सपा को तय करना है कि वह मुझे कहां देखना चाहते हैं: राकेश प्रताप

अमेठी  समाजवादी पार्टी से विधायक राकेश प्रताप सिंह अयोध्या दर्शन पदयात्रा निकालेंगे। यह यात्रा 11 नवंबर से शुरू होगी और 14 नवंबर को समाप्त होगी। 14 नवंबर को यात्रा में शामिल लोग प्रभु श्रीराम लला का दर्शन करेंगे। सपा विधायक ने कहा है कि यह यात्रा उन विरोधियों को करारा जवाब देने का काम करेगी जो राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हैं। जो अयोध्या में राम के जन्म पर सवाल उठाते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने पोस्ट किया। पोस्ट में लिखा, “श्रीराम जी के प्रति अपनी सामूहिक आस्था एवं विश्वास के बल पर अयोध्या दर्शन पदयात्रा का आयोजन किया गया है। आप सभी को स्नेह और आदरपूर्वक अयोध्या चलने के लिए आमंत्रित करते हुए विनम्र आग्रह है कि मेरे साथ अयोध्या धाम चलकर प्रभु राम जी के दर्शन कर परम पुण्य के भागीदार बनें।” बता दें कि यह यात्रा 11 नवंबर को गौरीगंज से शुरू होगी। 14 नवंबर को यात्रा में शामिल लोग अयोध्या के सरयू घाट पहुंचेंगे। इसके बाद हनुमान गढ़ी और प्रभु श्रीराम लला का दर्शन करेंगे। इस यात्रा को लेकर हाल ही में विधायक राकेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिले थे। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “गोरक्ष पीठ के पीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगामी 11 नवंबर 2024 से अपने गौरीगंज से अयोध्या धाम तक शुरू हो रहे श्रीराम दर्शन यात्रा को लेकर उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने यात्रा सकुशल संपन्न हो और प्रभु मर्यादा पुरुषोत्तम राम जी की कृपा आप पर सदैव बनी रही ऐसी शुभकामनाएं दीं।” राकेश प्रताप सिंह की भाजपा से करीबी का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि लोकसभा चुनाव के दौरान उनके भाई समेत 11 लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। एक सवाल के जवाब में राकेश प्रताप सिंह ने कहा था कि सपा को तय करना है कि वह मुझे कहां देखना चाहते हैं।   recent visitors 87

स्पेन में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 223 से ज्यादा हुई, 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

वैलेंसिया स्पेन के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्से वैलेंसिया, कैस्टिला-ला मांचा और अंडालूसिया में 29 अक्टूबर को अचानक से मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ आ गई। इस बाढ़ ने प्रभावित क्षेत्रों में तबाही मचा दी। बाढ़ की वजह से प्रभावित इलाकों में हर जगह पानी के साथ ही कीचड़ भी हो गया है। जब बाढ़ आई, तो उसमें कई गाड़ियाँ बह गई, पुल टूट गए, रेलवे की सुरंगें ध्वस्त हो गई जिससे कई जगह की ट्रेनें ठप हो गई , फसलें तबाह हो गई। कई घरों को भी बाढ़ की वजह से काफी नुकसान पहुंचा। बड़ी संख्या में घरों की बिजली गुल हो गई। कच्चे घर तो बाढ़ की चपेट में आ गए और बह गए। बाढ़ की वजह से मरने वालों की संख्या अभी भी बढ़ रही है। मरने वालों की संख्या पहुंची 223 स्पेन के वैलेंसिया, कैस्टिला-ला मांचा और अंडालूसिया में अचानक आई इस बाढ़ की वजह से मरने वालों की संख्या अब तक 223 पहुंच चुकी है। स्पेन के परिवहन मंत्री की तरफ से यह जानकारी दी गई है। 78 लोग अभी भी लापता बाढ़ की वजह से स्पेन के वैलेंसिया, कैस्टिला-ला मांचा और अंडालूसिया में अभी भी करीब 78 लोग लापता हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है। बचाव टीम ने अब तक हज़ार से ज़्यादा लापता लोगों को ढूंढ निकाला है। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है बाढ़ के इतने दिन बाद भी कई लोगों के लापता होने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। बचाव टीम ने हज़ारों लोगों को बाढ़ से बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। recent visitors 104

इंदौर नगर निगम के एक करोड़ से अधिक दस्तावेजों को स्कैन कर इन्हें डिजिटल फार्मेट में सहेजा जाएगा

इंदौर  इंदौर नगर निगम के एक करोड़ से ज्यादा दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन का काम शनिवार से शुरू हो जाएगा। यह काम दिल्ली की एक कंपनी करेगी। नगर निगम इस काम के लिए करीब दो करोड़ 30 लाख रुपये खर्च करेगा। काम पूरा करने के लिए 12 माह का समय निर्धारित किया गया है। काम पूरा होने के बाद दस्तावेजों के लिए आमजन को नगर निगम के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल जाएगी। एक क्लिक पर दस्तावेज सामने आ जाएंगे। गौरतलब है कि नगर निगम पिछले लंबे समय से दस्तावेजों को स्कैन कर इन्हें डिजिटल फार्मेट में सहेजने की तैयारी चल रही है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बजट में इसकी घोषणा भी थी। पिछले दिनों नगर निगम ने इस संबंध में टेंडर जारी किए थे। इसके बाद दिल्ली की न्यूजन सॉफ्टवेयर टेक्नोलाजी लिमिटेड नामक कंपनी को दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन का काम सौंपा गया है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक कंपनी को निगम के दस्तावेजों को डिजिटल फार्मेट में तैयार करने के लिए 12 माह का समय दिया गया है। कंपनी आज से यह काम शुरू कर देगी। आमजन को सुविधा मिलेगी, चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन से आमजन को सुविधा होगी। उन्हें दस्तावेज प्राप्त करने के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं लगाना पडेंगे। बगैर आवेदन ही वे एक क्लिक पर दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे। बजट में की थी घोषणा शनिवार से निगम के दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन का काम शुरू हो जाएगा। दिल्ली की कंपनी को काम पूरा करने के लिए 12 माह का समय दिया गया है। महापौर ने दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन की घोषणा निगम बजट में की थी। – राजेश उदावत, प्रौद्योगिकी एवं आईटी समिति, प्रभारी नगर निगम इंदौर डेढ़ करोड़ की लागत से होगा रेडिसन चौराहे का सुंदरीकरण इंदौर नगर निगम करीब डेढ करोड़ रुपये की लागत से रेडिसन चौराहा का सुंदरीकरण करेगा। जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि इस काम के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। शुक्रवार को विधायक रमेश मेंदोला और राठौर ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ रेडिसन चौराहा के सुंदरीकरण कार्य व विकास कार्यो के संबंध में निरीक्षण भी किया। राठौर ने बताया कि सुंदरीकरण के तहत रेडिसन चौराहा पर हीरोस के म्यूनरल के साथ ही स्वच्छता माडल भी लगाया जाएगा। इसके साथ शहीद हरिसिंह नलवा की प्रतिमा भी चौराहे के पास लगाई जाएगी। मेंदोला और राठौर ने सुंदरीकरण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। recent visitors 127

नियंत्रण रेखा की स्थापना के बाद UNMOGIP की उपयोगिता समाप्त हो गई है और यह अप्रासंगिक है: सुधांशु त्रिवेदी

नई दिल्ली संयुक्त राष्ट्र में शांति रक्षा अभियानों पर बहस के दौरान पाकिस्तान द्वारा जम्मू कश्मीर का जिक्र किए जाने पर भारत ने पड़ोसी देश पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए उसकी आलोचना की। राज्यसभा सदस्य और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘‘भारत ने पाकिस्तान द्वारा की गईं टिप्पणियों पर जवाब देने के अपने अधिकार को चुना है, जिसने एक बार फिर इस प्रतिष्ठित निकाय को अपने एजेंडे से भटकाने का प्रयास किया है।’’ उन्होंने शुक्रवार को यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा की विशेष राजनीतिक एवं वि-उपनिवेशीकरण (चौथी समिति) में शांति रक्षा अभियानों पर चर्चा के दौरान ये टिप्पणियां कीं। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर ‘‘भारत का अभिन्न अंग था, है, और हमेशा रहेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर के लोगों ने हाल में अपने लोकतांत्रिक और चुनाव अधिकारों का इस्तेमाल किया तथा एक नई सरकार चुनी। पाकिस्तान को ऐसी बयानबाजी और झूठ से बाज आना चाहिए क्योंकि इससे तथ्य नहीं बदलेंगे।’’ उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के इस मंच के प्रतिष्ठित सदस्यों के सम्मान में भारत संयुक्त राष्ट्र की प्रक्रियाओं का दुरुपयोग करने के पाकिस्तान के किसी भी प्रयास का जवाब देने से परहेज करेगा। उन्होंने भारत की ओर से यह कड़ी प्रतिक्रिया तब दी है जब पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम पर नजर रखने वाले भारत और पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह (यूएनएमओजीआईपी) के बारे में बात की। भारत का कहना है कि शिमला समझौते और उसके परिणामस्वरूप नियंत्रण रेखा की स्थापना के बाद यूएनएमओजीआईपी की उपयोगिता समाप्त हो गई है और यह अप्रासंगिक है। सुंधांशु त्रिवेदी ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शांति रक्षा अभियानों पर संयुक्त राष्ट्र में चर्चा के दौरान पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा विषय पर बोलते हुए ‘‘विषय को भटकाने की कोशिश की और अनावश्यक रूप से उल्लेख किया कि संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के साथ पाकिस्तान की भागीदारी तब शुरू हुई जब संयुक्त राष्ट्र ने 1948 में जम्मू और कश्मीर क्षेत्र में शांति सैनिकों को तैनात किया था।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए’’ उन्होंने जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल किया और ‘‘मंच पर दृढ़तापूर्वक कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है, और हमेशा रहेगा।’’ भाजपा नेता ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में हाल में उचित तरीके से लोकतांत्रिक चुनाव हुआ। इसलिए संयुक्त राष्ट्र के इस प्रतिष्ठित मंच का इस्तेमाल इन प्रकार के भ्रामक शब्दों का उल्लेख करने में नहीं किया जा सकता।’’ उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार की ‘‘ठोस विदेश नीतियों के कारण संभव’’ हो सका है। सुंधांशु त्रिवेदी भारत के 12 संसद सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं जो संयुक्त राष्ट्र में विभिन्न बैठकों के लिए इस विश्व निकाय की यात्रा कर रहा है। इससे पहले, शांति रक्षा अभियानों की व्यापक समीक्षा पर एक बयान देते हुए त्रिवेदी ने कहा कि हालिया संघर्ष अधिक चुनौतीपूर्ण हैं और अब इसमें आतंकवाद तथा सशस्त्र समूह भी शामिल हैं जो अपने उद्देश्यों की पूर्ति के लिए स्थिति का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा अभियानों में सबसे बड़े सैन्य दल के के रूप में शांतिरक्षा प्रयासों में योगदान देने के प्रयास में सबसे आगे है।’’ recent visitors 52

सामूहिक दुष्कर्म की एक पीड़िता ने बच्ची को जन्म दिया, अब पिता का पता लगाने को किए गए 6 आरोपियों के DNA टेस्ट

लखनऊ उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सामूहिक बलात्कार पीड़िता ने एक बच्ची को जन्म दिया है. अब पुलिस बच्चे के पिता का पता लगाने के लिए गिरफ्तार किए गए आरोपियों की डीएनए जांच कर रही है. इसके बाद बच्ची के जैविक पिता का पता चल सकेगा. जानकारी के मुताबिक गैंगरेप की पीड़िता ने 18 अक्टूबर को एक बच्ची को जन्म दिया. प्रकाश ,कमल कुमार ,श्रवण और अवधेश यादव महिला के रेप के आरोपी हैं. ऐसे में उनके ब्लड सैंपल लिए गए हैं और विधि विज्ञान प्रयोगशाला में बच्ची के जैविक पिता का पता लगाने के लिए भेजा गया है. लखनऊ के थाना ठाकुरगंज में युवती के मोहल्ले में रहने वाला प्रकाश 20 अक्टूबर 2023 को अपने साथ बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया था और बंधक बनाकर दो दिन तक रेप किया था. कुछ दिन बाद उसने युवती को सीतापुर के रहने वाले कमल कपूर को बेच दिया था. आरोप है कि कमल कपूर ने कई दिनों तक पीड़िता से रेप किया इस दौरान पीड़िता प्रेग्नेंट हो गई. इसके बाद आरोपी ने इसे सीतापुर के रहने वाले सरवन यादव को बेच दिया. आरोप हैं की श्रवण और उसके साथ ही अवधेश ने पीड़िता के साथ गैंगरेप किया. इस पूरे मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी जिसमें चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया . पीड़िता 10 सितंबर को रात में किसी तरह भाग कर घर पहुंची थी और ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें प्रकाश कमल कुमार सरवन यादव और अवधेश और सरवन के बड़े भाई के ऊपर सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य मामलों में एफआईआर दर्ज की गई थी. इसके बाद पुलिस ने प्रकाश, कमल कुमार, श्रवण और अवधेश को गिरफ्तार कर लिया था. डीसीपी पश्चिमी जोन विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक पीड़िता की बच्ची के पिता का पता लगाने के लिए सभी आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराया गया है. सैंपल भेजे गए हैं और नतीजों का इंतजार किया जा रहा है.   recent visitors 73

करकेली में तीसरी लाइन कनेक्टविटी के कारण ट्रेनों को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रद्द करेगी

शाहडोल  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक बार फिर यात्री ट्रेनों को रद्द करने जा रही है। इसके लिए  रेलवे ने पत्र जारी कर दिया है। जारी पत्र के अनुसार करकेली में तीसरी लाइन की कनेक्टविटी करने के कारण लोकल व लंबी दूरी की ट्रेनों को कुछ दिनों के लिए रद्द करेगी। ट्रेनों के रद्द होने के बाद यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। इसके पहले भी रेलवे ने बिरसिंहपुर रेलवे स्टेशन को तीसरी लाइन से जोडऩे के लिए 3 से 11 अक्टूबर तक कई ट्रेनों को रद्द किया था। वहीं एक महीने बाद अब करकेली में तीसरी लाइन की कनेक्टविटी की जाएगी। बार-बार ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ये ट्रेनें रहेंगी प्रभावित रेलवे ने जारी पत्र में उल्लेख किया है कि एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 11265 जबलपुर-अंबिकापुर 16 से 19 नवम्बर तक एवं 11266 अंबिकापुर-जबलपुर 17 से 20 नवम्बर तक रद्द रहेगी। इसी तरह बिलासपुर- रीवा 15 से 19 नवम्बर तक, रीवा- बिलासपुर को 16 से 20 नवम्बर तक रद्द करेगी। वीकली ट्रेन रीवा- चिरमिरी अप एंड डाउन 18 एवं 19 नवम्बर, दुर्ग- कानपुर को अप एंड डाउन ट्रेन को 17 व 18 नवम्बर, दुर्ग- नवतनवा अप एंड डाउन को 14 एवं 16 नवम्बर तक केंसिल रहेगी। पैंसेजर ट्रेन वीकली चिरमिरी-अनुपपुर अप एंड डाउन को 19 नवम्बर, चिरमिरी- चंदिया अप एडं डाउन को 17 से 19 नवम्बर, कटनी- चिरमिरी अप एंड डाउन को 16 से 20 नवम्बर तक रद्द किया गया है। recent visitors 69

पुराने मामले को लेकर गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे सहित लात से आदिवासी युवक से मारपीट

सीधी सीधी जिले में अपराधी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं ऐसे में एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है जहां एक आदिवासी व्यक्ति के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है। सीधी जिले के जमोड़ी थाना का यह मामला बताया गया है जहां इसके ट्रेडर्स के मालिक ने मारपीट की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है। प्रदीप कुमार सिंह गोंड़ ने बताया कि 7 नवबर को शाम करीब 4:30 बजे मैं बिहारी जायसवाल के दुकान में सामान लेने जा रहा था। उसी दौरान बिहारी जायसवाल का छोटा लड़का सोनू जायसवाल सामान लेने के बारे में बात ही कर रहा था कि उसी समय उसका बड़ा लड़का भूपेन्द्र आया और पुराने मामले को लेकर मुझे गाली-गलौज करने लगा। साथ ही लाठी-डंडे सहित लात से मारपीट की। हल्ला करने के बाद कुछ लोग आए इसके बाद बचाव हुआ है। शनिवार के दिन वीडियो वायरल हो रहा है। घायल ने बताया की मेरे शरीर में कई चोटें आई हैं। इस मामले में भूपेन्द्र जायसवाल जान से खत्म करने की धमकी भी दे रहा है। इसकी शिकायत के लिए मैंने 8 नवंबर को जमोड़ी थाने में आवेदन दिया है। इस संबंध में नगर निरीक्षक जमोड़ी विशाल शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध हो गया है। जिस मामले में शीघ्र ही गिरफ्तारी की कार्रवाई भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि हरिजन एक्ट सहित अन्य धारााएं लगा दी गई हैं। recent visitors 97