गुलाब उद्यान में 15 से 17 नवंबर तक बोनसाई प्रदर्शनी आयोजन

 भोपाल राजधानी में लिंक रोड नंबर एक स्थित गुलाब उद्यान में आज से 17 नवंबर तक बोनसाई प्रदर्शनी आयोजन किया जा रहा है। भोपाल लेक सिटी बोनसाई एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में चार सौ से अधिक बोनसाई पौधों की अनूठी प्रतिकृतियों का प्रदर्शन होगा। 15 नवंबर को शाम चार बजे प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के खेल व युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा की जाएगी। प्रदर्शनी में बोनसाई को लेकर कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी 16 और 17 नवंबर को सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक खुली रहेगी। भोजपुर क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में भोपाल लेक सिटी बोनसाई एसोसिएशन की संस्थापक सदस्य अरुंधति तिवारी ने बताया कि इंडोनेशिया के बोनसाई विशेषज्ञ ययात हिदायत, अधित्य आजी पमुनगकास के साथ ही सौमिक दास नई दिल्ली, अनुपमा वडेचला बेंगलुरु, गोविंद राज हैदराबाद आदि बोनसाई प्रेमियों को इस विधा की बारीकियों से अवगत कराएंगे। भोपाल के 40 साल से ज्यादा समय से बोनसाई से जुड़े लोग इसमें अपने पुराने संग्रह का प्रदर्शन करेंगे। दशकों पुराने पौधे होंगे प्रदर्शित उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में जैड, मधुकामिनी, फाइकस, बुद्धा पीपल के 50 से 55 साल पुराने पेड़ विशेष रूप से प्रदर्शित होंगे। इन्हें बड़े गमलों में विशेष आकार दिया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष जेएन बिंद्रा ने बताया कि इस दौरान कार्यशालाएं और सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिसमें प्रतिभागियों को बोनसाई की देखभाल, पेड़ों के आकार को नियंत्रित करने के तरीकों और उन्हें सही आकार में बनाए रखने के लिए टिप्स दिए जाएंगे। बोनसाई कला का इतिहास और विकास विषय पर विशेष सत्र भी रखा गया है। recent visitors 66

राज्य शासन ने 55 लाख हितग्राहियों को 2674 करोड़ 39 लाख रूपये से अधिक की आर्थिक सहायता की प्रदान

भोपाल राज्य शासन द्वारा सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 55 लाख से अधिक हितग्राहियों को इस वित्तीय वर्ष में 2674 करोड़ 39 लाख रूपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। आयुक्त सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण डॉ. आर.आर. भोंसले ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा समाज के निर्धन, निराश्रित, वृद्धजन, कल्याणी, परित्यक्ता, अविवाहित, दिव्यांगजनों तथा कन्या अभिभावकों को सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 6 प्रकार की पेंशन योजनाओं के माध्यम से 55 लाख से अधिक हितग्राहियों को प्रति माह 600 रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। डॉ. भौसले ने बताया कि चालू वित्त वर्ष अप्रैल माह में 57 लाख 12 हजार हितग्राहियों को 342 करोड़ 73 लाख, मई माह में 56 लाख 33 हजार हितग्राहियों को 338 करोड़ 2 लाख, जून माह में 55 लाख 29 हजार हितग्राहियों को 381 करोड, जुलाई माह में 55 लाख 16 हजार हितग्राहियों को 330 करोड़ 96 लाख, अगस्त माह में 55 लाख 40 हजार हितग्राहियों को 332 करोड़ 42 लाख, सितम्बर माह में 55 लाख 40 हजार हितग्राहियों को 332 करोड़ 41 लाख रूपये, अक्टूबर माह में 55 लाख 45 हजार हितग्राहियों को 332 करोड़ 71 लाख रूपये तथा नवम्बर माह में 55 लाख 55 हजार हितग्राहियों को 333 करोड़ 32 लाख रूपये की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है।   recent visitors 64

सिंहस्थ में एंटी-टेरर स्क्वाड, बम निरोधक दस्ते भी तैनात, श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी

 उज्जैन  में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए अन्य विभागों के साथ-साथ पुलिस ने भी अपनी तैयारियां प्रारंभ दी हैं। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें निर्देश दिए गए कि विदेश आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष दल तैनात किया जाए। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मेले की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन, और फेस रिकग्निशन तकनीक का उपयोग किया जाए। मेला क्षेत्र में मोबाइल पुलिस चौकियां स्थापित की जाएं। 24 घंटे पुलिस गश्त रहेगी और एंटी-टेरर स्क्वाड तथा बम निरोधक दस्ते को भी तैनात किया जाएं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए टीम हर समय तैयार रखें। बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को विशेष प्राथमिकता बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। मेला क्षेत्र को विभिन्न सेक्टर में विभाजित किया जाए और प्रत्येक सेक्टर में एक प्रभारी अधिकारी तैनात होगा, जो सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा। यातायात को नियंत्रित करने के लिए उज्जैन के पास के जिलों को भी शामिल करके विस्तृत योजना बनाई जाए। सिटी बसों के साथ-साथ ई-रिक्शा की भी व्यवस्था की जाएगी। रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन भी उपलब्ध कराया जाना प्रस्तावित है। हेल्पलाइन नंबर भी होगा जारी पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पुलिस प्रशासन इस बार श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी करेगा, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष हेल्पडेस्क और बाल सुरक्षा केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई जाएगी। भीड़ के मूवमेंट का विशेष ध्यान रखें विभिन्न सिंहस्थ के समय सेवा दे चुके सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को भी अपने अनुभव साझा करने के लिए बैठक में बुलाया गया। सेवानिवृत्त आईपीएस सरबजीत सिंह ने भीड़ के मूवमेंट का विशेष ध्यान के साथ ही टेली कम्यूनिकेशन में नवीन तकनीक का प्रयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं, विशेष पुलिस महानिदेशक उपेन्द्र जैन ने बताया कि सभी विभागों से पुलिस का अच्छा समन्वय होना चाहिए। इससे काम काफी आसान हो जाता है। सेवानिवृत्त अधिकारी मनोहर वर्मा ने स्नान घाट की अच्छे से योजना बनाने के साथ यातायात प्रबंधन, महिला और बच्चों की सुरक्षा के लिए उज्जैन के पड़ोसी जिलों को भी कार्ययोजना में शामिल करने का सुझाव दिया। recent visitors 68

राशिफल शुक्रवार 15 नवंबर 2024

मेष राशि- आपके विचार आपको दूसरों के साथ बातचीत करने में सक्षम बनाते हैं। आपका व्यक्तित्व आपके दोस्तों को आकर्षित करता है, जो आपसे सलाह मांग सकते हैं। ड्राइव करते समय सावधान रहें। वृषभ राशि- अपने दिल और दिमाग को क्लियर रखना उस प्यार को पाने का एक शानदार तरीका है, जिसके आप हकदार हैं। जैसे-जैसे आप आगे बढ़ेंगे, जीवन के नए सबक सीखने के लिए तैयार रहें। मिथुन राशि- जीवन का आनंद लें। अपनी एनर्जी का उपयोग करें और दुनिया को अपना व्यक्तिगत पक्ष दिखाएं। आज आपको उस व्यक्ति के साथ कुछ खास समय बिताने का मौका मिलेगा, जिसे आप पसंद करते हैं। कर्क राशि- खर्च बढ़ सकते हैं। आपके केयरिंग स्वभाव के कारण आपको कोई पसंद कर सकता है। मौजूदा संबंधों को मजबूत करने का मौका न जाने दें। अपनी पर्सनालिटी को अपनी बातचीत का हिस्सा बनने दें। सिंह राशि- आज के दिन अपने लक्ष्यों पर फोकस बनाए रखें। आज आपको अपने प्रेम जीवन में कुछ बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। हंसी-मजाक के लिए भी समय निकालें। कन्या राशि- खर्चों पर पकड़ बनाएं। अगर आज चीजें योजना के मुताबिक नहीं होती हैं तो निराश होने की जरूरत नहीं है। अपनी भावनाओं पर भरोसा रखें और अपने दिल की सुनें। तुला राशि- आज दोस्तों से मिलने-जुलने में संकोच न करें। उन चीजों पर समय बर्बाद करने के बजाय जो आपको दुखी करती हैं, अपनी एनर्जी का उपयोग ऐसी जगह करें, जिससे आपको लाभ हो सके। वृश्चिक राशि- रोमांस के मामले में कुछ लोगों को पारिवारिक हस्तक्षेप का सामना करना पड़ सकता है। याद रखें की हर कोई आपके डीसीजन को नहीं समझेगा या उसका सपोर्ट नहीं करेगा। धनु राशि- आज अपने पार्टनर के साथ अपनी खट्टी-मीठी यादों का जश्न मनाने का खास अवसर है। प्रोफेशनल लाइफ को अगले लेवल पर ले जाने के लिए सोच-विचार में कुछ समय बिताएं। मकर राशि- आज नेगेटिव सोच से बचें। अपने दिल की आवाज सुनें, तब भी जब आपकी दुनिया शोर-शराबे वाली लगती हो। बाहरी लोगों के विचारों को सही निर्णय लेने में बाधा न बनने दें। सेहत पर ध्यान दें। कुंभ राशि- छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स जो आपके करियर को मजबूत बनाते हैं, उन पर ध्यान दें। चाहे जितना प्रेशर हो, आज पार्टनर के लिए समय निकालें और अपने कनेक्शन को मजबूत होने दें। मीन राशि- याद रखें, आपका प्रेम जीवन आपका है और डीसीजन आपको खुद को ही लेना है। खुद पर और अपने दिल पर भरोसा रखें, भले ही दूसरे लोगों की राय आपके या आपके रिश्ते के खिलाफ हो। recent visitors 108

मध्य प्रदेश में मंत्रियों को प्रभार के जिले और विभाग में सीमित तबादले करने का अधिकार भी दिया जा सकता है

भोपाल मंत्रालय स्तर पर 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले के बाद अब सरकार मैदानी जमावट करेगी पर यह काम पांच जनवरी, 2025 के बाद होगा। अभी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के कारण कलेक्टर, अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित 65 हजार बूथ लेवल ऑफिसर के तबादले पर प्रतिबंध लगा है। यदि अभी किसी अधिकारी को बदलना भी है तो उसके लिए पहले चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी। इसके साथ ही मंत्रियों को प्रभार के जिले और विभाग में सीमित तबादले करने का अधिकार भी दिया जा सकता है। प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का काम पांच जनवरी, 2025 तक चलेगा। मतदाता सूची के काम में लगे अधिकारी-कर्मचारी एक प्रकार से चुनाव आयोग में प्रतिनियुक्ति पर आ गए हैं। ये ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के आवेदनों का परीक्षण करके अंतिम रूप देते हैं, इसलिए इन्हें काम पूरा होने तक नहीं हटाया जाता है। अधिकारियों को जल्दी बदलने के पक्ष में नहीं इस दायरे में लगभग एक लाख अधिकारी- कर्मचारी आते हैं। अनुराग जैन के मुख्य सचिव बनने के बाद से ही माना जा रहा है कि वे मंत्रालय से लेकर मैदानी स्तर पर अपनी टीम तेजी के साथ बनाएंगे पर ऐसा नहीं हुआ। वे भी अधिकारियों को जल्दी-जल्दी बदलने के पक्ष में बिलकुल भी नहीं हैं। पदस्थापना को लेकर सूची बनवाई यही कारण है कि उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग से अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर सूची बनवाई और पहले चरण में मंत्रालय स्तर पर परिवर्तन प्रस्तावित किया, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरी झंडी दी। वहीं, अब मैदानी स्तर पर प्रशासनिक जमावट होगी। इसमें कलेक्टर से लेकर अन्य अधिकारी प्रभावित होंगे। विधानसभा का शीतकालीन सत्र होने के बाद प्रस्ताव तैयार होगा। recent visitors 102

युवक की मौत के मामले में सिटी कोतवाली टीआई रोहित दुबे को लाइन अटैच किया गया, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

शिवपुरी पुलिस बैरिकेट्स से टकराकर युवक की मौत के मामले में एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है. 5 पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि सिटी कोतवाली टीआई रोहित दुबे को लाइन अटैच किया गया है. वहीं कलेक्टर ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं. इस कार्रवाई के बाद पाल समाज के लोगों ने चक्काजाम खत्म कर दिया है. दरअसल, बुधवार (13 नवंबर) को बैरिकेट्स से टकराने से बाइक सवार रविंद्र पाल की मौत हो गई थी. जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. परिजनों का गंभीर था कि चेकिंग और अवैध वसूली के नाम पर पुलिस ने अचानक से बाइक के सामने बैरिकेट्स लगा दिया, जिससे यह हादसा हुआ. यह भी आरोप था कि अस्पताल में मृतक के परिजनों के साथ पुलिसवालों ने मारपीट की है.   मारपीट और युवक की मौत के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए समाज के लोगों ने चक्काजाम कर दिया. जो कि 24 घंटे तक चला. गुरुवार को एसपी और कलेक्टर मौके पर पहुंचे और मांगों को मानते हुए पुलिसकर्मियों को निलंबित और टीआई को लाइन अटैच कर दिया है. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है. recent visitors 182

बड़ी खबर : दिल्ली में सभी प्राइमरी स्कूलों में अब होगी ऑनलाइन पढ़ाई 

Big news: Now all primary schools in Delhi will have online classes  दिल्ली। राजधानी में चारों ओर धुआं ही धुआं नजर आ रहा है। वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों को सांस लेने और आंखों में जलन की समस्याएं हो रही हैं। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है, जिससे स्कूलों पर ब्रेक लग गया। इसे लेकर सरकार ने बड़ा आदेश जारी किया है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के स्तर को लेकर सीएम आतिशी ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट कर प्राथमिक स्कूलों के लिए बड़ा आदेश जारी किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि बढ़ते प्रदूषण के स्तर के कारण दिल्ली के सभी प्राथमिक स्कूल ऑनलाइन क्लासेस शुरू कर देंगे। अब प्राथमिक स्कूलों में बच्चों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी। अगले निर्देश तक ये व्यवस्था लागू रहेगी। जानें सीएम ने क्या जारी किया आदेश? मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली के सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करने आदेश दिया। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसलिए उन्होंने इन स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं चलाने को कहा है। अगले निर्देश तक प्राइमरी स्कूलों में ऑनलाइन क्लासेस चलती रहेंगी। आपको बता दें कि दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदूषण से बच्चों को बचाने के लिए कक्षा 5वीं तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों को बंद करने की डिमांड की थी। ये जारी किए गए आदेश दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने प्राथमिक कक्षाओं को बंद करने का आदेश जारी किया है। इस आदेश में कहा गया है कि दिल्ली में शिक्षा निदेशालय (डीओई), एमसीडी, एनडीएमसी और डीसीबी के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों के हेड को कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए स्कूलों में फिजिकल क्लासेस बंद करने का निर्देश दिया जाता है। स्कूलों के हेड को अगले आदेश तक इन कक्षाओं के छात्रों के लिए ऑनलाइन मोड में कक्षाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाता है। दिल्ली में 400 के पार AQI  दिल्ली में तमाम प्रयासों के बाद भी वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में बरकरार है। आसमान में स्मॉग छाया हुआ है। कई स्थानों पर एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है, जिससे बड़ा बुरा हाल है। वहीं, सीएक्यूएम ने प्रदूषण पर काबू पाने के लिए ग्रेडेड रेस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-3) लागू करने का ऐलान किया। ये दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार से लागू हो जाएगा। recent visitors 320