लोगों को कथित रूप से गायब किए जाने की घटनाओं में शेख हसीना की संलिप्तता का पता चला, आयोग ने रिपोर्ट में किया दावा

ढाका बांग्लादेश की अंतरिम सरकार द्वारा गठित जांच आयोग ने अपनी अनंतिम रिपोर्ट में कहा है कि उसे लोगों को कथित रूप से गायब किए जाने की घटनाओं में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संलिप्तता का पता चला है। लोगों के लापता होने की घटनाओं की जांच के लिए गठित आयोग ने अनुमान लगाया है कि ऐसे मामलों की संख्या 3,500 से अधिक है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस के मुख्य सलाहकार (सीए) के कार्यालय की प्रेस शाखा ने शनिवार रात एक बयान में कहा, ‘‘आयोग को इस बात के सबूत मिले हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के निर्देश पर लोगों को गायब किया गया।’’ इसमें कहा गया है कि अपदस्थ प्रधानमंत्री के रक्षा सलाहकार मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) तारिक अहमद सिद्दीकी, राष्ट्रीय दूरसंचार निगरानी केंद्र के पूर्व महानिदेशक और बर्खास्त मेजर जनरल जियाउल अहसन, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मोनिरुल इस्लाम एवं मोहम्मद हारुन-ओर-रशीद और कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इन घटनाओं में शामिल पाए गए। सेना और पुलिस के ये सभी पूर्व अधिकारी फरार हैं। ऐसा माना जा रहा है कि वे छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह के बाद पांच अगस्त को हसीना की अवामी लीग सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद देश से बाहर चले गए थे। लोगों को गायब किए जाने की घटनाओं की जांच करने वाले पांच सदस्यीय आयोग ने शनिवार देर रात मुख्य सलाहकार को उनके आधिकारिक आवास यमुना पर ‘‘सत्य का खुलासा’’ शीर्षक से अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपी जिसके बाद यह बयान जारी किया गया। बयान के अनुसार, आयोग के अध्यक्ष एवं उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश मैनुल इस्लाम चौधरी ने यूनुस को बताया कि जांच के दौरान उन्हें एक व्यवस्थित तरीके की जानकारी मिली जिसके कारण इन घटनाओं का पता नहीं चल सका। चौधरी ने कहा, ‘‘लोगों को गायब करने या न्यायेतर हत्या करने वाले व्यक्तियों को भी पीड़ितों की जानकारी नहीं होती थी।’’ रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस की विशिष्ट अपराध-विरोधी ‘रैपिड एक्शन बटालियन’ (आरएबी) और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसी ने लोगों को जबरन ले जाने, उन्हें प्रताड़ित करने और हिरासत में रखने की घटनाओं को अंजाम देने के लिए एक-दूसरे के साथ मिलकर काम किया। आरएबी में सेना, नौसेना, वायु सेना और पुलिस के लोग शामिल होते हैं। आयोग ने आतंकवाद रोधी अधिनियम, 2009 को खत्म करने या उसमें व्यापक संशोधन करने के साथ-साथ आरएबी को खत्म करने का प्रस्ताव भी रखा। मानवाधिकार कार्यकर्ता और आयोग के सदस्य सज्जाद हुसैन ने कहा कि उन्होंने इस तरह की घटनाओं के कारण लोगों के लापता होने की 1,676 शिकायतें दर्ज की हैं और अब तक उनमें से 758 मामलों की जांच की है। इनमें से 200 लोग या 27 प्रतिशत पीड़ित कभी वापस नहीं लौटे और जो वापस लौटे, उनमें से अधिकतर को रिकॉर्ड में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के तौर पर दिखाया गया है। आयोग में अध्यक्ष के अलावा न्यायमूर्ति फरीद अहमद शिबली, मानवाधिकार कार्यकर्ता नूर खान, निजी बीआरएसी विश्वविद्यालय की शिक्षिका नबीला इदरीस और मानवाधिकार कार्यकर्ता सज्जाद हुसैन भी आयोग में शामिल हैं। इससे पहले, आयोग ने एक संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि उसे ढाका और उसके बाहरी इलाकों में आठ गुप्त हिरासत केंद्र मिले हैं। आयोग के अध्यक्ष ने शनिवार को यूनुस को बताया कि वह मार्च में एक और अंतरिम रिपोर्ट पेश करेंगे तथा सभी आरोपों की जांच पूरी करने के लिए उन्हें कम से कम एक और वर्ष की आवश्यकता होगी। टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर उन पीड़ितों के साक्षात्कार प्रसारित किए गए जिन्हें कथित रूप से गायब किया गया था। इन पीड़ितों में हसीना के शासन का सक्रिय रूप से विरोध करने वाले विपक्ष के कार्यकर्ता और पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल हैं। recent visitors 70

ट्राविस हेड के बाद स्टीव स्मिथ ने भी गाबा में दमदार शतक जड़ा, ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर बनाया दबदबा

नई दिल्ली ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट टीम में पिछले कुछ समय से दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ समस्या बने हुए थे, क्योंकि उन्होंने करीब दो दर्जन पारियों में एक भी शतक नहीं जड़ा था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में स्टीव स्मिथ को ऑस्ट्रेलिया की एक कमजोर कड़ी कहा जा रहा था। यहां तक कि पर्थ और एडिलेड में भी स्टीव स्मिथ के बल्ले से रन नहीं निकले, लेकिन ब्रिसबेन के गाबा में उन्होंने दमदार शतक जड़कर अपनी वापसी की कहानी लिखी। इसी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में भारत पर दबदबा बना लिया है। ट्रैविस हेड पहले से ही लय में हैं और वे लगातार दूसरा शतक इस सीरीज में जड़ चुके हैं। दाएं हाथ के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में 33वां शतक जड़ा है। 32वें शतक से 33वें शतक तक पहुंचने के लिए उनको 26 पारियों और करीब डेढ़ साल का इंतजार करना पड़ा। उन्होंने आखिरी शतक रेड बॉल क्रिकेट में जून 2023 में जड़ा था। वह शतक उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जड़ा था। उस समय भी भारतीय टीम ही उनके सामने थी। जून 2023 से दिसंबर 2024 तक वे बहुत कम बार शतक के करीब पहुंचे, लेकिन अब वे शतक के पार पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने 185 गेंदों में 12 चौकों की मदद से शतक जड़ा। भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उनका ये 10वां शतक है। भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में स्टीव स्मिथ ने जो रूट की बराबरी कर ली है। दोनों ने 10-10 शतक भारत के खिलाफ जड़े हैं। हालांकि, स्मिथ ने 41 पारियों में ये कमाल किया है, जबकि रूट ने 55 पारियो में ये उपलब्धि हासिल की है। गैरी सोबर्स, विव रिचर्ड्स और रिकी पोंटिंग ने 8-8 टेस्ट शतक भारत के खिलाफ जड़े हैं। भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक 41 पारियों में 10: स्टीव स्मिथ 55 पारियों में 10: जो रूट 30 पारियों में 8: गैरी सोबर्स 41 पारियों में 8: विव रिचर्ड्स 51 पारियों में 8: रिकी पोंटिंग इसके अलावा स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने स्टीव वॉ को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने 32 शतक ऑस्ट्रेलिया के लिए रेड बॉल फॉर्मेट में जड़े थे। स्मिथ का ये 33वां शतक है। हालांकि, वे रिकी पोंटिंग से पीछे हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पोंटिंग ने 41 शतक टेस्ट क्रिकेट में जड़े हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट शतक 41 – रिकी पोंटिंग पर्थ टेस्ट मैच की बात करें तो स्टीव स्मिथ पहली पारी में बिना खाता खोले आउट हुए थे, जबकि दूसरी पारी में महज 17 रन बना पाए थे। पिंक बॉल ने भी उनका साथ नहीं दिया था और वे महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। ऐसे में उन पर बड़़ी पारी खेलने का दबाव था और उन्होंने ब्रिसबेन में अपने ऊपर से ये दबाव हटा दिया। शतक जड़कर उन्होंने अपनी टीम को इस मैच में ही नहीं, बल्कि इस सीरीज में भी मजबूती दी है, क्योंकि इस समय सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। अगर इस मैच में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिलती है तो मेजबान टीम 2-1 से आगे निकल जाएगी और फिर सीरीज जीतने के लिए बाकी बचे दो मैचों में से एक मैच में जीत दर्ज करनी होगी। recent visitors 86

बेंगलुरु पुलिस ने अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया को किया अरेस्ट, प्रयागराज से सास-साला धर दबोचे

गुरुग्राम बेंगलुरु में कथित तौर पर पत्नी द्वारा उत्पीड़न से तंग आकर खुदकुशी करने वाले एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया को बेंगलुरु पुलिस ने रविवार को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, निकिता के मां और भाई को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है। बेंगलुरु की व्हाइट फील्ड डिवीजन की डीसीपी शिवकुमार ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अतुल की पत्नी निकिता सिंघानिया को हरियाणा के गुरुग्राम से और उसकी मां निशा और भाई अनुराग को प्रयागराज से आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। निकिता और उसके परिवारवालों पर पर अतुल के खिलाफ मामला वापस लेने के लिए 3 करोड़ रुपये और बेटे का मुंह दिखाने के लिए 30 लाख रुपये रुपये मांगने का आरोप है। वार्ता के अनुसार, अतुल सुभाष खुदखुशी मामले में गिरफ्तारी से बचने को रात के अंधेरे में फरार होने के बाद आरोपियों ने 12 दिसंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी। बता दें कि, मृतक के भाई विकास ने 9 दिसंबर को बेंगलुरु के मराठाहल्ली थाने में भाई की पत्नी और ससुरालवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद बेंगलुरु पुलिस ने इस मामले में वॉन्टेड मृतक की पत्नी निकिता और उसके परिवार के लोगों को समन भेजकर तीन दिन में थाने में हाजिर होने को कहा था। मुकदमे वापस लेने को 3 करोड़, बेटा दिखाने को 30 लाख की थी मांग अतुल सुभाष के भाई विकास ने आरोप लगाया था कि अतुल की पत्नी निकिता और ससुराल वालों ने मुकदमा वापस लेने के लिए 3 करोड़ और इकलौते बेटे से मिलने के लिए 30 लाख रुपये की मांग की थी। यही वजह और मुकदमों से परेशान होकर अतुल सुभाष ने बेंगलुरु में आत्महत्या कर ली थी। विकास ने बताया था कि अतुल और निकिता की 2019 में शादी हुई थी। भाई से पैसे ऐंठने को निकिता, उसकी मां निशा, भाई अनुराग व चाचा ससुर सुशील ने पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाया और अत्यधिक मानसिक और शारीरिक तनाव दिया। निकिता और उसके परिवार ने मेरे भाई अतुल के खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज कराए और उन मामलों को बंद करने के लिए आरोपी 3 करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे। मेरे भाई को अपने बच्चे को देखने और उससे मिलने के लिए भी 30 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। विकास ने कहा कि जौनपुर अदालत की सुनवाई के दौरान भाई अतुल के बयानों का मजाक उड़ाकर उसे आत्महत्या करने के लिए उकसाया गया और कहा गया या तो अतुल को उन्हें 3 करोड रुपये देने चाहिए या आत्महत्या कर लेनी चाहिए। गौरतलब है कि, 34 वर्षीय अतुल सुभाष ने 9 दिसंबर को बेंगलुरु में कथित तौर पर अलग रह रही अपनी पत्नी निकिता सिंघानिया और ससुरालवालों के उत्पीड़न के कारण आत्महत्या कर ली थी। निकिता, उसकी मां निशा, भाई अनुराग और चाचा सुशील के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। recent visitors 57

देश के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय में नॉन टीचिंग के 137 पदों पर भर्ती निकाली, ग्रेजुएट करें आवेदन

नई दिल्ली देश के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय में नॉन टीचिंग के 137 पदों पर भर्ती निकाली गई है। वैकेंसी में असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 11, सीनियर असिस्टेंट के 46 और असिस्टेंट के 80 पद हैं। सीनियर असिस्टेंट के 21 पद अनारक्षित हैं। 06 पद एससी, 03 एसटी, 12 ओबीसी और 4 ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित हैं। वहीं असिस्टेंट पद पर 35 पद अनारक्षित हैं। 11 पद एससी, 06 पद एसटी, 21 पद ओबीसी और 7 ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित हैं। इस भर्ती के लिए आवदेन की प्रक्रिया www.du.ac.in पर 18 दिसंबर 2024 से शुरू होगी। योग्यता रजिस्ट्रार- कम से कम 55 फीसदी अंकों या समकक्ष ग्रेड के साथ मास्टर डिग्री। सीनियर असिस्टेंट – किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से स्नातक की डिग्री। – लेवल 4 में सहायक या समकक्ष के रूप में तीन वर्ष का अनुभव। असिस्टेंट – किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान/विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री। जूनियर असिस्टेंट/समकक्ष पदों पर दो वर्ष का अनुभव। चयन प्रक्रिया रजिस्ट्रार – प्रीलिम्स एग्जाम, मेन्स एग्जाम और इंटरव्यू। सीनियर असिस्टेंट – प्रीलिम्स एग्जाम, मेन्स एग्जाम और स्किल टेस्ट। असिस्टेंट – प्रीलिम्स एग्जाम, मेन्स एग्जाम और स्किल टेस्ट। सामान्य/अनारक्षित – 1000/- रुपये ओबीसी (एनसीएल), ईडब्ल्यूएस, महिला – 800/-रुपये एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी – 600/-रुपये आवेदन में किसी भी तरह की तकनीकी समस्या आने पर non_teaching_rec@admin.du.ac.in पर ईमेल कर सकते हैं। recent visitors 63

ट्रैविस हेड टीम इंडिया के खिलाफ रुकने का नाम नहीं ले रहे, फिर जड़ा शानदार शतक

नई दिल्ली ट्रैविस हेड टीम इंडिया के खिलाफ रुकने का नाम नहीं ले रहे। उन्होंने एक और सेंचुरी टीम इंडिया के खिलाफ ठोकी है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ट्रैविस हेड ने दूसरा शतक जड़ा है। पिछले करीब डेढ़ साल में ट्रैविस हेड का भारत के खिलाफ ये चौथा शतक है। एक शतक वे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में, एक शतक वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में, एक शतक पिंक बॉल टेस्ट में और अब ब्रिसबेन के गाबा में भी उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की ताकत दिखाई है। भारतीय गेंदबाजों के पास उनका तोड़ नहीं है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने 9वां शतक टेस्ट क्रिकेट में जड़ा है। उन्होंने 115 गेंदों में 13 चौकों की मदद से शतक पूरा किया। ये काफी तेज गति से आया है, जिसका फायदा ऑस्ट्रेलिया को मिला है। टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ उनका ये तीसरा शतक है। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 220 के पार हो चुका है और अभी सिर्फ 3 ही विकेट खबर लिखे जाने तक गिरे हैं। ऐसे में ब्रिसबेन टेस्ट मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया की टीम काफी आगे हैं और एक बार फिर से ये देखने को मिला है कि ट्रैविस हेड वाकई में टीम इंडिया के लिए हेडक बने हुए हैं। बड़े मंच पर अक्सर ट्रैविस हेड भारतीय गेंदबाजों पर अटैक करते हुए नजर आते हैं। आपको बता दें, ट्रैविस हेड ने गाबा में पिछली तीन पारियों में एक भी रन नहीं बनाया था। वे तीन बार पहली-पहली गेंद पर आउट हुए थे, लेकिन यहां वे शतक जड़ने में सफल हुए। पिछली तीन पारियों से पहले उनका बल्ला इस मैदान पर चलता था, क्योंकि वे पहले मैच की पहली पारी में यहां 84, दूसरी पारी में 24, तीसरी पारी में 152 और चौथी पारी में 92 रन बनाने में सफल रहे थे। आपको जानकर ये भी हैरानी होगी कि 20 साल के बाद किसी बल्लेबाज ने पिछले मैच की दोनों पारियों में डक बनाने के बाद शतक जड़ा है। recent visitors 109

MP में सभी राष्ट्रीय बैंक का बदल जाएगा समय, अब सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खुलेंगे

भोपाल प्रदेश के राष्ट्रीयकृत बैंकों में अब एक जैसा ग्राहक सेवा समय तय किया जाएगा, जिससे ग्राहकों को सहूलियत मिलेगी। इस बदलाव से बैंक खुलने और बंद होने का समय तय हो जाएगा, जिससे बैंकिंग सेवाओं में और आसानी होगी। समान समय से ग्राहक और बैंकों को मिलेगी सुविधा प्रदेश के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों का सेवा समय अब सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। कुछ बैंकों को अपवाद के तौर पर समय में थोड़ी छूट दी जा सकती है, लेकिन अधिकांश बैंकों में यह समय 1 जनवरी से लागू हो जाएगा। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था, जिसे मुख्य सचिव अनुराग जैन के समक्ष रखा गया। बैठक की अध्यक्षता एसएलबीसी के संयोजक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने की। मुख्य सचिव के निर्देश पर जिलों में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सलाहकार समितियां बैंकों से संपर्क कर रही हैं। समय का असमानता से ग्राहकों को होती थी परेशानी अब तक बैंकों का समय अलग-अलग होता था। कुछ बैंक सुबह 10 बजे, कुछ 10:30 बजे और कुछ 11 बजे तक खुलते थे। इससे ग्राहकों को कई बार असुविधा होती थी, खासकर जब एक ही दिन में दो बैंकों के बीच काम करना होता था। अब एक समान समय होने से ग्राहकों को यह आसानी से पता रहेगा कि बैंक कब खुलेगा और कब बंद होगा। बैंकों के बीच कार्यों में भी होगी आसानी बैंकों का समय एक जैसा होने से बैंकिंग कामकाज में भी सहूलियत होगी। एक ही दिन में अलग-अलग समय में काम करने से बचा जा सकेगा। इससे बैंकों का आपस में काम भी सुचारू रूप से चल सकेगा और ग्राहकों को बिना परेशानी के बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी। recent visitors 176

थाना कोतवाली पुलिस ने 2 एक्टिवा स्कूटी बरामद कर 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

छतरपुर थाना कोतवाली क्षेत्र में दिनांक 14 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास पार्किंग एवं दिनांक 30 नवंबर को सर्किट हाउस तिराहा फिनो पेमेंट्स बैंक के बाहर प्रथक प्रथक स्थान से एक्टिवा स्कूटी चोरी संबंधी फरियादियों की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रथक प्रथक चोरी के अपराध पंजीबद्ध किए गए थे। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा घटनास्थलों में जाकर भौतिक एवं तकनीकि साक्ष्य एकत्र किए गए, क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। क्षेत्र में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गयी। एकत्रित साक्ष्य के अनुसार दो संदेहियों से पूछताछ की गई। जिनके द्वारा अपराध करना स्वीकार किया गया। आरोपियों के पास से चोरी की गई होंडा एक्टिवा की 2 स्कूटी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बरामद की गई। पृथक पृथक स्कूटी चोरी की घटनाओं में सम्मिलित दो आरोपी 1. संजू उर्फ चपटे रैकवार पिता संतोष रैकवार उम्र 23 साल निवासी कड़ा की बरिया के पास थाना कोतवाली छतरपुर, 2. ऋषि बुंदेला पिता प्राण सिंह बुंदेला उम्र 24साल निवासी ग्राम मोरवा थाना ओरछा रोड छतरपुर को गिरफ्तार करने न्यायालय पेश किया जा रहा है, विवेचना कार्यवाही जारी है। उक्त कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अरविंद कुजूर प्रधान आरक्षक राजेश बागरी, उमाशंकर अवधेश एवं अजय गुप्ता की भूमिका रही। recent visitors 89