Sunday, July 5, 2026 6:04 pm

‘पुष्पा 2’ में साउथ ब्यूटी श्रीलीला की एंट्री, दिखाएंगी डांस का जलवा

मुंबई, साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की सुपरहिट फिल्म पुष्पा की दूसरी किस्त इसी साल सिनेमाघरों में दस्तक देने को तैयार है। ऐसे में दर्शक फिल्म से जुड़ी हर एक अपडेट को लेकर एक्साइट हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फिल्म के न‍िर्माताओं ने जानकारी दी है कि फिल्म में साउथ ब्यूटी श्रीलीला आइटम सॉन्ग पर डांस करेंगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर श्रीलीला का एक पोस्टर शेयर कर फिल्म के न‍िर्माताओं ने जानकारी दी है। उन्हों ने कैप्शन में लिखा “टीम ‘पुष्पा 2 द रूल’ में डांसिंग क्वीन श्रीलीला का सॉन्ग ‘ऑफ द ईयर’ बनने के लिए स्वागत करती है। आगे लिखा “यह गाना डांस और संगीतमय आनंद देने वाला है। फिल्म इसी साल 5 दिसंबर को दुनिया भर में ग्रैंड रिलीज के लिए तैयार है।” फिल्म में अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना, श्रीलीला, फहाद फासिल मुख्य रोल में हैं। वहीं, श्रीलीला ने सामंथा रुथ प्रभु की जगह ले ली है। सामंथा ने ‘पुष्पा’ में ‘ऊं अंटावा’ गाने पर आइटम नंबर किया था। अपकमिंग फिल्मे ‘पुष्पा  2’ का निर्देशन सुकुमार कर रहे हैं। एक्शन-थ्रिलर फिल्म की पहली किस्त ‘पुष्पा: द राइज’ है, जो 2021 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने में कामयाब रही थी। फिल्म का हर एक गाना चाहे वह “तेरी झलक श्रीवल्ली” हो या “ऊं अंटावा” सफलता की अलग ही कहानी लिखने में कामयाब रही। पुष्पा 2 फि‍ल्म 5 दिसंबर को इसी साल तेलुगू, तमिल, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। ‘पुष्पा 2: द रूल’ का नया पोस्टलर हाल ही में रिलीज किया गया है। इसमें अल्लू अर्जुन का जबरदस्त अंदाज सामने आया है। पोस्टर में अल्लू अर्जुन के प्रतिष्ठित किरदार ‘पुष्पा राज’ को एक आकर्षक लुक में दिखाया गया है। यह पोस्ट्र दिखाता है कि पुष्पा के साथ दुश्मनी का अंत बहुत रोमांचक होने वाला है। माइथ्री मूवी मेकर्स के सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए गए पोस्टर पर कैप्शन दिया गया है ‘पुष्पा 2: द रूल’ के लिए 100 दिन शेष हैं, 6 दिसंबर 2024 को सिनेमाघरों में एक शानदार बॉक्स ऑफिस अनुभव के लिए तैयार हो जाइए।” तेलुगू एक्शन फिल्म का लेखन सुकुमार ने किया है। वहीं नवीन यरनेनी और यालामनचिली रविशंकर ने अपने माइथ्री मूवी मेकर्स बैनर के तले इसका निर्माण किया है। recent visitors 178

हमारी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं और विकास के बलबूते हम रायपुर दक्षिण का उपचुनाव जीतने जा रहे हैं

रायपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के संयोजक शिवरतन शर्मा ने कहा है कि भाजपा विश्वास का नाम है जबकि कांग्रेस विश्वासघात का नाम है। भ्रष्टाचार और अपराध कांग्रेस रूपी सिक्के के दो पहलू हैं। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में अपने पाँच साल और नगर निगम में 15 वर्षों के शासनकाल में केवल वादाखिलाफी करते जनता से किए गए अपने वादों से मुकरने का काम किया। श्री शर्मा सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि आखिर रायपुर दक्षिण की जनता कांग्रेस को वोट क्यों करें? कांग्रेस ने ऐसा कौन सा काम किया है, जिसके लिए रायपुर की जनता कांग्रेस का समर्थन करे? सन 2018 के कांग्रेस के जनघोषणा पत्र की चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने गंगाजल हाथ में उठाकर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की शपथ ली थी, लेकिन शराब घोटाला कर दिया। महादेव जुआ, कोयले की दलाली का प्रकरण प्रदेश के सामने है। किसानों को धमकाने-चमकाने के अनेक मामले सामने आए। श्री शर्मा ने कहा कि बीते 10 महीने के भाजपा शासनकाल में भी प्रदेश में कानून-व्यवस्था की समस्या और स्थिति को बिगाडने के लिए एक सुनियोजित षड्यंत्र कांग्रेस के नेताओं द्वारा किया जा रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण बलौदाबाजार की घटना है। उसके सूत्रधार कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव थे। पिछले तीन महीने से वह जेल में है और उनकी जमानत नहीं हो पा रही है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने 5 साल में आखिर किया क्या है? स्मार्ट सिटी के नाम पर सैकड़ों करोड रुपए का जो भ्रष्टाचार हुआ है, उसकी भी पूरी जांच होगी और जो दोषी है उनको जेल भेजने की व्यवस्था भाजपा सरकार करेगी। भाजपा की केंद्र सरकार की योजना में रायपुर दक्षिण में 2665 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए और बने। 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का पैसा मिल रहा है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के पाँच वादों, जिसमें लगभग 25 हजार करोड रुपए का खर्च आना था, हमने 5 महीने के अंदर पूरा करके दिखाया। 2 साल के बकाया बोनस देने की बात हो चाहे तेंदूपत्ता संग्रहण की राशि बढ़ाने की बात हो चाहे प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने की बात, हमने 4 महीने के अंदर यह सारे वादे पूरे किए और छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य के साथ जो कांग्रेस की सरकार खेल कर रही थी उस पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई से कराई जा रही है।  प्रदेश के मंत्री और दक्षिण उपचुनाव के प्रभारी श्यामबिहारी जायवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के 1 साल भी पूरे नहीं हुए हैं और इतने कम समय में हमने काम करके दिखाया है।  हमारी सरकार की जो महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं और विकास के बलबूते हम इस चुनाव को जीतने जा रहे हैं। प्रदेश में पूरे खुशहाली का वातावरण आज है। घर-घर तक जो नल जल पानी पहुंचाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना है उसको हम पूरा करने वाले हैं। हजारों श्रद्धालु प्रतिमाह रामलला के दर्शन करने जा रहे हैं। इसी प्रकार नक्सलवाद के मोर्चे पर भी प्रदेश सरकार ने सफलता अर्जित की है और विगत 10 महीने में हमारी सरकार ने 200 नक्सलियों को मार गिराया 800 नक्सलियों ने आत्म समर्पण किया और 738 नक्सलियों को को गिरफ्तार करके जेल में डाला गया है। इस प्रकार से नक्सलवाद दम तोड़ रहा है। इस दौरान विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक ईश्वर साहू, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक मितुल कोठारी, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील चौधरी उपस्थित रहे। recent visitors 48

बच्चों के भविष्य निर्माण में आपका निर्णय महत्वपूर्ण – मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया

भोपाल महिला-बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल संरक्षण समिति के नव नियुक्त सदस्यों के ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुई। उन्होंने कहा कि बाल कल्याण समिति या किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यों को कई अधिकार प्राप्त होते हैं। देखरेख एवं संरक्षण की जरुरत वाले बच्चों एवं विधि विवादित बच्चों के सम्बन्ध में आपके निर्णय बच्चों का भविष्य तय करते हैं। इसलिए बच्चों के सर्वोत्तम हित में न्यायोचित निर्णय लें, यही सभी से अपेक्षा है। मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 एक व्यापक कानून है जो किशोरों की समृद्धि और विकास के लिए न्याय और अवसरों की व्यवस्था करता है। यह कानून बच्चों का सर्वोत्तम हित सुनिश्चित करता है और देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों एवं विधि विवादित बच्चों के मूलभूत मानव अधिकारों के संरक्षण हेतु प्रतिबद्धता व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वोत्तम हित में इस कानून को और किशोर न्याय प्रणाली के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण दिया जायेगा। सुश्री भूरिया ने कहा कि आप सभी को बच्चों के कल्याण और संरक्षण का दायित्व सौंपा जा रहा है, उसका निर्वहन आप ही कर सकते हैं, कोई और यह नहीं कर सकता, इसलिए आप अपना कार्य पूरी तन्मयता और सतर्कता के साथ करें। कार्यक्रम में विभागीय आयुक्त श्रीमती सूफिया फारूकी वली ने भी प्रतिभागियों को संबोधित कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के प्रति पर्याप्त समझ विकसित कर पूरी संवेदनशीलता के साथ बच्चों के पुनर्वास से सम्बंधित निर्णय लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम एवं नियम, दत्तक ग्रहण विनियम, मिशन वात्सल्य दिशा निर्देश, बाल संरक्षण हेतु केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे – पी एम केयर्स फॉर चिल्ड्रन स्कीम, मुख्यमंत्री कोविड-19 बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना आदि के क्रियान्वयन हेतु बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड की भूमिका के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन प्रदेश के 17 जिलों में नव नियुक्त बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड के 157 अध्यक्ष एवं सदस्य एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के 54 नवनियुक्त कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया गया।   recent visitors 107

मोदी ने कहा- कुछ लोग समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, भारत को विकसित बनाने के लिए एकता महत्वपूर्ण

अहमदाबाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि कुछ लोग अपने निहित स्वार्थों के लिए समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें हराने की जरूरत है। उन्होंने देश को 2047 तक विकसित बनाने के लिए एकता की जरूरत पर बल दिया। प्रधानमंत्री श्री स्वामीनारायण मंदिर की 200वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुजरात के खेड़ा जिले के वडताल में श्रद्धालुओं की एक सभा को डिजिटल माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों के बीच एकता और राष्ट्र की अखंडता महत्वपूर्ण है। लेकिन दुर्भाग्य से कुछ लोग अपने निहित स्वार्थों या संकीर्ण मानसिकता के चलते हमारे समाज को जाति, धर्म, भाषा, पुरुष-महिला, गांव-शहर के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अपने संबोधन में कहा, ‘‘हमें उनके इरादों को समझना होगा और उन्हें हराने के लिए एकजुट होना होगा।’’ मोदी ने स्वामीनारायण सम्प्रदाय के सभी संतों से अनुरोध किया कि वे भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने लक्ष्य को पूरा करने में देश के प्रत्येक नागरिक को जोड़ें। उन्होंने कहा कि जैसे आजादी के आंदोलन में एक शताब्दी तक समाज के भिन्न-भिन्न कोने से आजादी की ललक और आजादी की चिंगारी देशवासियों को प्रेरित कर रही थी, वैसी ही ललक और वैसी ही चेतना ‘विकिसत भारत’ के लिए 140 करोड़ देशवासियों में हर पल होना जरूरी है उन्होंने कहा, ‘‘युवा, राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं और करेंगे। इसके लिए हमें सशक्त और शिक्षित युवाओं का निर्माण करना होगा। ‘विकसित भारत’ के लिए हमारे युवा सशक्त होने चाहिए। कुशल युवा हमारी सबसे बड़ी ताकत बनेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि भारत सरकार ने स्वामीनारायण मंदिर, वडताल के 200 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक सिक्का जारी किया है। भगवान स्वामीनारायण हमारे इतिहास के कठिन समय में आए थे और हमें नई ताकत दी थी।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि 200 साल पहले जिस वडताल धाम की स्थापना भगवान श्री स्वामीनारायण ने की थी, आज भी उसकी अध्यात्मिक चेतना को जागृत रखा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम आज भी यहां भगवान श्री स्वामीनारायण की शिक्षाओं को, उनकी ऊर्जा को अनुभव कर सकते हैं।’’   recent visitors 97

मतदाताओं से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कंगाले ने मतदान करने की अपील की

रायपुर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने रायपुर नगर (दक्षिण) विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करने की अपील की है। रायपुर नगर (दक्षिण) विधानसभा उप-निर्वाचन के लिए 13 नवम्बर को सवेरे सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके लिए निर्वाचन क्षेत्र में 253 मुख्य मतदान केंद्र और 13 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उप-निर्वाचन में क्षेत्र के कुल दो लाख 71 हजार 169 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें एक लाख 33 हजार 800 पुरूष मतदाता, एक लाख 37 हजार 317 महिला मतदाता और 52 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। recent visitors 56

धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 और बाजरा का 2625 रुपये प्रति क्विंटल

भोपाल खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि खरीफ विपणन मौसम 2024-25 के लिये धान कॉमन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 और धान ग्रेड-ए का 2320 रुपये है। इसी तरह ज्वार मालदण्डी का 3421 रूपये, ज्वार हाईब्रिड का 3371 रूपये और बाजरा का समर्थन मूल्य 2625 रुपये है। किसानों की एफएक्यू गुणवत्ता की उपज इन्हीं दरों पर उपार्जित की जायेगी। मंत्री श्री राजपूत ने बताया है कि ज्वार एवं बाजरा का उपार्जन 22 नवम्बर से 20 दिसम्बर तक और धान का उपार्जन 2 दिसम्बर से 20 जनवरी 2025 तक किया जायेगा। उपार्जन प्रत्येक सप्ताह के सोमवार से शुक्रवार तक होगा। 45 लाख मीट्रिक टन होगी धान की खरीदी भारत सरकार द्वारा निर्धारित मात्रा के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 45 लाख मीट्रिक टन, बाजरा की 3 लाख मीट्रिक टन और ज्वार की 50 हजार मीट्रिक टन की जायेगी। गोदाम स्तर पर खाद्यान्न की गुणवत्ता का परीक्षण उपार्जन एजेंसी के गुणवत्ता सर्वेयर द्वारा स्टेक लगाने के पहले किया जायेगा। परिवहनकर्ता द्वारा समय-सीमा में उपार्जित खाद्यान्न का परिवहन नहीं करने पर पेनाल्टी की व्यवस्था साप्ताहिक रूप से की जायेगी। भुगतान व्यवस्था समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा की खरीदी के बाद भुगतान, कृषक पंजीयन के दौरान आधार नम्बर से लिंक बैंक खाते में किया जायेगा। धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन अवधि के दौरान पड़ोसी राज्यों से उपार्जन केन्द्र पर लायी जाने वाली उपज की अवैध बिक्री को रोकने के लिये समुचित कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर्स को दिये गये हैं। पंजीयन एवं उपार्जन में आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिये जिले में एक तकनीकी सेल का गठन किया जायेगा। राज्य स्तर पर भी तकनीकी सेल का गठन किया जायेगा। जिला स्तरीय समिति उपार्जन संबंधी सभी विवादों का अंतिम निराकरण तथा उपार्जित खाद्यान्न की गुणवत्ता की निगरानी करेगी। राज्य स्तर पर एक कंट्रोल-रूम भी स्थापित किया जायेगा। इसका टेलीफोन नम्बर 0755-2551471 रहेगा। उपार्जन अवधि में यह सुबह 9 से रात 7 बजे तक संचालित रहेगा।   recent visitors 92

कांग्रेस ने महाराष्ट्र में भाजपा नीत महायुति सरकार का प्रचार अभियान नफरत से भरा है, आरोप लगाया

नई दिल्ली कांग्रेस ने सोमवार को महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति सरकार पर अपने चुनाव प्रचार अभियान में जानबूझकर ‘‘नफरत एवं जहर’’ घोलने और ‘‘राज्य में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने’’ का प्रयास करने का आरोप लगाया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह प्रचार अभियान भाजपा की ‘‘बीमार मानसिकता’’ को सामने लाता है। रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति के प्रचार अभियान में केवल एक ही एजेंडा है – सिर्फ और सिर्फ धर्म के आधार पर समाज का ध्रुवीकरण करना और राज्य में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ना। ऐसा खतरनाक अभियान उनकी बीमार मानसिकता को सामने लाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनका पूरा प्रचार अभियान नफरत से भरा है और जानबूझकर समाज में जहर घोलने का काम कर रहा है। लेकिन महाराष्ट्र की जनता 20 नवंबर को इस तरह के प्रचार अभियान को निर्णायक रूप से खारिज करेगी।’’ रमेश ने कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस नीत महा विकास आघाडी (एमवीए) का प्रचार अभियान लोगों की दैनिक समस्याओं, परेशानियों और बुनियादी मुद्दों पर है जैसे कि किसानों और महिलाओं के गंभीर संकट, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि और श्रमिकों में असुरक्षा। उन्होंने कहा कि गठबंधन के एजेंडे में युवाओं के लिए नौकरियों की कमी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अपर्याप्त सामाजिक न्याय और बड़ी निवेश परियोजनाओं में महाराष्ट्र के साथ भेदभाव भी शीर्ष पर हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा जिसमें एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना, भाजपा और अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) समेत सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का मुकाबला कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार नीत राकांपा (एसपी) वाले एमवीए से है। मतगणना 23 नवंबर को होगी।   recent visitors 77