Monday, July 6, 2026 3:51 am

शाम तक हो सकता है खुलासा, छत्तीसगढ़-जगदलपुर में पत्रकार मुकेश हत्याकांड में तीन लोग हिरासत में

जगदलपुर। जगदलपुर में लापता पत्रकार मुकेश चंद्राकर की लाश मिलने के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों लोगों से पूछताछ कर रही है। मामले का आज पुलिस खुलासा कर सकती है। वहीं, पत्रकार मुकेश की मौत के बाद बीजापुर में पत्रकारों में रोष देखने को मिला। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि पत्रकार मुकेश चंद्राकर मौत मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस तीनों लोगों से पूछताछ कर रही है। ठेकेदार सुरेश चंद्राकर और उसका भाई रितेश समेत तीन लोग हिरासत में हैं। कुछ और लोगों को भी मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सकती है। पुलिस ने इस मामले में रितेश चंद्राकर को दिल्ली और उसके बड़े भाई सुरेश चंद्राकर को हैदराबाद से हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि पत्रकार मुकेश चंद्राकर सुरेश चंद्राकर का रिश्तेदार भी था। आपको बता दें कि शुक्रवार की शाम बीजापुर मुख्यालय के चट्टानपारा स्थित सुरेश चंद्राकर के यार्ड से पत्रकार का शव बरामद हुआ था। हत्या के बाद सबूत मिपाने के लिए पत्रकार का शव सेप्टिक टैंक में डाल दिया गया था। पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने 1.20 करोड़ के भ्रष्टाचार का खुलासा किया था। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। recent visitors 107

यूनियन कार्बाइड का जहरीले कचरे की राख जमीन में डंप करने से दुष्प्रभाव

भोपाल यूनियन कार्बाइड का कचरा जलने से कई तरह की गंभीर बीमारियों की आशंका है।  विशेषज्ञ डॉक्टरों से रासायनिक कचरे(Union Carbide Waste) के जलने से उत्पन्न स्थिति के बारे में जाना। विशेषज्ञों ने कहा, अगर रासायनिक पदार्थ जलता है तो धुआं निकलता है। वैसे अलग-अलग तरह के धुएं होते हैं, जो कैंसर का कारण बन सकते हैं। धुएं बनते हैं कैंसर की वजह कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिगपाल धारकर के मुताबिक, ‘कुछ धुएं कैंसर का कारण बन सकते हैं। इन्हें कार्सिनोजेनिक धुआं कहा जाता है, जिनमें ऐसे पदार्थ होते हैं जो कैंसर का खतरा बढ़ा सकते हैं। तंबाकू के धुएं से फेफड़ों, गले और अन्य प्रकार के कैंसर तो डीजल के धुएं से फेफड़े और मूत्राशय के कैंसर का खतरा होता है। रासायनिक धुएं में वाष्पशील कार्बनिक यौगिक होते हैं, जो कैंसरकारी हो सकते हैं। कई मामलों में तो सालों बाद भी कैंसर का खतरा रहता है। लोगों को सुझाव दिया जाता हैै कि अगर वे कार्सिनोजेनिक धुएं के संपर्क में आते हैं तो किसी स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।’ कचरे की राख जमीन में डंप करने से दुष्प्रभाव डॉ. पीयूष जोशी(एमडी )के मुताबिक, ‘रासायनिक कचरे की राख को जमीन में डंप करने से दुष्प्रभाव की आशंका रहती है। राख को जमीन में डंप करने से भूमिगत जल के दूषित होने की पूरी आशंका रहती है। पीथमपुर से यशवंत सागर जुड़ा है, बेटमा इलाका भी लगा है, जहां तक प्रभाव हो सकता है। इस तरह का दूषित जल पीने से कैंसर का खतरा रहता है। साथ ही गर्भवती महिला संपर्क में आती है तो गर्भस्थ बच्चा प्रभावित हो सकता है और पैदा होने पर उसमें विकृति की आशंका रहती है। त्वचा रोग का भी खतरा रहता है।’ एक्सपर्ट व्यू डॉ. योगेंद्र व्यास, शिशु रोग विशेषज्ञ व फिटनेस कोच के मुताबिक, ‘पीथमपुर पहुंचा यूनियन कार्बाइड का कचरा(Union Carbide waste) 40 साल पुराना है। इसमें कोई केमिकल बचा नहीं है। विशेषज्ञ एनालिसिस भी कर रहे हैं। भोपाल से पीथमपुर इसलिए आया है, क्योंकि यहां मौजूद रामकी कंपनी इंटरनेशनल होने के साथ वेस्ट मैनेजमेंट का अनुभव भी रखती है। कई लोग बोल रहे हैं कि कचरे से नुकसान होगा व पर्यावरण प्रदूषित होगा। इसके बारे में कहूंगा कि भोपाल में यूनियन कार्बाइड की 70 एकड़ जमीन है। इसमें से 30 एकड़ पर कई सालों से अतिक्रमण है। वहां लोग रह रहे हैं। उन्हें असर हुआ या नहीं, इसकी स्टडी पहले कर ली जाए। रामकी कंपनी नौ माह में पूरे मापदंड के साथ इसका निष्पादन करेगी। सभी उत्सर्जित गैसों की निगरानी होगी। फिल्टर भी लगा है। इसलिए चिंतित नहीं होना चाहिए।’   recent visitors 94

मुख्यमंत्री साय ने प्रकाश झा के छत्तीसगढ़ आगमन पर उन्हें शाल और स्मृति चिन्ह भेंटकर किया स्वागत

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सुप्रसिद्ध फिल्म निर्माता, निर्देशक, कलाकार एवं पटकथा लेखक प्रकाश झा ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रकाश झा के छत्तीसगढ़ आगमन पर उन्हें शाल और स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में हिंदी फिल्मों के निर्माण और फिल्म उद्योग के विकास की संभावनाओं के संबंध में चर्चा की। प्रकाश झा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पसंदीदा फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रकाश झा उन दिग्गज फिल्मकारों में से एक है, जो अपनी फिल्मों के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को पर्दे पर बखूबी उतारते हैं। recent visitors 51

हॉस्टल में फांसी लगाकर आईआईटी छात्र ने किया सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस

इंदौर आईआईटी इंदौर के एक छात्र ने हॉस्टल में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। स्टूडेंट का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतक रोहित तेलंगाना का रहने वाला था और इंदौर आईआईटी में बीटेक फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था। आज कैंपस के हॉस्टल में जब दोस्त उसे बुलाने पहुंचे तो उसने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद प्रबंधन ने सिमरोल थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो छात्र का शव पंखे से लटकता हुआ पाया गया। युवक ने नाक से खून भी निकल रहा था। हालांकि छात्र ने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। recent visitors 35

Jammu Kashmir Army Vehicle Accident: बांदीपोरा में सेना का ट्रक खाई में गिरा… चार जवानों की मौत, दो घायल

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बड़ा हादसा हुआ है। सेना का एक वाहन खाई में गिर गया। हादसे में चार सैनिकों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में शनिवार दोपहर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि फिसलन के कारण सेना का एक ट्रक पहाड़ी से नीचे खाई में गिर गया। इस हादसे में चार जवानों की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए। इनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। यह दुर्घटना बंदीपोरा के सदरकूट पाईन इलाके में हुई जहां सेना का ट्रक फिसलन के कारण खाई में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और सेना के अन्य जवान राहत कार्य में जुट गए। इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है। recent visitors 184

मुख्यमंत्री यादव ने जनभावनाओं का आदर करते हुए पीथमपुर में फिलहाल यूनियन कार्बाइड का कचरा नहीं जलाने का फैसला किया

भोपाल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनभावनाओं का आदर करते हुए पीथमपुर में फिलहाल यूनियन कार्बाइड का कचरा नहीं जलाने का फैसला किया है। राजधानी भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड संयंत्र में जमा रासायनिक कचरे को जलाने के लिए पीथमपुर ले जाने पर जनता की ओर से काफी विरोध हुआ है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार की देर रात को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई और साथ ही ऐलान किया कि सरकार जनता का अहित किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस मामले पर सरकार के रुख की ताजा अपडेट दी। उन्होंने लिखा, "हमारी सरकार ने पीथमपुर घटना के बारे में संज्ञान लिया है। हमारी सरकार जनकल्याणकारी, जनहितैषी तथा जन भावनाओं का आदर करती है। माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में यूनियन कार्बाइड के कचरे का परिवहन पीथमपुर में किया गया है। "जनभावनाओं का आदर करते हुए माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष समस्त परिस्थितियों एवं व्यावहारिक कठिनाइयों के बारे में अवगत कराया जाएगा। इस संबंध में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेंद्र शुक्ला, कैबिनेट के साथी कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, धार विधायक नीना विक्रम वर्मा, मुख्य सचिव सहित उच्च अधिकारियों के साथ अति आवश्यक बैठक ली।" उन्होंने आगे कहा, "मैं जनता से अपील करता हूं कि किसी भी अफवाह या भ्रम की खबरों पर विश्वास नहीं करे। मैं और मेरी सरकार आपके साथ है।" उल्लेखनीय है कि भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड संयंत्र परिक्षेत्र में बीते 40 साल से रासायनिक कचरा जमा था, जिसे न्यायालय के निर्देश पर पीथमपुर ले जाया गया है। इस कचरे को रामकी इंडस्ट्रीज में जलाया जाना है। सरकार की ओर से की गई इस कोशिश का इंदौर सहित पीथमपुर और अन्य स्थानों पर विरोध शुरू हो गया है। पीथमपुर में तो दो युवकों ने आत्मदाह करने तक की कोशिश की। इंदौर तथा आसपास के इलाकों में बढ़ते विरोध को देखते हुए राज्य सरकार ने विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया है। सभी को न्यायालय के आदेश के बारे में बताया गया। साथ ही किसी भी तरह का नुकसान न होने का भी दावा किया गया है। मुख्यमंत्री निवास पर शुक्रवार की रात को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में यूनियन कार्बाइड के कचरे के परिवहन एवं पीथमपुर के निकट डंप एवं निष्पादन किए जाने के संबंध में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ ही विधिवेत्ताओं से विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और हाईकोर्ट के आदेश के परिपालन में यूनियन कार्बाइड का कचरा पीथमपुर पहुंचाने का परिपालन किया गया है। हमने न्यायालय की याचिकाओं और आदेशों के तारतम्य में सुरक्षा मापदंडों का परिपालन करते हुए केवल परिवहन किया है। न्यायालय को 6 जनवरी तक इसकी रिपोर्ट अपेक्षित थी। सुरक्षा के मापदंडों पर किसी प्रकार से कोई खतरा या कोई डर का भाव जनता के बीच आया तो राज्य सरकार यह प्रयास करेगी कि न्यायालय के समक्ष यह विषय प्रस्तुत हो। इसके बाद न्यायालय जैसा आदेश देगा, हम उसका पालन करने के लिए तत्पर रहेंगे। तब तक हम आगे नहीं बढ़ेंगे।   recent visitors 64

केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री ने मार्चपास्ट की ली सलामी, राजस्थान-जयपुर में वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र की पास आउट परेड

जयपुर। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने शुक्रवार को राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण संस्थान अजमेर जिले के किशनगढ़ में वानिकी सैटेलाइट प्रशिक्षण संस्थान सिलोरा एवं जेटीआई द्वारा आयोजित 119वें वनरक्षक आधारभूत प्रशिक्षण सत्र की पास आउट परेड में भाग लिया। इसके साथ ही उन्होंने 120वें वनरक्षक आधारभूत प्रशिक्षण सत्र का विधिवत उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले वनरक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने परेड और मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम में अजमेर के मुख्य वन संरक्षक शारदा प्रताप सिंह, वन संरक्षक सुगनाराम जाट, प्रशिक्षु वनरक्षक, उनके परिजन, वन विभाग के अधिकारी, और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वनरक्षकों का उत्साह और समर्पण सराहनीय केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि वनरक्षकों के उत्साह और समर्पण को देखकर मुझे अत्यंत गर्व महसूस हो रहा है। ये युवा न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रहरी है। बल्कि सतत विकास और हरित भारत की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता के प्रतीक भी हैं। उन्होंने वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल इन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा। बल्कि हमारे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाएगा। केंद्रीय मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि वनरक्षक केवल वन और पर्यावरण की रक्षा नहीं करते, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास में भी योगदान देते हैं। उनकी मेहनत और समर्पण हमारे देश को हरित और समृद्ध भारत बनाने में सहायक होंगे। recent visitors 57