मक्का की बंपर आवक से किसान हुए खुश, मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे किसान, अच्छे भाव मिलने से खिले किसानों के चेहरे

खंडवा मध्य प्रदेश के खंडवा कृषि उपज मंडी में इन दिनों मक्का की भरपूर आवक हो रही है। मक्का की आवक ने पिछले कई सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। इस साल अप्रैल से नवंबर तक में मक्का की खरीदी 50 हजार टन के पार हो गई है। उपज की आवक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किसानों को एक दिन पहले मंडी में पहुंचना पड़ रहा है। टोकन सिस्टम के जरिए ट्रैक्टर- ट्रालियों के नंबर लगाए जाने के बाद दूसरे दिन उपज तौली जा रही है। इस बार मंडी में खंडवा सहित अन्य जिलों से भी किसान मक्का बेचने के लिए पहुंच रहे हैं। गुरुवार को कृषि उपज मंडी में 25 से 30 हजार क्विंटल मक्का की आवक हुई। सुबह 10:30 बजे से शुरू हुई नीलामी का सिलसिला शाम तक चलता रहा। किसानों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि उपज के भाव अच्छे मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे। आज गुरुवार को मक्का अधिकतम 2250 रुपये क्विंटल में बिका। जबकि न्यूनतम 2025 रुपये और माडल भाव 2140 रुपये क्विंटल रहा। मंडी में पहली बार धरणी और बुरहानपुर तक के किसान मक्का बेचने आ रहे हैं। मंडी में उपज की नीलामी से लेकर तुलाई तक की व्यवस्था बेहतर होने के कारण किसान यहां अन्य जिलों से भी आ रहा है। बुरहानपुर के शेखपुरा और धारणी से किसानों का मक्का लेकर खंडवा मंडी आ रहे है। क्योंकि यह भाव किसानों को अच्छे मिल रहे है।   कृषि उपज मंडी सचिव ओ. पी. खेड़े ने बताया कि खंडवा में आने वाले किसानों की उपज की नीलामी और तुलाई के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। पिछले वर्ष की तुलना में मक्का की आवक 18 हजार टन से अधिक हो गई है। खंडवा से लगे आसपास के जिले के किसान भी अपनी उपज लेकर यह आ रहे है। क्योंकि यहां भाव अच्छा मिल रहा है नगद भुगतान से लेकर हर प्रकार की व्यवस्था किसानों को दी जा रही है।   आज मंडी में सोयाबीन की आवक 4400 क्विंटल की हुई। अधिकतम भाव 4400 रुपए , न्यूनतम तीन हजार रुपए और माडल भाव 4075 रुपए क्विंटल रहा। इसी तरह गेहूं की आवक 1060 क्विंटल हुई। अधिकतम भाव 2989, न्यूनतम 2693 और माडल भाव 2832 रुपए क्विंटल रहा। इसी तरह कपास की आवक 328 वाहन की हुई। अधिकतम भाव 7421, न्यूनतम 6200 और माडल भाव 6911 रुपए क्विंटल रहा। recent visitors 136

एमसीडी में आम आदमी पार्टी के पास बहुमत होने के कारण वह जीत के दावे कर रहे हैं, कांग्रेस पार्षद ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली एमसीडी के मेयर व डिप्टी मेयर पद के लिए गुरुवार को मतदान डाले जा रहे हैं। एमसीडी में आम आदमी पार्टी के पास बहुमत होने के कारण वह जीत के दावे कर रहे हैं। बावजूद इसके, भाजपा भी मैदान में अपनी किस्मत आजमाने को तैयार है। मेयर चुनाव के लिए इस बार 273 सदस्य मतदान करेंगे। इनमें 249 पार्षद, 14 मनोनीत विधायक और लोकसभा व राज्यसभा के 10 सांसद मतदान में शामिल हैं। इस चुनावी गणित में आम आदमी पार्टी के पास 143 मत हैं, जबकि भाजपा के पास 122 मत हैं और कांग्रेस के पास आठ मत हैं। जीत के लिए 137 मतों की जरूरत होगी। कांग्रेस ने किया चुनाव का बहिष्कार एमसीडी सदन में चुनाव से पहले कांग्रेस पार्षदों ने एमसीडी में सत्ता रूढ़ आम आदमी पार्टी की नीतियों का विरोध जताते हुए नारेबाजी की। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी की। उधर आम आदमी पार्टी के पार्षद भी केजरीवाल के समर्थन में नारेबाजी करते रहे। हंगामें के बाद कांग्रेस पार्षदों ने सदन और चुनाव का बहिष्कार करने का एलान किया। इस स्थिति में जीत के लिए 133 मतों की जरूरत होगी। इसलिए आप का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। 'दिल्ली की जनता के लिए बीजेपी काम करके दिखाएगी' बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "अभी मतदान चल रहा है और हमने अभी अपना मत दिया है। भाजपा का एक-एक कर्मठ कार्यकर्ता भारत की प्रकृति और दिल्ली को प्रकृति के पथ पर अग्रसर करने के लिए प्रतिबद्ध है। आज यदि भाजपा का चयन होता है और भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर चुने जाते हैं तो मैं जानती हूं एमसीडी जिस निष्क्रियता से आप के कारण ग्रसित है उसको दूर कर एमसीडी अपना कर्तव्य निभाएगी और दिल्ली की जनता के लिए बीजेपी काम करके दिखाएगी।"   लोकसभा और राज्यसभा सांसदों कों वोट देने का है अधिकार मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में दिल्ली के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को मतदान करने का अधिकार है। दिल्ली में लोकसभा के सात और राज्यसभा के तीन सांसद हैं। सबसे पहले आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह मतदान करने के लिए आए। उनके बाद आप सांसद एनडी गुप्ता ने मतदान किया। आम आदमी पार्टी से नाराज चल रहीं उसकी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल सदन में मतदान करने नहीं पहुंची। भाजपा के सातों सांसदों ने मतदान कर दिया है।   मेयर पद के उम्मीदवार महेश कुमार (आप) किशन लाल (भाजपा) डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवार रविंद्र भारद्वाज (आप) नीता बिष्ट (भाजपा) कांग्रेस पार्षद सबीला बेगम ने दिया पार्टी से इस्तीफा सबीला बेगम ने इस्तीफा पत्र में लिखा है कि मेयर चुनाव से दूर रहकर हम भाजपा का समर्थन नहीं कर सकते हैं। साथ उन्होंने मेयर चुनाव में आप का समर्थन करने का भी एलान किया। recent visitors 83

झारखंड विधानसभा के लिए पहले चरण के मतदान के बाद ही यह तय हो गया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बन रही है: अमित शाह

गिरिडीह केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दावा किया कि झारखंड विधानसभा के लिए पहले चरण के मतदान के बाद ही यह तय हो गया है कि राज्य में भाजपा की सरकार बन रही है। गिरिडीह में भाजपा के प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले चरण के चुनाव में ही झामुमो-कांग्रेस का राज्य में सूपड़ा साफ हो गया है। जनता ने भाजपा-एनडीए के प्रत्याशियों को भरपूर समर्थन दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि झारखंड हमेशा से ऊर्जा का केंद्र रहा है। पूरे देश में यह सबसे समृद्ध राज्य है। इसके नीचे इतना खनिज और कोयला पड़ा है कि पूरे देश को ऊर्जा देने काम कर सकता है। झारखंड समृद्ध है, पर झारखंड गरीब है। आप यहां निर्भय शाहाबादी को जिताइए। इसके बाद यहां के युवाओं को पलायन के लिए विवश नहीं होना पड़ेगा। हम यहां नए कल-कारखाने लगाएंगे। झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए शाह ने कहा कि हेमंत सरकार का ध्यान यहां घुसपैठियों को बसाने पर है। ये घुसपैठियां झारखंड में आते हैं और झारखंडी बेटियों से शादी करके उनकी जमीन हड़प लेते हैं। आप बीजेपी की सरकार बनाइए, यहां सिर्फ घुसपैठिए ही नहीं बल्कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। मैं घुसपैठियों से कहना चाहता हूं कि हेमंत सरकार का समय खत्म हो गया है और आपका भी। हम एक-एक करके सभी घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे। हम ऐसा कानून लाएंगे कि घुसपैठियों को लूटी गई सारी जमीन वापस करनी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कश्मीर में अनुच्छेद-370 वापस लाना चाहती है, लेकिन राहुल गांधी को बता देना चाहता हूं कि उनकी चार पीढ़ियां भी अनुच्छेद-370 को वापस नहीं ला सकती हैं। जब यूपीए 10 साल सत्ता में थी, तो हर दूसरे दिन आतंकवादी हमला करते थे। लेकिन, जब आपने मोदी जी की सरकार बनाई, तो उरी और पुलवामा में उन्होंने ऐसी ही कोशिश की, जिसका हमने चुन-चुन कर बदला लिया। झारखंड ने सालों तक नक्सलवाद को झेला है। नक्सलवादियों ने झारखंड को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। छत्तीसगढ़ में जो नक्सलवाद बचा है 31 मार्च 2026 के पहले उसे भी समाप्त कर देंगे। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा कि सोनिया गांधी को अपने बेटे को लॉन्च करने का बड़ा शौक है। उन्होंने 20 दफा राहुल नाम का प्लेन लॉन्च किया, पर प्लेन लैंड ही नहीं होता। 20 दफा क्रैश कर गया। 21वीं बार भी उनका प्लेन देवघर में क्रैश होने वाला है। हरियाणा में सूपड़ा साफ। राहुल गांधी का झारखंड में पांच का भी आंकड़ा पार नहीं होने वाला है। राहुल गांधी और हेमंत सोरेन वक्फ कानून बदलने का विरोध कर रहे हैं पर मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि हम संसद में वक्फ कानून बदलने का काम करेंगे। recent visitors 95

भाजपा सरकार को जब अपनी हार सामने दिखाई दी, तो वो पीछे तो हटी, पर उसका घमंड बीच में आ गया: अखिलेश यादव

लखनऊ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस और आरओ, एआरओ 2024 परीक्षा एक ही दिन में आयोजित करने का निर्णय लिया है। आयोग के मुताबिक पीसीएस 2024 की परीक्षा की एक ही तारीख को कराई जाएगी। यह फैसला आयोग के बाहर चार दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शन के बाद छात्रों के युवाओं पर विचार करने के बाद लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) परीक्षा 2024 के तौर-तरीकों पर विचार करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। आयोग जल्द ही दोनों परीक्षाओं में बदलाव के संबंध में अलग से नोटिस जारी करेगा। इस फैसले के बाद विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, "भाजपा सरकार को जब अपनी हार सामने दिखाई दी, तो वो पीछे तो हटी, पर उसका घमंड बीच में आ गया है, इसीलिए वो आधी मांग ही मान रही है। अभ्यर्थियों की जीत होगी। ये आज के समझदार युवा है, सरकार इन्हें झुनझुना नहीं पकड़ा सकती। जब एक परीक्षा हो सकती है, तो दूसरी क्यों नहीं। चुनाव में हार ही भाजपा का असली इलाज है। जब भाजपा जाएगी, तब ‘नौकरी’ आएगी।" वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि, "भाजपा सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मानकीकरण की मांग पर योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने प्रतियोगी छात्रों का सम्मान करते हुए एक-दिन, एक-शिफ्ट में परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। सपाई गुंडों ने माहौल बिगाड़ने और राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की, परंतु खोदा पहाड़ निकली चुहिया। भाजपा सरकार राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और छात्र हित को प्राथमिकता देती है। छात्रों का भविष्य सुरक्षित है और भाजपा सरकार का यह कदम उनके सपनों को मजबूत आधार देगा। मेरी शुभकामनाएं समस्त प्रतियोगी छात्रों के साथ वर्तमान में भी है और भविष्य में भी रहेगी।" दरअसल उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा एक ही पाली में आयोजित करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रयागराज में आयोग कार्यालय के बाहर लगातार चौथे दिन गुरुवार सुबह भी अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। प्रयागराज में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग कार्यालय के बाहर छात्र नारेबाजी करते देखे गए। इस दौरान मौके पर यूपी पुलिस के जवान और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) मौजूद रहे। recent visitors 85

मैं कहना चाहता हूं कि संविधान उनके लिए खाली है क्योंकि उन्हें पता नहीं है कि संविधान के अंदर क्या लिखा है: राहुल गांधी

नंदुरबार लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को महाराष्ट्र के नंदुरबार में थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। यहां उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा है कि दो विचारधाराओं और दो सोच की टक्कर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं जनता के बीच जो संविधान दिखाता हूं वह खाली है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि संविधान उनके लिए खाली है क्योंकि उन्हें पता नहीं है कि संविधान के अंदर क्या लिखा है। राहुल गांधी ने कहा, मुझे लाल रंग से फर्क नहीं पड़ता है। संविधान के अंदर जो लिखा है इसके लिए मैं जान देने के लिए तैयार हैं। इंडी एलायंस संविधान की रक्षा कर रही है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि संविधान खोखला नहीं है। इसमें बिरसा मुंडा, भगवान बुद्ध, गांधी, फुले की सोच है। इस संविधान में हिंदुस्तान का ज्ञान है, देश की आत्मा है। जब पीएम नरेंद्र मोदी संविधान को खोखला कहते हैं, तो वे बिरसा मुंडा जी, भगवान बुद्ध, गांधी जी, फुले जी, अंबेडकर जी का अपमान करते हैं। संविधान में आपको 'आदिवासी' नाम दिया गया है। लेकिन भाजपा-आरएसएस के लोग आपको 'वनवासी' कहते हैं। आदिवासी और वनवासी में बहुत बड़ा फर्क है। आदिवासी का मतलब- हिंदुस्तान के पहले मालिक। वनवासी का मतलब- जल, जंगल, जमीन पर आपका कोई अधिकार नहीं है। आपके इसी अधिकार को बचाने के लिए बिरसा मुंडा जी अंग्रेजों से लड़े थे। आज यही सोच लेकर नरेंद्र मोदी और भाजपा के लोग घूम रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा है कि महाराष्ट्र की सरकार यहां के प्रोजेक्ट्स को दूसरे प्रदेश में भेजती है, इस कारण यहां के लोगों को नौकरी करने दूसरे राज्य में जाना पड़ता है। महाराष्ट्र सरकार ने करीब 5 लाख रोजगार छीन लिए। यही कारण है कि यहां के युवा बेरोजगार हैं। लेकिन हमारी सरकार ऐसा नहीं होने देगी। जो प्रोजेक्ट गुजरात का है, वो उनका रहेगा और जो महाराष्ट्र का है, वो यहां से कहीं और नहीं जाएगा। recent visitors 121

दिल्ली में रिटायर्ड इंजीनियर से डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 10 करोड़ की ठगी, पुलिस की साइबर शाखा कर रही जांच

नई दिल्ली दिल्ली में एक रिटायर्ड इंजीनियर के साथ साइबर अपराधियों ने बेहद चालाकी से ठगी की। ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर आठ घंटे तक उन्हें मानसिक रूप से कैद रखा और फिर उनके बैंक खाते से 10 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। फिलहाल दिल्ली पुलिस की साइबर शाखा इस मामले की जांच कर रही है। कैसे हुआ ठगी का शिकार? यह घटना दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र की है, जहां 72 वर्षीय बुजुर्ग प्रेमचंद नरवाल रहते हैं। वे मूल रूप से मुरैना मध्य प्रदेश के निवासी हैं और रिटायरमेंट के बाद ग्वालियर में रहते थे। प्रेमचंद नरवाल 29 सितंबर को साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए। ठगों ने पहले खुद को एक पार्सल कंपनी का अधिकारी बताया और कहा कि ताइवान से उनके नाम एक पार्सल भेजा गया है, जिसमें प्रतिबंधित दवाइयां हैं। ठगों ने बुजुर्ग को बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी इस मामले की जांच करना चाहते हैं, और इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग से कहा कि वे स्काइप डाउनलोड करें और वीडियो कॉल पर उनसे बात करें। स्काइप कॉल पर उन्होंने मुंबई पुलिस के अधिकारी की आवाज में बात की और बुजुर्ग को डराया-धमकाया कि वह और उनका परिवार मुश्किल में फंस सकते हैं।   डिजिटल अरेस्ट का डर ठगों ने बुजुर्ग से कहा कि उन्हें डिजिटल अरेस्ट का सामना करना पड़ेगा, अगर वे मामले को हल नहीं करते। उन्हें बताया गया कि उनका और उनके परिवार का नाम अपराधियों की लिस्ट में है। इसके बाद ठगों ने बुजुर्ग से उनके बैंक खातों की जानकारी ली और उन्हें अपने कमरे में बंद कर दिया। साइबर अपराधियों ने धमकी दी कि अगर वह उनकी बात नहीं मानते तो उनके बेटे-बेटी को भी फंसा लिया जाएगा। डर के मारे बुजुर्ग ने ठगों के निर्देश पर अपने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 10.30 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का खुलासा बुजुर्ग को 8 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट के झांसे में रखने के बाद, उन्होंने संदेह किया और लैपटॉप बंद कर दिया। इसके बाद वह कमरे से बाहर निकले और परिवार को पूरी घटना बताई। उन्होंने 1 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वहीं पुलिस ने जांच की तो पता चला कि ठगों ने जिन बैंक खातों में पैसे जमा कराए थे, वे अलग-अलग खातों में विभाजित थे। लगभग 60 लाख रुपये इन खातों में जमा किए गए थे और बाद में इसे छोटे-छोटे हिस्सों में देश भर में निकाला गया था। ठगों का तरीका यह पहली बार नहीं है जब 'डिजिटल अरेस्ट' का सहारा लिया गया है। 'डिजिटल अरेस्ट' एक ऐसा शब्द है, जो कानूनी रूप से कोई मान्यता नहीं रखता। ठग किसी को ऑनलाइन बताकर यह कह देते हैं कि उसे किसी सरकारी एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे जुर्माना देना होगा। इसके बाद वे व्यक्ति से पैसे निकलवाने के लिए उसे डराते-धमकाते हैं। सावधानी बरतने की सलाह: अगर आपको कोई धमकी भरा कॉल आता है, तो उसे तुरंत नकार दें। किसी संदिग्ध ईमेल या लिंक पर क्लिक न करें। कॉलर से कहे गए किसी भी ऐप को डाउनलोड न करें। किसी भी ऐसे मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दें। डिजिटल अरेस्ट का कोई कानूनी आधार नहीं है, इसलिए इस तरह के किसी भी झांसे में आने से बचें और हमेशा सतर्क रहें। अंत में बता दें कि दिल्ली पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करेगी। इस घटना ने यह भी साबित किया कि साइबर अपराधियों के द्वारा किए गए इस प्रकार के ठगी के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, और आम नागरिकों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।   recent visitors 77

दिल्ली में धुंध के कारण उड़ानें प्रभावित, दिल्ली हवाई अड्डे पर 300 से अधिक उड़ानें विलंबित

नई दिल्ली गुरुवार को दिल्ली में घने कोहरे और धुंध के कारण हवाई यातायात पर असर पड़ा। इस कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई। फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट फ्लाइटराडार 24 के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे पर 300 से अधिक उड़ानें विलंबित हो गई हैं। वेबसाइट के मुताबिक, सुबह 12 बजे तक दिल्ली आने वाली कुल 115 उड़ानें और राष्ट्रीय राजधानी से प्रस्थान करने वाली 226 उड़ानें देरी से चल रही हैं। फिलहाल, दिल्ली में आ रही उड़ानों में औसतन 17 मिनट की देरी हो रही है, जबकि उड़ानों के प्रस्थान में औसतन 54 मिनट की देरी हो रही है। दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एक सलाह जारी करते हुए कहा कि कम दृश्यता के कारण हवाईअड्डे पर कुछ परिचालन समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। एयरपोर्ट ने ट्वीट किया, "दिल्ली हवाई अड्डे पर कम दृश्यता की प्रक्रिया चल रही है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की ताजा जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।" इस स्थिति के कारण यात्रियों को हवाई अड्डे पर अतिरिक्त समय बिताने और उड़ानों के बारे में अपडेट्स प्राप्त करने की सलाह दी जा रही है। recent visitors 73