Wednesday, July 8, 2026 6:15 am

उत्तराखंड में बैकुंठ चतुर्दशी में संतान की प्राप्ति के लिए यहां होता है विशेष अनुष्ठान

देहरादून. आज बैकुंठ चतुर्दशी है। हिंदू धार्मिक मान्यता के अनुसार आज के दिन विष्णु और शिव भगवान की आराधना करने वालों की मनोकामना पूरी होती है। आज के दिन दिये जलाने का विशेष महत्व है। उत्तराखंड में दो ऐसे सिद्धपीठ मंदिर है जहां आज संतान की प्राप्ति के लिए दंपत्ति विशेष पूजा अर्चना करते हैं। रुद्रप्रयाग में क्रौंच पर्वत पर विराजमान भगवान कार्तिक स्वामी के तीर्थ में दो दिवसीय बैकुंठ चतुर्दशी मेला आयोजित होता है। रात को कार्तिक स्वामी मंदिर परिसर में रातभर अखंड जागरण और कीर्तन भजनों का आयोजन होता है। निसंतान दंपतियों की ओर से रातभर हाथों में प्रज्वलित दीप लेकर संतान प्राप्ति की कामना की जाएगी। निसंतान दंपति हाथों में रातभर जलता दीया लेकर संतान प्राप्ति की कामना करते हैं। संतान प्राप्ति की रात 9 बजे, 12 बजे, 3 बजे और 15 नवंबर को ब्रह्म बेला पर सुबह 6 बजे चारों पहर की चार आरतियां उतारी जाएंगी। अंतिम आरती के साथ अखंड जागरण, कीर्तन भजनों का समापन होगा। बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर निसंतान दंपति हाथों में रातभर जलते दीपक लेकर संतान प्राप्ति की कामना करेंगे। 15 नवंबर को दिन भर श्रद्धालु पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करेंगे। पौराणिक मान्यता है कि कार्तिक मास की बैकुंठ चतुर्दशी को शिव-पार्वती पुत्र कार्तिकेय को मिलने के लिए कैलाश से क्रौंच पर्वत आए थे। लेकिन कार्तिकेय क्रौंच पर्वत से चार कोस दूर हिमालय की ओर चले गए। शिव पार्वती समेत 33 कोटि देवी-देवताओं ने बैकुंठ चतुर्दशी की रातभर कुमार कार्तिकेय की स्तुति की। 33 कोटि देवी-देवता क्रौंच पर्वत पर ही पाषाण रूप में तपस्यारत हुए। पौड़ी जिले के श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले में कमलेश्वर महादेव मंदिर में हर साल संतान प्राप्ति के लिए विशेष अनुष्ठान किया जाता है। मान्यता है कि कमलेश्वर महादेव मंदिर में दंपति अपनी मनोकामना पूर्ण करने के उद्देश्य से पूरी रात भगवान शिव की आराधना करते हैं। यहां पर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना होती है।   recent visitors 83

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सपा नेता इरफान सोलंकी की सजा पर नहीं लगाई रोक, जमानत मंजूर

प्रयागराज इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कब्जे के लिए महिला का घर जलाने के मामले में सात साल की सजा पाए कानपुर के सीसामऊ सीट से सपा विधायक रहे इरफान सोलंकी की जमानत मंजूर कर ली है। हालांकि कोर्ट ने सजा पर रोक नहीं लगाई है। साथ ही सजा बढ़ाने की राज्य सरकार की अपील चार सप्ताह बाद सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता एवं न्यायमूर्ति सुरेंद्र सिंह की खंडपीठ ने गुरुवार को खुली अदालत में सुनाया। खंडपीठ ने इरफान सोलंकी और राज्य सरकार की अपीलों पर लंबी सुनवाई के बाद गत आठ नवंबर को फैसला सुरक्षित कर लिया था। मामले के तथ्यों के अनुसार, कानपुर की स्पेशल कोर्ट एमपी एमएलए ने जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी निवासी नजीर फातिमा ने घर जलाने के मामले में विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिजवान सोलंकी सहित पांच लोगों को गत सात जुलाई 2024 को सात साल कैद की सजा सुनाई है। हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर स्पेशल कोर्ट के इस आदेश को चुनौती दी गई। अपील में सजा रद्द करने व अंतिम निर्णय आने तक जमानत देने व सजा पर रोक लगाने की मांग की गई। उधर राज्य सरकार ने सजा बढ़ाकर उम्रकैद करने की मांग में अपील दाखिल की। जानें पूरा मामला बता दें कि जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी निवासी नजीर फातिमा ने घर जलाने के मामले में कानपुर की सीसामऊ विधानसभा के निवर्तमान विधायक इरफान सोलंकी व उनके भाई रिजवान सोलंकी पर मुकदमा दर्ज कराया था। एमपी-एमएलए कोर्ट ने 7 जुलाई 2024 को इरफान सोलंकी समेत पांच लोगों को सात साल की कैद की सजा सुनाई है। इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए अपील दाखिल की गई है। सजा के चलते इरफान सोलंकी की विधानसभा सदस्यता रद्द हो गई है। सजा पर रोक लगती है तो सदस्यता बहाल हो जाएगी। recent visitors 71

खाद्य मंत्री राजपूत ने प्रस्तावित मिलर्स नीति के संबंध में मिलर्स से की चर्चा

भोपाल अच्छी एवं समय पर मिलिंग करने वाले‍मिलर्स को प्रोत्साहित किया जायेगा, साथ ही गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। गुणवत्ता के लिये जहां जरूरी होगा, वहां सख्ती भी की जायेगी। मिलर्स नीति के संबंध में आपके द्वारा दिये गये सुझावों पर सकारात्मक रूप से विचार करेंगे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने यह बात खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 की प्रस्तावित मिलिंग नीति के संबंध में मिलर्स से चर्चा के दौरान कही। मंत्री राजपूत ने कहा कि मिलर्स की सुविधा के लिये वेयर हाउस, नॉन एवं खाद्य संचालनालय में नोडल अधिकारी बनाये जायेंगे। हमारी पूरी टीम आपका पूरा सहयोग करेगी। मिलर्स साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। खाद्य मंत्री राजपूत ने बताया कि इस वर्ष उपार्जन का कार्य नोडल एजेंसी नागरिक आपूर्ति निगम के साथ-साथ एनसीसीएफ एवं केन्‍द्रीय भण्‍डारण के द्वारा भी किया जाएगा। किसानों की सुविधा एवं अन्‍य समस्‍याओं के निराकरण के लिए तथा समन्‍वय के लिए मिलिंग नीति 2024-25 का प्रारूप खाद्य आयुक्त के देखरेख में तैयार किया जाएगा। इसके अलावा खाद्य आयुक्‍त समय सीमा में मिलिंग कार्य कराने की समस्‍त कार्रवाई अपनी निगरानी में पूर्ण करायेगें। उपार्जन केन्द्र में रखा जायेगा मॉयश्चर मीटर खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में धान की नमी चेक करने के लिये मॉयश्चर मीटर रखा जायेगा। नमी चेक करने के बाद ही एफएक्यू के आधार पर धान की खरीदी की जायेगी। उन्होंने कहा कि मिलर्स उपार्जन केन्द्र से सीधे धान उठायें। इससे परिवहन एवं भण्डारण व्यय में कमी आयेगी। मिलर्स के लंबित भुगतान एवं अपग्रेडेशन राशि के संबंध में जल्द काईवाई की जायेगी। बैठक में खाद्य आयुक्‍त सिबी चक्रवर्ती ने बताया कि इस वर्ष गत वर्षो से दोगुनी मात्रा से अधिक मात्रा में चावल का परिदान भारतीय खाद्य निगम को किया जाना है। भारतीय खाद्य निगम को नियत समय सीमा में चावल का परिदान के लिये विभाग के पोर्टल पर पंजी‍कृत मिलर्स को उनकी मिलिंग क्षमता के अनुसार चावल परिदान की जानकारी दर्ज करनी होगी। इस आधार पर ही मिलर्स के लिये भारतीय खाद्य निगम में चावल परिदान की कार्य योजना तैयार की जाऐगी। एमडी नागरिक एवं आपूर्ति निगम पी.एन. यादव ने प्रस्तावित नीति 2024-25 के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। प्रस्तावित नीति के संबंध में मिलर्स ने महत्वपूर्ण सुझाव दिये। इस दौरान प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण श्रीमती रश्मि अरूण शमी, अन्य अधिकारी तथा मिलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।   recent visitors 56

चीफ जस्टिस संजीव खन्ना ने एक नए आदेश में उन्होंने 16 पीठों को नए मामलों के आवंटन के लिए एक नया रोस्टर जारी किया

नई दिल्ली भारत के नए चीफ जस्टिस संजीव खन्ना अपना पद संभालते ही लगातार नई व्यवस्था बनाने के आदेश दे रहे हैं। एक नए आदेश में उन्होंने 16 पीठों को नए मामलों के आवंटन के लिए एक नया रोस्टर जारी किया है। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया है कि प्रधान न्यायाधीश और दो वरिष्ठतम न्यायाधीशों की अध्यक्षता वाली पहली तीन अदालतें क्रमशः पत्र याचिकाओं और जनहित याचिकाओं की सुनवाई करेंगी। प्रधान न्यायाधीश के आदेश के तहत नए मामलों के आवंटन के लिए रोस्टर को सर्वोच्च न्यायालय की रजिस्ट्री ने अधिसूचित किया और यह 11 नवंबर से प्रभावी हो गया है। नागरिकों द्वारा सर्वोच्च न्यायालय को लिखे गए पत्रों से उत्पन्न नयी याचिकाओं और नयी जनहित याचिकाओं (पीआईएल) की सुनवाई प्रधान न्यायाधीश और दो वरिष्ठतम न्यायाधीशों न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ करेंगी। पत्र याचिकाओं और जनहित याचिकाओं के अलावा, प्रधान न्यायाधीश की अगुवाई वाली पीठ अधिकतम मुद्दों पर विषयवार विचार करेगी, जिनमें सामाजिक न्याय से संबंधित मामले, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति के चुनाव से संबंधित विवाद और सांसदों और विधायकों के चुनाव से संबंधित अन्य मामले, बंदी प्रत्यक्षीकरण मामले और मध्यस्थता के मामले शामिल हैं। न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ चुनाव संबंधी याचिकाओं पर भी सुनवाई करेगी। डीवाई चंद्रचूड़ ने लगाई थी रोक पूर्व प्रधान न्यायाधीश यूयू ललित सभी पीठों को जनहित याचिकाएं आवंटित करते थे और लेकिन पूर्व प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने इस प्रथा को बंद कर दिया था। विषयवार मामलों का आवंटन 16 वरिष्ठ न्यायाधीशों को किया गया है जो पीठों की अध्यक्षता करेंगे। न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला, जो पूर्व प्रधान न्यायाधीश चंद्रचूड़ के साथ पीठ साझा कर रहे थे वह सामान्य दीवानी मामलों के अलावा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर मामलों को भी देखेंगे। इन 16 जजों को मिली जगह सीजेआई सहित तीन वरिष्ठतम न्यायाधीशों के अलावा, अन्य 13 न्यायाधीश हैं- न्यायमूर्ति हृषिकेश रॉय, न्यायमूर्ति एएस ओका, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी, न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना, न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार, न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश, न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी, न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा, न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया, न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला, न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति पंकज मिथल। recent visitors 88

खरगे के बेटे का योगी को जवाब, घर को रजाकरों ने जलाया था, पूरे मुस्लिम समुदाय ने नहीं, उनकी मां और बहन की जान ले ली थी

बेंगलूरो कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि घर को रजाकरों ने जलाया था, पूरे मुस्लिम समुदाय ने नहीं। दरअसल, हाल ही में सीएम आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर पर हुए हमले का जिक्र किया था। उन्होंने आरोप लगाए थे कि खरगे ने वोट बैंक के चलते इस घटना पर चुप्पी साध रखी थी। प्रियांक खरगे ने पोस्ट किया, 'हां योगी आदित्यनाथ जी 1948 में रजाकरों ने खरगे जी का घर जला दिया था और उनकी मां और बहन की जान ले ली थी। लेकिन वह बच गए और 9 बार विधायक, दो बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सांसद, केंद्रीय मंत्री, लोकसभा के नेता, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के चुने हुए अध्यक्ष बने। इस घटना के बावूजद उन्होंने इसका इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए नहीं किया, कभी विक्टिम कार्ड नहीं खेला और नफरत को कभी पास नहीं आने दिया।' उन्होंने आगे लिखा, 'रजाकरों ने यह घटना को अंजाम दिया, पूरे मुस्लिम समुदाय ने नहीं। हर समुदाय में बुरे लोग होते हैं, जो गलत काम करते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'तो सीएम साहब मुझे बताए कि आपकी विचारधारा खरगे जी को बराबर का देखने में असफल रही। यह इंसानों में फर्क करती है। क्या इससे आप सभी बुरे हो जाते हैं या वो जो इसे मानते हैं।' प्रियांक ने सवाल किया, 'किसने उन्हें अछूत या दलित का लेबल दिया। भेदभाव करने वाली विचारधारा का होना समुदाय के सभी लोगों को बुरा नहीं बनाता है। बनाता है क्या?' उन्होंने कहा, '82 साल की उम्र में खरगे जी बुद्ध-बासवन्ना-आंबेडकर के मूल्यों के लिए बगैर थके लड़ रहे हैं और आपकी फैलाई हुई नफरत से संविधान को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह इस जंग को जारी रखेंगे।' उन्होंने कहा, 'तो योगी जी आप अपनी नफरत को कहीं और ले जाओ। आप उनके सिद्धांतों या उनकी विचारधारा पर बुलडोजर नहीं चला पाएंगे।' कर्नाटक सरकार में मंत्री ने कहा, 'राजनीतिक फायदे के लिए नफरत के बीज बोने के बजाए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की 'उपलब्धियों' पर चुनाव जीतने की कोशिश करें।' recent visitors 111

सबसे ज्यादा चंदा देने वाले सेंटियागो मार्टिन के ठिकानों पर ईडी का छापा, कार्रवाई के लिए मद्रास हाईकोर्ट ने दी अनुमति

नई दिल्ली राजनीतिक दलों को सबसे ज्यादा चंदा देने वाले सेंटियागो मार्टिन के ठिकानों पर गुरुवार को ईडी ने रेड की है। लॉटरी किंग के नाम सम मशहूर सेंटियागो के खिलाफ कार्रवाई के लिए मद्रास हाईकोर्ट ने अनुमति दे दी थी। बीते साल भी एजेंसी ने मार्टिन की 450 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति अटैच कर दी थी। खबर है कि मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में केंद्रीय एजेंसी ने कार्रवाई की है। सूत्रों के हवाले से बताया है कि चेन्नई समेत कई अन्य स्थानों पर मार्टिन से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी गई है। तमिलनाडु पुलिस ने मार्टिन समेत कुछ लोगों के खिलाफ दर्ज FIR को बंद करने का फैसला किया था। इसके लिए निचली अदालत ने पुलिस की याचिका को स्वीकार कर लिया था। हालांकि, कुछ समय पहले ही मद्रास हाईकोर्ट ने मार्टिन के खिलाफ ऐक्शन के लिए ईडी को अनुमति दी है। मार्टिन के चेन्नई के घर से 7.2 करोड़ रुपये की बेनामी राशि के मामले में निचली अदालत ने चेन्नई पुलिस क्राइम ब्रांच की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया था। इसके बाद बीते महीने हाईकोर्ट ने निचली अदालत के आदेश को रद्द कर दिया और मार्टिन के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति दी थी। केरल में लॉटरी की बिक्री की धोखाधड़ी के चलते सिक्किम सरकार को कथित तौर पर 900 करोड़ रुपये के नुकसान के चलते भी मार्टिन पर कार्रवाई हो चुकी है। बीते साल उसकी 457 करोड़ रुपये की संपत्ति को अटैच कर दिया गया था। दरअसल, फ्यूचर गेमिंग सॉल्युशन्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सिक्किम लॉटरीज का डिस्ट्रीब्यूटर है और ईडी मार्टिन की जांच कर रही है। सबसे ज्यादा चंदा दिया ECI यानी भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से इलेक्टोरल बॉन्ड का डेटा जारी किया गया था। इस डेटा के अनुसार, सबसे ज्यादा चंदा लॉटरी किंग मार्टिन ने दिया था। उन्होंने 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा के इलेक्टोरल बॉन्ड खरीदे थे। ये बॉन्ड साल 2019 से 2024 के बीच खरीदे गए थे। साल 2019 से ही ईडी मार्टिन की जांच कर रही है। recent visitors 56

मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मोगली उत्सव का समापन हुआ

भोपाल सिवनी जिले के पेंच नेशनल पार्क में 11 से 13 नवम्बर तक सिवनी मोगलीलैंड में आयोजित हुए राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव में प्रदेश के सभी जिलों के छात्र-छात्राओं ने पेंच टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी, नेचर टेल, ट्रेजर हंट गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति एवं वन्य प्राणियों को जाना। राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव का बुधवार शाम को आयोजित हुए। मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मोगली उत्सव का समापन हुआ। मोगली उत्सव के अंतिम दिन सुबह के समय का ग्रुप में शामिल प्रतिभागी विद्यार्थी व मार्गदर्शी शिक्षकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। कोर एरिया में टुरिया गेट से मोगली मित्रों की जंगल सफारी की शुरुआत हुई। जंगल सफारी के दौरान बच्चों को स्वास्तिक बाघ और लक्ष्मी, एलमार्क बाधिन देखने को मिली। नेचर ट्रेल के लिए बच्चे बफर एरिया में पहुंचे। जबकि ट्रेजर हंट के दौरान शहीद स्मारक दुरिया कार्यक्रम हुआ। बच्चों को जंगल सत्याग्रह के शहीदों के विषय में बताया गया। इसके अतिरिक्त लीड बैंक प्रबंधक द्वारा बच्ची को वित्तीय साक्षरता, साइबर क्राइम के प्रति बरती जाने वाली सावधानियों के बारे जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कलेक्टर सुसंस्कृति जैन से बच्चे रू-ब-रू हुए उन्होंने जैव विविधता बोर्ड के क्विज प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया। समापन के कार्यक्रम में बच्चों ने अपने राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में सहभागिता के अनुभव साझा करते कहा कि मोगली की धरती पेंच टाइगर रिजर्व की तीन दिवसीय यात्रा उन्हें पूरे जीवन याद रहेगी।   recent visitors 54