Tuesday, July 7, 2026 8:46 pm

दो दिन भी नहीं चली सड़कों पर लगायी गयी पैचिंग, एक दिन बाद ही उखड़ने लगी सड़के

सिंगरौली नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक ४१ में बीते दिनों अम्बेडकर चौक से लेकर इंडस्ट्रियल बेल्ट तक सड़क में हुये गड्ढों को भरने के लिए पैचिंग लगायी गयी परन्तु वह पैचिंग एक दिन के बाद ही उखड़ने लगी। नगर निगम के ठेकेदार ने सड़के को तो कागज में दुरूस्त कर दिया परन्तु मौके पर देखने पर पता चलता है कि सड़क की हालत फिर से खस्ता हो गयी। पैचिंग के एक दिन बाद ही सड़क से गिट्टी निकलने लगी, दो चार दिन यही हाल रहा तो पैचिंग का नामोनिशान ही मिट जायेगा। वैसे तो नगर निगम के सभी वार्डों में कुछ इसी तरह की पैचिंग की जा रही है परन्तु वार्ड ४१ में ठेकेदार की मनमानी का आलम यह है कि एक दिन भी पैचिंग नहीं चल पा रही है। लोगों का कहना है कि पूर्व में जिस तरह बिना कार्य कराये नगर निगम द्वारा पैसे आहरित कर लिये जाते थे उसी तरह यहां भी कर देना चाहिए, जब नगर निगम को पैसे ही खाने हैं तो दिखावे के लिए सड़क पर एक दिन के लिए पैचिंग क्यों करायी जा रही है। वार्ड ४१ पार्षद श्रीमती गौरी अर्जुनदास गुप्ता के प्रतिनिधि अर्जुन दास ने इस संबंध में बताया कि जिस तरह से नगर निगम के ठेकेदार द्वारा घटिया किस्म की पैचिंग की जा रही है वह असहनीय है। उन्होने नगर निगम प्रशासन से मांग किया है कि पैचिंग की जांच कराकर गुणवत्ता का ध्यान रखते हुये पुन: सही से सड़कों को दुरूस्त किया जाये जिससे सड़के कुछ दिनों तक तो चल सकें।   recent visitors 50

रेलवे स्टेशन के पास बनी मस्जिद ‘शत्रु संपत्ति’ घोषित, पाकिस्तान के पहले PM लियाकत अली खान से जुड़ी है संपत्ति

मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित मस्जिद और चार दुकानों को जांच के बाद शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया गया है। यह संपत्ति पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री लियाकत अली के परिवार की बताई जा रही है, और इसके कब्जे को लेकर विवाद पैदा हो गया है। क्या है पूरा मामला? यह मामला 10 जून 2024 को तब सामने आया जब राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के संयोजक संजय अरोड़ा ने तत्कालीन जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगाली को शिकायत दी। शिकायत में अरोड़ा ने आरोप लगाया कि यह संपत्ति अवैध तरीके से कब्जा कर मस्जिद और दुकानों का निर्माण किया गया है। उनका कहना था कि यह संपत्ति पाकिस्तान के लियाकत अली के परिवार की है और इस पर अवैध कब्जा किया गया है। वहीं, मुस्लिम पक्ष का कहना था कि यह संपत्ति 1930 में वक्फ बोर्ड के नाम पर दर्ज की गई थी। उनके मुताबिक, इस संपत्ति पर बनाई गई मस्जिद और दुकानों का किराया वक्फ बोर्ड के मुतवल्ली को जमा किया जा रहा है। इसके अलावा, मुस्लिम पक्ष ने 10 नवंबर 1937 का एक पत्र भी जांच टीम को पेश किया, जिसमें इस संपत्ति को वक्फ की संपत्ति के रूप में दर्ज किया गया था। जांच और शत्रु संपत्ति का फैसला संजय अरोड़ा की शिकायत के बाद तत्कालीन जिला अधिकारी की ओर से इस मामले की जांच कराई गई। एडीएम राजस्व गजेंद्र कुमार, एमडीए सचिव, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, सीओ सिटी और नगर पालिका ईओ की एक टीम ने इस संपत्ति की जांच की। इस टीम ने अपनी रिपोर्ट शत्रु संपत्ति कार्यालय, दिल्ली को भेजी, जिसके बाद भारत सरकार के शत्रु संपत्ति अभिकरण ने एक टीम भेजकर मामले की जांच की। इसके बाद दोनों पक्षों की सुनवाई की गई, और जांच के बाद शत्रु संपत्ति अभिकरण ने इस संपत्ति को शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया। अब अधिकारियों का कहना है कि इस संपत्ति के कब्जेदारों को नोटिस भेजा जाएगा, और अगर नोटिस के बावजूद संपत्ति खाली नहीं की जाती, तो कानूनी कार्रवाई के तहत इसे खाली कराया जाएगा। संपत्ति के बारे में जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने बताया कि यह संपत्ति खसरा नंबर 930 के तहत 8 बिस्वा जमीन पर बनी हुई है, जिसमें एक मस्जिद और चार दुकानें हैं। दोनों पक्षों की प्रतिक्रिया मुस्लिम पक्ष के लोगों ने दावा किया कि यह संपत्ति वक्फ बोर्ड की है और इसे रुस्तम अली खान ने वक्फ के नाम पर छोड़ा था। इस मामले में दुकानें चलाने वाले मोहम्मद अतहर ने कहा कि यह संपत्ति शत्रु संपत्ति नहीं है, बल्कि यह रुस्तम अली खान की थी, जिन्होंने इसे वक्फ के नाम कर दिया था। उन्होंने सरकार से यह भी आग्रह किया कि इस मामले में सही और निष्पक्ष निर्णय लिया जाए। वहीं, हिंदू पक्ष के शिकायतकर्ता संजय अरोड़ा ने इसे "डबल स्वाभिमान का दिन" बताया। उनका कहना था कि यह संपत्ति 1918 से लियाकत अली खान के परिवार की थी और सरकार से उनकी मांग पूरी हो गई है कि यह शत्रु संपत्ति घोषित की जाए। आगे की प्रक्रिया अब इस संपत्ति के कब्जेदारों को शत्रु संपत्ति कार्यालय से नोटिस भेजा जाएगा। अगर नोटिस के बावजूद संपत्ति खाली नहीं की जाती, तो फिर कानूनी कार्रवाई के तहत इसे खाली कराया जाएगा। शत्रु संपत्ति क्या होती है? भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद, पाकिस्तान जाने वाले लोगों की छोड़ी हुई संपत्तियों को शत्रु संपत्ति कहा जाता है। यह संपत्तियां भारत सरकार के नियंत्रण में होती हैं, और इनके बारे में शत्रु संपत्ति अभिकरण द्वारा निर्णय लिया जाता है। इस फैसले के बाद अब इस संपत्ति को लेकर विवाद और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रहेगी। recent visitors 140

33 वर्षीय गुमशुदा महिला को कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा दस्तयाब कर परिजनो के किया सुपुर्द

अनूपपुर दिनांक 06.11.24 को रामप्रसाद गोड़ निवासी अकुआ द्वारा थाना कोतवाली अनूपपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी 33 वर्षीय पत्नी दिनांक 02.11.24 को घर से निकलने के बाद लापता हो गई है और नही मिल रही है जिस पर थाना कोतवाली में गुम इंसान रिपोर्ट क्रमांक 143/24 पंजीबद्ध किया जाकर तलाश की जा रही थी।        शनिवार को सहायक उपनिरीक्षक सतानंद कोल एवं आरक्षक अमित यादव के द्वारा उक्त गुमशुदा महिला शान्ति गोड़ को ग्राम पिपरिया से दस्तयाब कर परिजनो को सुपुर्द किया गया है। परिवारजन ने पुलिस को आभार व्यक्त किया है। recent visitors 72

बदलते मौसम में विटामिन सी से बनें फेसपैक लगा निखरें अपनी स्किन

मौसम बदलते ही आपकी स्किन खराब होने लगती है। खाने- पने के साथ आपको अपनी स्किन की भी खास देखभाल करने की जरुरत होती है। विटामिन सी सिर्फ आपकी हेल्थ के लिए ही नहीं बल्कि आपकी स्किन के लिए भी काफी अच्छी होती है। विटामिन सी कई तरह की खाने की चीज़ों में होता है। स्किन के हिसाब से अगर आप विटामिन सी वाला फेस मास्क अपने चेहरे पर लगाएंगी तो आपकी स्किन पर चमक आ जाएगी। किसी भी घरेलू फेस मास्क को चेहरे पर इस्तेमाल करने से पहले आप उसका पैच टेस्ट जरुर कर लें। ऐसा करने से आपकी स्किन पर एलर्जी का खतरा नहीं रहेगा। अगर आप अपनी स्किन ग्लोइंग, फेयर और शाइनी देखना चाहती हैं तो मौसम में जब बदलाव आ रहा हो तो आपको जो भी फेस मास्क सूट करे आप उसे जरुर यूज़ करें। संतरे के छिलके से बनाएं विटामिन सी फेस मास्क : संतरे में विटामिन सी होता है ये तो सब जानते हैं। लेकिन संतरे का छिलका भी काफी फायदेमंद होता है। अगर आपकी स्किन को संतरा सूट करता हो यानि कोई एलर्जी ना हो तो आप संतरे के छिलके से भी फेस पेक बना सकती हैं। संतरे के छिलके से बना विटामिन सी फेस मास्क आपको ग्लोइंग और क्लीयर स्किन देगा जिससे आपकी त्वचा पर निखार नज़र आएगा। सबसे पहले इसके छिलके को धूप में सुखाकर लें फिर इसे पीसकर पाउडर बनाकर किसी जार में स्टोर कर लें। अब 1 बड़े चम्मच संतरे के छिलके के पाउडर में 2 बड़े चम्मच दही या दूध मिलाकर (जो भी आपकी स्किन को सूट करे) वैसे ऑयली स्किन के लिए दही और ड्राय स्किन के लिए दूध का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे मिक्स करके आप फेस मास्क बना लें और फिर उसे अपनी गर्दन और चेहरे पर लगाएं जब सूख जाए तो पानी से उसे साफ कर लें। आप ये फेस पेक डेली भी यूज़ कर सकती हैं। बस संतरे के छिलकों को धूप में सूखाकर आप एक जार में उसका पाउडर जरुर भर लें। टमाटर से ऐसे बनाएं विटामिन सी फेस मास्क : कई बार मौसम बदलने से भी स्किन टैन होने लगती है। ऐसे में आपकी स्किन के लिए टमाटर सबसे फायदेमंद होता है। टमाटर ना सिर्फ स्किन टेनिंग को हटा़ता है बल्कि ये आपकी स्किन पर पड़ने वाली उम्र की लकीरों को भी कन्ट्रोल करता है। टमाटर वाला विटामिन सी फेस मास्क बनाने के लिए आप टमाटर को आधा काटकर आप उसका पेस्ट बनाकर एक कटोरी में डालें। टमाटर का गूदा भी बेहतर होगा फिर आप इसमें 2 बड़े चम्मच खीरे का रस और 1 बड़ा चम्मच शहद मिलाकर इसका पेस्ट बना लें और फिर स्किन पर लगाएं और जब सूख जाए तो पानी से धो लें। वैसे ये फेस मास्क ऑयली स्किन के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है। नींबू से बनाएं विटामिन सी वाला फेस मास्क : विटामिन सी से भरपूर नींबू जितना खट्टा होता है उतना ही फायदेमंद भी होता है। अगर आप अपनी स्किन पर चमक देखऩा चाहती हैं और आपकी स्किन के दाग-धब्बे जाने का नाम नहीं ले रहे या बदलते मौसम से आपकी स्किन खराब हो रही है तो आप नींबू वाला फेस मास्क लगा सकती हैं। इसे आप दो तरीके से इस्तेमाल कर सकती हैं। पहला, 2 बड़े चम्मच पाइनेपल का गुदा लें और इसे अच्छी तरह मसल लें। इसमें 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस मिलाकर लगाएं। 5-10 मिनट बाद धो लें। दूसरा, अगर आपकी स्किन ऑयली है, तो 1 बड़े चम्मच नींबू के रस में 1 बड़ा चम्मच गुलाबजल मिलाकर लगाएं। कीवी से बनाएं विटामिन सी वाला फेस मास्क : कई महिलाओं की स्किन पर मौसम बदलने की वजह से ड्रायनेस हो जाती है जिसकी वजह से उन्हें इचिंग होती है और उनकी स्किन पर खुजली होने लगती है। इसके बाद स्किन पर दाने आ जाते हैं और स्किन खराब हो जाती है ऐसे में आपको कीवी वाला फेस पेक जरुर मदद करेंगा लेकिन फेस मास्क लगाने से पहले ये जरुर टेस्ट कर लें की आपकी स्किन पर कीवी से एलर्जी ना हो। कीवी वाला फेस मास्क घर पर बनाने के लिए आप एक कटोरी में कीवी का छिलका उतारकर उसका गूदा बना लें। फिर आप इसमें 2 चम्मच दही डालकर उसका पेस्ट बना लें और उसे हर फेस मास्क की तरह स्किन पर अप्लाई करें। सूखने के बाद फेस मास्क को पानी से हटा लें। ये सभी फेस मास्क आपकी स्किन के लिए हेल्दी है लेकिन आपकी ऑयली स्किन है या ड्राय स्किन है या फिर आपको एलर्जी तो नहीं है ये सब बाते ध्यान में रखकर ही आप कोई भी फेस मास्क इस्तेमाल करें। अगर आप अपनी स्किन को हेल्दी बनाना चाहती हैं तो आप ये घरेलू फेस पैक इस्तेमाल कर सकती हैं।   recent visitors 127

पाली में हादसे के समय मानकदेह स्कूल के छात्र और छात्राएं बस में सवार थे, स्कूल बस पलटने से 3 बच्चों की मौत

पाली राजस्थान के पाली जिले के देसूरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसमें तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा पाली के देसूरी थाना क्षेत्र में स्थित पंजाब मोड के पास, देसूरी की नाल के नजदीक हुआ। यहां एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय मानकदेह स्कूल के छात्र और छात्राएं बस में सवार थे। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई हादसा होने के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, जिससे आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासियों ने घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। परशुराम महादेव जा रहे थे छात्र बताया जा रहा है कि ये छात्र पिकनिक मनाने के लिए परशुराम महादेव जा रहे थे। हादसे के बाद राजसमंद के एसपी और कलेक्टर ने घायलों का हालचाल जानने के लिए अस्पताल का दौरा किया और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की है और अन्य जरूरी कदम उठाए हैं। recent visitors 70

पुलिस पर झूठा फंसाने का लगाया आरोप, राजस्थान-जोधपुर में रंगदारी केस में लॉरेंस ने 8 साल बाद कोर्ट में दिए बयान

जोधपुर. पंजाब के कुख्यात और हार्डकोर बदमाश लॉरेंस बिश्नोई और उनके गुर्गों पर ट्रैवल्स कंपनी के मालिक को धमकाने और रंगदारी के मामले में महानगर मजिस्ट्रेट संख्या-7 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लारेंस के बयान दर्ज किए गए। साबरमती जेल से वीसी के जरिए मजिस्ट्रेट हर्षित आडा के समक्ष लारेंस के बयान दर्ज किए गए। अधिवक्ता संजय विश्नोई ने बताया कि ट्रैवल्स एजेंसी के मालिक मनीष जैन से रंगदारी और डराने धमकाने एवं फायरिंग करने के मामले में साल 2017 में सरदारपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। लंबे समय से इस मामले में सुनवाई चल रही थी। लारेंस के बयान नहीं हो पा रहे थे। ऐसे में फिजिकली लारेंस को लाना संभव नहीं होने पर पिछली सुनवाई पर वीसी के जरिए बयान करवाने थे, लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से बयान नहीं हो पाए थे। आज वीसी के जरिए साबरमती जेल से लारेंस ऑनलाइन कोर्ट के समक्ष पेश हुआ और उसके बयान दर्ज किए गए। लारेंस ने कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज कराए। करीब 55 सवाल लारेंस के सामने रखे गए जिन पर उससे जवाब लिए गए। लारेंस ने सभी का जवाब दिया और कहा कि पुलिस ने इस मामले में उसे झूठा फंसाया है, क्योंकि घटना से तीन साल पहले से वह जेल में था। ऐसे में पुलिस केवल उसे फंसाने का प्रयास कर रही है। उसका कहा कि घटना के वक्त जेल में होने से वह घटना को कैसे अंजाम दे सकता है। अधिवक्ता विश्नोई ने कहा कि अभी उसके बयान पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे में अगली पेशी पर उसके बयान होने के बाद इस मामले में बयानों पर जिरह होगी। उसके बाद ही इस मामले में कोर्ट की आगे की प्रोसेडिंग होने के साथ फैसला होगा। recent visitors 79

आपसी मनमुटाव सुलझाना होगी बड़ी चुनौती, राजस्थान-अलवर पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास

अलवर. केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज बहरोड़ क्षेत्र के तक्षशिला स्कूल के वार्षिकोत्सव में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने हिंदी भाषा, शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए। केंद्रीय मंत्री यादव ने हिंदी भाषा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि निजी विद्यालय अंग्रेजी माध्यम के नाम पर अधिक फीस तो लेते हैं, लेकिन उन्हें छात्रों को अपनी मातृभाषा हिंदी पर गर्व करना भी सिखाना चाहिए। बच्चों और अभिभावकों से संवाद के दौरान हिंदी का उपयोग करें। इससे छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और भाषा के प्रति सम्मान का भाव विकसित होगा। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से संचालित लाइब्रेरी में बच्चों और उनके माता-पिता के साथ हिंदी में बातचीत कर आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई शिक्षा नीति को समाज के सर्वांगीण विकास का आधार बताते हुए कहा कि यह नीति छात्रों को नई दिशा प्रदान करती है और इसे सभी को समझना चाहिए। उन्होंने अटल टिंकरिंग लैब की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, जिज्ञासा और नवीन सोच को बढ़ावा देना है। यह डिजाइन मानसिकता और कम्प्यूटेशनल सोच जैसे कौशल विकसित करने में सहायक है। उन्होंने शिक्षा के लिए सकारात्मक और स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने “खेलो इंडिया” योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने बताया कि अलवर में सांसद खेल उत्सव का आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बहरोड़ के मांचल ग्राम पंचायत में नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर उन्होंने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दो बार मुख्यमंत्री रहने के बावजूद अशोक गहलोत ईआरसीपी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर कोई काम नहीं कर पाए लेकिन भजनलाल सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य कर यह साबित किया है कि जमीन से जुड़ा व्यक्ति विकास को प्राथमिकता देता है। कार्यक्रम में बहरोड़ विधायक जसवंत यादव, जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, पंचायत समिति प्रधान सरोज यादव, एडवोकेट बस्तीराम यादव, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित यादव, सरपंच ओमप्रकाश यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। recent visitors 78