आरजी कर मामले में आज भी जूनियर डॉक्टरों का आमरण अनशन जारी, 16 से लगातार जारी है हड़ताल

कोलकाता कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अपनी सहकर्मी के साथ हुए बलात्कार और हत्या के खिलाफ जूनियर डॉक्टरों का आमरण अनशन 16वें दिन भी जारी है। हालांकि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अनशन पर बैठे जूनियर डॉक्टरों के बीच सोमवार को शाम 5 बजे अहम बैठक तय की गई है। मुख्य सचिव मनोज पंत ने शनिवार शाम को पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट (डब्ल्यूबीजेडीएफ) को ईमेल भेजकर मुख्यमंत्री के साथ बैठक के लिए भूख हड़ताल वापस लेने की पूर्व शर्त रखी है। ईमेल में उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक में आने वाले जूनियर डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल में 10 सदस्यों से ज्यादा नहीं होना चाहिए। पंत ने कहा कि डॉक्टरों को मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए 45 मिनट का समय दिया जाएगा। मुख्य सचिव के ईमेल ने प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टरों को हैरान कर दिया, क्योंकि शनिवार दोपहर को मुख्यमंत्री के साथ उनकी फोन पर हुई बातचीत के दौरान ‘भूख हड़ताल वापस लेने’ की शर्त नहीं रखी गई थी। डब्ल्यूबीजेडीएफ ने मुख्य सचिव के इस ईमेल पर अभी तक फैसला नहीं लिया है। वे देर शाम आपस में बैठक करने के बाद इसकी घोषणा करेंगे। हालांकि, डब्ल्यूबीजेडीएफ के प्रतिनिधि अशफाक उल्ला नैया ने कहा कि भूख हड़ताल वापस लेना बैठक के लिए पूर्व शर्त नहीं हो सकती। उन्होंने कहा, “भूख हड़ताल सिर्फ बैठक की मांग को लेकर नहीं बल्कि मांगों को पूरा करने के लिए की जा रही है। हालांकि, अंतिम निर्णय हमारी बैठक के बाद ही बताया जा सकेगा।” बता दें कि डब्ल्यूबीजेडीएफ ने शुक्रवार शाम को ममता सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि सोमवार तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो उन्हें मंगलवार से काम बंद करके आंदोलन पर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ऐसे में सभी की निगाहें 21 अक्टूबर को होने वाली अहम बैठक पर टिकी हैं।   recent visitors 91

हॉकी इंडिया ने की आगामी द्विपक्षीय सीरीज के लिए 22 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा

नई दिल्ली हॉकी इंडिया ने रविवार को विश्व चैंपियन जर्मनी के खिलाफ होने वाली आगामी द्विपक्षीय सीरीज के लिए 22 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी हैं। भारत और जर्मनी के बीच ये दोनों मुकाबले 23 और 24 अक्टूबर को मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में खेले जायेंगे। भारतीय टीम की अगुवाई हरमनप्रीत सिंह करेंगे और उप कप्तान विवेक सागर प्रसाद होंगे। चोटिल मिडफील्डर हार्दिक सिंह इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। इस द्विपक्षीय सीरीज में राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लागेट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करेंगे। टीम के चयन के बारे में मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, “हम अगले सप्ताह राष्ट्रीय राजधानी में जर्मनी से मुकाबले के लिए बहुत उत्साहित हैं। भारत और जर्मनी के बीच हाल के वर्षों में कड़ी प्रतिद्वंद्विता रही है और हम नई दिल्ली में खेलने को लेकर उत्साहित हैं। हमने जो टीम चुनी है, वह अनुभवी है, जिसमें कांस्य पदक जीतने वाली पेरिस ओलंपिक टीम के कई खिलाड़ी शामिल हैं। इस सीरीज के दौरान राजिंदर और आदित्य भी अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करेंगे, उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के दौरान बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।” भारतीय टीम आज दोपहर बेंगलुरु से नई दिल्ली पहुंचेगी। जर्मनी के साथ होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार:- गोलकीपर:- कृष्ण बहादुर पाठक, सूरज करकेरा डिफेंडर:- जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), वरुण कुमार, संजय, सुमित और नीलम संजीव जेस मिडफील्डर:- मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद (उपकप्तान), विष्णु कांत सिंह, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, मो. राहील मौसीन, राजिंदर सिंह फॉरवर्ड्स:- मनदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे और दिलप्रीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा।   recent visitors 95

दिल्ली सरकार का दावा है कि दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण की बड़ी वजह बीजेपी की गंदी राजनीति है

नई दिल्ली दिल्ली में हवा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। लोगों का जहरीली हवा में सासं लेना भी मु्श्किल हो रहा है। दीवाली से पहले ही राजधानी में प्रदूषण ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ऐसे में आने वाले दिनों की स्थिति के बारे में सोचकर लोग परेशान हैं। इस बीच दिल्ली सरकार का दावा है कि दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण की बड़ी वजह बीजेपी की गंदी राजनीति है। सीएम आतिशी ने कहा कि दिल्ली की हवा और पानी में प्रदूषण बीजेपी की गंदी राजनीति की वजह से बढ रहा है। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि आनंद विहार में प्रदूषण बढ़ने की बड़ी वजह उत्तर प्रदेश से आ रही बसे हैं। दरअसल आज दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पर्यावरण मंत्री प्रदूषण की स्थिति का जायजा के लिए आनंद विहार इलाके में गए थे। यहां आज सुबह 8.30 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 454 दर्ज किया गया था। इसी दौरान सीएम आतिशी ने कहा कि आनंद विहार इलाके में खराब एयर क्वालिटी का प्रमुख कारण उत्तर प्रदेश से आने वाली बसें हैं और इस पर यूपी सरकार से चर्चा की जरूरत है। वहीं गोपाल राय ने भी इस बार पर जोर देते हुए दावा किया कि इन बसों के धुआं दिल्ली का प्रदूषण दुगना हो रहा है। वहीं प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदूषण विरोधी उपायों को सख्ती से लागू किया जा रहा है और धूल नियंत्रण उपायों के लिए टीमों का गठन किया गया है। सीएम आतिशी ने कहा हमने 99 टीमें बनाई हैं जो पूरी दिल्ली में धूल नियंत्रण के उपाय कर रही हैं। हमने 325 से अधिक स्मॉग गन तैनात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए PWD और MCD ने अपने सभी संसाधन तैनात कर दिए हैं। आनंद विहार, दिल्ली और यूपी की सीमा पर होने के कारण, एक ऐसा हॉटस्पॉट है जहां AQI सबसे ज्यादा है। इसके अलावा उन्होंने यमुना नदी के जहरीले सफेद झागों के मुद्दे पर भी बात की और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, सिर्फ वायु प्रदूषण ही नहीं, पिछले कुछ दिनों से यमुना नदी में भी प्रदूषण बढ़ रहा है और इसके लिए मुख्य कारण बीजेपी की गंदी राजनीति है। उन्होंने कहा, पराली जलाने की घटनाओं को कम करने के लिए पंजाब में AAP सरकार ने दो साल तक काफी कोशिशें की हैं। पिछले साल पंजाब में पराली जलाना आधा कर दिया गया। उधर हरियाणा के आंकड़ों पर नजर डालें तो खेतों में आग लगने की घटनाओं में 23% की बढ़ोतरी हुई है। यूपी में खेतों में आग लगने की घटनाएं 70% बढ़ीं है। उन्होंने कहा, सबसे ज्यादा AQI रिकॉर्ड करने वाले आनंद विहार में बसों को देखें तो दिल्ली की सभी बसें CNG या बिजली से चलती हैं। लेकिन अगर हम यूपी और हरियाणा से आने वाली बसों को देखें तो वो डीजल से चलती हैं। आनंद विहार इलाके में दिख रहे प्रदूषण का एक अहम कारण यूपी से आने वाली हजारों डीजल से चलने वाली बसें हैं। एक तरफ जहां दिल्ली सरकार ने सीएनजी बसों की लाइन खड़ी कर दी8 वहीं हरियाणा और यूपी सरकारें अपने बेड़े में सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसें क्यों नहीं ला सकतीं? आतिशी ने कहा क्योंकि वे गंदी राजनीति कर रही हैं। इसी के साथ उन्होंने ईट के भट्टों पर भी बात की। उन्होंने कहा, ईंट के भट्टे लगातार प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहे हैं। दिल्ली में आपको एक भी ईंट का भट्ठा नहीं मिलेगा लेकिन एनसीआर में तो हैं 3800 ईंट भट्टे जो दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में बड़ा योगदान देते हैं। recent visitors 113

बुधनी विधानसभा उपचुनाव में युवा कांग्रेस नेता राजकुमार पटेल चकलदी ने खोला मोर्चा पोस्टर हुए वायरल

बुधनी बुधनी में उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियाँ तेज हो गई हैं। भाजपा की ओर से पूर्व विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव का नाम सामने आया वहीं, कांग्रेस की तरफ से सबसे प्रबल दावेदारों में महेश राजपूत, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, और यूथ कांग्रेस के युवा नेता राजकुमार पटेल का नाम उभरकर सामने आया है। इसके अलावा, कमलनाथ से जुड़े कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट और किसान नेता अर्जुन आर्या भी टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। कांग्रेस ने बुधनी में प्रत्याशी चयन की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल को सौंपी है। हाल ही में यूथ कांग्रेस से जुड़े नेता राजकुमार पटेल चकलदी ने चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक और X) के माध्यम से चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है वही राजकुमार पटेल चकलदी के चुनाव पोस्टर हुए वायरल। राजकुमार पटेल पवार समाज से आते हैं, जिसका बुधनी विधानसभा में अच्छा खासा प्रभाव है। यदि पटेल बगावत करते हैं, तो यह कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। राजकुमार पटेल का चुनावी मैदान में उतरना अन्य दावेदारों के लिए एक नई चुनौती बन सकता है और कांग्रेस की रणनीति पर इसका बड़ा असर हो सकता है। recent visitors 188

ईरान के खिलाफ किसी भी इजरायली हमले का मतलब खतरे की रेखा पार करना होगा: ईरान के विदेश मंत्री

तेहरान ईरान ने इजरायल को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर हमला हुआ तो हम भी छोड़ेंगे नहीं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहाकि ईरान के खिलाफ किसी भी इजरायली हमले का मतलब खतरे की रेखा पार करना होगा और इसका माकूल जवाब दिया जाएगा। अरागची ने तुर्की प्रसारक ‘एनटीवी’ को बताया कि ईरान पर किसी भी हमले का मतलब हमारे लिए लाल रेखा को पार करना है। हम ऐसे हमले का जवाब जरूर देंगे। ईरान की परमाणु सुविधाओं या किसी भी तरह के हमले पर प्रतिक्रिया दी जाएगी। गौरतलब है कि अमेरिका से लीक हुए कुछ डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक इजरायल ईरान पर हमले की तैयारी में जुटा हुआ है। ईरानी विदेश मंत्री अरागची ने इस दौरान इजरायल पर किए गए हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहाकि हमने उस समय किसी भी आर्थिक या नागरिक सुविधाओं पर हमला नहीं किया था। हमने केवल सैन्य सुविधाओं को निशाना बनाया था। अब हमने इजरायल में अपने सभी लक्ष्यों की पहचान कर ली है। अगर इजरायल हमला करता है, तो हम उनके ठिकानों पर भी इसी तरह का हमला करेंगे। यह पूछे जाने पर कि इजरायल ने अभी तक ईरान के पिछले हमले का जवाब क्यों नहीं दिया है, मंत्री ने पूरी दुनिया द्वारा इजरायल पर डाले जा रहे भारी राजनयिक दबाव का हवाला दिया। अरागची ने कहा कि इस क्षेत्र में पूर्ण पैमाने पर युद्ध छिड़ने की अत्यधिक संभावना है। देश क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण राजनयिक प्रयास कर रहे हैं। मेरा मानना ​​है कि इजरायली हमलों और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आपदा को रोकने के लिए कूटनीति का इस्तेमाल और युद्धविराम की घोषणा की जानी चाहिए। इसके बाद ही हम गाजा पट्टी और लेबनान के निवासियों की भलाई के बारे में बात कर सकते हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों लेबनान ने ड्रोन हमले से इजरायली प्रधानमंत्री के घर पर हमला किया गया। इस हमले के पीछे भी ईरान का हाथ बताया गया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। नेतन्याहू ने एक बयान में कहाकि ईरान के एजेंट, जिन्होंने आज मेरी और मेरी पत्नी की हत्या करने की कोशिश की, उन्होंने एक बड़ी गलती की है। उन्होंने लेबनान से ड्रोन हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उसका लक्ष्य उत्तरी शहर कैसरिया में उनके निजी आवास को निशाना बनाना था। recent visitors 76

बीते 2 दिनों में भारतीय एयरलाइन्स की 46 फ्लाइट्स को धमकी भरे पोस्ट भेजे गए, मैसेज भी सेम-टू-सेम

नई दिल्ली भारतीय एयरलाइनों को इन दिनों बम की धमकियां मिलने का सिलसिला सा चल पड़ा है। इस हफ्ते करीब 70 ऐसे धमकी भरे पोस्ट किए गए, जिनमें से 70% एक ही एक्स अकाउंट से आए हैं। सोशल मीडिया मंच एक्स पर यह एक गुमनाम और गैर-सत्यापित अकाउंट है, जिससे बीते 2 दिनों में भारतीय एयरलाइन्स की 46 घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स को धमकी भरे पोस्ट भेजे गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक्स हैंडल से शुक्रवार रात को 12 और शनिवार को 34 धमकी भरे पोस्ट किए गए। भारत के अलावा इस यूजर ने अमेरिकन एयरलाइंस, जेट ब्लू और एयर न्यूजीलैंड जैसे अंतरराष्ट्रीय वाहकों को भी धमकियां दी हैं। इससे यात्रा में रुकावट पैदा हुई और यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया। एक्स ने सस्पेंड कर दिया अकाउंट यह संदिग्ध एक्स अकाउंट शनिवार दोपहर तक एक्टिव रहा। इसके बाद, एलन मस्क के मालिकाना वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की ओर से इसे सस्पेंड कर दिया गया। एक्स को ही पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था। एयर इंडिया, विस्तारा, इंडिगो, अकासा एयर, अलायंस एयर, स्पाइसजेट और स्टार एयर को इस अकाउंट से धमकियां दी गई थीं। स्टार एयर को उसकी 4 उड़ानों के लिए धमकियां मिलीं तो बाकियों के 5-5 फ्लाइट्स के लिए ऐसी संदेश भेजे गए। धमकी भरा एक तरह का संदेश संदिग्ध एक्स अकाउंट से जो धमकी भरे पोस्ट किए गए, उनमें एक तरह ही संदेश लिखा होता था। इसमें कहा जाता, 'आपके 5 विमानों में बम हैं। कोई भी जिंदा नहीं बचेगा। जल्दी करो और विमान खाली करा दो।' ये पोस्ट ऐसे समय की गईं जब कुछ उड़ानें हवा में थीं या तो कुछ ने पहले ही अपनी यात्रा पूरी कर ली थी। फिलहाल, इस संदिग्ध एक्स अकाउंट की जांच की जा रही है और इसके यूजर का पता लगाया जा रहा है। बीसीएएस की एयरलाइन कंपनियों के साथ बैठक इस बीच, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के अधिकारियों ने शनिवार को एयरलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सूत्रों ने यह जानकारी दी। एक दिन पहले 30 से अधिक उड़ानों में बम होने की धमकी मिली थी। सूत्रों के अनुसार, आज की बैठक में कुछ एयरलाइन का प्रतिनिधित्व उनके मुख्य कार्यकारी अधिकारियों ने किया, जबकि अन्य का प्रतिनिधित्व उनके सीनियर अधिकारियों ने किया। बीसीएएस के महानिदेशक जुल्फिकार हसन ने कहा, ‘भारतीय हवाई क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है। मौजूदा प्रोटोकॉल मजबूत है और इसका सख्ती से पालन किया जा रहा है। हम यात्रियों को आश्वस्त करते हैं कि उन्हें बिना किसी डर के उड़ान भरनी चाहिए।’ recent visitors 111

रोहिणी में CRPF स्कूल के बाहर धमाके का टेरर है कनेक्शन? NSG तलाश रही साजिश के सबूत

नई दिल्ली दिल्ली में रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के बाहर रविवार सुबह एक जोरदार धमाका हुआ, लेकिन इसके कारण कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस ने बताया कि इस धमाके में स्कूल की दीवार, पास की दुकानों और एक कार को नुकसान पहुंचा है। दिवाली से पहले हुए राजधानी में हुए इस धमाके ने दिल्ली पुलिस के साथ ही तमाम सुरक्षा एजेंसियों की टेंशन जरूर बढ़ा दी है। इस धमाके की जानकारी मिलते ही नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस और एफएसएल टीम के साथ ही एनएसजी कमांडो भी प्रशांत विहार में सीआरपीएफ स्कूल के पास विस्फोट स्थल पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। फोरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) के सूत्रों ने कहा कि दिल्ली के रोहिणी में सीआरपीएफ स्कूल के बाहर हुए विस्फोट में इस्तेमाल की गई सामग्री देसी बम जैसी है, लेकिन पूरी रिपोर्ट मिलने के बाद ही डिटेल क्लियर हो पाएंगी। सूत्रों ने कहा कि शुरुआती जांच के अनुसार, अभी तक कोई आतंकी एंगल नहीं मिला है, लेकिन एफएसएल की टीम द्वारा अंतिम स्पष्टता दी जाएगी। पुलिस द्वारा इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और मौके पर फायर डिपार्टमेंट की एक टीम भी मौजूद है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी मौके पर पहुंच गई है। रविवार सुबह रोहिणी जिले के प्रशांत विहार इलाके में सीआरपीएफ स्कूल के बाहर जोरदार धमाका हुआ। दिल्ली पुलिस को सुबह करीब 7:45 बजे पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें उन्हें विस्फोट की सूचना दी गई। एसएचओ और स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने स्कूल की दीवार क्षतिग्रस्त पाई और हवा में दुर्गंध फैली हुई थी। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, “आज सुबह 07:47 बजे, एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉलर ने बताया कि रोहिणी के सेक्टर 14 में सीआरपीएफ स्कूल के पास बहुत तेज आवाज के साथ एक धमाका हुआ है। एसएचओ और स्टाफ मौके पर पहुंचे, जहां स्कूल की दीवार क्षतिग्रस्त पाई गई और दुर्गंध आ रही थी। आस-पास की दुकानों के शीशे और दुकान के पास खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त पाई गई। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ।” क्राइम टीम, एफएसएल टीम और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। सुबह करीब 7:50 बजे अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया और दमकल की दो गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर हैं और विस्फोट की प्रकृति का पता लगाने के लिए पुलिस के साथ इलाके की जांच और तलाशी जारी रखे हुए हैं। पुलिस ने कहा कि सीवर लाइन की भी जांच की जा रही है और विस्फोट के प्रकार की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। recent visitors 77