जब असली पुलिस के हत्थे चढ़ा फर्जी पुलिसवाला, नकली वर्दी, थाने के बाहर तस्वीरें और वसूली…

भोपाल. बिहार के जमुई की तरह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी नकली पुलिस अधिकारी गिरफ्तार हुआ है. आरोपी दुकानदारों और ड्राइवरों से वसूली करता पाया गया. पुलिस की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है. पुलिस ने बताया कि आरोपी नकली पुलिसवाला बनकर भोपाल कोर्ट के पास रंगदारी कर रहा था. उससे तंग आकर दुकानदारों ने एमपी नगर थाने में उसकी शिकायत की. पुलिस ने इस शिकायत पर कार्रवाई की तो आरोपी का पूरा राज खुल गया. पुलिस को आरोपी के पास से कई तरह की वर्दियां भी मिली हैं. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शख्स का नाम आनंद सेन है. वह भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रहता है. आनंद मूल रूप से दतिया जिले का रहने वाला है. उस पर किसी को शक न हो इसलिए वह छोटे दुकानदारों और ड्राइवरों को निशाने पर लेता था. उसे लगता था कि ये लोग उसके रोब में आ जाएंगे और शिकायत नहीं करेंगे. इस तरह वह कई दिनों से लोगों से रुपये ऐंठ रहा था. इस बीच 18 नवंबर को कुछ लोगों ने एमपी नगर थाने में युवक की शिकायत की. लोगों ने बताया कि कोर्ट चौराहे पर एक शख्स संदिग्ध लग रहा है. वह पुलिस की वर्दी में अवैध वसूली कर रहा है. वसूली करता मिला आरोपी ये शिकायत मिलते ही एमपी नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने जब आरोपी आनंद से पूछताछ करनी शुरू की तो वह उस पर ही रौब झाड़ने लगा. उसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जब उससे विभाग से जुड़े सवाल किए तो वह घबरा गया. उसने पूछताछ में स्वीकार कर लिया कि वह नकली पुलिसवाला है. उसने बताया कि वह पैसे कमाने की लालच में ये काम करने लगा. इस पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई. पुलिस उसके बैंक खातों की जांच कर रही है. फर्जी आईपीएस बनकर घूम रहा था बिहार का शख्स गौरतलब है कि इसी साल 20 सितंबर को जमुई जिले की सिकंदरा पुलिस ने फर्जी आईपीएस को गिरफ्तार किया था. उसका नाम मिथिलेश था. पुलिस की पूछताछ में मिथिलेश ने बताया था कि उसने दो लाख रुपये देकर पुलिस की नौकरी हासिल की थी. उसने बताया था कि खैरा के किसी मनोज सिंह ने उसे पुलिस में नौकरी देकर वर्दी पहनाई थी. recent visitors 76

मंदिरों और दुकानों पर बोल रहे धावा, राजस्थान-सवाई माधोपुर में भालुओं को लगी घी-गुड़-मिठाई की लत

सवाई माधोपुर. बाघों की अठखेलियों को लेकर विश्व पटल पर खास पहचान रखने वाले सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व में टाईगर के साथ ही पैंथर, लेपर्ड और भालुओं की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। रणथंभौर से सटे गांवों में कई बार टाईगर की मूवमेंट देखी गई है। वहीं अब टाईगर के बाद पैंथर, लेपर्ड और भालुओं का मूवमेंट में गांवों की आबादी क्षेत्र के निकट देखा जाने लगा है। रणथंभौर से सटे खंडार क्षेत्र के तलावड़ा, गोठबिहारी, निमली, जैतपुर, बहरावंडा, नायपुर सहित कई गांवों में भालू रात के समय रणथंभौर के जंगलों से निकलकर आबादी क्षेत्र में गुस आते हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत बनी रहती है। इसी कड़ी में विगत करीब 10-15 दिनों से खंडार क्षेत्र के तलावड़ा गांव में भालू की पदचाप से ग्रामीणों में दहशत है। बीती रात गोठ बिहारी गांव में एक बार फिर भालू आ गया और कई दुकानों और घरों के दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने भालू का वीडियो भी बनाया है। गांव के आबादी क्षेत्र में भालू के मूवमेंट को लेकर ग्रामीणों ने कई बार वनाधिकारियों को अवगत करवाया, लेकिन कुछ नहीं हुआ। रात के समय भालू का मूवमेंट गांव के आबादी क्षेत्र में बना रहता है। ग्रामीण नीरज, कैलाश, मुकेश आदि ने बताया कि रात होते ही भालू रणथंभौर के जंगलों से निकलकर गांव के आबादी क्षेत्र में आ जाता है। गांव की गलियों में घूमता रहता है, जिससे ग्रामीणों में हर वक्त भय बना रहता है, भालू रात को खाने पीने की तलाश में मकानों के दरवाजे तोड़ने का प्रयास करता है। भालू ने गांव के मुकेश योगी की दुकान का दरवाजा तोड़ दिया था। दुकान में रखी मिठाइयां गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री खा गया था। इसी तरह भालू गांव के भैरूजी के मंदिर का दरवाजा तोड़कर मंदिर में घुस गया और मंदिर में रखा घी और गुड़ और मिठाइयां चट कर गया। ग्रामीणों का कहना है कि भालू घी, गुड़ और मिठाइयों की तलाश में गांव में घूमता है। मकानों के दरवाजे तोड़ने का प्रयास करता है, जिसे लेकर ग्रामीणों में दहशत व्यप्त है। ग्रामीणों ने वनाधिकारियों से भालू को पकड़कर अन्यत्र छोड़ने की मांग की है। recent visitors 78

नव गठित जिला मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य मंत्री लगातार प्रयासरत

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ के स्थानीय विधायक राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कृतसंकल्पित हैं। नव गठित जिला मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में भी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य मंत्री लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 50 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर के उन्नयन कार्य के लिए 12 करोड़ रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गयी है। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सीजीएमएससी लिमिटेड को पत्र लिखकर अवगत भी करा दिया है। 50 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर के उन्नयन से क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा मिलेगा।  यहां के लोगों को अब इलाज के लिए जिला मुख्यालय या संभाग मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही उच्च स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। जनकपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरीय अस्पताल में उन्नयन करने पर क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार प्रकट किया है। recent visitors 124

सागर में किराए के शिक्षक को नियुक्त करने के मामले में आठ टीचर निलंबित

सागर  सागर जिले में सरकारी स्कूलों में पदस्थ शिक्षक के स्थान पर अन्य अनधिकृत व्यक्ति के जरिए पढ़ाई कराए जाने का मामला सामने आया है। जिसके बाद ऐक्शन लेते हुए जिला कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और संकुल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा तीन जन शिक्षक और पांच शिक्षकों समेत कुल आठ शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर ने ऐसे शिक्षकों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराने के लिए कहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विकासखंड स्त्रोत समन्वयक मालथौन द्वारा माध्यमिक शाला भेलैंया एवं प्राथमिक शाला मझेरा का कल आकस्मिक निरीक्षण किया गया और संयुक्त जांच कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जांच प्रतिवेदन के अनुसार रूप सिंह चढ़ार एवं इंद्रविक्रम सिंह परमार, अनिल मिश्रा, श्रीमती जानकी तिवारी और अवतार सिंह ठाकुर प्रथम दृष्टतया दोषी हैं। इन पांचों को तत्काल ही सोमवार को निलंबित कर दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि इन निलंबित शिक्षकों के खिलाफ पुलिस के पास प्राथमिकी भी दर्ज करायी जा रही है। तीन जन शिक्षकों में जनपद शिक्षा केंद्र खुरई के प्रभारी जन शिक्षक भोलाराम अहिरवार, जैसीनगर विकासखंड के जनपद शिक्षा केंद्र के जनशिक्षक हरिशंकर लोधी और मालथौन जनपद शिक्षण केंद्र के जगभान अहिरवार द्वारा मॉनिटरिंग निरीक्षण नहीं किए जाने तथा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने पर इन तीनों को भी निलंबित किया गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग के द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं संकुल प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि निलंबित शिक्षक खुद बच्चों को नहीं पढ़ाते थे बल्कि अपनी जगह किराए के टीचर्स को रखा था। कलेक्टर को इसे लेकर शिकायत मिली थी। जांच में आरोप सही मिले, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। recent visitors 107

कचरा डालने विवाद पर एक युवक ने मंदिर से लौट रहे किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी

भिंड  सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत वाटर वक्स पर गली में कचरा डालने विवाद पर एक युवक ने मंदिर से लौट रहे किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित बंदूक लहराते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली, देहात और बरोही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना मंगलवार सुबह सवा सात बजे की है। जानकारी के अनुसार वाटर वक्स निवासी 45 वर्षीय परमाल सिंह पुत्र मुन्ना सिंह भदोरिया की मोहल्ले में आदर्श किराना स्टोर के नाम से दुकान चलाते थे। परमाल सिंह के घर के पीछे अभिषेक सिंह उर्फ छोटू सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह भदोरिया रहते हैं। अभिषेक के घर के लिए जाने के लिए पांच फीट की गली है। इस गली में परमाल के घर के लोग कचरा डालते हैं। इस बात को लेकर दोनों में तीन साल से विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि सोमवार रात भी दोनों में विवाद हुआ था। तब डायल 100 भी मौके पर पहुंची थी। रात में अभिषेक ग्वालियर चला गया था। मंगलवार सुबह अभिषेक ग्वालियर से भिंड आया। परमाल जब मंदिर से वापस घर लौट रहे थे, तभी अभिषेक से सामना हो गया और अभिषेक ने 315 बोर की लाइसेंसी बंदूक से परमाल सिंह को गोली मार दी। परमाल के सड़क पर गिरते ही आरोपित बंदूक लहराते हुए मौके से फरार हो गया। स्वजन गंभीर हालत में परमाल सिंह को जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली टीआइ प्रवीण चौहान, देहात टीआइ मुकेश शाक्य और बरोही थाना प्रभारी अतुल भदोरिया मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। करंट लगने से युवक की मौत देहात थाना अंतर्गत उदोतपुरा की मडैया में करंट लगने से युवक की माैत हो गई। पुलिस के मुताबिक रामकिशोर निवासी उदोतपुरा की मडैया खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उसे करंट लग गया। जिससे रामकिशोर की माैत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक के साथ खड़े पिता-पुत्र को पीटा मेहगांव थाना अंतर्गत भोपतपुरा गांव में दो लोगों ने एक युवक की मारपीट कर दी। पुलिस के मुताबिक अरविंद पुत्र रामनरेश बौहरे निवासी भोपतपुरा ने बताया कि विवाद के चलते उनके साथ सुनील उपाध्याय और गुट्टोली उपाध्याय निवासी भोपतपुरा ने मारपीट कर दी। कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी पूजा पत्नी धारासिंह आदिवासी ने बताया कि उनके साथ अमित आदिवासी, सनी आदिवासी और छुट्टन आदिवासी निवासी इंद्रानगर ने मारपीट कर दी। गोविंद नगर निवासी मनीष पुत्र रामू श्रीवास ने बताया कि उनके साथ पंचम सिंह भदौरिया जामपुरा ने मारपीट कर दी। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। recent visitors 75

बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया। महिला चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम चुनी। इस टीम में शेफाली वर्मा का नाम नहीं है। माना जा रहा है कि फॉर्म के कारण उनको ड्रॉप किया गया है, लेकिन हरलीन देओल की वापसी काफी समय के बाद वनडे टीम में हुई है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर कोई सवाल नहीं है। वे कप्तानी करती नजर आएंगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले दो वनडे इंटरनेशनल मैच ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर फील्ड पर खेले जाएंगे, जिसके बाद सीरीज का अंतिम मैच पर्थ के WACA ग्राउंड में खेला जाएगा। ये सीरीज ICC वुमेंस चैंपियनशिप का हिस्सा है। शेफाली वर्मा को ड्रॉप किए जाने पर बीसीसीआई ने कोई जानकारी नहीं दी है। इस सीरीज की शुरुआत 5 दिसंबर से हो रही है। दूसरा मुकाबला 8 दिसंबर को खेला जाएगा और तीसरा वनडे इंटरनेशनल मैच इंडिया और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम के बीच 11 दिसंबर को आयोजित होगा। शेफाली वर्मा के वनडे इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 29 मैचों की 29 पारियों में कुल 644 रन बनाए हैं। वे सिर्फ एक बार नाबाद लौटी हैं और उनका औसत इस फॉर्मेट में 23 का है, जो निश्चित तौर पर खराब कहा जाएगा। वे चार अर्धशतक लगा सकी हैं और शतक से दूर हैं। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 71 रन है। पिछले तीन वनडे इंटरनेशनल मैचों की बात करें तो उन्होंने क्रमशः 12, 11 और 33 रन बनाए हैं। भारत की टीम इस प्रकार है हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), प्रिया पुनिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), ऋचा घोष (विकेटकीपर), तेजल हसबनीस, दीप्ति शर्मा, मिन्नू मणि, प्रिया मिश्रा, राधा यादव, टिटास साधु, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर और साइमा ठाकोर recent visitors 78

मुख्यमंत्री साय बोले – छत्तीसगढ़ में नक्सल आपरेशन में मिल रही सफलता की पूरे देश में हो रही है प्रशंसा

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीआरपीएफ के जवानों से कहा कि पिछले 11 महीनों के दौरान आप लोगों ने जिस तरह नक्सली आतंक को खत्म करने की दिशा में ऐतिहासिक सफलताएं हासिल की हैं, उसकी पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। आप लोग परिवार से दूर रहकर और सुख-सुविधाओं को त्याग कर बस्तर के विकास में जो योगदान दे रहे हैं, उससे आप लोगों ने यहां के जनजातीय समुदायों के हृदय में अपने लिए हमेशा हमेशा के लिए जगह बना ली है। श्री साय बस्तर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल  के सेडवा कैंप में जवानों को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अचानक सीआरपीएफ कैंप पहुंचने पर आश्चर्यमिश्रित खुशी के साथ ही जवानों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने सुरक्षा बलों के जवानों से आत्मीयतापूर्वक संवाद करते हुए कहा कि जब मैं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में चित्रकोट आया था, तो मेरी बड़ी इच्छा थी कि मैं आप सब जवानों से मिलूं। पिछले 11 महीनों में छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर जो सफलता मिली है, उसमें आप सभी का अत्यधिक महत्वपूर्ण योगदान है। मैं आप सभी के साहस को नमन करता हूं। नक्सल अभियान में आप सभी को जो सफलता मिल रही है, उसकी पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से जब भी मेरी मुलाकात होती है तो वे नक्सल अभियान में छत्तीसगढ़ को मिल रही सफलता का जिक्र जरूर करते हैं। गृह मंत्री श्री अमित शाह का नक्सल ऑपरेशन में सतत मार्गदर्शन और सहयोग मिलते रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर में हमने नक्सलवाद को वर्ष 2026 तक समूल नष्ट करने का संकल्प लिया है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री श्री अमित शाह का भी यही संदेश है। बस्तर में पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों ने अल्प अवधि में ही 200 से ज्यादा नक्सलियों को ढेर कर दिया है। 740 से ज्यादा माओवादी कैडर्स ने आत्मसमर्पण कर दिया है। वे हिंसा त्याग कर लोकतंत्र की मुख्य धारा में शामिल हो गए हैं।शासन ने हिंसा का त्याग करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास के लिए ऐसी नीति बनाई है कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण करेंगे। सुरक्षा बल के जवानों द्वारा कैंप में रात्रि विश्राम करने के आग्रह पर उन्होंने कैंप में रात्रि विश्राम भी किया। recent visitors 70