नगर निकाय के अधिकारी ने दी जानकारी, मुंबई में मतदाताओं की संख्या एक करोड़ के पार हुई

मुंबई मुंबई में मतदाताओं की संख्या एक करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है, जबकि इस वर्ष की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान यह संख्या 98.95 लाख थी। नगर निकाय के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, लोकसभा चुनाव के समय मुंबई में 98,95,602 मतदाता थे, जिनमें से मुंबई में 25,16,667 और उपनगरीय जिले में 74,64,974 मतदाता शामिल थे। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका के प्रमुख भूषण गगरानी ने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव के लिए मुंबई में 1,02,29,708 मतदाता हैं, जिनमें से 25,43,610 मतदाता मुंबई में और 76,86,098 उपनगरीय जिले में हैं। इनमें 54,67,361 पुरुष, 47,61,265 महिलाएं और 1,082 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।’’ इसके अलावा, आम चुनावों के बाद 43,020 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए जिनमें से 26,429 शहर से और 16,591 उपनगरों से थे। मुंबई में 36 विधानसभा क्षेत्र हैं। यहां कुल 410 उम्मीदवार हैं, जिनमें से 105 मुंबई में तथा 315 उपनगरीय जिले में हैं। कुल 10,117 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 2,538 मुंबई में और 7,579 उपनगरीय जिले में हैं। सुरक्षा के बारे में पूछे जाने पर गगरानी ने कहा कि पुलिस विभाग ने मुंबई में विधानसभा चुनाव के लिए 25,696 कर्मियों को तैनात करने की योजना पेश की है।   recent visitors 118

मंदिरों के साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली-प्रयागराज स्टेशन को भी बम से उड़ाने की धमकी व्हाट्सएप पर दी गई

अयोध्या यूपी में अयोध्या के राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब मथुरा समेत कई बड़े मंदिरों को उड़ाने की धमकी दी गई है। मंदिरों के साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली-प्रयागराज स्टेशन को भी बम से उड़ाने की धमकी व्हाट्सएप पर दी गई है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले के वादी आशुतोष पांडेय के व्हाट्सएप पर यह धमकी वाइस मैसेज के जरिए आई है। मैसेज देखते ही आशुतोष पांडेय ने प्रयागराज पुलिस को इसके बारे में जानकारी दी। पुलिस ने सभी स्थानों पर अलर्ट जारी करते हुए चेकिंग अभियान भी चलाया है। जीआरपी ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबर के आधार पर केस दर्ज करते हुए जांच भी शुरू कर दी है। हालांकि इससे पहले भी आशुतोष पांडेय के मोबाइल पर इस तरह की धमकियां कई बार मिल चुकी है। प्रयागराज के कई थानों में पहले ही आशुतोष पांडेय ने केस भी दर्ज कराया है। उन केस में अभी तक पुलिस ने कोई गिरफ्तारी या खुलासा नहीं किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में आशुतोष पांडेय ने खुद को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट वृंदावन मथुरा का अध्यक्ष बताते हुए कहा है कि देर रात उनके मोबाइल पर वाइस मैसेज के जरिए दी गई। उसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, मथुरा समेत कई मंदिरों, प्रयागराज और दिल्ली के रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की बात कही गई। वाइस मैसेज के करीब एक घंटे बाद व्हाट्स पर कॉल भी आई। इसमें दोबारा धमकी को दोहराया गया। कहा कि उस वक्त आशुतोष ब्रह्मपुत्र मेल में सफर कर रहे थे। ऐसे में पूरी कॉल को रिकॉर्ड भी किया और रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर तत्काल इसकी जानकारी दी। धमकी के बाद पुलिस उनकी बोगी में भी आई और चकिंग अभियान चलाया। इसके साथ ही संबंधित स्थानों की पुलिस को अलर्ट किया है। आशुतोष पांडेय के अनुसार +923161832314 नम्बर कॉल और व्हाट्सएप पर धमकी आई है। पुलिस ने नंबर की जांच शुरू कर दी है। recent visitors 84

प्रदेश के 20 जिलों में 400 करोड़ रूपये लागत से बनेंगे 100 ट्रायबल छात्रावास

भोपाल जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा है कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में केन्द्र सरकार द्वारा देशभर में जनजातीय विद्यार्थियों की शिक्षा-दीक्षा एवं उनकी आवासीय सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत केन्द्र सरकार ने देश के सभी प्रदेशों से प्राप्त प्रस्तावों के अनुसार ट्राइबल छात्रावासों के निर्माण के लिये स्वीकृति दी है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा भेजे गये प्रस्ताव को मान्य करते हुए 20 जिलों में 100 ट्राइबल छात्रावासों के निर्माण की मंजूरी दी गई है। 20 जिलों के 50 ब्लॉक्‍स में (हर ब्लॉक में) 2-2 ट्राइबल छात्रावासों बनाये जायेंगे। यह सभी ट्राइबल छात्रावासों 4-4 करोड़ रूपये की लागत और 100-100 सीटर होंगे। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने बताया कि अभियान के तहत अलीराजपुर जिले के अलीराजपुर, जोबट, कट्ठीवाड़ा, सोण्डवा एवं उदयगढ़, बड़वानी जिले के पानसेमल एवं पाटी, बैतूल जिले के भीमपुर, मुल्ताई एवं शाहपुर, छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा, बिछुआ, हर्रई, जुन्नारदेव, परासिया एवं तामिया, दमोह जिले के तेंदूखेडा, डिंडोरी जिले के डिंडोरी, मेहंदवानी, समनापुर एवं शाहपुरा, जबलपुर जिले के कुंडम, झाबुआ जिले के पेटलावद, रामा, रानापुर एवं थांदला, खरगोन जिले के भगवानपुरा, भीकनगांव एवं झिरन्या, मंडला जिले के नारायणगंज, नरसिंहपुर जिले के नरसिंहपुर, पन्ना जिले के पवई, सतना जिले के रामपुर-बघेलान, सीहोर जिले के नसरूल्लागंज, सिवनी जिले के छपारा, धनौरा, कहानापस (घन्सौर) एवं लखनादौन, शहडोल जिले के ब्यौहारी, बुढ़ार एवं जयसिंहनगर, श्योपुर जिले के कराहल एवं विजयपुर, शिवपुरी जिले के खनियांधाना एवं शिवपुरी, सीधी जिले के सीधी एवं सिंहावल तथा सिंगरौली जिले के बैढ़न, चितरंगी एवं देवसर में यह हॉस्टलस् बनाये जायेंगे। मंत्री श्री शाह ने बताया कि यह ट्राइबल छात्रावासों ऐसे स्थान पर (संभवत: सीएम राइज स्कूल परिसर में या इसके समीप) बनाये जायेंगे, जिससे आस-पास के गांवों के जनजातीय विद्यार्थियों को रहने और शिक्षा पाने की स्थायी सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि देश के सभी जनजातीय बहुल गांवों के समग्र विकास एवं कल्याण के लिये केन्द्र सरकार द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में प्रदेश के 51 जिलों के 267 विकासखंडों में स्थित 11 हजार 377 जनजातीय बहुल गांवों का संर्वागीण विकास किया जायेगा। इन 51 जिलों में 43 जनजातीय समुदायों के 18 लाख 58 हजार परिवार निवास करते हैं, जिनकी कुल 93 लाख 23 हजार आबादी इस अभियान से सीधे तौर पर लाभान्वित होगी। recent visitors 84

राजनाथ सिंह ने कहा- सीमाओं को सुरक्षित करने के साथ-साथ देश की संस्कृति को भी सुरक्षित रखना महत्वपूर्ण है

हैदराबाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश में एकता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विभाजन को हमेशा हार का सामना करना पड़ा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की संस्कृति की सुरक्षा करना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि सीमाओं को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी हमारी एकता कमजोर हुई है तब-तब आक्रमणकारियों ने हमारी सभ्यता और हमारी संस्कृति को नष्ट करने की पूरी कोशिश की है। इसलिए इतिहास से सीख कर एकता की प्रतिज्ञा लेनी चाहिए।’’ मंत्री ने कहा, ‘जो लोग विभाजन करते हैं वे विभिन्न धर्मों, जातियों और संप्रदायों सहित कई आधारों पर लोगों को बांटने की कोशिश करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आपको विभाजित नहीं होना चाहिए। आपको न तो विभाजित होना चाहिए और न ही दूसरों को विभाजित करना चाहिए। पूरे देश को एक साथ रहना होगा। हमें एकजुट रहना है। यदि हम विभाजन से बचते हैं तो हम विकास की ओर बढ़ेंगे और एक विकसित एवं मजबूत भारत का निर्माण करेंगे।’’ राजनाथ सिंह ने एक निजी टीवी चैनल द्वारा आयोजित किए गए ‘कोटी दीपोत्सवम’ समारोह के दौरान यह टिप्पणी की। प्राचीन शास्त्रों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एकता समाज की ताकत है। सिंह ने कहा कि एकता सुनिश्चित करके इस प्रकाश को न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में फैलाना चाहिए क्योंकि भारत पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सांस्कृतिक पुनरुत्थान पर ध्यान दे रही है। राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक विकास के साथ-साथ देश के लिए सांस्कृतिक विकास भी इतना ही महत्वपूर्ण है। रक्षा मंत्री ने कहा कि यदि कोई देश अपनी संस्कृति को खो देता है तो उसे परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘‘रक्षा मंत्री होने के नाते यह सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेदारी है कि हमारे नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित रहें। लेकिन मेरा यह भी मानना है कि देश की संस्कृति को सुरक्षित रखना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।’’ रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत केवल एक राजनीतिक इकाई नहीं है बल्कि इसकी हजारों वर्षों की सांस्कृतिक पहचान भी है, जिसके कारण हम दुनिया भर में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी देश सिर्फ जमीन के टुकड़े और उसके लोगों से नहीं बनता, बल्कि एक राष्ट्र उसकी संस्कृति से बनता है। उन्होंने कहा, ‘अगर किसी देश के लोगों में अपनी संस्कृति के प्रति नफरत भरी जाए, तो वह देश किसी समय विभाजित हो जाएगा।’ सिंह ने कहा, ‘जिन लोगों ने भारत और उसके लोगों को विभाजित करने की कोशिश की, उन्होंने हमारी संस्कृति को कमतर दिखाने की कोशिश की, लेकिन देशवासियों की जागरूकता के कारण वह दौर अब खत्म हो गया है।’ उन्होंने कहा कि अब देश में सांस्कृतिक पुनरुत्थान हो रहा है।   recent visitors 84

मुंबई के पुलिस आयुक्त ने होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान करने की लोगो से अपील की

मुंबई मुंबई के पुलिस आयुक्त विवेक फणसलकर ने महानगर के लोगों से अपील की है कि वे बुधवार को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान करें और इस दिन छुट्टी की योजना नहीं बनाएं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीट पर एक चरण में 20 नवंबर को बुधवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। मुंबई के जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यहां स्थित सभी प्रतिष्ठानों, व्यवसायों और अन्य कार्यस्थलों पर कार्यरत कर्मचारियों को बुधवार को मतदान के लिए छुट्टी देना अनिवार्य है। फणसलकर ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं सभी मुंबईवासियों से विनम्र अनुरोध करता हूं कि वे जिम्मेदारी के साथ और शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।’’ इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लोगों से मतदान करने की अपील की ताकि उनका भविष्य ‘‘वास्तविक और जिम्मेदार हाथों में’’ हो। फणसलकर ने कहा, ‘‘अपनी लंबी छुट्टी की योजना को रद्द कर दीजिए और बटन दबाने का अवसर नहीं छोड़िए जिससे आप अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जो मतदाता कम जागरुक हैं, उन तक यह संदेश भी पहुंचाएं कि वे अपना अत्यंत महत्वपूर्ण वोट बर्बाद न करें और इस उत्साही राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें। मतदान करें और मतदान के महत्व का प्रचार करें।’’   recent visitors 74

पुलिस ने बताया- शारजाह से इंदौर आया व्यक्ति फर्जी पासपोर्ट रखने के आरोप में गिरफ्तार

इंदौर शारजाह से दो दिन पहले इंदौर आए एक व्यक्ति को भारत का फर्जी पासपोर्ट रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विनोद कुमार मीना ने बताया कि 17 नवंबर की रात एक उड़ान से शारजाह से इंदौर पहुंचे व्यक्ति के पास दो अलग-अलग भारतीय पासपोर्ट मिले हैं। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे की आगमन जांच चौकी पर तैनात अधिकारियों को शक होने पर इस व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया गया। उन्होंने बताया, ‘‘एक पासपोर्ट में इस व्यक्ति का नाम मोहम्मद कलाम कबाड़ी और दूसरे पासपोर्ट में मोहम्मद कलाम राइन के रूप में दर्ज है। दोनों पासपोर्ट में उसकी जन्मतिथि और अन्य विवरण भी अलग-अलग हैं।’’ मीना ने बताया कि 35 से 40 साल के बीच की उम्र वाले आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी बिहार का रहने वाला है और वह रोजगार के सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात गया था।   recent visitors 82

अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस 10 दिसम्बर को

भोपाल अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस 10 दिसम्बर को आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और विशेष अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल रहेंगे। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस के कार्यक्रम का केन्द्रीय विषय “भारत में वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, कानूनी सुरक्षा और मानव अधिकार’’ पर आधारित होगा। मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष श्री मनोहर ममतानी ने मानव अधिकार आयोग में विषय से संबंधित विभागों के अधिकारियों की आयोजन की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। बैठक में वृद्धजन कल्याण से संबंधित योजनाओं एवं अन्य सुसंगत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। बैठक में सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निगम, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के अधिकारी और मानव अधिकार आयोग के सदस्य श्री राजीव कुमार टंडन भी उपस्थित रहे।   recent visitors 64