माता-पिता और दादा-दादी के PR बंद!, यह घोषणा एक सरकारी निर्देश के माध्यम से की गई, गजट में प्रकाशित हुई

कनाडा कनाडा सरकार ने माता-पिता और दादा-दादी के लिए स्थायी निवास प्रायोजन के नए आवेदन अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। यह घोषणा एक सरकारी निर्देश के माध्यम से की गई, जो कनाडा गजट में प्रकाशित हुई। सरकार ने कहा है कि वह परिवार पुनर्मिलन के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन फिलहाल वह पिछले साल प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया पूरी करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। इमिग्रेशन मंत्री मार्क मिलर का कहना है कि यह कदम सरकार के इमिग्रेशन और परिवार पुनर्मिलन के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सबसे उपयुक्त होगा। इसके अलावा, अन्य इमिग्रेशन श्रेणियों में भी नए प्रायोजन अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं ताकि पुराने आवेदनों के बैकलॉग को समाप्त किया जा सके। सरकार की तीन साल की इमिग्रेशन योजना के अनुसार, कुल इमिग्रेशन में कमी की जाएगी, लेकिन इस साल माता-पिता और दादा-दादी के प्रायोजन के माध्यम से 24,000 से अधिक लोगों को स्वीकार करने का लक्ष्य है। नए निर्देश के तहत 2024 में पारिवारिक पुनर्मिलन कार्यक्रम के माध्यम से अधिकतम 15,000 आवेदन ही संसाधित किए जाएंगे। 2024 में, इस प्रोग्राम के तहत 35,700 लोगों को आवेदन जमा करने के लिए चुना गया था। इनमें से सरकार ने 20,500 आवेदन स्वीकार करने का लक्ष्य रखा था। हालांकि, 2023 के अंत तक 40,000 से अधिक प्रायोजन आवेदन लंबित थे। सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत 2024 की वार्षिक इमिग्रेशन रिपोर्ट के अनुसार, एक प्रायोजन आवेदन को पूरा होने में औसतन 24 महीने का समय लगता है। यह रिपोर्ट द कैनेडियन प्रेस द्वारा 3 जनवरी, 2025 को प्रकाशित की गई थी।   recent visitors 73

सरकार नए नियमों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कसेगी लगाम, लगेगा 250 करोड़ रुपए जुर्माना

नईदिल्ली नई दिल्ली। केंद्र सरकार सोशल मीडिया और इंटरनेट से जुड़े मामलों को लेकर नए नियम बनाने जा रही है। इसके लिए डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम 2023 लाया जाएगा। नए बदलाव के अनुसार 18 साल के कम उम्र के बच्चों को अपना सोशल मीडिया अकाउंट बनाने के लिए माता-पिता की सहमति लेनी होगी। केंद्र ने  डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम 2023 के मसौदा नियमों को प्रकाशित किया। MeitY (Ministry of Electronics and Information Technology) ने बताया है कि आम लोग मसौदा पर अपनी राय दे सकते हैं। बता सकते हैं कि क्या बदलाव किए जाने चाहिए। MyGov.in पर जाकर आम लोगों को अपनी राय दर्ज कराने का मौका दिया गया है। 18 फरवरी 2025 के बाद इन सुझावों पर सरकार गौर करेगी। इंटरनेट पर व्यक्तिगत डेटा के दुरुपयोग रोकेंगे नए नियम सोशल मीडिया पर दी जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी का दुरुपयोग बढ़ा है। बच्चे इसके शिकार हो रहे हैं। इसे देखते हुए सरकार सख्त कानून बना रही है। नए नियमों के तहत बच्चों और विकलांग लोगों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा के लिए सख्त उपाय किए गए हैं। व्यक्तिगत डेटा संभाल रही संस्थाओं को नाबालिगों से संबंधित किसी भी व्यक्तिगत डेटा को प्रोसेस करने से पहले माता-पिता या अभिभावक की सहमति लेनी होगी। सहमति सत्यापित करने के लिए सरकार द्वारा जारी आईडी या डिजिटल पहचान टोकन का इस्तेमाल करना होगा। शैक्षिक संस्थानों और बाल कल्याण संगठनों को नियमों के कुछ प्रावधानों से छूट दी जा सकती है। नए नियमों में इंटरनेट यूजर के अधिकारों को बढ़ाया जाएगा। यूजर अपने डेटा को हटाने की मांग कर सकेंगे। कंपनियों से पारदर्शिता की मांग कर सकेंगे कि उनका डेटा क्यों जुटाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने पर लग सकता है 250 करोड़ रुपए जुर्माना अगर कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या कंपनी नियमों का उल्लंघन करती है तो उसपर 250 करोड़ रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है। उपभोक्ताओं को यह अधिकार दिया जाएगा कि वे डेटा जुटाए जाने को चुनौती दे सकें और जवाब मांग सकें कि उसके डेटा का इस्तेमाल किस लिए किया गया है। नए नियम में "ई-कॉमर्स संस्थाएं", "ऑनलाइन गेमिंग मध्यस्थ" और "सोशल मीडिया मध्यस्थ" जैसे महत्वपूर्ण डिजिटल मध्यस्थों को परिभाषित किया गया है। प्रत्येक के लिए खास दिशानिर्देश दिए गए हैं। मसौदे के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ऐसे मध्यस्थ हैं जो मुख्य रूप से उपयोगकर्ताओं के बीच ऑनलाइन बातचीत सक्षम करते हैं। इसमें सूचना शेयर करना, भेजना और संशोधित करना शामिल है। नए नियमों का पालन हो यह तय करने के लिए सरकार एक डेटा संरक्षण बोर्ड स्थापित करने की योजना बना रही है। यह डिजिटल नियामक निकाय के रूप में काम करेगा।   recent visitors 76

‘पापा जब फ्लाइट में बैठे, तब से संजोया था सपना’, छत्तीसगढ़-दंतेवाड़ा की साक्षी बनीं पायलट

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के छोटे से कस्बा गीदम की रहने वाली साक्षी सुराना ने ऊंची उड़ान भरी है। उन्होंने अपने पिता के सपने को साकार किया है। अब वह पायलट बन चुकी है। अब फ्लाइट उड़ाने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। इसके लिये उन्हें डीजीसीए से भी लाइसेंस मिल चुका है। साक्षी हैदराबाद से ट्रेनिंग लेने के बाद पायलट बनकर अपने घर पहुंची। इसके बाद पूरे घर में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। प्रदेश और देश में चर्चा का विषय बन गईं। उन्होंने बताया कि वो अपने पिता के सपने को साकार किया है। जब वो पहली बार फ्लाइट में बैठे थे तब से उन्होंने मुझे पायलट बनाने के लिये ठान लिया था। जिस दिन पहली उड़ान भरूंगी वह दिन पिता के नाम होगा। उनके पिता जवाहर सुराना व्यवसायी और कांग्रेस नेता हैं । उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार फ्लाइट में बैठा था उस समय महिला पायलेट को देखा तो मेरे मन में भी ख्याल आया कि बेटी को पायलट बनाऊंगा। ताकि वो भी ऊंची उड़ान भर सके। अब बेटी ने उनके सपने को साकार कर दिया है। इस बात को उसने साबित कर दिया है कि वाकई में बेटियां किसी से कम नहीं होती। उन्होंने अपनी सफलता की कहानी बताते हुए कहा कि शुरुआत में मेरा पायलट बनने का मन नहीं था पर पापा ने सपना देखा था कि उनकी बेटी एक दिन प्लेन उड़ाएगी। उन्हीं के सपने को पूरा करने की ठानी। जब ट्रेनिंग ले रही थी तो मन में सिर्फ एक ही ख्याल आता था कि ये सपना खुद के साथ-साथ पापा का भी है जिसे पूरा करना है। मैंने शुरुआती शिक्षा दंतेवाड़ा के एक स्कूल से ली है। फिर रायपुर में आगे की पढ़ाई करने के लिये गई। वहां से हैदराबाद में पायलट की पढ़ाई करने गई। पायलट की पढ़ाई पूरी करने में  करीब तीन साल लग गया। इस दौरान हवाई जहाज उड़ाना, हवाई जहाज से जुड़ी सारी तकनीक जानकारी हासिल की। पढ़ाई के बाद डीजीसीए का लाइसेंस मिला तो सबसे पहले लाइसेंस को अपने पापा के हाथ में रखी। वे बहुत खुश हुए। दो महीने पहले ही डीजीसीए से अलग-अलग 2 लाइसेंस भी मिले हैं। एयर इंडिया में अप्लाई की हूं। recent visitors 66

रिनोवेशन और फर्नीचर खरीदी में की थी गड़बड़ी, छत्तीसगढ़-रायपुर की दल्लीराजहरा के सीएमओ निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने दल्लीराजहरा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेन्द्र वार्डेकर को निलंबित कर दिया है। कोंडागांव नगर पालिका में प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी की पदस्थापना के दौरान अध्यक्ष कक्ष के रिनोवेशन कार्य एवं फर्नीचर खरीदी में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर गंभीर कदाचार मानते हुए राज्य शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। निलंबन अवधि में वार्डेकर का मुख्यालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त संचालक कार्यालय, जगदलपुर नियत किया गया है। मंत्रालय की ओर से  जारी निलंबन आदेश की प्रति नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक को प्रेषित करते हुए राज्य शासन ने भूपेन्द्र वार्डेकर के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए समय-सीमा में आरोप पत्रादि का प्रारूप विभाग को भेजने के निर्देश दिए हैं। recent visitors 80

IIT मद्रास के छात्रों से मिले rahul gandhi, शिक्षा प्रणाली पर उठाए सवाल, कहा- बेहतर भविष्य के…

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास के छात्रों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए वर्तमान की शिक्षा प्रणाली पर फिर से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने आईआईटी मद्रास के छात्रों के एक समूह के साथ बातचीत में कहा कि बेहतर भविष्य और भारत को वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने के लिए यह जरूरी है कि देश की मौजूदा शिक्षा प्रणाली पर पुनर्विचार किया जाए तथा शिक्षा पर अधिक पैसा खर्च किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निजीकरण और वित्तीय प्रोत्साहन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल नहीं की जा सकती। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने बातचीत का यह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे हाल ही में आईआईटी मद्रास के कुछ प्रतिभाशाली युवाओं से बात करने का सौभाग्य मिला। साथ में, हमने जानने की कोशिश की कि सफलता का असली मतलब क्या है। हमने भारत के भविष्य को आकार देने में अनुसंधान और शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका तथा एक ऐसे उत्पादन पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर चर्चा की जो निष्पक्षता, नवाचार और सभी के लिए अवसर को महत्व देता है।’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अपने युवाओं को शिक्षित करने, बेहतर कल की कल्पना को साकार करने और भारत को वैश्विक नेतृत्वकर्ता में बदलने के लिए भारतीय शिक्षा प्रणाली को लेकर फिर से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘वर्तमान में, हमारा शिक्षा ढांचा अक्सर युवाओं को कुछ करियर जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस, या सशस्त्र बल तक सीमित कर देता है।’ राहुल गांधी ने कहा कि यह विविध अवसरों को खोलने, छात्रों को अपनी आकांक्षा को पूरा करने और नवाचार एवं पसंद से प्रेरित भविष्य बनाने के लिए सशक्त बनाने का समय है। उन्होंने कहा, ‘यह बातचीत केवल विचारों के बारे में नहीं थी, यह समझने के बारे में भी थी कि हम भारत को विश्व मंच पर समानता और प्रगति की शक्ति के रूप में स्थापित करने के लिए कैसे मिलकर काम कर सकते हैं। उनके विचारशील प्रश्नों और ताज़ा दृष्टिकोण ने इसे वास्तव में प्रेरणादायक बातचीत बना दिया।’ उन्होंने यह वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘मानना है कि अपने लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की गारंटी देना किसी भी सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है। इसे निजीकरण और वित्तीय प्रोत्साहन के माध्यम से हासिल नहीं किया जा सकता। हमें शिक्षा पर अधिक पैसा खर्च करने तथा सरकारी संस्थानों को मजबूत करने की जरूरत है।’ recent visitors 210

जुटेंगे हजारों साधु-संत और नागा, छत्तीसगढ़-राजिम त्रिवेणी संगम के कुंभ कल्प में 12 फरवरी से बहेगी आस्था की धारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रयाग के रूप में प्रसिद्ध राजिम में 12 फरवरी से 26 फरवरी 2025 तक कुंभ कल्प का आयोजन किया जायेगा। 26 फरवरी महाशिवरात्रि को इसका समापन होगा। राजिम कुंभ कल्प पैरी, महानदी और सोंढूर नदी के संगम पर आयोजित होगा। श्रद्धालु इन पवित्र नदियों में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। राजिम कुंभ कल्प के संपूर्ण आयोजन के लिए पर्यटन विभाग को नोडल बनाया गया है। 15 दिनों तक चलने वाले इस कुंभ कल्प में पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी साधु संतों का विराट समागम होगा। माघी पुन्नी स्नान, शाही स्नान, जानकी जयंती के अवसर पर संत समागम विशेष रूप से आयोजित होगा। प्रतिदिन सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन, मेला, मड़ई, मीना बाजार और विभागीय प्रदर्शनी भी कुंभ कल्प का विशेष आकर्षण होंगे। ये अद्भुत धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन 52 एकड़ के नए प्रस्तावित मेला स्थल में संपन्न होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित बैठक कक्ष में शुक्रवार को बैठक लेकर राजिम कुंभ कल्प के तैयारियों के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने शाही स्नान, गंगा आरती, संत समागम समेत कुंभ कल्प के प्रमुख आयोजनों और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प 2025 धर्म, आस्था और संस्कृति का अद्भुत समागम होगा और यह छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं और  संस्कृति को प्रदर्शित करने का भी सुंदर माध्यम है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि श्रद्धालुओं को यहां अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो और यह आयोजन हमारी गौरवशाली विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाएं। मूलभूत सुविधाओं पर फोकस उन्होंने राजिम कुंभ कल्प के आयोजन में शामिल समस्त विभागों और प्रशासनिक अमले को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी उपाय और स्वच्छता के लिए विशेष ध्यान देने को कहा। साय ने कहा कि "हम सबकी जिम्मेदारी है कि इस आयोजन को सफल बनाएं और  छत्तीसगढ़ की पहचान के रूप में इसे स्थापित करें। 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजिम कुंभ कल्प का शुभारंभ होगा और 26 फरवरी महाशिवरात्रि को इसका समापन होगा। राजिम कुंभ कल्प पैरी, महानदी और सोंढूर नदी के संगम पर आयोजित होगा। श्रद्धालु इन पवित्र नदियों में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।राजिम कुंभ कल्प के संपूर्ण आयोजन के लिए पर्यटन विभाग को नोडल बनाया गया है। 15 दिनों तक चलने वाले इस कुंभ कल्प में पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी साधु संतों का विराट समागम होगा। माघी पुन्नी स्नान, शाही स्नान, जानकी जयंती के अवसर पर संत समागम विशेष रूप से आयोजित होगा। प्रतिदिन सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन, मेला, मड़ई, मीना बाजार और विभागीय प्रदर्शनी भी कुंभ कल्प का विशेष आकर्षण के रूप में शामिल हैं। ये प्रमुख पुण्य स्नान 12 फरवरी – माघी पुन्नी स्नान 21 फरवरी – जानकी जयंती पर संत समागम स्नान 26 फरवरी – शाही स्नान recent visitors 101

कर्मचारियों को संभागीय उड़नदस्ते ने रंगे हाथों पकड़ा, छत्तीसगढ़-सूरजपुर में ब्रांडेड शराब में मिलावट

सूरजपुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सूरजपुर जिले के प्रतापपुर अंग्रेजी शराब दुकान में चार कर्मचारियों को ब्रांडेड शराब में मिलावट करते हुए पकड़ा है। शराब दुकान के कर्मचारी नामी शराब कंपनियों की बोतलों से शराब निकालकर उसमें पानी मिलाते थे। संभागीय उड़नदस्ता दल ने चारों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता दल को प्रतापपुर में मिलावटी शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उड़न दस्ता टीम ने सूरजपुर की आबकारी टीम के साथ विदेशी मदिरा दुकान प्रतापपुर में दबिश दी। दुकान पहुंचे पर सुपरवाइजर अंशु सोनी सेल्समेन उपेंद्र चंद्रवंशी, संजय कुमार एवं मल्टीपरपज वर्कर राजा पंडवार उपस्थित मिले। दुकान की जांच करने पर 31 नग पानी की बोतलों में अंग्रेजी शराब को कटिंग कर (बोतलों से निकालकर) रखा गया था। दुकान से 31 लीटर विदेशी मदिरा व्हिस्की, 11 नग रॉयल चौलेंज व्हिस्की की बोतलों में मिलावटी शराब तथा 35 नग गोवा स्पेशल की अद्धी में मिलावटी शराब जब्त की गई। जांच में पता चला कि कर्मचारियों ने मिलावटी शराब बनाने के लिए दुकान से 3 किलोमीटर की दूरी पर एक किराए का मकान लिया था। उक्त मकान की तलाशी करने पर उसमें लगभग 200 खाली बोतलें, 250 लेवल रैपर, तीन हजार से अधिक ढक्कन मिले हैं। मिलावटी शराब, खाली बोतलें, ढक्कन एवं रैपर को जब्त कर लिया गया है। चारों कर्मचारियों के खिलाफ धारा 34(2) 38(क) का 39 (ग) एवं 59 (क) के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को शुक्रवार को सूरजपुर कोर्ट में पेश किया गया। कार्रवाई में जिला सूरजपुर के आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा भी शामिल थे। recent visitors 60