Wednesday, July 8, 2026 1:42 am

मैं कहना चाहता हूं कि संविधान उनके लिए खाली है क्योंकि उन्हें पता नहीं है कि संविधान के अंदर क्या लिखा है: राहुल गांधी

नंदुरबार लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को महाराष्ट्र के नंदुरबार में थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा। यहां उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा है कि दो विचारधाराओं और दो सोच की टक्कर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मैं जनता के बीच जो संविधान दिखाता हूं वह खाली है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि संविधान उनके लिए खाली है क्योंकि उन्हें पता नहीं है कि संविधान के अंदर क्या लिखा है। राहुल गांधी ने कहा, मुझे लाल रंग से फर्क नहीं पड़ता है। संविधान के अंदर जो लिखा है इसके लिए मैं जान देने के लिए तैयार हैं। इंडी एलायंस संविधान की रक्षा कर रही है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहना चाहता हूं कि संविधान खोखला नहीं है। इसमें बिरसा मुंडा, भगवान बुद्ध, गांधी, फुले की सोच है। इस संविधान में हिंदुस्तान का ज्ञान है, देश की आत्मा है। जब पीएम नरेंद्र मोदी संविधान को खोखला कहते हैं, तो वे बिरसा मुंडा जी, भगवान बुद्ध, गांधी जी, फुले जी, अंबेडकर जी का अपमान करते हैं। संविधान में आपको 'आदिवासी' नाम दिया गया है। लेकिन भाजपा-आरएसएस के लोग आपको 'वनवासी' कहते हैं। आदिवासी और वनवासी में बहुत बड़ा फर्क है। आदिवासी का मतलब- हिंदुस्तान के पहले मालिक। वनवासी का मतलब- जल, जंगल, जमीन पर आपका कोई अधिकार नहीं है। आपके इसी अधिकार को बचाने के लिए बिरसा मुंडा जी अंग्रेजों से लड़े थे। आज यही सोच लेकर नरेंद्र मोदी और भाजपा के लोग घूम रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा है कि महाराष्ट्र की सरकार यहां के प्रोजेक्ट्स को दूसरे प्रदेश में भेजती है, इस कारण यहां के लोगों को नौकरी करने दूसरे राज्य में जाना पड़ता है। महाराष्ट्र सरकार ने करीब 5 लाख रोजगार छीन लिए। यही कारण है कि यहां के युवा बेरोजगार हैं। लेकिन हमारी सरकार ऐसा नहीं होने देगी। जो प्रोजेक्ट गुजरात का है, वो उनका रहेगा और जो महाराष्ट्र का है, वो यहां से कहीं और नहीं जाएगा। recent visitors 106

यूनिसेफ भेजेगा सफाई मित्रों के मोबाइल पर मैसेज, आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री यादव ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

भोपाल प्रदेश में सफाई मित्र और उनके परिवार को राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने के लिये यूनिसेफ उनके मोबाइल पर वीडियो संदेश और मैसेज भेजेगा। इस संबंध में आज यूनिसेफ के प्रतिनिधि-मण्डल ने आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री भरत यादव से मुलाकात की। वीडियो मैसेज में बच्चों के पालन-पोषण तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास के तरीकों के बारे में समझाया जायेगा। आयुक्त ने बताया कि यूनिसेफ को इसके लिये सफाई मित्रों की मोबाइल नम्बर सूची स्थानीय निकायों के माध्यम से दी जायेगी। विभागीय कार्यों की समीक्षा आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री भरत यादव ने स्वनिधि से समृद्धि, पीएम स्वनिधि योजना और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि भवन अनुज्ञा से संबंधित प्रकरण निश्चित समय-सीमा में निराकृत किये जायें। श्री यादव ने नगरीय निकायों के अधिकारियों को फायर सेफ्टी के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के लिये कहा। बैठक में केन्द्र की सहायता से चलने वाली योजनाओं की भी समीक्षा की गयी।   recent visitors 61

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में बाल दिवस पर बच्चों ने किया भ्रमण

भोपाल वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में बाल दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के 878 बच्चों ने वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान बच्चे बाघ, तेंदुआ, मगर, घड़ियाल, चीतल, सांभर, नीलगाय और विभिन्न प्रकार के पक्षियों, तितलियों और सीमा से लगे बड़े तालाब को देखकर रोमांचित हुए। वन विहार के मुख्य मार्ग पर स्थित स्नेक पार्क में बच्चों ने विभिन्न प्रजातियों के सर्पों का अवलोकन किया। वहाँ तैनात कर्मचारियों ने सर्पों के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने वन्य-प्राणी संबंधी जानकारी प्राप्त कर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया।   recent visitors 70

जम्मू की मूल निवासी शेफाली जामवाल बनी मिसेज यूनिवर्स अमेरिका, जीता खिताब

मुंबई जम्मू की मूल निवासी शेफाली जामवाल ने मिसेज यूनिवर्स अमेरिका का खिताब जीत लिया है। उनके सिर मिसेज यूनिवर्स अमेरिका 2024 का ताज सजा है। शेफाली भारतीय सेना के ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) की बेटी हैं। जम्मू की मूल निवासी शेफाली जामवाल को सौंदर्य प्रतियोगिता में मिसेज यूनिवर्स अमेरिका 2024 का खिताब मिला है। जामवाल ने पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को लेकर शानदार जवाब दिए, जिसे लेकर उन्होंने वहां पर उपस्थित दर्शकों और जजों दोनों पर शानदार प्रभाव डाला। बता दें कि वाशिंगटन के रेंटन में आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाली को लेकर उनकी अवेयरनेस ने खासा प्रभाव डाला और खिताब को उनके नाम करने में मदद की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्थान को लेकर अपने विचार रखे। शेफाली ने खुद को ‘पृथ्वी की संतान’ बताते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि ऐसा भविष्य तैयार हो, जहां मानवता प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण रूप से सह-अस्तित्व में रहे। उन्होंने कहा, "मेरा सपना एक स्थायी प्रभाव छोड़ना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां पृथ्वी पर हरियाली के बीच रह सकें और स्वच्छ हवा में सांस ले सकें और शुद्ध पानी पी सकें। बता दें कि शेफाली ने लाइवटूसर्व नाम के एक गैर-लाभकारी संगठन की सह-स्थापना की है, जो पर्यावरण चेतना को बढ़ावा देता है। यह गैर लाभकारी संगठन बच्चों और जानवरों के साथ मानव कल्याण की भी पहल करता है। एक सैन्य परिवार में पली-बढ़ी शेफाली अपने पिता-माता को अपनी ताकत मानती हैं और मानती हैं कि उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। मिसेज यूनिवर्स अमेरिका का खिताब जीतने वाली शेफाली अगले साल फिलीपींस में होने वाली वर्ल्ड मिसेज यूनिवर्स प्रतियोगिता में संयुक्त राज्य अमेरिका को रिप्रेजेंट करेंगी। recent visitors 76

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को भव्य स्वरूप में मनाया जाए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मनुष्य के रूप में जीते जी जिन्हें भगवान का दर्जा मिला, ऐसे भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती प्रति वर्ष मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अतीत में इतिहास के पन्नों पर स्वर्ण बिहार, झारखंड की धरती से उन्होंने अंग्रेजों का प्रबल प्रतिरोध स्थापित किया, जहां से आदिवासी अंचल में दो स्वतंत्रता आंदोलन की भूमिका बनी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का राज्य स्तरीय कार्यक्रम शहडोल और धार में आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों से स्वतंत्रता आंदोलन में भगवान बिरसा मुंडा के उन पक्षों को भी सामने रखा जायेगा, जिससे स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूती मिली। recent visitors 57

आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव है गीता उत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीमद् भगवत गीता पर केन्द्रित गीता उत्सव के अभियान पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस उत्सव का महत्व इसलिए और भी बढ़ जाता है क्योंकि देश में पहली बार गीता पर आधारित शिक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भगवत गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की महान कला सिखाने वाला मार्गदर्शक ग्रंथ भी है। उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव हमारी महान सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का उत्सव है। यह एक अद्भुत अवसर है जिसके माध्यम से हम श्रीमद् भगवत गीता के अमूल्य ज्ञान और प्रेरणा को अपने जीवन में आत्मसात कर सकते है। मूल्य आधारित शिक्षा प्रतियोगिता मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित श्रीमद् भगवत गीता के जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। स्कूल शिक्षा एवं इस्कॉन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से गीता की अमूल्य शिक्षा और जीवन मूल्यों को गहराई से समझने और उन्हें आत्मसात करने का अद्भुत अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल लोगों के बौद्धिक विकास में सहायक होगी बल्कि उनमें धैर्य, आत्म नियंत्रण और सही निर्णय लेने की क्षमता का भी विकास करेगी। गीता उत्सव के माध्यम से लोगों को गीता के गहन संदेशों को आत्मसात करने और अपने जीवन को ऊर्जावान और सही दिशा प्रदान करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से गीता उत्सव कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि इस उत्सव में शामिल होकर इसे अविस्मरणीय बनाएं।   recent visitors 62

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर 15 नवम्बर से चलेगा राजस्व महा-अभियान 3.0

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजस्व महा-अभियान-1 और 2 की सफलता के बाद राजस्व महा-अभियान 3.0 को 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक चलाने के निर्देश दिये हैं। राजस्व महा-अभियान में किये जाने वाले कार्यों के विस्तृत दिशा-निर्देश सभी कलेक्टर्स को जारी कर दिये गये हैं। प्रमुख सचिव राजस्व श्री विवेक पोरवाल ने बताया कि राजस्व विभाग के लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और राजस्व अभिलेख त्रुटियों को राजस्व महा-अभियान 3.0 में ठीक किया जायेगा। सभी जिला कलेक्टर्स को महा-अभियान के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं। जिलेवार प्रगति के लिये राजस्व महा-अभियान डेसबोर्ड भी बनाया गया है। महा-अभियान में राजस्व न्यायालयों में नामांतरण, बंटवारा, अभिलेख दुरुस्ती, सीमांकन के लंबित प्रकरणों का निराकरण, नये राजस्व प्रकरणों को राजस्व न्यायालयों में दर्ज कराना, नक्शे पर तरमीम, पीएम किसान का सैच्युरेशन, आधार का आरओआर से लिंकिंग, परम्परागत रास्तों का चिन्हांकन, फार्मर रजिस्ट्री और स्वामित्व योजना का क्रियान्वयन सुनिश्चित करना शामिल है। राजस्व विभाग द्वारा महा-अभियान के जारी दिशा-निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि समय-सीमा पार कर चुके नामांतरण प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करते हुए नवीन दर्ज प्रकरणों का भी समय-सीमा में निराकरण किया जायेगा। साथ ही उत्तराधिकार नामांतरण के अंतर्गत ग्राम के पटवारी द्वारा बी-1 का वाचन कराया जाकर ऐसे व्यक्तियों की सूची तैयार की जायेगी, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। उसके अनुसार प्रकरण दर्ज कर फौती नामांतरण की कार्रवाई होगी। इसी प्रकार बंटवारा प्रकरणों के लंबित प्रकरणों का निराकरण और नवीन दर्ज प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा। राजस्व महा-अभियान में 6 माह की अवधि से लंबित सभी प्रकार के अभिलेखों के शुद्धिकरण के प्रकरणों का निराकरण भी सुनिश्चित होगा। राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि महा-अभियान में आरसीएमएस पर दर्ज लंबित सीमांकन प्रकरणों का त्वरित निराकरण और नवीन प्रकरणों को दर्ज कर निराकृत करें। महा-अभियान में धारा-131 के तहत मान्यता प्राप्त सड़क, रास्ते, सार्वजनिक भूमियों का चिन्हांकन भी होगा। राजस्व महा-अभियान में नक्शे में बटांकन की कार्रवाई की जायेगी। ग्राम नक्शा में उपलब्ध खसरा बटांकन सूची के अनुसार भू-लेख पोर्टल पर नक्शा बटांकन मॉड्यूल के माध्यम से पटवारी एवं तहसीलदार द्वारा नक्शे में तरमीम अमल का काम किया जायेगा। तरमीम अमल कार्य करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जायेगी। सभी शामिल खसरों को बंदोबस्त के रिकॉर्ड एवं वर्तमान खसरा नक्शे के आधार पर रिकॉर्ड दुरुस्त किया जायेगा। भू-अभिलेख पोर्टल पर जाकर आवेदक अपने खसरे को आधार से लिंक कर सकता है। इसका सत्यापन पटवारी द्वारा किया जायेगा। पीएम किसान योजना में सेच्युरेशन के लिये की जाने वाली कार्यवाही में छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को योजना में जोड़ा जायेगा। अपात्र हितग्राहियों की जानकारी पीएम किसान पोर्टल पर अद्यतन की जायेगी। लंबित ई-केवाईसी की कार्रवाई पीएम किसान एप, पीएम किसान पोर्टल के माध्यम से ओटीपी द्वारा, सीएससी केन्द्र के माध्यम से बॉयोमेट्रिक द्वारा अथवा पीएम किसान एप के माध्यम से फेस रिकग्निशन द्वारा पूर्ण की जायेगी। लंबित आधार बैंक खाता डीबीटी के लिये इनेवल करने की कार्यवाही संबंधित बैंकर्स का सहयोग लेकर एवं इण्डिया पोस्ट पेमेंट बैंक संबंधी खाता खोलकर पूर्ण की जायेगी। महा-अभियान में स्वामित्व योजना के तहत 30 नवम्बर, 2024 तक समस्त ग्रामों में ग्राउण्ड ट्रुथिंग का कार्य पूर्ण किया जाकर अद्यतन नक्शा सर्वे ऑफ इण्डिया से प्राप्त किये जायेंगे। योजना में आरओआर एन्ट्री की कार्यवाही सतत रूप से की जायेगी। कार्यवाही को 15 दिसम्बर तक पूरा किया जायेगा। राजस्व महा-अभियान 3.0 में की जाने वाली कार्यवाही पर संभागायुक्त नजर रखेंगे। साथ संभाग के जिलों का भ्रमण कर अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा भी करेंगे। राजस्व महा-अभियान में समन्वय के लिये राज्य स्तर पर अपर संचालक मध्यप्रदेश भू-अभिलेख प्रबंधन भोपाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।   recent visitors 87