बांग्लादेश ने दूसरे टी-20 मैच में वेंस्टइंडीज को 27 रनों से दी शिकस्त

सेंट विंसेंट शमीम हुसैन (नाबाद 35), मेहदी हसन मिराज (26) रनों की पारी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने दूसरे टी-20 मैच में वेंस्टइंडीज को 27 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही बंगलादेश ने तीन टी-20 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली हैं। बांग्लादेश के 129 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम बांग्लादेश के गेंदबाजी आक्रमण के आगे 18.3 ओवर में 102 रनों पर ढ़ेर हो गई। वेस्टइंडीज के लिए रॉस्टन चेज ने सर्वाधिक (32) रनों की पारी खेली। अकील हुसैन ने (31) और जॉनसन चार्ल्स ने (14) रन बनाए। वेस्टइंडीज के शेष आठ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। बांग्लादेश के लिए तसकीन अहमद ने तीन विकेट लिये। महेदी हसन, तनजीम हसन साकिब और रिशाद हुसैन को दो-दो विकेट मिले। हसन महमूद ने एक बल्लेबाज को आउट किया। शमीम हुसैन को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच' से नवाजा गया। इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 11 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गवां दिए। कप्तान लिटन कुमार दास (तीन) और तंजिद हसन (दो) रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सौम्य सरकार भी (11) रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। मेहदी हसन मिराज और जाकेर अली ने पारी संभालने का प्रयास किया। मेहदी हसन मिराज (26) और जाकेर अली (21) रन बनाकर आउट हुए। शमीम हुसैन ने बंगलादेश के लिए 17 गेंदों में (35) रनों की पारी खेली। बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 129 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से गुडाकेश मोती ने दो विकेट लिए। अकील हुसैन, रॉस्टन चेज, अल्जारी जोसेफ और ओबेद मकॉए ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।   recent visitors 67

सदस्यों ने ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग, छत्तीसगढ़-रायगढ़ के धान खरीदी केंद्र पर कर्मचारी से मारपीट व गाली-गलौज

रायगढ़। रायगढ़ जिले में धान खरीदी केंद्र पहुंचकर रायगढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक प्रकाश नायक के द्वारा धान खरीदी में तौलाई को लेकर वहां के फड़ प्रभारी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस मामले में फड़ प्रभारी ने पुसौर थाना में शिकायत की है। इसके बाद रायगढ़ जिला सहकारी कर्मचारी संघ के सदस्यों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन पत्र में कहा गया है कि धान उपार्जन केंद्र छिछोर उमरिया के फड़ प्रभारी शिशुपाल भोय को रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक एवं सुखसागर गुप्ता, बजरंग गुप्ता, संहित पटेल, कैलाश गुप्ता, रेशम गुप्ता, उत्तम सिदार और अन्य उनके 10-12 सहयोगी साथियों के साथ मिलकर शासकीय कार्य कर रहे थे। कर्मचारी शिशुपाल भोय के साथ शराब के नशे में गाली-गलौज कर मारपीट की गई, जो कि निंदनीय अपराधिक कृत्य है। ज्ञापन में कहा गया है कि शासन की धान खरीदी का कार्य महत्वपूर्ण है और इस तरह हमारे कर्मचारियों के साथ मारपीट करना हतोत्साहित कर रहा है एवं भय का वातावरण निर्मित हो रहा है। इस भय के वातावरण में कार्य करने में परेशानी हो रही है। साथ ही साथ जिले के सभी कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो रहा है। पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपे गए ज्ञापन में रायगढ़ जिला सहकारी कर्मचारी संघ के सदस्यों द्वारा मांग की गई है कि इस घटना में शामिल समस्त आरोपियों के विरूद्ध उचित कार्रवाई की जाए, जिससे समस्त कर्मचारी भय मुक्त होकर शासन का महत्वपूर्ण कार्य धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से कर सके। पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग रायगढ़ जिला सहकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामाधर गबेल ने बताया कि छिछोर उमारिया में मारपीट की जो घटना हुई है, वह बेहद दुखद घटना है। हमारे साथी कर्मचारी छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण कार्य धान खरीदी किसानों के साथ ताल-मेल जमाकर किया जा रहा है। उसमें कर्मचारियों के साथ जो मारपीट किया गया उससे रायगढ़ जिले के समस्त कर्मचारी संघ क्षुब्ध हैं। हमारी मांग है कि पीड़ित कर्मचारी के साथ न्याय हो। आरोप निराधार   इस संबंध में रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने बताया कि कांग्रेस के पोल खोल योजना के तहत आज वह पुसौर ब्लॉक के ग्राम छिछोर उमरिया पहुंचे थे। यहां के किसानों ने शिकायत की थी कि यहां ज्यादा धान लिया जा रहा है। ऐसे में वे धान उर्पाजन केन्द्र का निरीक्षण करने यहां पहुंचे तब पाया गया कि यहां 40 किलो 700 ग्राम की जगह 42, 43, 44, 59 किलो तक धान मिला। उसके खिलाफ आवाज बुलंद किया। मारपीट का जो आरोप लगाया जा रहा है वह निराधार है। चूंकि मौके पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, उसमें साफ देखा जा सकता है। मैंने जरूर ऊंची आवाज में बात की था।  मामले में कार्रवाई जारी इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि छिछोर उमरिया धान खरीदी केन्द्र के फड़ प्रभारी शिशुपाल के द्वारा पुसौर थाना में आवेदन दिया गया है। जिसमें उनके द्वारा कहा गया है कि पूर्व विधायक प्रकाश नायक और 8-10 साथियों ने गाली-गलौज व मारपीट किया है। इसके अलावा सेवा सहकारी कर्मचारी संघ द्वारा भी आवेदन दिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। recent visitors 41

ईडी की टीम छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग कारोबारियों के घर छापा मारा

गरियाबंद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम छत्तीसगढ़ में आज सुबह दो अलग-अलग कारोबारियों के घर छापा मारा। रायपुर के मौदहापारा इलाके में चावल कारोबारी रफीक मेमन के घर छापा मारा। इस पर डीएमएफ घोटाले से जुड़े होने के मामले में यह कार्रवाई चल रही है। वहीं गरियाबंद के मैनपुर में इकबाल मेमन के घर छापा मारा गया है। इकबाल मेमन के घर सुबह 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में टीम ने 10 से अधिक वाहनों के साथ मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। इकबाल मेमन पर शराब सिंडिकेट के काले धन को निवेश करने का आरोप है। वह रायपुर के विवादित कारोबारी अनवर ढेबर का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है। इस कनेक्शन की जांच के लिए ईडी विशेष रूप से सक्रिय है। दो करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का खुलासा जानकारी के अनुसार, बीते दो वर्षों में इकबाल मेमन ने दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां खरीदी हैं। इस पर स्थानीय ग्रामीणों ने ईडी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में जाड़ापदर के ग्रामीणों ने मेमन पर शराब सिंडिकेट के अवैध धन से निवेश करने का आरोप लगाया था। शिकायत के बाद बड़ी कार्रवाई जाड़ापदर के ग्रामीणों द्वारा किए गए लिखित शिकायत के बाद ईडी ने यह कार्रवाई शुरू की है। सूत्रों का कहना है कि इस छापेमारी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शराब सिंडिकेट और प्रॉपर्टी खरीद का खेल माना जा रहा है कि यह छापा बड़े शराब सिंडिकेट के काले धन को लेकर किए गए निवेश का खुलासा कर सकता है। ईडी इस बात की जांच कर रही है कि मेमन और ढेबर के बीच आर्थिक लेन-देन का कोई सीधा संबंध है या नहीं। जांच जारी फिलहाल, ईडी की टीम मौके पर मौजूद है और जांच प्रक्रिया जारी है। इस छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।   recent visitors 46

प्रदेशाध्यक्ष भी आज आएंगे, राजस्थान-पाली में राज्यमंत्री देवासी के घर पहुंचे पहुंचे सीएम, मां के निधन पर जताया शोक

पाली। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज सुबह पाली जिले में स्थित मुंडारा दौरे पहुंचे। सुबह 11.51 बजे शर्मा हेलीकॉप्टर से मुंडारा पहुंचे जहां कैबिनेट मंत्री जोराराम और बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने उनकी आगवानी की। हैलीपेड से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुंडारा गांव में पहुंचे, जहां राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के घर पहुंचकर उन्होंने उनकी मां के निधन पर शोक जताया। यहां कुछ देर रुकने के बाद वे जयपुर के लिए प्रस्थान कर गए। इस दौरान मुंडारा हैलीपेड पर संभागीय आयुक्त प्रतिभा सिंह, डीआईजी प्रदीप मोहन शर्मा, पाली कलक्टर एलएन मंत्री, एसपी चूनाराम जाट, एडीएम बाली शैलेन्द्र सिंह, देसूरी एसडीएम विवेक व्यास, पुलिस उपाधीक्षक राजेश यादव, जिला प्रमुख सिरोही अर्जुन पुरोहित, जिला प्रमुख रश्मि सिंह, राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के कार्यकारिणी सदस्य खेमराज देसाई, उप जिला प्रमुख जगदीश चौधरी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। आज ही दोपहर में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का भी दिल्ली से मुंडारा आने का कार्यक्रम है। recent visitors 74

बस्तर संभाग में बारिश के आसार, छत्तीसगढ़-मौसम बदलने से ठंड से मिली थोड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सरगुजा संभाग में शीतलहर जारी है। पत्तों पर बर्फ जमने लगी है। इस बीच अब मौसम में बदल गया है। हवा के साथ आ रही समुद्री नमी से प्रदेश में ठंड थोड़ी कम हो गई है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए थे। इसके बाद धूप निकली है। सबसे ठंडा इलाका अंबिकापुर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बुधवार को प्रदेश के मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ गई। इसके वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। प्रदेश के बस्तर संभाग और उससे लगे जिलों में आज से 22 दिसंबर तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके वजह से मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का सिस्टम बना हुआ है, जिसके कारण प्रदेश में नमी का आगमन हो रहा है। इसके चलते प्रदेश के बस्तर और मध्य जिलों में तापमान में वृद्धी हुई है। वहीं प्रदेश के उत्तरी भाग यानी सरगुजा संभाग में अब भी शीतलहर जारी है। recent visitors 73

1 जनवरी से लागू होगी व्यवस्था, राजस्थान-अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड अब हाथों हाथ देगा बिजली के बिल

अजमेर। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड से जुड़े उपभोक्ताओं को अब बिजली का बिल मीटर रीडिंग के समय ही मिल जाया करेगा। मौके पर ही बिल जनरेट होने से उपभोक्ता को गड़बड़ी या त्रुटि की समस्या से निजात मिल सकेगी। साथ ही यदि कोई शिकायत है, तो उसका भी हाथों हाथ निस्तारण हो सकेगा। यह नई व्यवस्था 1 जनवरी से निगम के अधीन केकड़ी सहित प्रदेश के 17 जिलों में एक साथ लागू की जा रही है। AVVNL के केकड़ी एक्सईएन अरुण जांगिड़ ने बताया कि निगम की ओर से बीसीआईटीएस नामक कंपनी को यह कार्य सौंपा गया है लेकिन इस नई व्यवस्था में भी मीटर रीडर निगम का कर्मचारी ही रहेगा। उन्होंने बताया कि मीटर रीडर जब रीडिंग लेने पहुंचेगा तो वह संबंधित उपभोक्ता के खाते में ऑनलाइन रीडिंग दर्ज करेगा। इस दौरान रीडर को मीटर की फोटो भी विभाग की एप पर अपलोड करनी होगी। तत्पश्चात निगम की एप से तत्काल उपभोक्ता का बिल जनरेट हो जाएगा, जिसे वह अपने पास मौजूद छोटे प्रिंटर से प्रिंट कर उपभोक्ता को दे देगा। यदि उपभोक्ता को इसमें कोई गड़बड़ी लगती है तो वह तत्काल रीडर को अपनी शिकायत भी दर्ज करवा सकेगा। केकड़ी वृत्त में है 1 लाख 26 हजार उपभोक्ता उन्होंने बताया कि निगम के केकड़ी वृत्त में 4 विद्युत उपखंड हैं, जिनमें कुल 1,26,754 बिजली उपभोक्ता हैं। इस नई व्यवस्था के तहत चारों सब डिवीजन में कुल मिलाकर 132 मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका विभाजन किया गया है। 0- केकड़ी सब डिवीजन 33724 उपभोक्ता 34 मशीन 0- सरवाड़ सब डिवीजन 38699 उपभोक्ता 40 मशीन 0- भिनाय सब डिवीजन 32085 उपभोक्ता 34 मशीन 0- सावर सब डिवीजन 22246 उपभोक्ता 24 मशीन शिकायतों से निजात मिलेगी निगम के केकड़ी एक्सईएन अरुण जांगिड़ ने बताया कि नई व्यवस्था के लिए निगम की ओर से संबंधित बीसीआईटीएस कंपनी को कार्यभार सौंपा गया है। कंपनी की ओर से सॉफ्टवेयर व उसके माध्यम से एप भी तैयार है। इस व्यवस्था के लागू होने से उपभोक्ताओं को बिल देरी से मिलने या उसमें त्रुटि रहने की शिकायत से निजात मिलेगी।काश्तकार व बड़े उद्योग शामिल नहींइस नई व्यवस्था से फिलहाल काश्तकारों और बड़े उद्योगों को अलग रखा गया है। उन्हें पूर्व की भांति ही बिल सौंपा जाएगा, जबकि नई व्यवस्था में शामिल उपभोक्ताओं को दो माह के बजाय प्रतिमाह बिल मिलेगा। उल्लेखनीय है कि अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड प्रदेश के 17 जिलों के उपभोक्ताओं को विद्युत वितरण, मीटर रीडिंग और बिल जनरेट करने के काम कर रहा है। इनमें केकड़ी सहित ब्यावर, अजमेर, नागौर, झुंझुनूं, सीकर, डूंगरपुर, कुचामन-डीडवाना, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, नीम का थाना, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, शाहपुरा और उदयपुर जिले शामिल हैं। recent visitors 72

भीड़ ने प्रेमिका को धुना, छत्तीसगढ़-कोरबा में पति-पत्नी और प्रेमिका ने जमकर किया हंगामा

कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मध्य चौपाटी में बीच सड़क पर पति-पत्नी और प्रेमिका ने जमकर हंगामा किया। यहां पति अपनी प्रेमिका के साथ ओपन थिएटर चौपाटी घूमने आया था, अचनाक उसका सामना पत्नी से हो गया। इसके बाद पति और पत्नी में मारपीट हो गई, प्रेमिका ने भी प्रेमी का साथ दिया। पत्नी की चिल्लाने की आवाज सुनकर चौपाटी के लोग हरकत में आ गए। इस बीच मारपीट का वीडियो बनाने पर युवक की प्रेमिका ने एक अन्य युवती का मोबाइल जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भीड़ ने प्रेमिका को जमकर पीटा। हंगामा खत्म होने के बाद पुलिस यहां पहुंची और दोनों पक्षों को समझाया। बताया जा रहा है कि ये ड्रामा काफी समय तक चलता रहा। लोग इस विवाद का अपने मोबाइल में कैद भी कर रहे थे। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और सभी महिला के साथ हुई मारपीट का विरोध करने लगे। कई लोगों को मामला समझ में नहीं आ रहा था। वहीं सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली, इसके बाद मौजूद लोगों को वहां से भगाया गया। चौपाटी में एक कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटना सामने आ चुकी हैं। चौपाटी में विभिन्न प्रकार के व्यंजन मिलते हैं जिसे लोग खाने पहुंचते हैं और शाम होते ही अच्छी खासी भीड़ देखने को मिलती है, जहां इस तरह के विवाद की स्थिति बनने पर काफी ज्यादा भीड़ जमा हो जाती है। समय-समय पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम भी घूमती है। recent visitors 57