शीतलहर : अस्पतालों को सतर्क रहने और समय पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए

भोपाल आयुक्त स्वास्थ्य तरुण राठी ने शीतलहर से होने वाले दुष्प्रभावों और उससे बचाव के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दिसम्बर और जनवरी माह में शीतलहर के दौरान सर्द हवाओं से स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव के दृष्टिगत सावधानियों और तैयारियों के वृहद निर्देश आदेश में शामिल हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा "नेशनल गाइडलाइंस फॉर प्रिपरेशन ऑफ एक्शन प्लान – प्रिवेंशन एंड मैनेजमेंट ऑफ कोल्ड वेव एंड फ्रॉस्ट" जारी की गई है, जिससे शीतलहर से बचाव और प्रबंधन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा सकें। इन दिशा-निर्देशों के तहत सभी संबंधित विभागों और अस्पतालों को सतर्क रहने और समय पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में शीतलहर से बचाव हेतु व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा जिला और विकासखंड स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश आयुक्त स्वास्थ्य ने दिये हैं। साथ ही शीतघात और हाइपोथर्मिया से उत्पन्न स्वास्थ्य समस्याओं की त्वरित पहचान और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सभी अस्पतालों में करने के लिये कहा गया है। सुरक्षात्मक उपाय एवं सावधानियाँ स्थानीय स्तर पर संचार माध्यमों से मौसम संबंधी पूर्वानुमानों के प्रति जागरूक रहने की नागरिकों को सलाह दी गयी है। मौसम के पूर्वानुमानों का पालन करें। शीतलहर के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और घर के अंदर ही रहें। ठंड में लंबे समय तक बाहर न रहें। ऊनी कपड़ों की कई परतें पहनकर सिर, गर्दन, हाथ और पैरों को ढककर रखें। विटामिन सी युक्त फल और सब्जियां खाएं और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए गर्म तरल पदार्थों का सेवन करें। आस-पड़ोस में रहने वाले वृद्धजनों और बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। नाक बहना, नाक बंद होना, फ्लू और नाक से खून आने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। बंद कमरों में अंगीठी/कोयले का उपयोग न करें कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता का खतरा बंद कमरों में अंगीठी या फायर पॉट का उपयोग करने से होता है, जिससे जान का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए बंद कमरों में अंगीठी फायर पॉट का प्रयोग न करें। फ्रॉस्टबाइट के दौरान त्वचा सफेद या फीकी पड़ सकती है। कपकपी, मांसपेशियों में अकड़न, बोलने में कठिनाई, अधिक नींद आना, सांस लेने में कठिनाई और बेहोशी जैसे लक्षण दिख सकते हैं। यह एक मेडिकल इमरजेंसी है और इसके लिए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। हाइपोथर्मिया से प्रभावित व्यक्ति को तुरंत गर्म कपड़े पहनाएं और उसे गर्म स्थान पर रखें। कंबल, तौलिया या चादर से शरीर को ढकें। गर्म पेय पदार्थ देकर शरीर के तापमान को बढ़ाएं। लक्षणों के बढ़ने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता लें। शराब का सेवन न करें, क्योंकि यह शरीर के तापमान को घटाता है और रक्त धमनियों में संकुचन करता है। फ्रॉस्टबाइट प्रभावित अंगों को रगड़ने से बचें, इससे और अधिक नुकसान हो सकता है। बेहोश व्यक्ति को तरल पदार्थ न पिलाएं।   recent visitors 64

हमारी सरकार प्रदेश में सुशासन स्थापित करने के लिए कर रही है कार्य : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर हमारी सरकार के कार्यकाल को 13 दिसम्बर को एक वर्ष पूरे हो जायेंगे। इस अवसर को हम जनादेश परब के रूप में मना रहे हैं। हमने ’’मोदी की गारंटी’’ पर काम करते हुए शपथ लेने के दूसरे ही दिन मंत्रिमंडल में निर्णय लिया और प्रधानमंत्री आवास निर्माण की स्वीकृति दी। हमने आवास से वंचित हमारे प्रदेश के 18 लाख परिवारों को आवास देने के लिए निर्णय लिया। आज भी आवास के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया है। पीएम आवास के हितग्राहियों के पक्के मकान बन रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कोरबा के सीएसईबी पूर्व फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।   मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज ऊर्जाधानी कोरबा में 625 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया है। यह एक बड़ी राशि हैै और इस राशि से जिले के विकास का और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिले को डीएमएफ से बड़ी राशि प्राप्त होती है और इस राशि से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ अधोसंरचनात्मक विकास में खर्च किया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से विवाह के बंधन में बंधने वाले 102 नव दांपत्य जोड़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ और 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी कर रहे हैं। 13 लाख से अधिक किसानों के दो साल का बकाया धान बोनस राशि 3716 करोड़ का भुगतान भी किया गया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश में सुशासन की दिशा में काम कर रही है और इसके लिए हम वचनबद्ध है। सरकार बनने के बाद पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच जारी है। जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जायेगा। हमने प्रदेश में सुशासन देने का काम किया है।     उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत आदिवासी समुदाय के लोगों के विकास के लिए बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका में सुधार करने के लिए 80 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा है, इस योजना में छत्तीसगढ़ के 6 हजार 500 गांव भी शामिल है और इस क्षेत्र के परिवारों को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश में लागू नई उद्योग नीति के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि इस नीति से प्रदेश के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति युवाओं, अग्निवीर  सहित अन्य युवाओं को लाभ मिलेगा। सिंगल विण्डो सिस्टम से एक जगह से आवेदन करने की सुविधा होगी।     उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है कि इतनी बड़ी 625 करोड़ रूपये की राशि से अधिक की राशि का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है।     उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं की खाते में एक हजार प्रतिमाह डाले जा रहे हैं। 31 सौ रूपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। उन्होंने सरकार के एक साल पूर्ण होने पर कोरबा वासियों को बधाई देते हुए आभार भी प्रकट किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी हितग्राहीमूलक योजनाओं से बड़ी संख्या में  हितग्राहियों को लाभान्वित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित अन्य  जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने हसदेव नदी पर रपटा निर्माण सहित अन्य कार्यों की घोषणा की     मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की मांग पर जिले में विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने सर्वमंगला हसदेव नदी रपटा सहित, पुरानी बस्ती रानी रोड की ओर एप्रोच रोड निर्माण  की घोषणा की। उन्होंने कोरबा मुख्यालय में नया सर्किट हाउस निर्माण, झगरहा में माध्यमिक शाला का  हाई स्कूल में उन्नयन और कोरबा नगर निगम के विभिन्न वार्डाे में  विकास कार्याे के लिए 23 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। recent visitors 47

WI vs BAN: जांगू का डेब्यू वनडे मैच था और इसमें शतक लगाकर उन्होंने एक खास लिस्ट में अपना नाम शामिल किया

बांग्लादेश बांग्लादेश के खिलाफ लगातार 11 वनडे इंटरनेशनल हारने के बाद वेस्टइंडीज ने जबर्दस्त वापसी करते हुए तीन मैचों की सीरीज में क्लीनस्वीप किया। बांग्लादेश टीम लगातार 11 वनडे इंटरनेशनल जीत के साथ वेस्टइंडीज दौरे पर पहुंची थी और उसे वनडे सीरीज में क्लीनस्वीप का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज की इस जीत में आमिर जांगू का सबसे बड़ा रोल रहा और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। जांगू ने 83 गेंदों पर 104 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। हाई स्कोरिंग मैच में एक समय लग रहा था कि बांग्लादेश आसानी से जीत दर्ज कर लेगा, लेकिन जांगू ने पूरा मैच ही पलट दिया। यह जांगू का डेब्यू वनडे मैच था और इसमें शतक लगाकर उन्होंने एक खास लिस्ट में अपना नाम शामिल कर लिया। वेस्टइंडीज की ओर से डेब्यू वनडे में शतक लगाने वाले जांगू महज दूसरे बैटर बन गए हैं, उनसे पहले यह कारनामा 1978 में डेसमंड हेन्स ने किया था। डेसमंड हेन्स ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और 136 गेंदों पर 148 रनों की पारी खेली थी। जांगू ने छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया। बांग्लादेश ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 321 रन बनाए। सौम्य सरकार ने 73, मेहदी हसन मिराज ने 77 और महमूदुल्लाह ने 84 रनों की पारी खेली। महमूदुल्लाह ने 63 गेंदों पर सात चौके और चार छक्कों की मदद से नॉटआउट रहते हुए यह रन बनाए। वहीं जाकिर अली ने 57 गेंदों पर नॉटआउट 62 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से अल्जारी जोसेफ ने 10 ओवर में 43 रन देकर दो विकेट चटकाए। जवाब में वेस्टइंडीज की शुरुआत बिल्कुल अच्छी नहीं रही। 86 रनों के स्कोर तक ब्रैंडन किंग, एलिक अथांजा, शाई होप और शेरफने रदरफोर्ड पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कीसी कार्टी और आमिर जांगू ने मिलकर बांग्लादेश के गेंदबाजों को परेशान करना शुरू किया। इन दोनों ने 130 रनों की साझेदारी कर वेस्टइंडीज की मैच में वापसी करवाई। कीसी 95 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज ने 45.5 ओवर में छह विकेट पर 325 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। recent visitors 110

आष्टा में बिजनेसमैन मनोज परमार ने अपनी पत्नी नेहा परमार के साथ मौत को गले लगा लिया.

  सीहोर  सीहोर जिले के आष्टा में मनोज परमार और उनकी पत्नी नेहा के शव घर पर फंदे से लटके मिले हैं. पुलिस की मानें तो प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. बीते 5 दिसंबर को ही मनोज परमार के आष्टा और इंदौर के मकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापे मारे थे. कई चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी जब्त किए थे. मनोज परमार उस समय सुर्ख़ियों में आये थे जब कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' में उनके बच्चों की टीम ने राहुल गांधी को गुल्लक भेंट की थी.   मनोज और उनकी पत्नी की मौत के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने 'X' पर लिखा, ''मैंने मनोज के लिए वकील की व्यवस्था भी कर दी थी. लेकिन बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है मनोज इतना घबराया हुआ था कि आज उसने व उसकी पत्नी ने आज सुबह आत्म हत्या कर ली. मैं इस प्रकरण में ED डायरेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग करता हूं.''   आष्टा पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. फिलहाल मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जीतू पटवारी पहुंचे आष्टा, परिजनों से की चर्चा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे आष्टा मृतक पति पत्नी के पुत्र जतिन परमार और भाई राजेश परमार से की चर्चा। कारोबारी के बेटे जतिन परमार ने ईडी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और भाजपा ज्वाइन करने के आरोप लगाए है। सामने आया 6 पन्नों का सुसाइड नोट, प्रधानमंत्री सहित 17 लोगों को भेजा खुदकुशी करने से पहले व्यापारी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, चीफ जस्टिस, संसद में नेता प्रतिपक्ष सहित 17 लोगों के नाम 6 पेज का सुसाइड नोट छोड़ गया है। इसमें 6 बिंदुओं में उसने पूरा घनाक्रम लिखा है, जिसकी वजह से उसे खुदकुशी करने पर मजबूर होना पड़ा। सुसाइड नोट में जांच एजेंसी के अधिकारी द्वारा दबाव बनाकर भाजपा में शामिल होने की बात लिखी गई है। पोस्टमार्टम करने सीहोर से पहुंचे डॉक्टर इधर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीहोर से चिकित्सकों की टीम पोस्टमार्टम के लिए आष्टा पहुंची। आष्टा के डॉक्टर की टीम भी पोस्टमार्टम किया। दिग्विजय सिंह ने किया पोस्ट पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा कि आष्टा सिहोर के मनोज परमार को बिना कारण ED ने परेशान किया जा रहा था. मनोज परमार के बच्चों ने राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा के समय गुल्लक भेंट की थी. मनोज के घर पर ED के Astt Director भोपाल संजीत कुमार साहू ने रेड की  थी. मनोज अनुसार उस पर रेड इसलिए डाली गई क्योंकि वह कांग्रेस का समर्थक है. मैंने मनोज के लिए वकील की व्यवस्था भी कर दी थी, लेकिन बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है मनोज इतना घबराया हुआ था कि आज उसने और उसकी पत्नी ने सुबह आत्म हत्या कर ली. मैं इस प्रकरण में Director ED से निष्पक्ष जांच की मांग करता हूं. recent visitors 191

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड ने 60244 यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के डीवी व पीएसटी की डेट जारी

नई दिल्ली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नत बोर्ड ने 60244 यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन व फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (डीवी / पीएसटी ) की तिथि घोषित कर दी है। यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने कहा है कि कांस्टेबल भर्ती के डीवी पीएसटी 26 दिसंबर से शुरू होंगे। डीवी पीएसटी राउंड के एडमिट कार्ड 16 दिसंबर 2024 से डाउनलोड कर सकेंगे। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर डीवी व पीएसटी राउंड के लिए 174316 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था। नोटिस में बोर्ड ने कहा, 'आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की दिनांक 23, 24, 25 30 व 31 अगस्त 2024 को सम्पन्न लिखित परीक्षा में अभिलेखों की संवीक्षा तथा शारीरिक मानक परीक्षण (DV / PST) हेतु अर्ह पाए गए अभ्यार्थियों की DV/ PST दिनांक 26 दिसंबर 2024 से आरम्भ की जाएगी। इस प्रक्रिया में सम्मिलित होने हेतु अर्ह अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जाने हेतु वेब लिंक दिनांक 16/12/2024 को बोर्ड की वेबसाईट पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।' बोर्ड ने कहा है कि अगर किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में दिक्कत होती है तो वह हेल्पलाइन नंबर 8867786192 पर संपर्क कर सकता है। एडमिट कार्ड का लिंक uppbpb.gov.in पर जारी होगा। अभ्यर्थी एडमिट कार्ड में दिए गए परीक्षा केंद्र पर तय तिथि व समय पर प्रवेश पत्र में दिए गए संबंधित डॉक्यूमेंट्स व ऑरिजनल डॉक्यूमेंट्स की एक सेल्फ अटेस्टेड कॉपी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। यूपी पुलिस कांस्टेबल के पीएसटी में पास होने के लिए कद काठी के नियम यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए जनरल, ओबीसी और एससी वर्ग की न्यूनतम लंबाई 168 सेमी होनी चाहिए। इसके साथ उम्मीदवार का सीना बिना फुलाए 79 सेमी और फुलाकर 84 सेमी होना चाहिए। एससी वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 160 सेमी निर्धारित है। इसके साथ सीना बिना फुलाए 77 सेमी एवं फुलाकर 82 सेमी होना चाहिए। महिला वर्ग की बात करें तो सेलेक्ट होने वाली कैंडिडेट्स के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेमी तय की गई है। वहीं एसटी वर्ग से आने वाली महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 147 सेमी निर्धारित है। महिलाओं का न्यूनतम वजन 40 किलो होना चाहिए। यदि कोई अभ्यर्थी जो अपनी पीएसटी से संतुष्ट न हो तो ठीक परीक्षण के बाद उसी दिन अपील कर सकता है। यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में करीब 48 लाख पंजीकृत थे जिसमें से लगभग 32 लाख ने एग्जाम दिया। यूपी पुलिस कांस्टेबल री-एग्जाम का आयोजन 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त 2024 को कुल 10 पालियों में कराया गया था। पीएसटी डीवी में सफल होने के बाद होगा पीईटी फिजिकल टेस्ट सफल होने के लिए पुरुष उम्मीदवारों को 25 मिनट में 4.8 किमी की दौड़ पूरी करनी होगी वहीं महिला उम्मीदवारों को 14 मिनट में 2.4 किमी की दौड़ पूरी करना अनिवार्य होगा। recent visitors 80

गाबा में विराट कोहली कंगारुओं के खिलाफ 100 टेस्ट मैच खेलने वाले दुनिया के मात्र दूसरे खिलाड़ी बनेंगे

नई दिल्ली इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया 5 मैच की बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला शनिवार, 14 दिसंबर से गाबा में खेला जाना है। इस मैच में मैदान पर उतरते ही टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। किंग कोहली का यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 100वां मुकाबला होगा। वह कंगारुओं के खिलाफ 100 टेस्ट मैच खेलने वाले दुनिया के मात्र दूसरे ही खिलाड़ी बनेंगे। जी हां, कोहली ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 27 टेस्ट,49 वनडे और 23 टी20 मुकाबले खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। 'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन ने कंगारुओं के खिलाफ कुल 110 मुकाबले खेले हैं जिसमें 49.68 की लाजवाब औसत के साथ उनके बल्ले से 6707 रन निकले हैं। बात ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली के रिकॉर्ड की करें तो, अभी तक खेले 99 मैचों में उनके बल्ले से 50.24 की उम्दा औसत के साथ 5326 रन निकले हैं।   सचिन तेंदुलकर- 110 इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2025 इस समय 1-1 की बराबरी पर खड़ी है। पर्थ टेस्ट को 295 रनों के विशाल अंतर से जीतकर भारत ने सीरीज का जोरदार आगाज किया था। इसके बाद दूसरा टेस्ट पिंक बॉल से एडिलेड में खेला गया, जहां कंगारुओं ने वापसी करते हुए भारत को 10 विकेट से धूल चटाई और 1-1 की बराबरी की। दोनों टीमों के लिए गाबा में होने वाला यह टेस्ट काफी अहम होने वाला है। recent visitors 89

एमपी में सर्दी का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक और बढ़ने की संभावना, कई जिलों में शीतलहर और कोल्ड-डे का अलर्ट जारी

 इंदौर मपी में सर्दी का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में शीतलहर और कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से इंदौर भोपाल, जबलपुर और शहडोल जैसे क्षेत्रों में दिन और रात दोनों ठंडे रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों में बर्फबारी से चल रही ठंडी हवाएं इसका मुख्य कारण हैं। मौसम विभाग ने सभी जिलों में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। प्रभावित जिले 1. कोल्ड वेव और कोल्ड-डे: भोपाल, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, शाजापुर, रायसेन, कटनी, सीधी। 2. कोल्ड वेव: इंदौर, जबलपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, पन्ना, उमरिया, शहडोल। 3. कोल्ड-डे: मंदसौर, रतलाम, बैतूल, नरसिंहपुर, मंडला। स्कूलों का समय बदला भोपाल और इंदौर सहित कई जिलों में स्कूल सुबह 9 बजे से शुरू हो रहे हैं ताकि बच्चों को ठंड से बचाया जा सके। इंदौर में नगर निगम कमिश्नर शिवम वर्मा ने बुधवार को ही स्कूलों का समय बदलने के आदेश दे दिए थे। गुरुवार को कई स्कूलों ने समय नहीं बदला जिनकी पैरेंट्स ने शिकायत भी की। शुक्रवार से शहर के अधिकांश स्कूलों में समय बदल गया है। मंदिरों में खास तैयारी वन विहार और जू में जानवरों के लिए हीटर लगाए गए हैं। मंदिरों में भगवान को ठंड से बचाने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्हें गर्म कपड़े पहनाए गए हैं। जू में पिंजरों को ग्रीन नेट से ढंका भी जा रहा है। तेज ठंड का कई जानवरों पर गंभीर असर हो सकता है इसलिए कर्मचारी लगातार मानिटरिंग कर रहे हैं। इंदौर का तापमान रात का तापमान: 8.6 डिग्री सेल्सियस। दिन का औसत तापमान: 24.8 डिग्री। इन कारणों से बढ़ रही ठंड मध्य प्रदेश (एमपी) में कड़ाके की ठंड पड़ने के पीछे भारतीय मौसम विभाग (IMD) भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने दो प्रमुख कारण बताए हैं। उनका कहना है कि इन दोनों कारणों के चलते उत्तर भारत की सर्द हवाएं मध्य प्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। 1. सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम की स्थिति: पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 278 किमी/घंटे की रफ्तार से सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। अगर इन हवाओं की ऊंचाई कम होती है या गति और तेज होती है, तो ठंड का असर और बढ़ सकता है।   2. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तरी पाकिस्तान और उसके आस-पास के क्षेत्रों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के साथ एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है। इससे बर्फ पिघलने की प्रक्रिया तेज हो रही है, जिसके कारण हवा में अधिक ठंडक आ रही है।     recent visitors 52