कांग्रेस और महा विकास आघाडी की करारी हार के बाद कोई वरिष्ठ नेता मुख्यालय नहीं पहुंचा, छाया सन्नाटा

नई दिल्ली लोकसभा चुनाव के नतीजों के दिन, चार जून को कांग्रेस मुख्यालय स्थित पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक के कमरे में नेताओं का जमघट लगा था और एक तरह से जश्न का माहौल था, लेकिन इसके करीब छह महीनों बाद 23 नवंबर को इस कमरे में वीरानी छाई हुई थी। यह वीरानी सिर्फ एक कमरे में नहीं थी, बल्कि लगभग समूचे मुख्यालय में थी और इसकी वजह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी और उसके गठबंधन की करारी हार थी। कोई वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय नहीं पहुंचा पिछले कुछ चुनावों से यह देखा गया है कि नतीजों वाले दिन पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता कांग्रेस मुख्यालय ‘24 अकबर रोड' स्थित वासनिक के कमरे में जमा होते हैं और वहीं पर पत्रकारों के साथ उनका संवाद भी होता है, लेकिन शनिवार को ऐसा कुछ नहीं था। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के रुझानों में कांग्रेस और महा विकास आघाडी (एमवीए) के पिछड़ने के बाद पार्टी का कोई वरिष्ठ नेता मुख्यालय नहीं पहुंचा और दोपहर 12 बजे तक तस्वीर साफ होने पर कार्यकर्ताओं-समर्थकों की बची-खुची उम्मीद भी खत्म हो गई तथा वे भी मुख्यालय से रवाना होने लगे। कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने वाले वाले कुछ नेताओं में पार्टी की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत शामिल थीं। कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे दिवंगत अहमद पटेल की पुत्री मुमताज पटेल भी टेलीविजन चैनलों को प्रतिक्रिया देती दिखाई दीं। पार्टी कवर करने वाले पत्रकार प्रतिक्रिया के लिए वरिष्ठ नेताओं की राह देखते रहे। एक मीडियाकर्मी ने कहा, ‘‘अभी 12 बज रहे हैं, सुबह छह बजे से यहां हूं और अब तक वे बड़े चेहरे यहां नहीं दिखे जो अक्सर यहां आते हैं। महाराष्ट्र की हार के कारण यह स्वाभाविक भी लगता है।'' कार्यकर्ताओं के चेहरों पर छाई मायूसी कांग्रेस मुख्यालय में सिर्फ वरिष्ठ नेताओं के कमरे ही नहीं खाली नहीं थे, बल्कि पार्टी मुख्यालय के बाहर, प्रांगण और कैंटीन में भी आम दिनों की तरह ही थोड़ी-बहुत हलचल थी। पार्टी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी। इस बीच कुछ कार्यकर्ता आपसी बातचीत में ‘‘ईवीएम में खेल होने'' की बात करते सुने जा सकते थे। कांग्रेस की कैंटीन में भी बालूशाही, लड्डू और रसगुल्ले जैसी मिठाइयां बनाकर रखी हुई थीं, लेकिन शायद इनके उतने खरीददार नहीं थे, जिसकी उम्मीद कैंटीन चलाने वालों को रही होगी। पार्टी के एक नेता ने कहा, ‘‘हरियाणा के बाद एक बार फिर से हमारी उम्मीदें टूटी हैं। झारखंड के नतीजों से थोड़ी राहत जरूर मिली है। काश दोनों राज्यों में ‘इंडिया' गठबंधन की सरकार बनती।'' recent visitors 99

वायनाड उपचुनाव में जीत के बाद प्रियंका गांधी ने जनता का जताया आभार, कहा-संसद में लोगों की आवाज बनने को उत्सुक

केरल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने केरल के वायनाड लोकसभा सीट के उपचुनाव में शनिवार को अपनी जीत सुनिश्चित होने के बाद क्षेत्र की जनता, मां सोनिया गांधी, भाई राहुल गांधी, पति रॉबर्ट वाद्रा तथा साथी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह संसद में वायनाड के लोगों की आवाज बनने को उत्सुक हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार प्रियंका गांधी वाद्रा शाम चार बजे तक 410931 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर निर्णायक बढ़त बनाए हुए थीं। प्रियंका गांधी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘वायनाड की मेरी प्यारी बहनों और भाइयों, आपने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं कृतज्ञता से अभिभूत हूं। मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि समय के साथ, आप वास्तव में महसूस करें कि यह जीत आपकी जीत है और जिसे आपने अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना है वह आपकी आशाओं और सपनों को समझती है और आपके लिए लड़ती है। मैं संसद में आपकी आवाज़ बनने के लिए उत्सुक हूं।''   उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह सम्मान देने के लिए धन्यवाद और इससे भी अधिक आपने मुझे जो अपार प्यार दिया है उसके लिए धन्यवाद।'' कांग्रेस महासचिव ने यूडीएफ के सहयोगियों, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का अभार जताया। उन्होंने कहा, ‘‘मेरी मां, रॉबर्ट (पति) और मेरे दो रत्नों- रेहान और मिराया, आपने मुझे जो प्यार और साहस दिया है उसके लिए कोई भी आभार पर्याप्त नहीं है। मेरे भाई, राहुल, आप बहादुर हैं… मुझे रास्ता दिखाने और हमेशा मेरा साथ देने के लिए धन्यवाद।'' recent visitors 84

दांव पर था बहुत कुछ, राजस्थान विधानसभा उपचुनाव में जीत से सीएम भजनलाल शर्मा का बढ़ा सियासी कद

जयपुर राजस्थान विधानसभा उपचुनाव में सीएम भजनलाल शर्मा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी, लेकिन चुनाव परिणाम से उन्हें बड़ी राहत मिली है। 7 में से 5 सीटें बीजेपी ने जीत ली है। एक सीट कांग्रेस और एक सीट पर बाप को जीत हासिल हुई है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि चुनाव परिणाम से साफ जाहिर होता है कि जनता सीएम भजनलाल सराकर के कामकाज से खुश है। सरकार की नीतियों पर जनता ने मुहर लगा दी है। राजस्थान में भजनलाल सरकार के कार्यकाल का पहला साल दिसंबर में पूरा हो रहा है। इससे पहले ही ये नतीजे आए है। इसलिए परिणाम भजनलाल शर्मा के सियासी कद से भी जोड़ा गया है। नतीजे पक्ष में आए है तो भजनलाल शर्मा बड़े फैसले ले पाएंगे।सियासी जानकारों का कहना है कि विधानसभा उपचुनाव की जीत का प्रदेश की राजनीति पर दूर तक असर पड़ेगा। परदे के पीछे विरोधी खेमा सक्रिया था, वह अब शांत हो जाएगा। सीएम भजनलाल के धुर विरोधी हमलावर नहीं होंगे। राजनीतिक विश्वलेषकों का कहना है कि विधानसभा उपचुनाव परिणामों का विधानसभा में बहुमत बल पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। क्योंकि बीजेपी के पास बहुमत से ज्यादा विधायक है। दूसरी तरफ विधानसभा में कांग्रेस की सीटें कम हो गई है। क्योंकि 5 सीटें कांग्रेस के पास थी। जानकारों का कहना है कि चुनाव राजस्थान में पद, कद और प्रतिष्ठा की लड़ाई थी। सीएम भजनलाल शर्मा सरकार को एक साल पूरे होने है। ऐसे में विधानसभा उपचुनाव में जीत से उन्हें संजीवनी मिली है। सियासी जानकारों का कहना है कि उपचुनाव के रिजल्ट के बाद बीजेपी आलाकमान पहली पंसद बने रहेंगे। राजनीतिक विश्लेषक पहले ऐसा मान रहे थे कि शायद दो साल बाद पार्टी आलाकमान राजस्थान में सीएम बदल सकता है। लेकिन माना जा रहा है कि पूरे पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। सियासी जानकारों का कहना है कि सीएम भजनलाल शर्मा की कार्यप्रणाली पर भी उपचुनाव के परिणाम ने मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री का सियासी कद बढ़ा है। recent visitors 73

महाराष्ट्र में बंपर जीत के बाद तेवर में देवेंद्र फडणवीस, जनता ने महायुति को आशीर्वाद दिया, तोड़ा चक्रव्यूह

मुंबई महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों से भाजपा गदगद है। सूबे के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कई बड़े नेताओं के साथ मिलकर मीडिया से बात की है। उन्होंने कहा कि यह जीत एकता की है। हम सभी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा और जनता ने महायुति को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने इस दौरान खुद को आधुनिक अभिमन्यु बताते हुए कहा कि हमने फेक नैरेटिव को तोड़ दिया है। फडणवीस ने कहा कि मैं आधुनिक युग का अभिमन्यु हूं और चक्रव्यूह को तोड़ना जानता हूं। डिप्टी सीएम ने कहा, 'महाराष्ट्र के सभी लोगों ने मिलकर जीत दिलाई है। लाडली बहनों और लाडले भाइयों का हमें समर्थन मिला है। लोकसभा चुनाव में जिस फेक नैरेटिव को तैयार किया गया था, उसे हमने तोड़ दिया है।' भाजपा लीडर ने कहा कि हमने उस चक्रव्यूह को खत्म कर दिया है, जिसे हमारे खिलाफ रचा गया था। इस चुनाव में एक धर्म विशेष के ध्रुवीकरण का प्रयास किया गया था, लेकिन वह कामयाब नहीं हुआ। हमें सभी साधु-संतों का भी आशीर्वाद मिला और उन्होंने एक रहने का संदेश दिया। हमारे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम अजित पवार और सभी छोटे दलों ने भी मिलकर काम किया। महायुति की यह जीत है। मैं पीएम नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं, जिनके कारण यह जीत मिली है। इसके अलावा होम मिनिस्टर अमित शाह जी का भी आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने यहां समय दिया और जीत दिलाई। अमित शाह और गडकरी को भी दिया फडणवीस ने धन्यवाद फडणवीस ने इस दौरान राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी जैसे नेताओं को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के नेताओं ने अपनी सीटों पर ही नहीं बल्कि वहां भी काम किया, जहां हमारे दोस्त लड़ रहे थे। इस चुनाव ने साफ कर दिया कि एक हैं तो सेफ हैं। फडणवीस ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि मैं आधुनिक अभिमन्यु हूं और मैं चक्रव्यूह को तोड़ना जानता हूं। कैसे होगा सीएम का फैसला, फडणवीस ने बताया पूरा प्लान डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य में लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने की कोशिश सफल नहीं हुई। इस दौरान सीएम पद को लेकर पूछा गया तो देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अमित शाह जी ने पहले ही क्लियर कर दिया था कि तीनों दल बैठकर फैसला लेंगे। पहले दिन से ही यह बात तय थी। एकनाथ शिंदे की पार्टी को असली शिवसेना के रूप में लोगों ने स्वीकार कर लिया है। इसी तरह एनसीपी पर अजित पवार का दावा मजबूत हुआ है। recent visitors 84

स्कूल बस और ट्रक की आपस में भिड़ंत, हादसे में महिला कंडक्टर की मौत

महू राऊ-खलघाट फोरलेन पर शनिवार को एक निजी स्कूल बस और ट्रक की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के कारण बस की महिला बस कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रक में मारी टक्कर जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर को हुई। जेसन एकेडमी स्कूल की बस नंबर 6 राऊ-खलघाट फोर लेन से पीथमपुर की ओर जा रही थी। बस के आगे ट्रक चल रहा था। ट्रक के ब्रेक मारने पर बस पीछे से ट्रक में घुस गई। घटना होते ही शोर मचने लगा। महिला बस कंडक्टर की मौत हादसे में महिला बस कंडक्टर राखी विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ बच्चों को मामूली चोट आई है। बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। घायल महिला राखी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। recent visitors 123

सरकारी प्राथमिक स्कूल में छात्र-छात्राओं से गाड़ी की सफाई-धुलवाई कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सहारनपुर (उप्र) सहारनपुर जिले के पुवारकां खंड विकास क्षेत्र में स्थित एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में छात्र-छात्राओं से गाड़ी की सफाई-धुलवाई कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कुमारी कोमल ने सदर के खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच सौंपी है। बीएसए ने कहा कि जांच कराने के बाद ही इस मामले मे कोई कार्रवाई की जायेगी। एक प्राथमिक स्कूल के छात्र-छात्राओं से परिसर में गाड़ी की सफाई-धुलवाई कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें कुछ विद्यार्थी किताब-कॉपी छोड़कर एक गाड़ी की सफाई-धुलाई करते देखे जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार यह वीडियो खंड पुवारकां के ग्राम पाल्ली के प्राथमिक स्कूल का प्रतीत हो रहा है। वीडियो में स्कूल के अध्यापक भी विद्यार्थियों को कार धोते देख रहे हैं। बीएसए ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।   recent visitors 89

दिल्ली की हवा फिर से खराब होकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई और एक्यूआई 400 पार कर गया

नई दिल्ली दो दिनों तक राहत मिलने के बाद शनिवार को दिल्ली की हवा फिर से खराब होकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई और एक्यूआई 400 पार कर गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह सात बजे तक राष्ट्रीय राजधानी में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 422 रहा। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न शहरों में भी एक्यूआई उच्च रहा। फरीदाबाद में 290, गुरुग्राम में 324, गाजियाबाद में 357, ग्रेटर नोएडा में 295 और नोएडा में 345 रहा। दिल्ली के नौ इलाकों में एक्यूआई का स्तर 300 से ऊपर और 400 के बीच रहा। आया नगर में यह 394, मथुरा रोड में 384, आईजीआई एयरपोर्ट में 397, दिलशाद गार्डन में 390, आईटीओ में 388, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 394, पूसा में 398 और श्री अरबिंदो मार्ग में 388 रहा। दिल्ली के 27 इलाकों में एक्यूआई का स्तर 400 से 500 के बीच रहा। अलीपुर में यह 452, आनंद विहार में 458, अशोक विहार में 457, बवाना में 458, बुराड़ी क्रॉसिंग में 422, चांदनी चौक में 440, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 420, डीटीयू में 419, द्वारका सेक्टर 8 में 432, जहांगीरपुरी में 463, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 418, मंदिर मार्ग में 418, मुंडका में 443, नजफगढ़ में 406, नरेला में 437, नेहरू नगर में 448, नॉर्थ कैंपस में 419, एनएसआईटी द्वारका में 401, ओखला सिस्टम में 420, पटपड़गंज में 426, पंजाबी बाग में 454, आरके पुरम में 430 रहा। रोहिणी में 439, शादीपुर में 406, सिरी फोर्ट में 406, विवेक विहार में 453, वजीरपुर में 467 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, 0-50 के बीच एक्यूआई अच्छा माना जाता है। 51-100 के बीच संतोषजनक, 101-200 के बीच मध्यम, 201-300 के बीच में खराब, 301-400 के बीच बहुत खराब और 401-500 के बीच गंभीर माना जाता है। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए लागू प्रदूषण विरोधी उपायों का चौथा चरण यानी जीआरएपी-4 अगले 72 घंटों तक लागू रहेगा। कोर्ट ने कहा कि वह अगले सप्ताह इस बात पर विचार करेगा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण के स्तर से निपटने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान 4 (जीआरएपी 4) के तहत दिल्ली-एनसीआर में वर्तमान में लागू कुछ नियमों, खासकर स्कूलों से संबंधित नियमों में ढील दी जाए या नहीं।   recent visitors 75