पुणे की अदालत ने सावरकर मानहानि मामले में अदालत ने गांधी को समन जारी कर 23 अक्टूबर को पेश होने को कहा

पुणे पुणे की एक विशेष अदालत ने विनायक दामोदर सावरकर के पोते द्वारा दायर आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी को तलब किया है, जिसमें कांग्रेस नेता पर सावरकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। अदालत ने गांधी को समन जारी कर 23 अक्टूबर को पेश होने को कहा। पिछले साल सावरकर के पोते सात्यकी सावरकर ने इस सिलसिले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ पुणे की एक अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी। पिछले महीने यह मामला न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (एफएमएफसी) अदालत से सांसदों और विधायकों के लिए विशेष अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया था। सात्यकी सावरकर का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर ने बताया कि संयुक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) अमोल शिंदे की अध्यक्षता वाली विशेष अदालत ने गांधी के खिलाफ समन जारी करते हुए कहा कि मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 500 (मानहानि) के तहत दंडनीय आरोप का जवाब देने के लिए उनकी उपस्थिति आवश्यक है और उनका 23 अक्टूबर को अदालत के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना आवश्यक है। अपनी शिकायत में सात्यकी सावरकर ने आरोप लगाया कि गांधी ने मार्च 2023 में लंदन में दिए अपने भाषण में दावा किया था कि वी डी सावरकर ने एक किताब में लिखा है कि उन्होंने और उनके पांच-छह दोस्तों ने एक बार एक मुस्लिम व्यक्ति की पिटाई की थी और उन्हें (सावरकर को) खुशी हुई थी। सात्यकी सावरकर ने कहा कि ऐसी कोई घटना कभी नहीं हुई और वी डी सावरकर ने कभी भी, कहीं भी ऐसी कोई बात नहीं लिखी। उन्होंने गांधी के आरोप को ‘‘काल्पनिक, झूठा और दुर्भावनापूर्ण’’ करार दिया। अदालत ने पुलिस को आरोपों की जांच कर रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था। विश्रामबाग पुलिस थाने ने जांच की और कहा कि प्रथम दृष्टया शिकायत में सच्चाई है।   recent visitors 70

इजरायल ने चार दिनों में हिज्बुल्लाह के 2000 से अधिक सैन्य ठिकानों को तबाह किया, 250 हिज़्बुल्लाह लड़ाकों को खत्म

तेलअवीव इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने दावा किया है कि इजरायल पिछले चार दिनों में हिज्बुल्लाह के 2000 से अधिक सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है और लगभग 250 हिज़्बुल्लाह लड़ाकों को खत्म कर दिया है. आईडीएफ के मुताबिक, मारे गए हिज़्बुल्लाह कमांडरों में पांच बटालियन कमांडर, 10 कंपनी कमांडर और छह प्लाटून कमांडर शामिल थे. आईडीएफ ने आगे कहा कि इजरायली वायु सेना दक्षिणी लेबनान में खुफिया-आधारित अभियानों के दौरान एहतियाती हमले भी कर रही है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखे पोस्ट में आईडीएफ ने लिखा,  "पिछले 4 दिनों में, आईडीएफ ने 2,000 से अधिक सैन्य ठिकानों और 250 हिज़्बुल्लाह आतंकवादियों को खत्म कर दिया है. उनमें से 5 बटालियन कमांडर- 10 कंपनी कमांडर- 6 प्लाटून कमांडर शामिल हैं." आईडीएफ ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, 'दक्षिणी लेबनान में 24 घंटे के ऑपरेशन का विवरण: सटीक खुफिया-आधारित छापों के दौरान, IDF सैनिकों को एक आवासीय घर के अंदर रॉकेट लॉन्चर गोला-बारूद, एंटी-टैंक मिसाइल और रॉकेट मिले. इसके अलावा, इमारतों और घरों में दर्जनों हथियार मिले जिनका लक्ष्य इजरायली क्षेत्र था. हथियारों में एंटी-टैंक मिसाइल, फायरआर्म्स, विस्फोटक उपकरण शामिल हैं.' रान ने दागी थीं मिसाइलें इजरायल रक्षा बलों ने एक अपडेट साझा किया जिसमें कहा गया कि "लगभग 2 महीनों में पहली बार, दक्षिणी इजरायल में सायरन बज रहे हैं." यह घटनाक्रम ईरान द्वारा मंगलवार को इजरायल के खिलाफ युद्ध में सैकड़ों मिसाइलों को लॉन्च करने के कुछ दिनों बाद हुआ है.ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के जवाब में अपने विकल्पों पर विचार कर रहा है. अल जज़ीरा के अनुसार ईरान ने कहा था कि हमास, हिजबुल्लाह और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के शीर्ष नेताओं की हत्या के जवाब में इजरायल पर लगभग 180 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं. देश दो मोर्चों पर युद्ध का सामना कर रहा है  जिसमें देश के उत्तरी हिस्से से ईरान समर्थित हिजबुल्लाह और दक्षिणी सीमा पर हमास हमला कर रहा है. ऐसे हुई थी शुरूआत दशकों पुराने इजरायल-फिलिस्तीनी संघर्ष उस समय खूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है जब 7 अक्टूबर, 2023 को  फिलिस्तीनी हमास आतंकवादियों द्वारा इजरायल में घुसकर हमला किया गया. इस हमले में 1,200 लोग मारे गए और जिसमें लगभग 250 को बंधक बना लिया गया. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में इजरायल ने गाजा पर हमला कर दिया था जिसमें 41,000 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए, गाजा की लगभग पूरी आबादी विस्थापित हो गई. इसके बाद भूखमरी का संकट पैदा हो गया तथा इजरायल पर नरसंहार के आरोप लगे.     recent visitors 97

जमीन विवाद को लेकर जमकर चले लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी, एक दर्जन से अधिक महिला और पुरुष घायल

अंबिकापुर  अंबिकापुर के कुन्नी चौकी क्षेत्र के पटकुरा ग्राम पंचायत में जमीन कब्जा करने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो गुटों के बीच लाठी-डंडे और कुल्हाड़ियों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक दर्जन से अधिक महिला और पुरुष घायल हुए हैं. सभी घायलों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मामला 5 एकड़ की शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर शुरू हुआ. दोनों गुट इस जमीन पर अपना दावा करते हुए एक-दूसरे से भिड़ गए, जिससे विवाद हिंसक हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लों ने बताया कि दो परिवार हैं जिनके बीच पूर्व से ही जमीन विवाद को लेकर रंजिस बनी हुई थी. इस बीच 2 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे दिन दोनों परिवार के बीच वाद विवाद हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के विरुद्ध कुन्नी चौकी में एफआईआर दर्ज किया गया है. इस मामले में कार्रवाई की जा रही है. recent visitors 51

अमेठी हत्याकांड के आरोपी को एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने एक बदमाश को जेवर टोल के पास से धर दबोचा

ग्रेटर नोएडा अमेठी में हुए एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस की कई टीमें अपराधियों को पकड़ने में जुटी हुई थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने एक बदमाश को जेवर टोल के पास से धर दबोचा है। एसटीएफ यूनिट से मिली जानकारी के मुताबिक अमेठी में हुए लोंहर्षक घटना, जिसमे एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या हो गई थी, इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले अभियुक्त चंदन वर्मा पुत्र माया राम वर्मा निवासी खतराना मैदानपुर रायबरेली को यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट के द्वारा 4 अक्टूबर को जेवर टोल प्लाजा गौतमबुद्ध नगर से गिरफ्तार कर लिया गया है। अभियुक्त चंदन को हत्या के दर्ज केस में थाना शिवरतनगंज, अमेठी में दाखिल किया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस के द्वारा की जा रही है। गौरतलब है कि गुरुवार शाम को शिवरतनगंज इलाके में देर शाम बेखौफ बदमाशों ने एक शिक्षक, उसकी पत्नी व दो बेटियों की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात के पीछे मुकदमे की रंजिश मानी जा रही है। शिक्षक परिवार रायबरेली जनपद का निवासी है। डीएम, एसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे थे। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। जानकारी के मुताबिक रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र के सुदामापुर निवासी शिक्षक सुनील कुमार (35) पुत्र रामगोपाल अपनी पत्नी पूनम भारती (30), छह साल की बेटी सृष्टि, दो साल की बेटी लाडो के साथ जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे में मुन्ना अवस्थी के भवन में किराए पर रहते थे। सुनील कुमार तिलोई तहसील क्षेत्र के पन्हौना स्थित कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। बृहस्पतिवार की शाम वह पत्नी व बच्चों के साथ घर में मौजूद थे। तभी कुछ अज्ञात लोगों ने पहुंच कर शिक्षक को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। बचाव में पहुंची उसकी पत्नी व दो मासूम बेटियों को भी बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले।   recent visitors 62

धार कलेक्टर सहित दो अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी …

इंदौर  मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने धार जिले के कलेक्टर प्रियांक मिश्र और जिला पंचायत के मुख्य तत्कालीन कार्यपालन अधिकारी शृंगार श्रीवास्तव के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है। अदालत के आदेश का पालन नहीं करने पर यह आदेश जारी किया गया है। इस मामले में याचिकाकर्ता के अधिवक्ता प्रसन्ना भटनागर ने बताया कि याचिकाकर्ता मिथुन चौहान ग्राम पंचायत नालछा जिला धार में ग्राम रोजगार सहायक के पद पर पदस्थ था। 25 फरवरी 2017 को स्वास्थ खराब होने के कारण वह एक दिन कार्य पर उपस्थित नहीं हो सका। एक दिन की अनुपस्थिति को कदाचरण बताते हुए, बिना जांच किए और बिना सुनवाई का अवसर दिए उसे हटा दिया गया। हाईकोर्ट में लगाई थी रिट याचिका उक्त आदेश को चुनौती देते हुए ग्राम रोजगार सहायक ने अपील प्रस्तुत की, लेकिन अपील भी निरस्त कर दी गई। जिसके बाद उसने 2019 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ में रिट याचिका प्रस्तुत की। इसके बाद हाईकोर्ट ने इसे स्वीकार करते हुए 22 अगस्त 2023 को उसकी सेवा समाप्ति के आदेश को निरस्त कर दिया गया था। इसके साथ ही यह आदेश भी दिया गया कि ग्राम रोजगार सहायक को 50 प्रतिशत पिछले वेतन सहित वापस नौकरी पर रखा जाए। हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया इस आदेश को चुनौती देते हुए शासन के द्वारा अपील प्रस्तुत की गई, लेकिन 3 जुलाई 2024 को अपील भी निरस्त हो गई। अपील निरस्त होने के बाद भी हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया गया।याचिकाकर्ता ने अवमानना याचिका प्रस्तुत की जिसमें दिनांक 20 सितंबर 2024 को शासन को यह निर्देश दिए कि वह आदेश का पालन करें। इसके साथ ही 4 अक्टूबर 2024 को न्यायालय के समक्ष उपस्थित रहें। इसके बाद भी आदेश का पालन नहीं किया गया और न ही उक्त दोनों अधिकारी हाईकोर्ट में उपस्थित रहे। इसलिए न्यायालय द्वारा कलेक्टर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए गए हैं। recent visitors 94

फर्जी एसबीआई बैंक संचालक और नौकरी लगाने के नाम पर युवाओं से की लाखों की ठगी करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार

सक्ती फर्जी एसबीआई बैंक का संचालन करने वाले मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी अनिल भास्कर, जो सारंगढ़ भिलाईगढ़ जिले के ग्राम दुम्हानी का निवासी है. आरोपी भास्कर सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के छपोरा गांव में फर्जी एसबीआई बैंक का संचालन कर रहा था, जिसमें उसने बेरोजगार युवाओं को एसबीआई में नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है. जानकारी के अनुसार, आरोपी अनिल भास्कर ने फर्जी SBI बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लोगों से लाखों रुपये की ठगी की थी. पुलिस के आरोपी के खिलाफ धारा 318, 4, 338, 336, 340, 3, 4 bns के तहत मामला दर्ज किया गया है. फर्जी बैंक का पर्दाफाश होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया है. नौकरी के नाम पर कई जगहों पर कर चूका है ठगी पुलिस ने बताया कि आरोपी अनिल भास्कर शातिर प्रवृत्ति का व्यक्ति है जो पूर्व में भी रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर साढ़े सात लाख रुपये की ठगी किया था. जिसके खिलाफ बिलासपुर जिले के तोरवा थाने में अपराध दर्ज है. आरोपी द्वारा कई जगहों पर लोगों से नौकरी लगने के नाम पर धोखाधड़ी किया गया है. सक्ती जिले में आरोपी ने एसबीआई (SBI Bank) में नौकरी लगने के नाम पर करीब साढ़े 6 लाख रुपए की ठगी की थी और ठगी की रकम से एक कार और मोबाइल फोन भी खरीदा था. पुलिस ने बताया कि आरोपी अनिल भास्कर के अलावा मामले में आठ और भी आरोपी है जिनकी तलाश की जा रही है. आरोपियों का मेन टारगेट बेरोजगार युवा होते थे जो नौकरी की तलाश में रहते थे. उन्हें यह मोटी रकम लेकर तरह-तरह से ठगा करते थे. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे नायक डिमांड पर भेज दिया है. ऐसे हुआ भंडाफोड़ पिछले शुक्रवार को डभरा एसबीआई ब्रांच के अधिकारी दौरे पर निकले थे और रास्ते में एसबीआई की शाखा देखी तो बैंक में पहुंच गए. जहां बातचीत से उन्हें गड़बड़ लगा और उन्होंने इसकी सूचना मालखरौदा पुलिस को दी. मौके पर पुलिस एवं प्रशासन की टीम पहुंची और जांच की है. एसबीआई के अधिकारियों की शिकायत थी की इनके द्वारा स्टेट बैंक का बड़ा बैनर लगाकर बैंक का सेट अप लगाया गया था. जब जांच टीम मौके पर पहुंची तो कथित बैंक मैनेजर फरार था. शाखा में 6 कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने बताया कि पत्र एवम इंटरव्यू के माध्यम से उनको एप्वॉइंट किया गया था. उन्होंने बताया कि उक्त शाखा में एम्पलाई को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था. उनको बाद में अन्य स्थान में पोस्टिंग किया जाता. मामले में पुलिस की टीम स्टेट बैंक के शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है. recent visitors 64

अशोक तंवर ने कहा- हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ, कांग्रेस 75 सीटें जीत रही है

सिरसा (हरियाणा) हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर शनिवार को मतदान हुआ। कांग्रेस नेता अशोक तंवर ने यहां अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्र से बाहर निकलने के बाद अशोक तंवर ने मीडिया से बात की। उन्होंने दावा किया, "हरियाणा में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है। इस बार प्रदेश में ‘हाथ बदलेगा हालत’। प्रदेश में परिवर्तन का माहौल दिख रहा है। कांग्रेस 75 सीटें जीत रही है और यह संख्या बढ़ भी सकती है। अशोक तंवर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "आज सिरसा में अपने बूथ पर पहुंच कर हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य के लिए मतदान किया। इस दौरान सिरसा से प्रत्याशी गोकुल सेतिया भी साथ रहे। आप भी लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा अवश्य लें और राहुल गांधी तथा कांग्रेस की 'नफरत छोड़ो -भारत जोड़ो' और सबको न्याय देने की मुहिम द्वारा हरियाणा प्रदेश में उन्नति और खुशहाली लाने के लिए मतदान करें।" सिरसा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गोकुल सेतिया ने कहा, "पिछले चुनाव में कांग्रेस की 30 से 31 सीटें आई थीं। इसके अलावा कुल 10 सीटें ऐसी थीं जहां जीत और हार का अंतर कुछ हजार वोटों का था। मैं पिछले चुनाव में 600 वोट के अंतर से रह गया था। यहां की जनता ने भी महसूस किया है कि स्थानीय विधायक ने कोई काम नहीं कराया जिससे सिरसा के लोगों को परेशानी हुई। अब उन चीजों से जनता भी छुटकारा पाना चाहती है। मुझे पिछले चुनावों में भी जनता का भारी समर्थन मिला था। इस चुनाव में भी समर्थन मिल रहा है। मुझे बनाने वाले सिरसा के लोग हैं। मेरा विजन यह है कि मैं क्षेत्र की जनता के लिए काम करूंगा। सिरसा आने वाले समय में विकास की बुलंदियों को छुएगा।" बता दें कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद भारतीय चुनाव आयोग 8 अक्टूबर को परिणाम घोषित करेगा। recent visitors 60