Sunday, July 5, 2026 6:29 am

प्रभारी मंत्री श्री टेटवाल ने डॉ. अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर श्रध्दांजलि दी

भोपाल प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने फ्रीगंज टॉवर चौक स्थित भारतीय संविधान के शिल्पकार, सामाजिक न्याय के अग्रदूत भारतरत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर भावभीनी श्रध्दाजंलि देकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, विधायक श्री सतीश मालवीय, श्री विवेक जोशी, श्री संजय अग्रवाल, श्री सत्यनारायण खोइवाल आदि ने भी श्रध्दा सुमन अर्पित कर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।   recent visitors 59

बेस्ट इंवेस्टिगेशन में देश में प्रथम स्थान, ट्रेनिंग एंड कैपेसिटी बिल्डिंग में द्वितीय स्थान

भोपाल एडीजी मध्यप्रदेश सायबर पुलिस श्री योगेश देशमुख ने बताया कि आज दिल्ली में डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा "कानून प्रवर्तन एजेंसी" श्रेणी में मध्यप्रदेश सायबर पुलिस को बेस्ट इंवेस्टिगेशन श्रेणी में देश में प्रथम स्थान तथा ट्रेनिंग एवं कैपिसिटी बिल्डिंग में देश में द्वितीय स्थान हेतु अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। एडीजी श्री देशमुख ने बताया कि देश की सभी लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसियों ने इसमें सहभागिता की थी। मध्यप्रदेश सायबर पुलिस को “साइबर कॉप ऑफ़ दी ईयर फॉर बेस्ट इन्वेस्टीगेशन’’ में देश में प्रथम स्थान मिला। इसमें राज्य साइबर की भोपाल यूनिट को एमपी साइबर की तरफ़ से निरीक्षक श्रीमती नीतू कुँसरिया को साइबर कॉप का पुरस्कार फ़र्ज़ी एपिक कार्ड , आधार कार्ड बनाने वाले क्रिमिनल रैकेट को चुनाव मतदान पूर्व बर्स्ट करने पर दिया गया। मध्यप्रदेश को ⁠एक्सिलेंस इन ट्रेनिंग एंड कैपेसिटी बिल्डिंग अवार्ड में देश में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024में अभी तक 24प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 1016 पुलिस अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही इस वर्ष 1070 सायबर जागरुकता कार्यक्रम पूरे प्रदेश में आयोजित कर लगभग 11लाख छात्र -छात्राओं, महिलाओं एवं आमजन को सायबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।   recent visitors 80

प्रदेश के कलाकारों ने अपनी साधना और हुनर से स्थानीय संस्कृति को जीवित रखा हुआ है। यह कलाकार हमारी असली संपत्ति -CM

भोपाल प्रदेश के कलाकारों ने अपनी साधना और हुनर से स्थानीय संस्कृति को जीवित रखा हुआ है। यह कलाकार हमारी असली संपत्ति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात पचमढ़ी के पंचारण्य हाट बाजार में कही। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक बधाई और राई नृत्य से किया। बांसुरी वादन के अदभुत वादन से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी 10 कलाकारों को 10-10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कलाकारों के हितों का संरक्षण और संवर्धन सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चाट स्टॉल पर टोमैटो सूप का स्वाद चखा। उन्होंने स्टाल संचालन करने वाले रिंकी और सुनील शर्मा को नकद पुरस्कार भी दिया। उन्होंने प्रदेश की स्थानीय शिल्प और अन्य कला उत्पादों की प्रदर्शनी और स्टॉल का अवलोकन किया। स्वयं मिट्टी के चाक पर हाथ आजमाया और शिल्प के आनंद की अनुभूति ली। बेल मेटल से बने उत्पादों की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी कलाकारों से कुशलक्षेम पूछी और उनको शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने "साउंड एंड लाइट शो" का आनंद उठाया। साथ ही आर्मी बैंड की सुरमई प्रस्तुति का आनंद लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आर्मी बैंड के टीम मेंबर को 10- 10 हजार रुपए राज्य सरकार की ओर से देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सेना के इन सभी सदस्यों को परिवार सहित एमपीटी की होटल में तीन दिन रुकने का राज्य सरकार का तोहफा भी सम्मान स्वरूप दिया जा रहा है।   recent visitors 145

नीमच सोलर प्रोजेक्ट की यूनिट 3 के लिये शुक्रवार को हुई निविदा

सौर ऊर्जा भविष्य में होगा अर्थव्यवस्था का केन्द्र बिन्दु : मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच सोलर प्रोजेक्ट के ई-रिवर्स ऑक्शन में दर आई 2 रूपये 15 पैसे प्रति यूनिट : मंत्री शुक्ला नीमच सोलर प्रोजेक्ट की यूनिट 3 के लिये शुक्रवार को हुई निविदा भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सौर और हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के संकल्प की दिशा में मध्यप्रदेश भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश लक्ष्य की प्राप्ति के लिये संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में विकास और उद्योगों में ऊर्जा की आवश्यकता को देखते हुए प्रतीत होता है कि सौर ऊर्जा भविष्य में अर्थव्यवस्था का केन्द्र बिन्दु होगा। प्रदेश ने नवकरणीय ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में निरंतर बेहतर कार्य किया है। विगत 12 वर्षों में 14 गुना से अधिक की वृद्धि की है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को नीमच सोलर प्रोजेक्ट की 170 मेगावाट क्षमता की यूनिट 3 के लिये सम्पन्न हुई निविदा में न्यूनतम रेट आएं हैं। उन्होंने बताया कि ई-रिवर्स ऑक्शन के बाद 2 रूपये 15 पैसे प्रति यूनिट, अब तक की न्यूनतम टैरिफ दर प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीमच सौर प्रोजेक्ट से राज्य को ग्रीन बिजली के साथ-साथ निर्माण एवं संचालन अवधि के दौरान प्रदेश में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार पाने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के विकास से प्रदेश में लगभग 800 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होगा और एवं समतुल्य तापीय विद्युत् की तुलना में प्रति वर्ष 3.34 लाख टन CO₂ का उत्सर्जन कम होगा। मध्यप्रदेश सरकार ऊर्जा के स्वच्छ एवं हरित विकल्पों को बढ़ावा देने एवं उपयोग करने के लिये निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विगत 12 वर्षों में 14 गुना की वृद्धि कर वर्तमान में राज्य की कुल नवकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़कर लगभग 7000 मेगावाट हो गई है, जो राज्य की कुल ऊर्जा क्षमता लगभग 21 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में नवाचार करने में भी अग्रणी है। रीवा सौर परियोजना और ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्टर इसके उत्कृष्ट उदाहरण है। रीवा सौर परियोजना से देश में पहली बार कोयले से बनने वाली बिजली से कम दर पर सौर ऊर्जा मिली है। यहां से राज्य के अतिरिक्त दिल्ली मेट्रो को भी बिजली दी जा रही है। साथ ही प्रदेश के आगर-शाजापुर-नीमच सौर परियोजना से उत्पादित बिजली भारतीय रेलवे को भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर-2024 में विश्व की सबसे बड़ी फ्लोटिंग सौर परियोजना में 278 मेगावाट ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना को कमीशन किया गया है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने बताया है कि शुक्रवार 6 दिसम्बर को नीमच परियोजना की 170 मेगावॉट क्षमता की यूनिट 3 के लिए हुई निविदा (ऑक्शन) प्रक्रिया में 10 विकासकों ने भाग लिया। ई-रिवर्स ऑक्शन के पश्चात 2 रूपये 15 पैसा प्रति यूनिट का न्यूनतम टैरिफ प्राप्त कर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है। मंत्री शुक्ला ने बताया कि इस वितीय वर्ष में देश के प्रतिष्ठित विभिन्न संस्थानों, द्वारा जारी निविदाओं में न्यूनतम टैरिफ 2 रूपये 48 पैसे प्रति यूनिट SECI की निविदा प्राप्त हुई है। प्रदेश में हुई इस बिड ने एक बार पुनः रिवर्स ऑक्शन के बाद न्यूनतम टैरिफ प्राप्त किया जो SECI के द्वारा प्राप्त टैरिफ से लगभग 33 पैसे कम है। निविदा में प्राप्त दर केंद्र सरकार द्वारा 01 अप्रैल 2024 से ALMM की बाध्यता लागू करने के बाद संपन्न हुई निविदाओं में सबसे कम है। नीमच परियोजना हेतु प्राप्त परिणाम केंद्र अथवा राज्य के संस्थानों की तुलना में लगभग 7.25 प्रतिशत कम हैं। नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर आम उपभोक्ताओं के किसानों को भी सस्ती बिजली उपलब्ध कराने के लिये तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। जल्द ही इसका लाभ भी मिलने लगेगा।   recent visitors 34

मुख्यमंत्री श्रीमद्भागवत कथा में हुए शामिल

रायपुर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित श्री राम मंदिर परिसर के महर्षि वाल्मीकि उत्सव मंडप में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने व्यास पीठ पर विराजमान आचार्य श्री पवन नन्दन जी द्वारा कही जा रही श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने आचार्य श्री पवन नन्दन जी से आशीर्वाद ग्रहण किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उल्लेखनीय है कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्री राम मंदिर परिसर में 02 दिसंबर से 08 दिसंबर तक किया जा रहा है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कथा के आयोजकों सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे। recent visitors 29

सिंहस्थ में संत-महंत व श्रध्दालुओं का स्नान क्षिप्रा के जल से ही होगा – मुख्यमंत्री डॉ.यादव

प्रदेश की सबसे अलग अनोखी कान्ह डायवर्शन व अन्य एकीकृत परियोजनाओं से क्षिप्रा होगी स्वच्छ, अविरल व प्रवाहमान – मुख्यमंत्री डॉ.यादव सिंहस्थ-2028 के पहले पूर्ण होंगी सभी परियोजनाएँ – मुख्यमंत्री डॉ.यादव सिंहस्थ में संत-महंत व श्रध्दालुओं का स्नान क्षिप्रा के जल से ही होगा – मुख्यमंत्री डॉ.यादव मुख्यमंत्री ने की सिंहस्थ-2028 की जल आपूर्ति कार्ययोजना एवं प्रगति की समीक्षा भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंहस्थ-2028 एवं आने वाले सिंहस्थों में संत-महंत और श्रध्दालु क्षिप्रा के जल से ही स्नान करेंगे। इसके लिए कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना, सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी मध्यम परियोजना और हरियाखेड़ी परियोजना के कार्य पूर्ण होने पर ये परियोजनाएं एकीकृत रूप से कार्य करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं से तीन लक्ष्यों को एक साथ प्राप्त किया जाएगा। इन परियोजनाओं से पावन नदी क्षिप्रा स्वच्छ एवं प्रवाहमान होगी और इससे जिले को पेयजल भी निरंतर उपलब्ध होता रहेगा। यह देश-प्रदेश की पहली ऐसी परियोजना हैं, इसके संबंध में केन्द्र सरकार को भी अवगत कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की जल आपूर्ति की कार्ययोजना एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। बैठक में क्षिप्रा को स्वच्छ, अविरल, प्रवाहमान बनाने एवं क्षिप्रा नदी से जिले को पेयजल उपलब्ध कराने की कार्ययोजना की विस्तृत चर्चा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह एकीकृत परियोजनाओं की कार्ययोजना वर्ष 2055 तक की जनसंख्या को दृष्टिगत रखते हुए बनाई गई है। कान्ह डायवर्शन क्लोज डक्ट परियोजना के माध्यम से कान्ह नदी का अस्वच्छ पानी को ट्रीटमेंट कर स्वच्छ पानी गंभीर डाउनस्ट्रीम में छोड़ा जाएगा। सिलारखेड़ी-सेवरखेड़ी बैराज से क्षिप्रा में जल की आपूर्ति निरंतर होती रहेगी, जिससे क्षिप्रा अविरल और प्रवाहमान रहेगी। हरियाखेड़ी परियोजना त्रिवेणी के अपस्ट्रीम में होने के कारण यहां से क्षिप्रा नदी का शुध्द जल प्राप्त होगा, जिससे जिले को निरंतर पेयजल प्रदाय किया जाएगा। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि कान्ह डायवर्शन क्लॉज डक्ट परियोजना में क्लोज डक्ट 12 किलोमीटर लंबी टनल एवं 18.15 किलोमीटर क्लोज डक्ट से क्षिप्रा नदी को स्वच्छ करने का कार्य कान्ह नदी के पानी को अलग कर किया जाएगा। सेवरखेड़ी-सिलारखेड़ी परियोजना में बैराज निर्माण, बैलेंसिंग टैंक आदि निर्माण कार्य कर सिलारखेड़ी टैंक से त्रिवेणी घाट पाइपलाइन से ग्रेवेटी के माध्यम से क्षिप्रा में जल की सालभर उपलब्धता होगी, जिससे क्षिप्रा प्रवाहमान एवं अविरल रहेगी। हरियाखेड़ी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व बैराज परियोजना से जिले को निर्बाध रूप से पेयजल उपलब्ध निरंतर होता रहेगा। बैठक में उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, संभागायुक्त संजय गुप्ता, एडीजीपी उमेश जोगा, डीआईजी नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, जनप्रतिनिधि विवेक जोशी, बहादुरसिंह बोरमुण्डला आदि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने स्व. अन्नपूर्णा देवी यादव के देवलोक गमन पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रध्दांजलि दी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार दोपहर गीता कॉलोनी स्थित निज निवास पहुंचकर समाजसेवी एवं उनकी काकी स्व. श्रीमती अन्नपूर्णा देवी का स्वर्गवास होने पर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रध्दांजलि दी।   recent visitors 36

पीएम सूर्य घर योजना में मिलेगी तीन किलोवॉट के सौर संयन्त्र लगाने पर 78 हजार की सब्सिडी

भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन उपरांत विद्युत वितरण कंपनी में रजिस्टर्ड अधिकृत वेंडर से ही सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाएं। उन्होंने बताया कि देश के करोड़ों घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर योजना प्रारंभ की गई है। लोगों को इस योजना का लाभ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत एक किलोवाट सोलर संयन्त्र लगाने पर 30 हजार रूपये, दो किलोवाट सोलर संयन्त्र लगाने पर 60 हजार रुपए तथा तीन किलोवाट या उससे ऊपर 10 किलोवॉट तक के सोलर संयन्त्र स्थापना पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही है। प्रबंध संचालक ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर सब्सिडी मिले इसके लिए वेंडर और उपभोक्ता दोनों को ध्यान रखना होगा कि उनके बैंक खाते में नाम, आधार कार्ड में नाम तथा बिजली बिल में नाम एक समान होना चाहिए। समीक्षा के दौरान स्मार्ट मीटर की उपलब्धता की जानकारी भी प्रदान की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि अब 1 दिसंबर 2024 से स्थापित होने वाले प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत सौर संयंत्रों में केवल स्मार्ट मीटर ही लगाए जाएंगे, जो कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा एस.ओ.आर. रेट पर उपभोक्ता को प्रदान किए जाएंगे जिससे उपभोक्ताओं द्वारा सोलर वेंडर को किए जाने वाले भुगतान में लगभग 6 से 8 हजार रूपये तक की कमी आयेगी। 10 किलोवॉट तक के सोलर प्लांट संयंत्र स्थापना हेतु समस्त अधिकार अब वितरण केन्द्र में पदस्थ प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधक को दे दिए गए हैं, जिससे सोलर प्लांट स्थापना में लगने वाले समय में कमी आयेगी। इन प्रिंसिपल ग्रिड कनेक्टीविटी के आवेदन अब ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लिए जाएंगे। जिसके लिए उपभोक्ता https://rooftop.mpcz.in/gcp/registration लिंक पर जाकर आवेदन कर सकता है। प्रबंध संचालक ने समीक्षा के दौरान यह भी निर्देश दिए कि जिन रूफटॉप सोलर प्लांट में नेट मीटर के साथ मोडेम व सिम लगे होने के बाद भी अगर डाटा कम्युनिकेशन का अभाव है तो संबंधित सोलर वेंडर को नोटिस जारी किया जाए और कम्युनिकेशन फिर भी स्थापित न होने की अवस्था में वेंडर पर सख्त कार्रवाई की जाए। गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अपने क्षेत्रान्तर्गत आने वाले भोपाल, नर्मदापुरम्, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में पीएम सूर्यघर योजना शुभारंभ दिवस 13 फरवरी 2024 से अब तक 6 हजार 377 से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ा गया है। आवेदन के लिए पीएम सूर्य घर योजना की वेबसाइट https://www.pmsuryaghar.gov.in पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए कंपनी की वेबसाइट http://www.portal.mpcz.inअथवा उपाय एप, वॉट्सएप चेटबॉट व टोल फ्री नं, 1912 पर भी संपर्क किया जा सकता है।   recent visitors 100