‘क्रिस्पी रिश्ते’ फिल्म 18 को होगी रिलीज, राजस्थानी कल्चर और संस्कृति दिखेगी परदे पर

जयपुर. निर्देशक जगत सिंह की पांच साल की मेहनत से बनी फिल्म 'क्रिस्पी रिश्ते' 18 अक्तूबर को जियो सिनेमा पर रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म के संगीत को हंगामा ने जारी किया, जिसे संगीत प्रेमियों का काफी प्यार मिल रहा है। फिल्म के गानों में श्रेया घोषाल, मोहित चौहान, केके, पेपॉन, जुबिन नौटियाल, और ऋचा शर्मा जैसे प्रसिद्ध गायकों की आवाजें शामिल हैं। खास बात यह है कि दिवंगत गायक केके का आखिरी गाया हुआ गीत भी इस फिल्म का हिस्सा है। फिल्म में 15 गाने होने के बावजूद, यह एक म्यूजिकल फिल्म की तरह महसूस नहीं होगी, बल्कि हर गाना कहानी को आगे बढ़ाने का काम करेगा। निर्देशक जगत सिंह ने इस फिल्म का लेखन और निर्देशन किया है। जगत ने बताया कि उन्होंने जयपुर में फिल्म का काफी हिस्सा शूट किया है, जिसमें शहर के रोज़मर्रा के जीवन और बाजारों को दिखाया गया है। फिल्म में बिजेंद्र कालरा, रवि झांकल, श्रुति उल्फत, मुरली शर्मा जैसे अनुभवी कलाकारों के साथ-साथ जयपुर के स्थानीय कलाकारों ने भी काम किया है। पारिवारिक मूल्यों, प्यार और समर्पण को दर्शाने वाली यह फिल्म दर्शकों को खासा पसंद आएगी। recent visitors 164

शर्मनाक: गोवा में युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों किया गिरफ्तार

गोवा गोवा घूमने गए उत्तर प्रदेश के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक स्थानीय युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। इधर, घटना पर राजनीति भी तेज हो गई है। विपक्ष ने सरकार पर कानून और व्यवस्था बिगड़ने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने जानकारी दी है कि कलन्गूट गांव से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप हैं कि दोनों ने एक स्थानीय युवती से पूछा कि उसका दाम क्या है और क्या वह 'उपलब्ध' है। युवकों की पहचान 30 वर्षीय प्रेम पांडेय और कृष्णा सिंह के तौर पर हुई है। प्रेम उत्तर प्रदेश के लाल गंज जिले और सिंह आगरा का रहने वाला है। इनके खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। नॉर्थ गोवा एसपी अक्षत कौशल ने बताया, 'हमें शिकायत मिली थी और शिकायत के आधार पर हमने FIR दर्ज कर ली है। घटना शनिवार रात की है और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच जारी है। और गिरफ्तारियों की भी संभावनाएं हैं।' खास बात है कि इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें नजर आ रहा है कि दो युवक एक युवती के पास पहुंचते हैं और होटल साथ चलने के लिए कहते हैं। विपक्ष ने उठाए सवाल विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ ने कहा, 'जब स्थानीय महिलाएं ही सुरक्षित नहीं है, तो भाजपा सरकार गोवा आने वाले पर्यटकों को क्या सुरक्षा देगी? दो साल पहले कलन्गूट और बागा के करीब 500 लोगों ने वेश्यावृत्ति और दादागिरी के खिलाफ प्रदर्शन किया था। स्थानीय महिलाओं ने तब शाम के समय बाहर निकलने में डर की बात कही थी। अब यह हकीकत हो गई है।' उन्होंने कहा, 'हमारे खुद के ही गोवा में हमारी बेटियां और बहने सुरक्षित नहीं हैं। गोवा अपनी सुंदरता, विरासत और समृद्ध संस्कृति के लिए जाना जाता है। भाजपा गोवा को वेश्यावृत्ति, दादागिरी और अपराध के गढ़ के रूप में बदल रही है। recent visitors 98

बेसहारा भटकती महिला को रेस्क्यू कर कोतवाली पुलिस ने दिया सहारा : विक्षिप्त होने से पुलिस कर रही पतासाजी

अनूपपुर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर उर रहमान को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बम्हनी (पुलिस चौकी फुनगा थाना भालूमाडा)  क्षेत्र में एक विक्षिप्त महिला बेसहारा भटकती देखी गई है, जिन्होंने तत्काल थाना प्रभारी कोतवाली  टी. आई.अरविंद जैन को महिला को रेस्क्यू कर सहारा दिए जाने हेतु आदेशित किया। थाना कोतवाली से महिला सहायक उप निरीक्षक  हुरननिशा एवं आरक्षक कपिल सोलंकी  के द्वारा ग्राम बम्हनी और उसके बाद ग्राम छिल्पा में तलाश कर भटकती हुई बेसहारा महिला को रेस्क्यू किया जाकर सुरक्षित थाना कोतवाली लाया गया एवं भोजन पानी आदि व्यवस्था के उपरांत महिला को वन स्टाफ केंद्र अनूपपुर में दाखिल कराया गया है। महिला जिसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है, ठीक ढंग से अपना नाम पता नहीं बता पा रही है।  कोतवाली पुलिस पुलिस द्वारा उक्त अज्ञात महिला के नाम पता जानने के प्रयास किए जा रहें हैँ। कोतवाली टी.आई.अरविंद जैन द्वारा  अपील की गई है कि उक्त महिला के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर थाना कोतवाली को सूचित करें जिससे महिला को उसके परिजनों तक पहुंचा जा सके। recent visitors 70

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित, डॉ नरोत्तम मिश्रा हुए शामिल

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश सह प्रभारी श्री सतीश उपाध्याय एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी की उपस्थिति में सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केन्द्रीय ससंदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, श्री राजेन्द्र शुक्ल, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री राकेश सिंह, श्री प्रहलाद पटेल, पूर्व गृह मंत्री व वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य, प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सांसद श्री गजेन्द्र सिंह पटेल एवं पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह भी उपस्थित रहे। recent visitors 77

“रोजगार दो नशा नहीं” का पोस्टर यूथ कांग्रेस ने किया लॉन्च, CG के 1200 से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली में करेंगे हल्ला बोल

रायपुर भारतीय युवा कांग्रेस ने आज “नौकरी दो नशा नहीं”-हल्ला बोल प्रदर्शन का पोस्टर लॉन्च किया. छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान इस पोस्टर को लॉन्च किया. उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ युवाओं को नौकरी के नाम पर ठगने और नशे की ओर धकेलने के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस हल्ला बोल प्रदर्शन करने जा रही है. युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश शर्मा ने बताया कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में 16 अक्टूबर को देश भर से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली कूच कर हल्ला बोल आंदोलन करेंगे जिसमें छत्तीसगढ़ के 1200 से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे. अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार ‘स्किल इंडिया’ और ‘मेक इन इंडिया’ के नाम पर युवाओं को ठग रही है. नौकरी की जगह नशे का व्यापार चरम सीमा पर चल रहा है. युवा नशे की ओर लगातार जा रहे हैं और देश के बाहर से आए हुए ड्रग्स जैसी चीज पूरे देश में फैल चुकी है. इस आंदोलन के जरिए युवा कांग्रेस केंद्र की सोई हुई सरकार को नींद से जगाने का प्रयास करेगी. recent visitors 86

चुनाव से पहले शिंदे सरकार का मास्टरस्ट्रोक, अब मुंबई एंट्री पर टोल टैक्स खत्म

मुंबई महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक और बड़ा फैसला लिया है। राज्य में इस सप्ताह कभी भी चुनाव कराने का ऐलान हो सकता है। ऐसे में सीएम एकनाथ शिंदे और उनके सहयोगी उससे पहले जनता को लुभाने वाले फैसले लेने में जुटे हैं। इस बीच सोमवार को राज्य कैबिनेट ने मुंबई में एंट्री पर लगने वाले सारे टोल टैक्स खत्म कर दिए हैं। मुंबई में एंट्री के लिए कुल 5 रास्ते हैं, जिन पर टोल टैक्स लगता है। इन पर आज रात 12 बजे से कोई टोल नहीं लगेगा। यह फैसला छोटे वाहनों यानी बाइक, कार आदि के लिए है। कमर्शल वाहनों पर पहले की तरह टैक्स लगता रहेगा। सरकार के इस फैसले से लाखों लोगों को फायदा होने की उम्मीद है। ऐसे में इसे चुनाव से ठीक पहले मास्टरस्ट्रोक की तरह देखा जा रहा है। इस निर्णय से मुंबई और आसपास के इलाकों में सरकार के पक्ष में माहौल बन सकता है। खुद सीएम एकनाथ शिंदे ठाणे से विधायक हैं। वह सीएम रहने से पहले कई बार मुंबई में एंट्री पर लगने वाले टोल के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं। महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम की ओर से बनाए गए 55 फ्लाईओवर्स के लिए 45 रुपये का टोल टैक्स चार्ज किया जाता है। इनका निर्माण 1995 से 1999 के दौरान हुआ था। इस टोल टैक्स की वसूली कुल 5 स्थानों पर की जाती है। अब यहां टोल टैक्स आम यूजर्स पर नहीं लगेगा। मुलुंड चेक नाका, मुलुंड ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, एरोली नाका, दहीसार और मनखुर्द नाका पर टोल लगता रहा है। सड़क परिवहन निगम चाहता था कि यह टोल जारी रहे ताकि ठाणे क्रीक ब्रिज के निर्माण में आई लागत को वसूला जा सके, लेकिन सरकार ने टोल को तत्काल प्रभाव से खत्म करने का फैसला लिया है। बता दें कि राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से भी इसे लेकर आंदोलन किए जा चुके हैं। मनसे का कहना है कि टोल खत्म होना चाहिए। मनसे का कहना रहा है कि इनसे इतनी वसूली हो चुकी है, जितनी लागत सड़कों और फ्लाईओवर के निर्माण पर आई थी। सरकार के इस फैसले की भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने तारीफ की है। उनका कहना है कि मैं इस फैसल का स्वागत करता हूं। बता दें कि सीएम शिंदे खुद ठाणे से आते हैं और उनका कहना रहा है कि यह उन हजारों लोगों के साथ अन्याय है, जो हर दिन कामकाज के लिए मुंबई आते हैं। ऐसे में मुंबई एंट्री करना ही उनके लिए महंगा पड़ता है। recent visitors 59

उपचार के बावजूद नहीं जा सका बचाया, राजस्थान-अलवर में डेंगू से 14 वर्षीय बालक की मौत

अलवर. जानकारी के अनुसार मृतक बालक के चचेरे भाई बाबूलाल योगी ने बताया कि गिरिराज को 4 दिन पहले अचानक से तेज बुखार हुआ था। जिसको उपचार के लिए थानागाजी लेके गए, जहां 2 दिन तक उपचार चलने के बाद उसकी तबीयत में हलका सुधार आया था। जिसको कल देर शाम घर पर लेकर चले गए थे। आज सुबह होते-होते उसको दोबारा से अचानक तेज बुखार चढ़ गया और उसके शरीर में सूजन तक आने लग गई, जिसको आज दोबारा थानागाजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया, लेकिन कुछ देर देखने के बाद डॉक्टरों ने बालक कीहालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल अलवर के लिए रेफर कर दिया। इधर, परिजन जब गिरिराज को अलवर जिला अस्पताल के लिए लेकर आ रहे थे तभी  उसने अस्पताल से महज 5 किलोमीटर पहले ही दम तोड़ दिया। जैसे ही अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। बाबूलाल ने बताया कि भाई पहले बिल्कुल ठीक था, लेकिन अचानक से तेज बुखार हो गया था। जब हॉस्पिटल लेकर गये तो वहां काफी जांच के बाद डॉक्टरों ने डेंगू बुखार बताया था। मृतक गिरिराज छठी कक्षा में पढ़ाई करता था जो अपने पिता के इकलौता बेटा था। गिरिराज के एक बहन है, जो उससे छोटी है। गिरिराज के पिता श्रवण योगी खेती बाड़ी करके अपने घर परिवार का जीवन व्यापन करता है। कुल मिलाकर जिले में डेंगू से यह तीसरी मौत है। recent visitors 79