Sunday, July 5, 2026 3:16 am

फाजिल्का में दर्दनाक सड़क हादसा, हादसा इतना भयानक था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए, चालक की टूटी टांग

फाजिल्का फाजिल्का में दर्दनाक सड़क हादसा होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि आज फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर बाधा टी-प्वाइंट के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे एक ट्रक चालक का ट्रक स्टेयरिंग में फंस गया और उसका पैर कट गया। हादसा इतना भयानक था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटना की छानबीन में जुट गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक ओवरलोड था और पेड़ काफी बड़ा होने के कारण ड्राइवर ने कट मार दिया। जिससे एक ट्रक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी हुआ है। एक ट्रक सेब से भरा था। घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।   recent visitors 47

मंगलगिरी निर्वाचन क्षेत्र से कौशल गणना शुरू करेगी आंध्र प्रदेश सरकार

अमरावती आंध्र प्रदेश के लोगों के कौशल का आकलन करने के उद्देश्य से राज्य सरकार मंगलगिरी निर्वाचन क्षेत्र से एक सर्वेक्षण शुरू करेगी। ‘कौशल गणना’ सर्वेक्षण का पहला मकसद युवाओं में प्रतिभा की पहचान करना और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध करने से पहले आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करना है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री नारा लोकेश के प्रतिनिधित्व वाले इस निर्वाचन क्षेत्र के 100 गांवों में गणना शुरू होगी। इस कार्य में 675 गणनाकर्ता शामिल होंगे और वह सर्वेक्षण करने के लिए 1.6 लाख परिवारों से मिलेंगे। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) की ओर से सोमवार देर शाम जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘आवश्यक मोबाइल ऐप पहले ही तैयार कर लिया गया है और गणनाकर्ताओं को भी इस बारे में आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है…। फील्ड टीमों की सहायता के लिए एक तकनीकी टीम गठित की गई है, जबकि मानचित्रण का काम भी पूरा हो चुका है।’’ हालांकि, फिलहाल सर्वेक्षण कार्य शुरू होने की तारीख का उल्लेख नहीं किया गया। कौशल विकास अधिकारी गणना की प्रगति पर बारीकी से नजर रखेंगे और राज्यव्यापी कार्यक्रम शुरू करने से पहले किसी भी त्रुटि को दूर करेंगे।   recent visitors 64

रजनीकांत की फिल्म ‘वेट्टैयन’ का नया पोस्टर रिलीज

मुंबई,  दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत की आने वाली फिल्म 'वेट्टैयन' का नया पोस्टर रिलीज हो गया है। टीजे ज्ञानवेल के निर्देशन में बनी फिल्म 'वेट्टैयन' में रजनीकांत की मुख्य भूमिका है।इस फिल्म में अमिताभ बच्चन की भी अहम भूमिका है। अमिताभ और रजनीकांत ने अंधा कानून, गिरफ्तार और हम जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है। यह जोड़ी 33 साल के बाद साथ नजर आयेगी। फिल्म वेट्टैयन के निर्माताओं ने हाल ही में रजनीकांत का एक नया पोस्टर रिलीज किया है। इस पोस्टर में रजनीकांत चश्मा लगाए बेहद स्टाइलिश अवतार में नजर आ रहे हैं। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया है, लक्ष्य निर्धारित है। वेट्टैयन का ट्रेलर 2 अक्टूबर को आ रहा है। शिकार को पकड़ने के लिए तैयार हो जाइए! लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म वेट्टैयन में रजनीकांत और अमिताभ बच्चन के अलावा राणा दग्गुबाती, फहद फाजिल, मंजू वारियर, दुशारा विजयन, रितिका सिंह, जीएम सुंदर, रोहिणी, राव रमेश, रमेश थिलक, रक्षण और अन्य सितारे शामिल हैं। इस फिल्म में संगीत अनिरुद्ध रविचंदर का है। 'वेट्टैयन' 10 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।   recent visitors 61

नगर निगम रायपुर स्वच्छ भारत अभियान की उत्कृष्ट रैंक में हो रहा शामिल : सभापति प्रमोद दुबे

रायपुर नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किये गए कार्यो से नगर निगम रायपुर स्वच्छ भारत अभियान की उत्कृष्ट रैंक में शामिल हो रहा है जिनमे एक संस्था सरयूपारीण ब्राह्मण सभा रायपुर छत्तीसगढ़ भी है। उक्त बातें प्रमोद दुबे, सभापति नगर निगम रायपुर ने सम्मान करते हुए कही। विगत दिवस सभापति कक्ष में डॉ सुरेश शुक्ला अध्यक्ष व उनकी कार्यकारिणी सरयूपारीण ब्राह्मण  सभा रायपुर छत्तीसगढ़ को  स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं में से एक के रूप में  शाल व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में सरयूपारीण ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष डॉ. सुरेश शुक्ला ने सभापति प्रमोद दुबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रायपुर नगर हम सबका है और इसकी स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हम सब की है जिसका हम सब मिलकर निर्वाह कर रहे हैं।  डॉ. सुरेश शुक्ला ने नगर निगम द्वारा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियानों की सराहना की। उन्होंने नगर निगम अध्यक्ष प्रमोद दुबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरयूपारीण ब्राह्मण सभा इन अभियानों में पूर्ण सहयोग करेगी।समारोह में प्रमुख रूप से कैलाश तिवारी, संगम लाल त्रिपाठी, राजेश मिश्र, रामहृदय तिवारी, आर. एल. द्विवेदी, मृत्युंजय शुक्ला, दिनेश शुक्ला, बैद्यनाथ मिश्र, शैलेन्द्र शर्मा, अजय तिवारी, एन. डी. तिवारी, अभिषेक पाण्डेय, ब्राह्मनंद तिवारी, शिवम तिवारी, घनश्याम तिवारी और राजकुमार पाण्डेय उपस्थित थे। recent visitors 60

दिसंबर 2024 तक सेंसेक्स 1 लाख के आंकड़े को छू सकता है : मार्क मोबियस

मुंबई भारतीय शेयर बाजार (Indian Stock Market) के लिए साल 2024 शानदार रहा है. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स हो या फिर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी, दोनों ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं. Sensex की बात करें, तो ये 86000 के बिल्कुल करीब पहुंच चुका है. इसकी रफ्तार को देखकर एक बार फिर से सवाल उठने लगे हैं कि क्या ये 1 लाख का स्तर पार कर लेगा? अब दिग्गज निवेशक मार्क मोबियस ने इसकी डेडलाइन बताई है और कहा है कि इस साल के अंत तक BSE Sensex एक लाख का जादुई आंकड़ा छू लेगा.   मार्क मोबियस को बाजार से ये उम्मीद दिग्गज निवेशक और मार्केट एक्सपर्ट मार्क मोबियस (Mark Mobius) ने अनुमान जाहिर करते हुए कहा है कि चाइनीज शेयरों में जारी तेजी के कारण इस साल के अंत तक सेंसेक्स 1,00,000 का स्तर छू सकता है. गौरतलब है कि मोबियस को उभरते बाजारों में निवेश के लिए इंडियाना जोन्स (Indiana Jones) भी कहा जाता है. बिजनेस टुडे के मुताबिक, उन्होंने कहा कि अगर मार्केट रेग्युलेटर सेबी (SEBI) डेरिवेटिव एक्टिविटीज को सीमित करने के लिए कड़े नियम बनाता है, तो इसका स्टॉक मार्केट पर बड़ा असर दिख सकता है. उभरते बाजार में इन्वेस्टमेंट की सलाह एक बिजनेस चैनल से बातचीत के दौरान मार्क मोबियस ने कहा कि वह उभरते बाजारों में आने वाले फंडों को ये सलाह देंगे कि वे अपना आधे से ज्यादा इन्वेस्टमेंट भारत में लगाएं. इसके साथ ही उन्होंने भारत की सेमीकंडक्टर सेक्टर में बढ़ती दिलचस्पी और इस दिशा में उठाए जा रहे कदमों को सराहनीय बताया है. इसके सात ही उन्होंने विदेशी फंडों को सलाह देते हुए कहा है कि भारत के अलावा 25 फीसदी चीन और ताइवान में, जबकि 25 फीसदी इन्वेस्टमेंट वियतनाम, तुर्की, ब्राजील, साउथ कोरिया और थाईलैंड में लगाने चाहिए. बीते Sensex ने तोड़े थे रिकॉर्ड बीता सप्ताह शेयर बाजार के दोनों इंडेक्स के लिए जबर्दस्त साबित हुआ था और BSE Sensex 86000 के बिल्कुल करीब पहुंच गया था. बता दें कि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स का ऑल टाइम हाई लेवल 85,978.25 है, जो पिछले हफ्ते ही छुआ गया था. वहीं पूरे हफ्ते की बात करें, तो बीएसई का सेंसेक्स (Sensex) इंडेक्स 1,027.54 अंक या 1.21 फीसदी की बढ़त में रहा था. सोमवार को देखी तगड़ी गिरावट हालांकि, सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार (Share Market) की खराब शुरुआत हुई और खुलने के बाद से सेंसेक्स-निफ्टी बुरी तरह टूट गए. मार्केट क्लोजिंग की अगर बात करें, तो सेंसेक्‍स (Sensex) 1272 अंक या 1.49 फीसदी तक टूट गया और 84,299 के लेवल पर क्लोज हुआ. इस दौरान बीएसई लार्जकैप कंपनियों में शामिल 30 में से 25 शेयर लाल निशान पर क्लोज हुआ. भारतीय शेयर बाजार 24 सितंबर को सेंसेक्स ने पहली बार 85,000 अंकों का रिकॉर्ड स्तर पार किया था। हालांकि, सोमवार को ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली के बीच इंडेक्स ने यह स्तर खो दिया। आज भारतीय बेंचमार्क सूचकांकों में गिरावट आई, जिसमें सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में एक-एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। सेंसेक्स 85,208.76 पर खुला और 1.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ दिन के निचले स्तर 84,257.14 पर आ गया। निफ्टी 50 26,000 अंक से नीचे आ गया। सूचकांक 26,061.30 पर खुला और इंट्रा-डे ट्रेड में 1.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,794.10 पर आ गया। आईपीओ बूम पर मोबियस ने कहा, "जब तक आप व्यवसाय के बारे में निश्चित न हों, तब तक आईपीओ में निवेश करना अच्छा विचार नहीं है।" recent visitors 68

पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और अन्य लद्दाख वासियों को हिरासत में लिया जाना ‘अस्वीकार्य’: राहुल गांधी

नई दिल्ली लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और अन्य लद्दाख वासियों को हिरासत में लिया जाना ‘‘अस्वीकार्य’’ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लद्दाख की आवाज सुननी होगी। केंद्र शासित प्रदेश को छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी तक मार्च करने वाले वांगचुक सहित लद्दाख के करीब 120 लोगों को दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की सीमा पर हिरासत में ले लिया। गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पर्यावरण और संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्वक मार्च कर रहे सोनम वांगचुक जी और लद्दाख के सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया जाना अस्वीकार्य है।’’ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी पूछा कि लद्दाख के भविष्य के लिए आवाज उठाने वाले बुजुर्ग नागरिकों को दिल्ली की सीमा पर आखिर हिरासत में क्यों लिया गया। गांधी ने कहा, ‘‘मोदी जी, किसानों के मामले की तरह यह चक्रव्यूह भी टूटेगा और आपका अहंकार भी टूटेगा। आपको लद्दाख की आवाज सुननी होगी।’’ हिरासत में लिए जाने से कुछ समय पहले ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट में वांगचुक ने दिल्ली सीमा से तस्वीरें साझा की थीं, जहां व्यापक पुलिस बल की मौजूदगी के बीच उनकी बसों को रोका गया था। वीडियो में पर्यावरण कार्यकर्ता पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत करते देखे जा सकते हैं। अपने पोस्ट में वांगचुक ने कहा कि दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस के कई वाहन उनकी बसों के साथ थे। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू में लगा कि राष्ट्रीय राजधानी के पास पहुंचने पर ये बसें उनकी सुरक्षा के लिए उनके पीछे-पीछे चल रही हैं, लेकिन बाद में यह स्पष्ट था कि उन्हें हिरासत में लिया जाने वाला है। वांगचुक ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम दिल्ली के पास पहुंच रहे हैं, ऐसा लगने लगा कि हमें सुरक्षा नहीं दी जा रही बल्कि हमें हिरासत में लिया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली सीमा पर लगभग 1,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है और उन्हें बताया गया है कि दिल्ली में लद्दाख भवन और केंद्र शासित प्रदेश के छात्रों के रहने वाले क्षेत्रों में भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि वे नहीं चाहते कि यह पदयात्रा हो।’’ पदयात्रा का आयोजन ‘लेह एपेक्स बॉडी’ द्वारा किया गया था, जो ‘करगिल डेमोक्रेटिक अलायंस’ के साथ मिलकर पिछले चार साल से लद्दाख के लिए राज्य का दर्जा, संविधान की छठी अनुसूची में इसे शामिल करने, लद्दाख के लिए लोक सेवा आयोग के साथ शीघ्र भर्ती प्रक्रिया और लेह एवं करगिल जिलों के लिए अलग लोकसभा सीट की मांग को लेकर आंदोलन का नेतृत्व कर रही है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कई संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन के आह्वान सहित कानून-व्यवस्था के मुद्दों का हवाला देते हुए अगले छह दिन के लिए मध्य भाग और सीमावर्ती क्षेत्रों में पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, बैनर, तख्तियां और हथियार लेकर चलने एवं विरोध प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगा दिया।   recent visitors 81

कमल सोनी बोले एक देश, एक सोने का भाव से उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों के लिए होगा लाभकारी

रायपुर जब से छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने कमल सोनी के नेतृत्व में काम संभाला है लगातार कारोबारियों के हित में मांग उठायी जा रही है। अब एक और बड़ा कैम्पेन वे शुरू कर रहे हैं।  छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने देशभर में सोने की कीमतों को एकसमान करने के लिए एक देश, एक सोने का भाव' (वन नेशन, वन गोल्ड रेट) नीति को लागू करने की मांग की है। इस पहल का उद्देश्य सोने की कीमतों में राज्यों के बीच हो रहे भेदभाव को खत्म करना है। वर्तमान में राज्य दर राज्य सोने की कीमतों में भिन्नता देखी जाती है, जो परिवहन लागत, मांग और आपूर्ति में अंतर और कर ढांचे के चलते उत्पन्न होती है। एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में, छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन राष्ट्रीय आभूषण संगठनों के साथ मिलकर इस मांग को केंद्र सरकार के सामने रखने की योजना बना रहा है, विशेषकर वित्त मंत्रालय के समक्ष। सोनी ने बताया, हम राष्ट्रीय संगठनों के साथ मिलकर एकसमान सोने की कीमत की नीति को लागू करने के लिए काम कर रहे हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और यह उपभोक्ताओं और व्यापारियों दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। 'एक देश, एक सोने का भाव नीति से सोने की कीमतों में लंबे समय से चली आ रही असमानताओं को दूर किया जा सकेगा। भारत में सोने की कीमतें वैश्विक मुद्रा विनिमय दरों, आयात शुल्क और स्थानीय बाजार के कारकों से प्रभावित होती हैं। हाल ही में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा सोने और चांदी पर आयात शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत किया गया था, जिसे उद्योग जगत ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है। हालांकि, अभी भी सोने की तस्करी और विभिन्न क्षेत्रों में मूल्य असमानता की चुनौतियां बनी हुई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में प्रतिवर्ष आयात किए जाने वाले लगभग 950 टन सोने में से लगभग 100 टन सोने की तस्करी होती है। कमल सोनी ने आशा व्यक्त की कि 'एक देश, एक सोने का भाव' नीति सोने के बाजार में स्थिरता लाने और सभी हितधारकों के लिए समान अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि, चाहे सोने की कीमतें कितनी ही अस्थिर क्यों न हों, उपभोक्ता मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। इस नीति से न केवल उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि व्यापारियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में कीमत प्रतिस्पर्धा से बचने में मदद मिलेगी। छत्तीसगढ़ सरार्फा एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साई और वित्त मंत्री ओ पी चौधरी से मुलाकात कर इस मांग को केंद्र के समक्ष रखेगा। recent visitors 53