एएसपी की वर्दी पहनकर युवती न्यू मार्केट पहुंची तो उसका सामना टीटी नगर थाने की महिला एसआई से हो गया

भोपाल भोपाल के एमपी नगर में नकली पुलिसकर्मी पकड़े जाने के बाद अब टीटी नगर पुलिस ने एक नकली महिला एडीशनल एसपी को पकड़ा। एएसपी की वर्दी पहनकर युवती न्यू मार्केट पहुंची थी। यहां पर उसका सामना टीटी नगर थाने की महिला एसआई से हो गया। बातचीत के दौरान महिला एसआई समझ गई कि युवती नकली वर्दी पहने हुए हैं। उसे तुरंत ही थाने ले जाया गया। युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। टीटी नगर पुलिस ने बताया कि रोजाना की तरह थाने के स्टाफ की महिला एसआई थाने के सामने से न्यू मार्केट के भीतर जाने वाले रास्ते पर तैनात थीं। इसी दौरान मस्जिद के पास की दुकानों के पास उन्होंने एडीशनल एसपी की वर्दी मे एक युवती को देखा। महिला एसआई उनके पास पहुंची तथा सैल्यूट कर बात करना शुरू की। इसी दौरान महिला एसआई की नजर महिला अधिकारी की वर्दी पर लगी नेम प्लेट पर पड़ी। उसमें नाम के नीचे अंकों में नंबर लिखे हुए थे। इस तरह के नंबर आरक्षक और प्रधान आरक्षक की नेम प्लेट पर होते हैं, जबकि अधिकारियों की नेम प्लेट पर केवल नाम ही होते हैं। शंका होने पर महिला एसआई ने अपने स्टाफ को इशारा किया तथा युवती से बातचीत करना शुरू कर दिया। इस दौरान महिला अधिकारी समझ गई कि वर्दीधारी युवती झूठ बोल रही है। उसे तुरंत ही थाने लाया गया जहां पर पूछताछ करने पर पता चला कि वह नकली वर्दी पहनकर घूम रही थी। पीएससी में नहीं हुआ चयन, घरवालों के तानों से थी परेशान युवती का नाम शिवानी चौहान बताया गया है, वह इंदौर की रहने वाली है। उसने पीएससी की परीक्षा दी थी। जिसमें उसका चयन नहीं हुआ था, लेकिन घर वालों के तानों से परेशान होकर उसने बोल दिया उसका चयन पुलिस सेवा के लिए हो गया। कई महीनों तक जब उसने नौकरी ज्वाइन नहीं की तो घर वालों ने फिर से पूछना शुरू कर दिया। परेशान होकर शुक्रवार को वह अपनी बुआ के लडक़े के साथ भोपाल आई थी। घर वालों को उसने बताया था कि वह पुलिस मुख्यालय में ज्वाइनिंग देने के लिए जा रही है। भोपाल पहुंचने पर उसने लालघाटी इलाके में बुआ के बेटे से बोला कि अब तुम यहीं रुके मुझे पुलिस मुख्यालय में ज्वाइनिंग के बाद मीटिंग करना होगी। यहां से वह अकेली चली गई। शाम को जब वह एडीशनल एसपी की वर्दी पहनकर घूम रही थी तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गई।   recent visitors 78

सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- महायुति ने जो काम किया, जनता ने उस पर वोट दिया

मुंबई महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा शनिवार को हो रही है। इसी बीच रुझानों में भाजपा, शिवेसना (शिंदे) और एनसीपी (अजित पवार) वाला महायुति गठबंधन प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है। महायुति 200 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। इस पर शिवसेना प्रमुख और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का पहला रिएक्शन सामने आया। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता और महायुति के कार्यकर्ताओं को इस नतीजों के लिए बधाई दी। सीएम शिंदे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने यहां ढाई साल में काम करके उन्हें जवाब दिया है। इसलिए, हमें लैंडस्लाइड जीत मिली है। सीएम एकनाथ शिंदे ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “आज मैं महाराष्ट्र के तमाम मतदाताओं को धन्यवाद करता हूं क्योंकि ये जीत ऐतिहासिक है। मैंने कहा था कि महायुति को भारी बहुमत मिलेगा। मैं अपनी लाडली बहनों, किसानों और सभी वर्गों का धन्यवाद करता हूं।” उन्होंने आगे कहा, ”महायुति ने जो काम किया है, जनता ने उस पर वोट दिया है। इसलिए महायुति को इतनी बड़ी जीत हासिल हुई है, मैं महाराष्ट्र की जनता और महायुति के सभी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देता हूं। उन्होंने बहुत ही बढ़िया काम किया है और महायुति को जिताया।” इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बयान दिया। सीएम शिंदे ने कहा कि अंतिम आंकड़े आने के बाद तीनों पार्टी के प्रमुख मिलकर तय कर लेंगे। जैसे हम यहां पर मिलकर चुनाव लड़े हैं, हम लोग बैठकर मुख्यमंत्री पद पर फैसला कर लेंगे। सीएम एकनाथ शिंदे ने महाविकास अघाड़ी पर निशाना साधते हुए कहा, ”ढाई साल तो उनका आरोप लगाने में गया। अभी कम से कम अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। लोगों को आरोप पसंद है या काम। हमने आरोपों का जबाव काम करके किया। ढाई साल में जनता ने काम देखा है और जनता की आवाज बनकर हमने काम किया है। हमने यहां की जनता के लिए विकास और कल्याणकारी काम किए हैं। आज हमें लैंडस्लाइड जीत मिली है।” महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक फेज में 20 नवंबर को वोट डाले गए थे। प्रदेश में महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी ने 149 सीटों पर चुनाव लड़ा है, वहीं शिवसेना (शिंदे) ने 81 सीटों पर और अजित पवार की एनसीपी 59 सीटों पर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे। महाविकास अघाड़ी (एमवीए) में कांग्रेस ने 101, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 और एनसीपी (एसपी) ने 86 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे।   recent visitors 76

सर्वश्रेष्ठ अंतर्देशीय मत्स्य पालन 2024 का राष्ट्रीय पुरस्कार तेलंगाना ने जीता

हैदराबाद तेलंगाना को वर्ष 2024 के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतर्देशीय मत्स्य पालन के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार मत्स्य पालन क्षेत्र में राज्य की अभिनव पहल और विकासात्मक प्रगति का प्रतीक है। केंद्रीय पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने विश्व मत्स्य पालन दिवस पर दिल्ली में एक भव्य समारोह में दौरान यह पुरस्कार प्रदान किया। तेलंगाना का प्रतिनिधित्व करते हुए, मत्स्य पालन के विशेष मुख्य सचिव सब्यसाची घोष और मत्स्य पालन निदेशक प्रियंका आला ने पुरस्कार प्राप्त किया। शुक्रवार को इसे औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को सौंप दिया गया। तेलंगाना के मत्स्य पालन विभाग ने अभूतपूर्व उपलब्धियों और मजबूत सामुदायिक जुड़ाव के साथ खुद को एक राष्ट्रीय नेता के रूप में स्थापित किया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में 5,901 मत्स्य पालन सहकारी समितियाँ हैं जिनमें 4,13,120 सदस्य हैं। दिसंबर 2023 से 225 नई समितियों का गठन किया गया है, जिसमें 8,069 अतिरिक्त सदस्यों को नामांकित किया गया है, जिससे सहकारी नेटवर्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राज्य ने इस वर्ष 4.56 लाख टन मछली उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया, जिससे 7,059.04 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ और तेलंगाना की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान मिला। एक आधिकारिक बयान के अनुसार ये उपलब्धियाँ अंतर्देशीय मत्स्य पालन विकास में राज्य के नेतृत्व और सतत और समावेशी विकास के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।   recent visitors 142

बाहर से आयी युवती को मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे कल भिंड अस्पताल में भर्ती कराया गया

भिंड मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के काशीपुरा गांव में लगभग 22 साल की एक युवती को ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार लड़की कथित तौर पर दिल्ली की रहने वाली है और विक्षिप्त बताई जा रही है। एक युवक उसे अपने साथ लेकर आया था। विवाद होने पर ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया, तो वह डिडी गांव के एक स्थान पर छोड़कर भाग गया। सूत्रों ने कहा कि काशीपुरा गांव निवासी युवक के दिल्ली से एक विक्षिप्त युवती को अपने साथ लेकर आने की सूचना मिली थी। दोनों बस से भिंड पहुंचे। युवक बस से उतरकर लड़की को गांव ले जाने लगा, तो उसने जाने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों में विवाद होने लगा। डिडी गांव के पास ग्रामीणों ने दोनों को रोकने की कोशिश की। आखिरकार युवक उसे डिडी गांव के मंदिर पर छोड़कर चला गया। रात्रि में लड़की मंदिर परिसर में रुकी रही। लड़की की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे कल भिंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। भिंड देहात थाना पुलिस ने आज यहां बताया युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराके उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। युवक की पहचान और उसे खोजने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जो लड़की को कथित तौर पर दिल्ली से लेकर आया था।   recent visitors 142

NEET PG Counselling से पहले राउंड के रिजल्ट पर HC ने लगाई रोक, सरकार और DME को नोटिस जारी

जबलपुर  मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एमडी एमएस कोर्स में दाखिले के लिए नीट पीजी काउंसलिंग के पहले राउंड के परिणाम घोषित करने पर आगामी सुनवाई तक रोक लगा दी है। हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान यह भी कहा कि 24 नवंबर की रात 12 तक पहले राउंड की काउंसलिंग जारी रखें लेकिन उसका रिजल्ट घोषित नहीं करें। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस एसए धर्माधिकारी एवं जस्टिस अनुराधा शुक्ला की डिवीजन बेंच ने  डीएमई, मप्र सरकार व अन्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 28 नवंबर को होगी।   रीवा के डॉक्टर अभिषेक शुक्ला की याचिका पर हुई सुनवाई   दरअसल रीवा निवासी डॉक्टर अभिषेक शुक्ला की ओर से हाई कोर्ट में याचिका दायर करते हो बताया कि पीजी कोर्स में दाखिले के लिए नीट ने मेरिट लिस्ट तैयार की थी यह सूची नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाते हुए जारी की गई थी। दलील यह भी दी गई की राज्य शासन ने मेरिट लिस्ट तैयार करने में दूसरी बार नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया को अपनाया इस कारण नीट की मेरिट लिस्ट में अच्छी रैंकिंग होने के बावजूद भी प्रदेश की मेरिट लिस्ट में याचिकाकर्ता का नाम नीचे हो गया। ये भी कहा गया याचिका में याचिका में यह भी बताया गया कि पहले राउंड के लिए चॉइस फिलिंग और चॉइस लॉकिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है जो 24 नवंबर की रात 12 तक चलेगी और इसका रिजल्ट 26 नवंबर को घोषित किया जाना है। recent visitors 71

आईपीएल: मेगा नीलामी में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हो सकते हैं

जेद्दा (सउदी अरब) इंडियन प्रीमियर लीग की रविवार से होने वाली दो दिवसीय मेगा नीलामी में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हो सकते हैं जबकि 577 खिलाड़ियों पर बोली लगने जा रही है। आईपीएल की दस टीमों के पास 641.5 करोड़ रूपये का पर्स है और 204 संभावित चयन होने बाकी है। ऐसे में सभी की नजरें पंत के नाम पर लगी होंगी। पंजाब किंग्स के पास सर्वाधिक 110.50 करोड़ रूपये का पर्स है जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के पास 83 करोड़ रूपये है। दिल्ली कैपिटल्स के पास 73 करोड़ रूपये और राइट टू मैच (आरटीएम) कोर्ड है जिससे वे अपने पूर्व कप्तान को खरीद सकते हैं। वैसे समझा जाता है कि पंत नहीं चाहते कि दिल्ली आरटीएम कार्ड का प्रयोग करे क्योंकि अलग होते समय संबंधों में दरार आ गई थी और पंत खुद को अब टीम का हिस्सा नहीं मानते। उन्होंने कहा भी था, ‘‘मेरा रिटेंशन पैसे को लेकर नहीं था। यह तय है।’’ सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पंत 25 करोड़ रूपये पार करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स या मुंबई इंडियंस के पास सिर्फ 45 करोड़ रूपये है और वे उन्हें इस कीमत पर खरीदने की स्थिति में नहीं होंगे। हर दो साल में टीम बदलने के लिये मशहूर पंजाब किंग्स के पास काफी बड़ा पर्स है और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ फिर एकजुट होना चाहेंगे। नीलामी के लिये 81 खिलाड़ियों का बेसप्राइज दो करोड़ रूपये है। मौजूदा भारतीय क्रिकेटर एक मिलियन डॉलर (8.5 करोड़ रूपये) का आंकड़ा पार कर सकते हैं। पिछले तीन सत्र में 96 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट ले चुके अर्शदीप सिंह पर भी बड़ी बोली लग सकती है। पंजाब के पास आरटीएम कार्ड है लेकिन पता नहीं कि बोली कहां तक जाती है। तेज गेंदबाजों की भी काफी मांग होंगी जबकि श्रेयस अय्यर और केएल राहुल को छोड़कर भारत के लगभग सभी स्टार क्रिकेटर लिये जा चुके हैं। अय्यर कप्तानी के लिये दिल्ली की पसंद हो सकते हैं। आरसीबी, कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जाइंटस, दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के लिये तीन संभावित कप्तान पंत, राहुल या अय्यर हो सकते हैं। भारतीय खिलाड़ियों में ईशान किशन भी प्रमुख होंगे लेकिन इस बार मुंबई इंडियंस उन्हें पिछली बार की तरह 15 करोड़ रूपये में खरीदने की स्थिति में नहीं है। मोहम्मद शमी पर भी नजरें रहेंगी जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं। इनके अलावा जिन नामों पर चर्चा होगी, उनमें प्रमुख हैं। 1.खलील अहमद : जो अर्शदीप सिंह को नहीं खरीद पायेंगे, उनकी निगाहें खलील पर होंगी। यश दयाल को आरसीबी ने बरकरार रखा है लिहाजा खलील को अच्छे दाम मिल सकते हैं। मांग.आपूर्ति समीकरण के तहत उन पर अच्छी बोली लग सकती है। 2.दीपक चाहर : पिछले कुछ साल में चोटों से परेशान रहे चाहर पावरप्ले में अच्छे स्विंग गेंदबाज साबित होते हैं। उनके लिये कई टीमें दम लगा सकती है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन भी किया है। 3.आवेश खान : पिछले सत्र में राजस्थान रॉयल्स के लिये 19 विकेट लेने वाले आवेश खान दस करोड़ रूपये में खरीदे गए थे। उन्हें एक बार फिर अच्छा दाम मिल सकता है। 4.हर्षल पटेल : हमेशा आईपीएल में हर्षल पटेल को मोटा करार मिलता है। राष्ट्रीय टीम के लिये चयन में भले ही उनके नाम पर विचार नहीं होता है लेकिन पिछले सत्र में 24 विकेट लेने वाले इस गेंदबाज को आईपीएल में अनदेखा नहीं किया जा सकता। 5.भुवनेश्वर कुमार : पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारत के सीम और स्विंग गेंदबाज कम ही हैं और भुवनेश्वर के पक्ष में उनका अनुभव भी है।उन्हें दस करोड़ से कम में खरीदा जा सकता है और दुनिया जानती है कि सीएसके के असल कप्तान एम एस धोनी को अनुभवी खिलाड़ी कितने पसंद हैं। 6. जोस बटलर : इसकी संभावना कम है कि यशस्वी जायसवाल को अपने पसंदीदा जोस भाई के साथ खेलने का मौका मिले लेकिन बेन स्टोक्स की गैर मौजूदगी में वह सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। चिन्नास्वामी स्टेडियम की बल्लेबाजों की मददगार पिच को देखते हुए आरसीबी उन पर दाव लगा सकता है। 7.लियाम लिविंगस्टोन : यह ऐसा खिलाड़ी है जिस पर पंजाब आरटीएम कार्ड प्रयोग कर सकता है। दूसरी टीमों पर भी उनकी नजरें होंगी। 8.कैगिसो रबाडा : आईपीएल में रबाडा की मांग हमेशा रहेगी। दिल्ली कैपिटल्स उन्हें फिर खरीद सकती है और पंजाब के पास आरटीएम का विकल्प है। मुंबई इंडियंस भी जसप्रीत बुमराह के साथी तेज गेंदबाज के रूप में उन्हें लेने पर विचार कर सकती है।   recent visitors 81

Syed Mushtaq Ali Trophy में तिलक वर्मा ने 225.37 के स्ट्राइक रेट के साथ 14 चौके और 10 छक्के लगाए

नई दिल्ली भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा टी-20 क्रिकेट में लगातार तीन पारियों में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने राजकोट में मेघालय के खिलाफ हैदराबाद के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 के पहले मैच में 67 गेंदों में 151 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की। 22 वर्षीय तिलक ने दक्षिण अफ्रीका में लगातार दो मैच में सेंचुरी ठोककर इस घरेलू टी-20 टूर्नामेंट में एंट्री मारी थी। नाबाद 107, नाबाद 120 और अब 151 रन हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खत्म हुई टी-20 सीरीज में तिलक वर्मा ने भारत के लिए दमदार खेल दिखाया था। सेंचुरियन में खेले गए चार मैच की टी-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में उन्होंने नाबाद 107 रन बनाए थे। इसके बाद जोहानिसबर्ग में हुए चौथे, आखिरी और निर्णायक मैच में उनके बल्ले से नाबाद 120 रन की पारी निकली थी। अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 151 रन बनाकर आईपीएल से पहले अपने रेड हॉट फॉर्म का संकेत दे दिया। तिलक की आखिरी तीन टी-20 पारी     107*(56) vs साउथ अफ्रीका, 13 नवंबर 2024     120*(47) vs साउथ अफ्रीका, 15 नवंबर 2024     151(67) vs मेघालय 23 नवंबर 2024 तिलक ने एक नहीं कई रिकॉर्ड तोड़े हैदराबाद के लिए अपनी इस दमदार पारी के साथ अब तिलक वर्मा टी-20 में 150 से ज्यादा स्कोर बनाने वाले पहले भारतीय मेंस क्रिकेटर भी बन गए। पहले यह रिकॉर्ड श्रेयस अय्यर के नाम था, जिन्होंने साल 2019 में 147 रन बनाए थे। महिला क्रिकेट में यह रिकॉर्ड किरण नवगिरे के नाम हैं, जो अब महाराष्ट्र के लिए खेलती हैं। 2022 में किरण नवगिरे ने सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ नगालैंड के लिए खेलते हुए नाबाद 162 रन बनाए थे। टूर्नामेंट के इतिहास का पांचवां सबसे बड़ा टोटल तिलक ने 18 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की मदद से अर्धशतक बनाया और दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों पर 122 रन जोड़े, जिसके बूते हैदराबाद ने 4 विकेट पर 248 रन का स्कोर खड़ा किया, जो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में टीम का सर्वोच्च स्कोर भी है। साथ ही साथ हैदराबाद के नाम अब टूर्नामेंट के इतिहास का पांचवां सबसे बड़ा स्कोर भी दर्ज हो चुका है।   recent visitors 82