यूक्रेन ने दावा किया है कि युद्ध में पहली बार रूस ने इंटर कॉ​न्टिनेंटल मिसाइलों से हमला किया

कीव रूस ने यूक्रेन पर एक इंटर कॉ​न्टिनेंटल यानी अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल दागी है। यूक्रेन ने दावा किया है कि युद्ध में पहली बार रूस ने इंटर कॉ​न्टिनेंटल मिसाइलों से हमला किया है। जानकारी के मुताबिक, आज (21 नवंबर) की सुबह 5 से 7 बजे के बीच रूस की ओर से यह हमला किया गया। आशंका जताई जा रही है कि रूस ने RS-26 Rubezh मिसाइलों का इस्तेमाल किया है। इस मिसाइल की रेंज 5,800 किमी है। यूक्रेन की वायुसेना ने इस हमले की पुष्टि की है। इस मिसाइल के अलावा किंझल हापरसोनिक और केएच-101 क्रूज मिसाइलों से भी हमला किया गया है। यूक्रेन की इंटेलिजेंस ने किया था आगाह गौरतलब है कि 20 नवंबर को यूक्रेन की इंटेलिजेंस ने दावा किया था कि रूसी सेना इंटरकॉन्टीनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल RS-26 Rubezh को दागने की तैयारी कर रही है।  हाल ही में रूस ने दावा किया था कि उसके हवाई डिफेंस सिस्टम ने दो ब्रिटिश स्टॉर्म शैडो मिसाइलों को मार गिराया है। निप्रो शहर को रूस ने बनाया निशाना रूस ने बीती रात यूक्रेनी शहर निप्रो (Dnipro) को निशाना बनाया है। क्रेन की वायुसेना ने बृहस्पतिवार को टेलीग्राम पर एक बयान में कहा गया कि रूस के अस्त्रखान क्षेत्र से यह मिसाइल दागी गई है। हाल ही में अमरेकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को अमेरिका निर्मित लंबी दूरी की मिसाइलों के उपयोग को हरी झंडी दी थी। इसके बाद यूक्रेन ने रूस पर मिसाइलें दागी थी। माना जा रहा है यूक्रेन के हमले का रूस ने जवाब दिया है। कितना खतरनाक है ICBM? बता दें कि आईसीबीएम रणनीतिक हथियार हैं, जिन्हें परमाणु हथियार पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है और ये रूस के परमाणु निवारक का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 में युद्ध छिड़ गया था। हाल ही में युद्द के 1000 दिन पूरे हो गए। recent visitors 81

सुप्रीम कोर्ट ने यासीन मलिक मामले में कहा- आतंकवादी कसाब को भी निष्पक्ष सुनवाई का मौका दिया था

नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को यासीन मलिक से जुड़े मामले पर सुनवाई के दौरान निष्पक्ष सुनवाई की जरूरत पर जोर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आतंकवादी अजमल कसाब को भी निष्पक्ष सुनवाई का मौका दिया गया था। सीबीआई द्वारा एक आदेश के खिलाफ की गई अपील पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने यह टिप्पणी की है। सीबीआई ने कश्मीरी अलगाववादी नेता यासीन मलिक को 1989 में भारतीय वायुसेना के चार जवानों की हत्या से संबंधित मामले में जम्मू की एक अदालत में शारीरिक रूप से पेश करने के आदेश के खिलाफ अपील की थी। सीबीआई ने सुरक्षा का हवाला दिया था और यासीन मलिक को शारीरिक रूप से पेश करने के आदेश पर आपत्ति जताई थी। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ को बताया कि कश्मीरी अलगाववादी को सुनवाई के लिए दिल्ली की तिहाड़ जेल से जम्मू नहीं लाया जा सकता। उन्होंने कहा, "गवाहों की सुरक्षा भी चिंता का विषय है।" इस विषय पर सुप्रीम कोर्ट ने सुझाव दिया है कि यासीन मलिक से क्रॉस एग्जामिनेशन करने के लिए जेल में एक अस्थायी कोर्ट रूम बनाया जा सकता है। कोर्ट ने कहा, "हमारे देश में अजमल कसाब को भी निष्पक्ष सुनवाई का मौका दिया गया था। जेल में एक कोर्ट रूम बनाया जा सकता है और वहां यह किया जा सकता है।” इस पर तुषार मेहता ने दोहराया कि सीबीआई आतंकवाद के दोषी को जम्मू-कश्मीर में सुनवाई के लिए नहीं ले जाना चाहती है। सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि यासीन मलिक मामूली आतंकवादी नहीं है और केंद्र उसके मामले में कानून के मुताबिक नहीं चल सकता। उन्होंने यासीन मलिक के पाकिस्तान की यात्रा और मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद से मुलाकात का भी हवाला दिया। क्या है मामला? जम्मू की एक विशेष अदालत ने दो मामलों में गवाहों से बातचीत के लिए यासीन मलिक को शारीरिक रूप से पेश होने का आदेश दिया था। इन मामलों में 1989 में पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद की बेटी रुबैया सईद का अपहरण और चार भारतीय वायुसेना कर्मियों की हत्या शामिल है। सीबीआई ने ट्रायल कोर्ट के आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी थी जिसने पिछले साल अप्रैल में मामले में एक नोटिस जारी किया और निचली अदालत के आदेश पर रोक लगा दी थी। गौरतलब है कि आतंकवाद के दोषी यासीन मलिक ने जेल अधिकारियों को सूचित किया था कि वह सुनवाई में शारीरिक रूप से शामिल होना चाहता है। जुलाई 2023 में सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान शारीरिक रूप से उपस्थित था। जस्टिस दीपांकर दत्ता ने उस समय मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। पेशी के तुरंत बाद तुषार मेहता ने गृह सचिव अजय भल्ला को एक पत्र लिखा था जिसमें कहा गया था कि शीर्ष अदालत में यासीन मलिक की उपस्थिति सुरक्षा में एक गंभीर चूक थी। recent visitors 85

मध्‍य प्रदेश की तरह यूपी में भी ‘द साबरमती फिल्‍म टैक्‍स फ्री की जा सकती है, CM योगी ने देखी रिपोर्ट

लखनऊ सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ के फिनिक्‍स पलासियो मॉल में कैबिनेट सदस्‍यों के साथ फिल्‍म 'द साबरमती रिपोर्ट' देखी। योगी के साथ फिल्‍म के अभिनेता विक्रांत मैसी भी थे। अभिनेता विक्रांत मैसी एक दिन पहले 20 नवंबर को लखनऊ आए और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से शिष्‍टाचार भेंट की। यह फिल्‍म गुजरात के बहुचर्चित गोधरा कांड पर बनी हुई है। चर्चा है कि मध्‍य प्रदेश की तरह यूपी में भी यह फिल्‍म टैक्‍स फ्री की जा सकती है। महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने बताया कि गोधरा कांड पर बनी विक्रांत मेसी की फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ को मुफ्त में दिखाने की व्यवस्था की गई है। भारतीय जनता पार्टी की महानगर की ओर से यह इंतजाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए किया गया है।21, 22 और 23 नवम्बर को फिल्म दिखाई जाएगी। मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग के अनुसार आलमबाग बस स्टैंड गेटवे मॉल पर होने वाले शो के लिए मुफ्त टिकट की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में गुरुवार को महानगर अध्यक्ष 12 से 3 बजे का शो कैंट पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ देखेंगे। शाम को 3 से 6 बजे का शो सरोजनीनगर विधान सभा कार्यकर्ताओं को फिल्म दिखाई जाएगी। इसके बाद 22 तारीख को पूर्व और मध्य, 23 तारीख को उत्तर व पश्चिम पश्चिम विधानसभा के कार्यकर्ता फिल्म देखने जाएंगे। महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित है। यह फिल्म गोधरा में जो घटना घटी थी उसके बारे में सच्चाई बयां करती है। दुर्भाग्य यह है कि इस देश में सच्चाई को सामने आने में 22 साल से ज्यादा समय लगा। recent visitors 112

राहुल गांधी ने कहा कि मुझे पता है कि गौतम अडानी की गिरफ्तारी नहीं होगी, पर मोदी हैं तो सेफ हैं

नई दिल्ली कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कारोबारी गौतम अडानी पर अमेरिका में लगे आरोपों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। राहुल गांधी ने कहा कि हम गौतम अडानी के मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे। इस बार तो हमने आरोप नहीं लगाए हैं बल्कि अमेरिका में यह मसला उठा है। उन्होंने कहा कि गौतम अडानी और मोदी एक हैं तो सेफ हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे पता है कि गौतम अडानी की गिरफ्तारी नहीं होगी। मुझे उनके काम करने के तरीके से आपत्ति है। अडानी पर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और कीनिया समेत कई देशों में ऐसे ही काम करने का आरोप हैं। यही नहीं राहुल गांधी ने कहा कि सेबी की अध्यक्ष माधवी बुच के खिलाफ भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष के तौर पर मेरी जिम्मेदारी है कि आप लोगों को जागरूक करता रहूं। यह जरूरी है कि रिटेल निवेशकों को बचाया जाए। इसलिए सेबी की अध्यक्ष पर भी ऐक्शन लिया जाए और उन्हें पद से ही हटा दिया जाए। राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में बिजली ही इसलिए महंगी हो रही है ताकि गौतम अडानी को अमीर किया जाए। उन्होंने कहा कि हम संसद में मिलकर मसला उठाएंगे। गौतम अडानी ने 2000 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। उन्होंने अमेरिका और भारत के निवेशकों से झूठ बोला है। एफबीआई का कहना है कि गौतम अडानी ने अमेरिका और भारत में क्रिमिनल ऐक्ट किया है। इसके बाद भी अब सीबीआई और ईडी क्यों कुछ नहीं कर रहे हैं। हम तो जानते हैं कि अडानी की गिरफ्तारी नहीं होगी। हमारा काम है कि जनता को बताएं कि क्या गलत हो रहा है। हम पहले भी कह चुके हैं कि हमारे पास औजार नहीं हैं, जो विपक्ष के पास होने चाहिए। आज यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी हमसे भाजपा के सवाल पूछे जा रहे हैं। दूसरी तरफ 2000 करोड़ रुपये का घोटाला होने के बाद भी गौतम अडानी के खिलाफ ऐक्शन नहीं हो रहा है। हरियाणा में नेता विपक्ष चुनने पर बोले- एफबीआई जांच कर रही है राहुल गांधी से इस दौरान एक पत्रकार ने हरियाणा चुनाव को लेकर सवाल पूछा तो वह मजाकिया अंदाज में बोले कि आइए इसी पर बात कर लें। उन्होंने कहा कि आप पूछ रहे हैं कि वहां नेता विपक्ष क्यों नहीं चुना गया। इस मामले की एफबीआई जांच कर रही है और जब रिपोर्ट आ जाएगी तो फिर इस संबंध में फैसला लिया जाएगा। इस पर मीडियाकर्मी ने कहा कि आप मुद्दे को भटका रहे हैं। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि मैं मुद्दे को भटका नहीं रहा बल्कि मजाक कर रहा हूं। recent visitors 79

दिल्ली में आम आदमी पार्टी अगर जीत जाती है तो दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन बनेगा?, सत्येंद्र जैन ने कर दिया साफ

नई दिल्ली आने वाले 2-3 महीनों में दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों से पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी में बड़ा बदलवा देखने को मिला। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और आतिशी ने सीएम पद की शपथ ली। ऐसे में चुनाव से पहले एक बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी किसके चेहरे पर चुनाव लड़ेगी? और दिल्ली में आम आदमी पार्टी अगर जीत जाती है तो दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और 'आप' सत्येंद्र जैन ने इन सवालों का जवाब दिया है। दिल्ली में किसके चेहरे पर चुनाव लड़ेगी AAP आगामी जनवरी-फरवरी में दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खबर आ रही है कि आम आदमी पार्टी जल्द ही अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर सकती है। हाल ही में सत्येंद्र जैन ने 'जिस्ट' को दिए इंटरव्यू में बताया कि दिल्ली का चुनाव आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने दिल्ली में आप की सरकार बनने पर सीएम कौन होगा का जवाब भी दे दिया है। जीते तो कौन बनेगा दिल्ली का CM सत्येंद्र जैन से सवाल पूछा गया कि अगर आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जीत दर्ज करती है तो मुख्यमंत्री आतिशी बनेंगी या अरविंद केजरीवाल? इस सवाल का जवाब देते हुए सत्येंद्र जैन ने अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के वक्त का बयान याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने इस्तीफा देते समय ही कहा था कि वो जनता की अदालत में जा रहे हैं, अगर जनता उन्हें क्लीन चिट दे देगी तभी वो सीएम की कुर्सी पर बैठेंगे। उनके इस बयान से साफ हो जाता है कि दिल्ली में 'आप' की सरकार बनने पर अरविंद केजरीवाल ही मुख्यमंत्री बनेंगे। recent visitors 86

‘शीश महल विवाद’ गहराया, अरविंद केजरीवाल के घर के पास भारी संख्या में भीड़ जुटी, विरोध प्रदर्शन जारी

नई दिल्ली दिल्ली भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 'शीश महल' विवाद को लेकर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। घर के पास भारी संख्या में भीड़ जुटी है। इसमें बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा दिल्ली के सांसद शामिल है। बीजेपी ने केजरीवाल पर मुख्यमंत्री आवास पर करोड़ों रुपए खर्च करने का आरोप लगाया था। इस सीएम आवास को ही केजरीवाल शीशमहल कहती है। एक बार फिर यह मुद्दा गरमा गया है। चप्पल और दो रुपए का पेन नहीं, दस्तावेज लिखेंगे कहानी बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा और कहा कि ये राजतंत्र की मानसिकता वाला अरविंद केजरीवाल जिसको अय्याशी और ऐशोआराम की आदत पड़ चुकी है। अब सौ रुपए की चप्पल और दो रुपए के पेन से तेरी कहानी नहीं लिखी जाएगी। अब तो वो दस्तावेज तेरी कहानी लिखेंगे, जिसमें भ्रष्टाचार के सारे सबूत मौजूद हैं। recent visitors 94

बीसीसीआई ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के एक दिन पहले भारतीय टीम में युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को किया शामिल

नई दिल्ली बीसीसीआई ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के एक दिन पहले भारतीय टीम में युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को शामिल किया है। ऐसा माना जा रहा है कि कप्तान रोहित शर्मा और नंबर तीन के बल्लेबाज शुभमन गिल पहला टेस्ट मैच मिस कर सकते हैं। रोहित दूसरी बार पिता बने हैं तो वहीं, गिल चोटिल हैं। इन दोनों की गैर-मौजूदगी में बीसीसीआई ने बल्लेबाजी यूनिट को मजबूत करने के लिए देवदत्त पडिक्कल को टीम में शामिल किया है। देवदत्त पडिक्कल इंडिया-ए के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आए थे। ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पडिक्कल ने दमदार पारी खेलकर अपनी काबिलियत साबित की थी। इसके दो अनाधिकारिक टेस्ट मैच में पडिक्कल ने मुश्किल हालात में इंडिया ए के लिए 86 रन की उम्दा पारी खेली थी। इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया में ही रुकने के लिए कहा गया। शुभमन गिल के चोटिल होने के बाद देवदत्त की प्लेइंग इलेवन में भी जगह बनती हुई दिख रही है।   बीसीसीआई ने शेयर किया वीडियो बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा गया, देवदत्त पडिक्कल टीम इंडिया के टेस्ट स्क्वाड में शामिल हो गए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट से पहले टीम के साथ प्रशिक्षण के अपने अनुभव और उत्साह को साझा किया। बीसीसीआई ने इसके साथ ही एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें देवदत्त पडिक्कल ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के अब तक के अनुभवों को बताया है। दलीप ट्रॉफी में मचाया है धमाल गौरतलब हो कि 24 साल के कर्नाटक के बल्लेबाज ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था, जहां उन्होंने एक पारी में 65 रन बनाए थे। पडिक्कल ने इंडिया डी के लिए तीन दलीप ट्रॉफी मैच में तीन अर्द्धशतक भी लगाए और ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत ए टीम में जगह बनाई। हालांकि, प्रबंधन को पहले मैच में अनकैप्ड अभिमन्यु ईश्वरन को डेब्यू का मौका देने की उम्मीद है। केएल राहुल तीसरे नंबर की भूमिका के लिए दौड़ में सबसे आगे हैं, लेकिन पडिक्कल के शामिल होने से पर्थ टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए बहुत जरूरी प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है। recent visitors 205