Saturday, July 4, 2026 2:26 pm

चक्रवात फेंगल के कारण छत्तीसगढ़ में आज भी छाए रहेंगे बादल, होगी बूंदाबांदी

रायपुर चक्रवात ‘फेंगल’ के प्रभाव से रविवार को दिनभर प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे। रायपुर समेत कई जगहों में हल्की वर्षा हुई। इसके कारण दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री की वृद्धि हुई है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात फेंगल हालांकि कमजोर पड़ चुका है, लेकिन प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से निम्न स्तर पर भारी मात्रा में नमी का आना जारी है। इसके प्रभाव से अधिकतर हिस्सों में निम्न और मध्य स्तर के बादल छाए हैं। बारिश के जोश को ठंडा करने 'मैदान' में उतरी ठंड चक्रवातफेंगल के असर से रायपुर में दोपहर के बाद शाम तक बूंदाबांदी होती रही, जिसके असर से तापमान में गिरावट आ गई। वहीं दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हो गई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आज भी ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री और शनिवार को न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया था। हवा में नमी भी 10 प्रतिशत तक बढ़ गई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। ऐसा रहेगा रायपुर का मौसम तमिलनाडु और पुडुचेरी के ऊपर मंडरा रहा चक्रवात फेंगल कमजोर होकर एक गहन अवदाब क्षेत्र में बदल गया है, जिसके प्रभाव से सोमवार को भी हल्की वर्षा और न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है। रायपुर में सुबह कोहरा और बादल छाए रहने की भी संभावना है। तेजी से गिरेगा पारा मौसम विभाग के अनुसार, चार दिसंबर के बाद से हवा से नमी कम होने का दौर शुरू हो जाएगा, जिसके कारण राजधानी का मौसम तेजी से बदल सकता है। तेज धूप के कारण दिन का तापमान बढ़ सकता है। दूसरी ओर न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास पहुंचने के आसार हैं। recent visitors 49

स्टोल्ज़ ने आईएसयू स्पीड स्केटिंग विश्व कप में जीते चार स्वर्ण पदक

बीजिंग. अमेरिकी प्रतिभाशाली जॉर्डन स्टोल्ज़ ने रविवार को यहां नेशनल स्पीड स्केटिंग ओवल में संपन्न आईएसयू स्पीड स्केटिंग विश्व कप में चार व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता। पहले दो प्रतियोगिता दिनों में पुरुषों की 500 मीटर, 1,000 मीटर और 1,500 मीटर प्रतियोगिताओं के बाद तीन स्वर्ण पदक जीतने वाले स्टोल्ज़ ने दूसरी 500 मीटर दौड़ में 34.39 सेकंड का समय लेकर आइस रिबन में अपना चौथा स्वर्ण जीता। शुक्रवार को पहली दौड़ में दूसरे स्थान पर रहे नीदरलैंड के जेनिंग डी बू ने 0.08 सेकंड पीछे रहकर एक और रजत पदक अपने नाम किया, जबकि दक्षिण कोरिया के किम जुन-हो 34.67 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 20 वर्षीय स्टोल्ज़ ने सिन्हुआ से कहा, मैं यह जीत हासिल करके और पहले दो विश्व कप में जीत का सिलसिला जारी रखकर बहुत खुश हूँ। उन्होंने पिछले सप्ताहांत जापान के नागानो में सीज़न-ओपनिंग विश्व कप में चार स्वर्ण पदक भी जीते थे। रविवार की जीत ने पिछले सीज़न से लेकर अब तक लगातार 12 विश्व कप जीत के उनके रिकॉर्ड को आगे बढ़ाया और अमेरिकी खिलाड़ी अभी भी और जीत की तलाश में है। उन्होंने कहा, मैं थोड़ा और तेज़ होता जाऊँगा, उम्मीद है कि अगले कुछ विश्व कप में मैं और जीतने की कोशिश कर सकूँगा। लेकिन अगर मैं एक या दो हार जाता हूँ, तो कोई बात नहीं। इस सीज़न में अपने लक्ष्य को लेकर स्टोल्ज़ ने कहा, मैं पिछले दो बार जीते गए तीन खिताबों का बचाव करना चाहूँगा। उम्मीद है कि मैं तीसरी बार ऐसा कर पाऊँगा और मैंने कभी भी समग्र विश्व कप अंक नहीं जीते हैं, इसलिए मैं इसे जीतने में सक्षम होना चाहूँगा। चीनी स्केटर्स ने रविवार को दो कांस्य पदक जीते, जिसमें यांग बिन्यू नीदरलैंड की मारिज्के ग्रोनेवूड और कनाडा की वैलेरी माल्टाइस से पीछे रहकर महिलाओं की मास स्टार्ट में तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि लियू बिन, लियान ज़िवेन और निंग झोंगयान ने बाद में पुरुषों की टीम स्प्रिंट में एक और कांस्य पदक अपने नाम किया। निंग ने 1,500 मीटर में रजत और 1,000 मीटर में कांस्य पदक जीता। दूसरी ओर, पोलैंड की काजा ज़िओमेक-नोगल ने 37.82 सेकंड में महिलाओं की दूसरी 500 मीटर दौड़ में जीत हासिल की और नीदरलैंड के बार्ट होलवेरफ ने 60 स्प्रिंट अंकों के साथ पुरुषों की मास स्टार्ट में जीत हासिल की। आईएसयू स्पीड स्केटिंग विश्व कप अगली बार जनवरी में कैलगरी, कनाडा में आयोजित किया जाएगा। recent visitors 85

अगले 48 घंटों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, मध्य प्रदेश में फेंगल तूफान का असर

भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी पड़ने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश में सबसे कम सात डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा। राजधानी सहित 11 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, हवाओं का रुख बदलने से कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने लगे हैं। इस वजह से न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंड का जलवा बरकरार रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में तूफान फेंगल कुछ कमजोर पड़ने के बाद गहरा अवदाब का क्षेत्र बन गया है। इसके पुड्डूचेरी के आसपास टकराने के आसार हैं। पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। तूफान फेंगल का असर मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि तूफान फेंगल के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इस वजह से कहीं-कहीं मध्यम एवं ऊंचाई के स्तर पर बादल छा रहे हैं। इस वजह से न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने के आसार हैं। उधर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी, वर्षा होने की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर एक बार फिर तापमान में गिरावट होने की संभावना है। 10 डिग्री से कम तापमान वाले शहर राजगढ़- 7.0 नौगांव- 7.2 भोपाल- 8.6 रायसेन- 9.0 टीकमगढ़- 9.0 खंडवा- 9.4 खजुराहो- 9.4 बैतूल- 9.5 उमरिया- 9.5 गुना- 9.6 ग्वालियर- 9.8 -, तापमान डिग्री सेल्सियस में। recent visitors 50

पीकेएल-11: बंगाल वारियर्स को पटना पाइरेट्स ने रोमांचक मुकाबले में हराया

नोएडा. देवांक (13) और अयान (8) के शानदार खेल की बदौलत तीन बार के चैंपियन पटना पाइरेटस ने प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के 88वें मैच में बंगाल वारियर्स को 38-35 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही पटना अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। पटना को 15 मैचों में नौवीं जीत मिली है। देवांक और अयान के अलावा उसके लिए दीपक ने पांच और अंकित ने तीन अंक जुटाए जबकि बंगाल के लिए स्टार रेडर मनिंदर सिंह ने सुपर-10 लगाया। नितिन ने भी 6 अंक लिए जबकि डिफेंस से सागर ने चार अंक बनाए। बंगाल ने मनिंदर के शानदार रेड्स की बदौलत शुरुआती चार मिनट में 5-4 की लीड बना ली थी लेकिन मयूर कदम को आउट कर देवांक ने स्कोर 5-5 कर दिया और फिर अंकित ने मनिंदर को लपक पटना को 6-5 से आगे कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों को 2-2 अंक मिले और फिर फजल ने अयान का शिकार कर 8वें मिनट में स्कोर 8-8 कर दिया। देवांक ने हालांकि फजल को आउट कर अपने साथी का हिसाब बराबर किया और फिर रिवाइव होकर आए अयान ने सिद्देश को आउट कर 10वें मिनट की समाप्ति तक पटना को 11-9 से आगे कर दिया। अब बंगाल के लिए सुपर टैकल आन था लेकिन प्रणय ने दो अंक की रेड के साथ न सिर्फ इस स्थिति को टाला बल्कि स्कोर भी 11-11 कर दिया। फिर सागर ने देवांक को टैकल कर बंगाल को लीड दिला दी। हालांकि पटना ने फिर स्कोर 13-13 से बराबर कर लिया। सिद्देश ने हालांकि सुधाकर को आउट कर पटना के लिए सुपर टैकल आन कर दिया। शुभम ने मनिंदर को डू ओर डाई रेड पर मनिंदर को लपक इसका फायदा उठाया और पटना को 15-14 से आगे कर दिया। बंगाल ने इसके बाद फासला 1 का किया लेकिन देवांक ने मल्टी प्वाइंट रेड के साथ हाफटाइम तक पटना को 19-15 से आगे कर दिया। फिर देवांक ने हाफटाइम के बाद सुपर रेड के साथ 22-17 किया और बंगाल को आलआउट की ओर धकेल दिया। और फिर इसे अंजाम देकर 27-18 की लीड ले ली। आलइन के बाद पटना ने 2 के मुकाबले 3 अंक लेकर 10 अंक का फासला बनाए रखा। और फिर इसे 11 तक पहुंचाते हुए बंगाल को सुपर टैकल सिचुएशन में डाल दिया। सागर ने हालांकि देवांक को सुपर टैकल कर फासला थोड़ा कम किया। फिर फजल ने देवांक का सुपर टैकल कर 30 मिनट की समाप्ति तक स्कोर 25-33 कर दिया। बंगाल की टीम सुपर टैकल के दम पर मैच में बनी हुई थी। मयूर ने अयान के खिलाफ एक और सुपर टैकल के साथ स्कोर 27-34 किया और फिर विश्वास ने अकरम और दीपक को बाहर कर फासला 5 का कर दिया। पटना ने हालांकि 8 अंक की लीड के साथ अपनी स्थिति मजबूत की। यहां से पटना की जीत तय लग रही थी। मनिंदर और सागर ने हालांकि इसके बाद कुछ अंक लेकर फासला 3 का किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बंगाल अपना हार का सिलसिला नहीं तोड़ सकी और सीजन की नौवीं हार को मजबूर हुई।   recent visitors 79

ऑनलाइन होगी निगरानी, मध्य प्रदेश में 45 लाख टन धान की होगी खरीद

भोपाल। मध्य प्रदेश में आज से न्यूनतम समर्थन मूल्य (2,300 रुपये प्रति क्विंटल) पर धान का उपार्जन 1,412 केंद्रों पर होगा। 45 लाख टन खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। गुणवत्तायुक्त उपार्जन के लिए ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। किसान जो उपज लेकर आएगा, उसकी गुणवत्ता का आकलन नमी, कचरा और टूटन के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद ही उपज को स्वीकार या अस्वीकार कर पर्ची जारी की जाएगी। यदि उपज गुणवत्तायुक्त नहीं होगी तो उसे लौटाकर ठीक करके लाने के लिए कहा जाएगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सामान्य किस्म की धान 2,300 और ग्रेड ए धान का समर्थन मूल्य 2,320 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी जाएगी। गुणवत्तायुक्त उपज का ही उपार्जन हो, इसके लिए ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था बनाई गई है। उपज में कचरा मिला तो उसे लौटा देंगे राज्य और जिला स्तर पर उपार्जन पोर्टल पर दर्ज होने वाली उपज संबंधी जानकारी के आधार पर आकलन किया जाएगा। यदि उपज में कचरा, टूटन या नमी अधिक होती है तो उसे लौटा दिया जाएगा। जब किसान उपज ठीक कराकर निर्धारित मापदंड के अनुसार लाएगा, तब ही उसे स्वीकार किया जाएगा। दरअसल, धान किसान से लेने के बाद उसे चावल बनाने के लिए मिलर्स को दी जाती है। उस समय कई बार नमी, कचरा और टूटन अधिक होने की शिकायत सामने आती है। ऐसी उपज मिलर्स नहीं लेते हैं क्योंकि प्रति क्विंटल धान से 67 किलोग्राम चावल लिया जाता है। जब यह मात्रा नहीं मिलती है तो मिलर्स को नुकसान होता है। यही कारण है कि इस बार गुणवत्तायुक्त उपज की खरीदी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी उपार्जन केंद्रों पर नमी की जांच करने के लिए नमी मापक यंत्र (मायश्चर मीटर) रखे जाएंगे। मिलिंग भी समय पर होगी नमी जांचने के बाद धान लेकर सीधे उपार्जन केंद्र से ही मिलिंग के लिए मिर्लस को दी जाएगी। इससे परिवहन और भंडारण व्यय में कमी आने के साथ मिलिंग भी समय पर होगी। भारतीय खाद्य निगम ने मिलिंग के लिए अंतिम सीमा जून रखी है। मंत्री, प्रमुख सचिव और आयुक्त करेंगे औचक निरीक्षण उपार्जन के दौरन या उसके बाद होने उपार्जन में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी और आयुक्त सिबि चक्रवर्ती औचक निरीक्षण करेंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उड़नदस्ते भी जिला स्तर पर गठित होंगे, जो उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। recent visitors 38

महानदी मंत्रालय भवन में सीएम साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक सोमवार दोपहर तीन बजे महानदी मंत्रालय भवन में होगी। इसमें ओबीसी आरक्षण को लेकर तैयार किए गए अध्यादेश को पेश किए जाने व मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। ओबीसी आरक्षण को मंजूरी मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग 15 दिसंबर के बाद कभी भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 11 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। बताते चलें कि इसके पहले मंत्रिपरिषद की बैठक 26 नवंबर को हुई थी, जिसमें कई निर्णय लिए गए थे। सीजीपीएससी में टेक्नोलाजी से पारदर्शिता लाने प्रतिबद्ध : चौधरी वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पीएससी की ओर से आयोजित परीक्षाओं को लेकर कहा कि टेक्नोलाजी के जरिए पूरे सिस्टम में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध हैं। पीएससी को खुला आश्वासन दिया गया है कि साफ्टवेयर, कंसल्टेंसी, नया सेटअप और मैनपावर जैसी जरूरतों के लिए किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। चौबीस घंटे के भीतर आवश्यक संसाधनों की उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। वित्त मंत्री चौधरी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि जब नीयत साफ होती है, तभी सिस्टम सही काम करता है। पारदर्शिता के लिए हर कदम पर गंभीर हैं। ओपी चौधरी ने आगे कहा कि कांग्रेस शासनकाल में परिवार की परिभाषा बहुत सीमित कर दी गई थी। साक्षात्कार के दौरान चाचा-भतीजा बैठ सकते थे। वर्तमान में परिवार की परिभाषा को विस्तारित किया गया है। बारिश से धान को बचाने पुख्ता इंतजाम करने के दिए निर्देश मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बारिश से धान को बचाने के लिए खरीदी केंद्रों में एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। खाद्य मंत्री बघेल ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 14 नवंबर से शुरू धान खरीदी का महाअभियान 31 जनवरी तक चलेगा। अब तक 18.09 लाख टन खरीदी हो चुकी है। 3.85 लाख किसानों ने धान बेचा है। बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 3706 करोड़ 69 लाख का भुगतान किया गया है। खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल हैं। recent visitors 40

राजधानी में आबकारी विभाग ने की जब्त की प्रीमियम शराब, न्यायधानी में नाबालिग समेत 12 लोग हुक्का पार्टी करते गिरफ्तार

रायपुर  छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर में आबकारी विभाग और पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. आबकारी विभाग ने बीती रात रायपुर के वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म हाउस में छापेमारी कर 55 लीटर से अधिक महंगी शराब जब्त की, जबकि बिलासपुर में पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर हुक्का पीते हुए एक नाबालिग समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. अवैध रूप से परोसी जा रही थी शराब आबकारी विभाग ने शनिवार को रायपुर के वीआईपी रोड स्थित शगुन फार्म हाउस में छापेमारी की और 55 लीटर से ज्यादा महंगी शराब जब्त की. फार्म हाउस में हरियाणा निर्मित प्रीमियम क्वालिटी की शराब जैसे जगरमिस्टर, ग्लैनलेविट, जॉनी वॉकर गोल्ड लेबल, रोकु जीन, ग्रे गूज वोदका, सिल्वर पैटरॉन टकीला, जैकब क्रीक, सुला और कोरोना जैसी महंगी शराब की बोतलें मिलीं. ये शराब हरियाणा से तस्करी कर मंगाई गई थी और छत्तीसगढ़ में इनकी कीमत प्रति बोतल 5000 रुपये से ज्यादा है, जबकि हरियाणा में ये शराब 1200 से 2000 रुपये के बीच मिलती है. यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त आर. संगीता और कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर आबकारी उपायुक्त रामकृष्ण मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई. विभाग की टीम ने फार्म हाउस में छापे के दौरान शराब की अवैध बिक्री की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की. सूत्रों के मुताबिक, फार्म हाउस में शहर के बड़े कारोबारियों की वीकेंड पार्टी चल रही थी और शराब परोसने के लिए जरूरी लायसेंस नहीं लिया गया था. इसलिए ये कार्रवाई की गई . हुक्का बार में छापेमारी, 12 लोग गिरफ्तार वहीं, बिलासपुर के रिंग रोड 2 स्थित एक मकान में पुलिस ने दबिश दी और हुक्का पीते हुए एक नाबालिग समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया. एसपी रजनेश सिंह को सूचना मिली थी कि पल्लव भवन के पास एक मकान में हुक्का बार चल रहा है. इसके बाद एसीसीयू टीम ने देर रात मकान में छापेमारी की और कमरे में शतरंज खेलते और हुक्का पीते हुए 12 लोगों को पकड़ा. पुलिस ने मौके से हुक्का, विभिन्न प्रकार के तम्बाकू और 18,500 रुपये नकद जब्त किए. सिविल लाइन पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ सिगरेट और तम्बाकू अधिनियम, 2003 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया. गिरफ्तार लोगों में प्रीस कश्यप, शौर्य कश्यप, शुभम मखीजा, अरनव मिश्रा, राज कश्यप, दक्ष कश्यप, विनीत ऐलानी समेत अन्य लोग शामिल हैं. recent visitors 37