मिशेल जॉनसन बोले – मार्नस लाबुशेन को टेस्ट टीम से किया जाए बाहर

एडिलेड. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने टीम के खराब फॉर्म से जूझ रहे बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को भारत के विरुद्ध आगामी दिन-रात्रि एडिलेड टेस्ट से बाहर करने की सलाह दी है। जॉनसन का मानना है कि लाबुशेन को फॉर्म में वापसी के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलने का मौका मिलना चाहिए, ताकि उन्हें दबाव से मुक्त होकर अपनी बल्लेबाजी में सुधार का अवसर मिल सके। लाबुशेन, जो लंबे समय से रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं, ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में निराशाजनक प्रदर्शन किया था। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में उनका बल्ला शांत रहा था, जिसमें उन्होंने पहली पारी में 52 गेंदों पर सिर्फ 2 रन और दूसरी पारी में 5 गेंदों पर 3 रन बनाए। इस खराब प्रदर्शन के कारण ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हार का सामना करना पड़ा था। जॉनसन ने कहा, लाबुशेन का प्रदर्शन पिछले कुछ समय से खराब चल रहा है और उन्होंने अपनी आखिरी 10 टेस्ट पारियों में से केवल एक बार ही दहाई अंक को पार किया है। अब उनके लिए घरेलू क्रिकेट में खेलने का वक्त आ गया है, ताकि वह मानसिक रूप से फ्रेश होकर अपनी बल्लेबाजी पर काम कर सकें। जॉनसन का मानना है कि लाबुशेन को शेफील्ड शील्ड जैसे घरेलू टूर्नामेंटों में खेलते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा, जो उन्हें टीम में वापसी के लिए तैयार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि टेस्ट क्रिकेट में उनकी निराशाजनक फॉर्म का मतलब यह नहीं है कि उनका भविष्य अधर में लटक गया है, बल्कि इसका मतलब सिर्फ यह है कि उन्हें कुछ समय के लिए आराम की जरूरत है। इसके अलावा, जॉनसन ने स्टीव स्मिथ की फॉर्म को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, स्मिथ की फॉर्म गंभीर चिंता का विषय बन गई है। वह अपनी पुरानी चमक खोते हुए दिख रहे हैं और उनके द्वारा खेले जाने वाले पैड पर आने वाली गेंदों पर उन्होंने पहले जैसी सहजता से रन बनाना बंद कर दिया है। जॉनसन ने यह भी कहा कि स्मिथ को जल्द ही अपनी फॉर्म में सुधार करना होगा, नहीं तो टीम को उनके स्थान पर विकल्प तलाशने की जरूरत पड़ सकती है। आखिरकार, जॉनसन का यह बयान ऑस्ट्रेलिया के आगामी टेस्ट मैचों को लेकर बढ़ती चिंता को दर्शाता है, खासकर उस समय जब टीम को भारतीय गेंदबाजों से चुनौती का सामना करना है। recent visitors 79

मोहन भागवत ने कहा – दो या तीन बच्चे पैदा करना जरूरी, वरना मानवता ही खतरे में आ जाएगी

नागपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने जनसंख्या नीति को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने रविवार को महाराष्ट्र में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि यह जरूरी है कि जनसंख्या की औसत वृद्धि दर 2.1 से नीचे न जाए। हमारे लिए यह जरूरी है कि दो या तीन बच्चे पैदा किए जाएं। ऐसा जनसंख्या विज्ञान कहता है और यदि औसत आंकड़ा 2.1 का ही रहा तो फिर बिना किसी खतरे के ही पृथ्वी से मानवता समाप्त हो जाएगी। आबादी यदि ऐसे ही कम होने की दर बनी रही तो फिर कई भाषाएं और सभ्यताएं खत्म होने के कगार पर पहुंच जाएंगी। मोहन भागवत ने कहा, 'आबादी का घटना चिंता का विषय है। आधुनिक जनसंख्या विज्ञान कहता है कि जब जन्म दर 2.1 से नीचे जाती है तो फिर धरती से मानवता ही खत्म होने का खतरा पैदा हो जाता है। ऐसी स्थिति में समाज खत्म हो जाता है, जबकि उसके आगे कोई प्रत्यक्ष संकट नहीं होता। ऐसी स्थिति में कई भाषाओं और सभ्यताओं के खत्म होने का खतरा होता है। देश की जनसंख्या नीति 1998 या 2002 में तय हुई थी। जनसंख्या की औसत वृद्धि दर 2.1 से कम नहीं होनी चाहिए। हमारे लिए यह जरूरी है कि दो या तीन बच्चे हों। आबादी की जरूरत है क्योंकि समाज का अस्तित्व रहना चाहिए।' recent visitors 67

आईसीसी में जय शाह का एक दिसंबर 2024 से कार्यकाल हुआ शुरू, सभली ICC चेयरमैन की गद्दी

नई दिल्ली इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी के चेयरमैन के तौर पर जय शाह ने कार्यभार संभाल लिया है। इस बात की जानकारी खुद आईसीसी ने दी है। आज यानी एक दिसंबर 2024 से उनका कार्यकाल शुरू हो रहा है। जय शाह के लिए पहला असाइनमेंट आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 है, जिसकी मेजबानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी के पास है। हालांकि, उनका बड़ा लक्ष्य ओलंपिक गेम्स हैं, जिनमें क्रिकेट खेली जाएगी। आईसीसी की ओर से जारी मीडिया रिलीज में बताया गया है कि जय शाह ने खेल की वैश्विक पहुंच बढ़ाने के लिए अपना दृष्टिकोण व्यक्त किया, जिसमें 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक गेम्स के अवसर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, साथ ही खेल के लिए इस अवसर का लाभ उठाने के लिए आईसीसी सदस्यों के साथ साझेदारी में काम किया जाएगा। क्रिकेट प्रशासन के क्षेत्र में अपने अनुभव के कारण वे आज आईसीसी के चेयरमैन बने हैं। जय शाह की यात्रा 2009 में शुरू हुई थी। ये यात्रा उनकी जिला और राज्य स्तर पर शुरू हुई, जहां वे गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) में तेजी से आगे बढ़े। वहीं, 2019 में जय शाह को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सबसे कम उम्र के सचिव के रूप में चुना गया, ये एक ऐसी भूमिका जिसमें उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ आईपीएल मीडिया राइट्स डील की, वुमेंस प्रीमियर लीग का निर्माण, नए अत्याधुनिक एक्सीलेंस सेंटर का निर्माण कराया, टेस्ट क्रिकेट प्रोत्साहन योजना के अलावा कई और प्रमुख चीजों में बदलाव करके भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद की। वे इस दौरान एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी के चेयरमैन भी दो बार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। वे आईसीसी की फाइनेंस एंड कॉमर्शियल अफेयर्स कमिटी के चेयरमैन रहे हैं। आईसीसी चेयरमैन की कुर्सी संभालने के बाद जय शाह ने कहा, "मैं ICC अध्यक्ष की भूमिका में आने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। यह खेल के लिए एक रोमांचक समय है, क्योंकि हम LA28 ओलंपिक खेलों की तैयारी कर रहे हैं और क्रिकेट को पहले से कहीं अधिक समावेशी और लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हम कई प्रारूपों के सह-अस्तित्व और महिलाओं के खेल के विकास में तेजी लाने के मामले में भी एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़े हैं। दुनिया भर में क्रिकेट के खेल के लिए बहुत संभावनाएं हैं, मौजूदा और नए प्रशंसकों के साथ जुड़ने के इतने सारे अवसर हैं, जबकि साथ ही साथ दुनिया भर में हमारे क्रिकेटरों के लिए सर्वोत्तम संसाधन और प्लेटफॉर्म सुनिश्चित करना है।" उन्होंने अपने ग्रेग बार्कले के कार्यकाल की भी तारीफ की, जो पिछले चार साल से इस पद पर थे। recent visitors 144

सड़क पर बेतरतीब पार्किंग गाड़ी के चलते हुआ हादसा, छत्तीसगढ़-बिलासपुर में स्कार्पियो की चपेट में आया स्कूटी सवार

बिलासपुर। घर में जगह नहीं होने की वजह से बाहर लोग गाड़ी खड़ी करने लगे हैं, लेकिन बेतरतीब तरीके से खड़ी गाड़ियां हादसे का कारण बन जाती है, जिसका खामियाजा भारतीय नगर निवासी 18 वर्षीय कृष्णा मिश्रा को भुगतना पड़ा. बिलासपुर के भारतीय नगर के तैय्यब मस्जिद के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से स्कूटी सवार कृष्णा मिश्रा घायल हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां पर लोग कई साल से ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे हैं. इससे पहले भी यहां कई बार हादसे हो चुके हैं. वायरल वीडियो गुरुवार 26 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे का है, जब भारतीय नगर निवासी कृष्णा मिश्रा घर से अपनी स्कूटी से निकला और तैय्यब मस्जिद के पास गली से बाहर सड़क पर आया था कि दूसरी ओर से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार स्कार्पियों चौक की ओर जा रही थी. सड़क किनारे एक दूसरी गाड़ी के खड़ी होने की वजह से कृष्णा मिश्रा को स्कार्पियों नजर नहीं आई और वह गाड़ी से टकरा गया. हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कूटी सवार स्कॉर्पियो से टकराने के बाद करीब 50 मीटर सड़क पर घिसटते गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. वहां मौजूद महिला ने मदद के लिए लोगों को बुलाया, इसके बाद स्कार्पियों चालक उतरा. स्कूटी सवार को उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. छात्र की रीढ़ व सिर पर चोट लगी है. घायल छात्र के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है. recent visitors 133

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अचानक टनल का एक हिस्सा गिर गया और मलबे में चार मजदूर दब, 1 की मौत, 3 घायल

कोटा राजस्थान के कोटा जिले के रामगंज मंडी के मोड़क इलाके में रविवार सुबह एक निर्माणाधीन टनल का हिस्सा ढह गया। यह टनल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। इस हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के समय मजदूर टनल के भीतर काम कर रहे थे। अचानक टनल का एक हिस्सा गिर गया और मलबे में चार मजदूर दब गए। अन्य मजदूरों ने मलबे से अपने साथियों को बाहर निकाला। हादसे के बाद घायल मजदूरों को पहले मोड़क के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर कर दिया गया। टनल के निर्माण की खास बातें टनल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा है और इसे मुकुंदरा टाइगर रिजर्व (दरा) के पास पहाड़ियों के नीचे बनाया जा रहा है। यह टनल 4.9 किमी लंबी होगी और 8 लेन की इस सुरंग पर 1200 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसका निर्माण 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य है। टनल को विशेष रूप से ग्रीन कॉरिडोर के रूप में डिजाइन किया गया है, जिससे वन्यजीवों की आवाजाही में कोई बाधा न हो। इसके ऊपर से वन्यजीव, विशेष रूप से बाघ, गुजर सकेंगे, जबकि नीचे से वाहन गुजरेंगे। इसे साउंडप्रूफ तकनीक से बनाया जा रहा है ताकि गाड़ियों की आवाज़ से वन्यजीव प्रभावित न हों। टनल में दो समानांतर सुरंगें बनाई जा रही हैं, जिनमें से एक वाहन आने और दूसरी वाहन जाने के लिए होगी। प्रत्येक सुरंग चार-चार लेन की होगी। सुरंग का 3.3 किमी हिस्सा पहाड़ के नीचे और 1.6 किमी बाहरी संरचना के रूप में बनाया जाएगा। अधिकारियों की प्रतिक्रिया घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एनएचएआई के सहायक अभियंता राकेश मीणा ने बताया कि टनल का निर्माण ऑस्ट्रेलियाई इंजीनियरों की देखरेख में अत्याधुनिक तकनीक से किया जा रहा है। ब्रीफिंग के लिए इकट्ठा हुए थे मजदूर हादसे के समय मजदूर निर्माण स्थल पर काम शुरू करने से पहले ब्रीफिंग के लिए इकट्ठा हुए थे। टनल का हिस्सा गिरने से इलाके में अफरातफरी मच गई। अधिकारियों ने कहा है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। recent visitors 70

नीचे दबने से युवक की मौत, छत्तीसगढ़-कोरबा में नाले से रात में रेत भरते समय अचानक पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली

कोरबा. बालको थाना क्षेत्र के चुईयां नाला के पास शनिवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गया। इस दौरान एक युवक उसके नीचे दब गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर चुईयां नाला से रेत भरकर निकल रहा था। वन विभाग के सुस्त होने का फायदा रेत चोर उठा रहे हैं और जल-जंगल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो बालको क्षेत्र में बड़े पैमाने ने नालों से रेत निकाली जाती है और एक सिंडिकेट बनाकर कार्य किया जा रहा है। इस मामले में कई लोगों की जेब भी गर्म की जाती है। इस हादसे के बाद लोगों के जेहन में बहुत सी बातें उठने लगी हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बालको पुलिस पहुंची और जेसीबी के माध्यम से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया गया और शव को बाहर निकाला गया है। मृतक चुईयां ग्राम का निवासी बताया जा रहा है। बालको थाना प्रभारी अभिनव कांत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए आगे की जांच कार्रवाई में ट्रैक्टर में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। शव का पंचनामा कर आगे की जांच की जा रही है। recent visitors 45

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दी सभी बूथों का डिजिटलाइजेशन करने पर बधाई

भोपाल. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने मध्यप्रदेश पार्टी संगठन को सभी बूथों का डिजिटलाइजेशन करने की उपलब्धि हासिल करने पर बधाई प्रेषित की है। नड्डा ने साेशल मीडिया के जरिए लिखा है, “संगठन पर्व के अंतर्गत भाजपा मप्र संगठन ने सदस्यता अभियान में बूथ समिति निर्माण के साथ एक सौ प्रतिशत बूथों का डिजिटलाइजेशन कर नई उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में संचालित यह अभियान मंडल, जिला और राष्ट्रीय स्तर तक नए आयाम स्थापित कर रहा है। निश्चित रूप से संगठन पर्व हमारे कोटिश: कार्यकर्ताओं के परिश्रम से 'विकसित भारत' निर्माण के संकल्प की सिद्धि में सहायक सिद्ध हो रहा है। विभिन्न नवाचारों के जरिए संगठन के रचनात्मक कार्यों को धरातल पर उतारकर हमारे संगठन ने आदर्श स्थापित किए हैं। इस उपलब्धि के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी बूथ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूँ।” नड्डा की टिप्पणी के परिप्रेक्ष्य में डॉ यादव ने लिखा है, “धन्यवाद माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और आपके कुशल नेतृत्व में भाजपा मप्र ने संगठन पर्व के अंतर्गत एक सौ प्रतिशत बूथों का डिजिटलाइजेशन कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता हमारे सभी बूथ कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी पूरी निष्ठा से कार्यरत रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा जी और भाजपा, मध्यप्रदेश के पूरे संगठन को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!” प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने नड्डा की टिप्पणी के संदर्भ में कहा है, “प्रदेश के संगठन एवं बूथ कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए आपका हार्दिक धन्यवाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन व आपके कुशल नेतृत्व में भाजपा मप्र के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर संगठन को और सशक्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” recent visitors 28