश की थी लेकिन उन्हें हरियाणा पुलिस ने रोक दिया था। पुलिस ने उनपर आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। इस टकराव में कई किसान घायल भी हो गए थे। किसानों ने शनिवार को एक बार फिर दिल्ली कूच करने की कोशिश की लेकिन बॉर्डर के पास ही उन्हे बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया। इसके बाद किसानों और प्रशासन के बीच संवाद भी हुआ। किसान नेताओं ने कहा कि वे देश की बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और अपनी मांगों को लेकर राजधानी जाना चाहते हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रधानमंत्री के सामने रखना चाहते हैं। किसानों ने कहा कि उनकी तलाशी ली जा सकती है। उनके पास ना तो ट्रैक्टर है और ना ही ट्रॉली।प्रशासन ने किसानों से कहा कि वे कानून व्यवस्था को बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि वे मान्यीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसान दिल्ली जाना चाहते हैं तो वे पहले राजधानी मे प्रदर्शन के लिए परमीशन ले लें और इसके बाद पुलिस ही उन्हें वहां तक छोड़कर आएगी। पानी की तेज धार और आंसू गैस से बचने के लिए किसान गीले कपड़ों और बोरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इस टकराव में कुछ किसान घायल हुए हैं। उन्हें स्ट्रेचर पर अलग ले जाया गया है। बता दें कि एमएसपी सहित कई मांगों को लेकर किसान लंबे समय से दिल्ली जाने की जिद पर अड़े हैं। वहीं मोदी सरकार की तरफ से किसानों को बातचीत के लिए बुलाया नहीं जा रहा है। ऐसे में किसानों ने फरवरी से ही शंभू बॉर्डर पर डेरा डाल रखा है। वहीं खनौरी बॉर्डर पर जगजीत सिंह डल्लेवाल आमरण अनशन कर रहे हैं। एंबुलेंस से ले जाए जा रहे किसान पुलिस की क्र्रवाई के बाद घायल हुए किसानों को एंबुलेंस से ले जाया जा रहा है। आज 101 किसानों ने दिल्ली कूच करने का फैसला किया था। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और मीडियाकर्मी भी मौजूद हैं। हरियाणा पुलिस किसानों को खदेड़ने के लिए पानी की बौछार कर रही है। वहीं कसान टस से मस होने को तैयार नहीं हैं। किसानों के समर्थन में पहुंचे बजरंग पूनिया ने कहा कि सरकार ने जो भी वादे किए हैं, उसे पूरा करें। इसके अलावा डल्लेवाल जी की हालत को भी सरकार को ध्यान में लेना चाहिए। recent visitors 89

अलीगढ़ में हिंदू लड़की-मुस्लिम लड़का की शादी पर जमकर बवाल, रद्द किया गया आशीर्वाद समारोह

अलीगढ़ यूपी के अलीगढ़ जिले में हिंदू लड़की और मुस्लिम लड़के की शादी के बाद होने वाला आशीर्वाद समारोह विरोध के बीच रद्द कर दिया गया है। दरअसल, समारोह का डिजिटल कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बवाल मच गया। कार्ड में युवती के साथ गैर समुदाय के युवक का नाम देखा तो तमाम हिंदू संगठनों से जुड़े लोग इसके विरोध में आ गए। पुलिस के अनुसार, शहर के एक हिन्दू कारोबारी परिवार की युवती ने मुस्लिम लड़के से मार्च माह में शादी कर ली है। चूंकि दोनों विदेश में साथ रहते हैं और वहीं जॉब करते हैं। अब दोनों परिवार इस शादी के बाद आशीर्वाद समारोह करने जा रहे थे। जिसे लेकर लड़की पक्ष ने 21 दिसंबर को होटल में कार्यक्रम तय कर निमंत्रण वितरण शुरू कर दिया। कार्ड बंटने के साथ जब युवती के साथ मुस्लिम लड़के का नाम देखा तो तमाम हिंदू संगठनों से जुड़े लोग इसके विरोध में आ गए। सोशल मीडिया पर कार्ड के साथ विरोध संबंधी पोस्ट वायरल होने लगीं। सीधी चेतावनी दी गई कि शहर में सार्वजनिक तौर पर इस तरह का आयोजन नहीं होने दिया जाएगा। आयोजन स्थल पर पहुंचकर विरोध करने तक की चेतावनी दी गई। पुलिस को पता चला कि दोनों बचपन से साथ पढ़े और दोनों में रिश्तों के बाद बात अब शादी तक पहुंची है। मार्च निकालकर दिया ज्ञापन, नहीं होने देंगे आयोजन हिंदू संगठन के तमाम पदाधिकारियों ने जवाहर पार्क से मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा। कलेक्ट्रेटमें ज्ञापन देने के दौरान पूर्व महापौर शकुंतला भारती ने कहा कि यह प्रोग्राम किसी भी कीमत पर नहीं होना चाहिए। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि हिंदू संगठनों की ओर से दिए गए ज्ञापन को संज्ञान लिया जा रहा है। हर स्थिति पर नजर रखते हुए जानकारी जुटाई जा रही है। ई कार्ड भेजकर दी जा रही अतिथियों को जानकारी शुक्रवार को युवती परिवार की ओर से आयोजन स्थगित किए जाने संबंधी एक ई-कार्ड अपने परिचितों को भेजा जाने लगा। जो दोपहर तक वायरल हो गया। सीओ द्वितीय संजीव तौमर के अनुसार इस मामले में बृहस्पतिवार से ही नजर रखी जा रही है। यह बात सही है कि सोशल मीडिया के जरिये ही अब आयोजन स्थगित किए जाने संबंधी जानकारी मिली है। फिर भी ध्यान रखा जा रहा है। जो लोग विरोध कर रहे हैं, उनसे भी वार्ता जारी है। अब ये जारी हुआ संदेश हमें आपको यह बताते हुए खेद है कि 21 दिसंबर 2024 को जीटी रोड के होटल में हमारा कार्यक्रम अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण रद्द कर दिया गया है। हम किसी भी असुविधा के लिए अपनी गहरी माफी मांगते हैं। recent visitors 169