Sunday, July 5, 2026 8:15 pm

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा- यूनियन कार्बाइड कचरे का निष्पादन जनता की स्वीकारोक्ति और विश्वास में लेने के बाद ही किया जाएगा

इंदौर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को इंदौर संभागीय कार्यालय में संभाग के सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता बैठक एवं पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के लिए यूनियन कार्बाइड कचरे को लेकर जनता को गुमराह कर रही है। गैस त्रासदी के लिए कांग्रेस की तत्कालीन सरकारें जिम्मेदार हैं। यूनियन कार्बाइड कचरे की जड़ में कांग्रेस पार्टी ही है। अदालत के आदेश पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भाजपा सरकार यूनियन कार्बाइड के कचरे का निष्पादन करा रही है। कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल कोरोना महामारी में भी भ्रम फैलाया, इसके बाद केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर भी भ्रम फैलाने की कोशिश की, अब फिर भ्रम फैला रही है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं और उन्हें बताएं कि इस कचरे को वैज्ञानिकों की निगरानी में निष्पादन किया जाएगा। प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पीथमपुर व आसपास की जनता को विपक्ष के भ्रामक प्रचार से बचाना होगा। जनता को कार्यकर्ता सही जानकारी देकर स्थिति बताएं। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि कोराना महामारी के समय भी कांग्रेस ने भ्रम फैलाया था। अब यूनियन कार्बाइड कचरे को लेकर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता संवाद कर जनता को वस्तु स्थिति से अवगत कराएं। स्वार्थ के लिए देश और प्रदेश के हितों को दांव पर लगाना कांग्रेस की पुरानी आदत-श्री विष्णुदत्त शर्मा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अपने राजनीतिक स्वार्स्थ के लिए देश और प्रदेश के हितों को दांव पर लगाना कांग्रेस की वर्षों पुरानी आदत है। भोपाल में गैस त्रासदी प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के कार्यकाल में हुई है। इसके बाद जो भी समस्याएं पैदा हुईं, वह केंद्र और राज्य की तत्कालीन कांग्रेस सरकारों के कारण पैदा हुई हैं। कांग्रेस ने हमेशा से राजनीतिक स्वार्थ के लिए जनता को भ्रमित करने, गुमराह करने का कार्य किया है। यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुरा में निष्पादन के मामले में भी कांग्रेस इसी तरह इंदौर, पीथमपुर और आसपास की जनता को गलत जानकारी देकर गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार इस विषय को लेकर जनता के प्रति संवेदनशील एवं संजीदा है। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि जनता के हित के विरूद्ध कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। यूनियन कार्बाइड कचरे की वैज्ञानिक जांच के बाद ही नष्ट करने के लिए इसे पीथमपुर भेजा गया है। भाजपा सरकार यह कार्य न्यायालय और वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में कर रही है। जनता को विश्वास में लेकर की जाएगी आगे की कार्रवाई, कांगेस राजनीतिक रोटी सेंक रही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यूनियन कार्बाइड कचरे का निष्पादन जनता की स्वीकारोक्ति और विश्वास में लेने के बाद ही किया जाएगा। कचरा जलाने को लेकर जनता की चिंताओं और भावनाओं को भी 6 जनवरी को मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट के साथ अदालत के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद अदालत जो निर्देश देगी, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार जनता के साथ है। जन भावनाओं के विपरीत जाकर कोई कदम नहीं उठाएगी। जनता की सहमति जब तक नहीं मिल जाती यूनियन कार्बाइड का कचरा कंटेनरों में सुरक्षित रखा रहेगा, जैसे वर्षों तक भोपाल में सुरक्षित रखा था। पीथमपुर की घटना को लेकर कांग्रेस जिस प्रकार से राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है, वह दुर्भाग्यजनक है। कांग्रेस किसी भी तरह प्रदेश का सद्भावनापूर्ण वातावरण को बिगाड़ना चाहती है और इस बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा जनता को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। कांग्रेस जिस तरह झूठ और फरेब की राजनीति करना चाहती है, प्रदेश की जनता के बीच एक परसेप्शन बनाना चाहती है, उसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा और न ही प्रदेश का वातावरण बिगाड़ने दिया जाएगा। पीथमपुर व आसपास की जनता गुमराह होने से बचाना होगा – श्री कैलाश विजयवर्गीय मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यूनियन कार्बाइड के कचरे को पीथमपुरा में निष्पादन के मामले में भी कांग्रेस इसी तरह इंदौर, पीथमपुर और आसपास की जनता को गलत जानकारी देकर गुमराह कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के भ्रामक प्रचार को रोकने के लिए जनता को हकीकत बताएं कि मध्यप्रदेश सरकार अदालतों के आदेश व निर्देश पर विशेषज्ञों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया कर रही है।  recent visitors 94

ऊर्जा मंत्री तोमर की पहल पर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े आयाम जुड़े

भोपाल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की पहल पर  उप नगर ग्वालियर स्थित सिविल अस्पताल हजीरा में शनिवार को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े आयाम जुड़े हैं। इसमें 32 स्लाईस सीटी स्कैन मशीन, अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) शामिल है। उन्होंने अपने ज्येष्ठ भ्राता स्व. देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृति में साझा प्रयासों से सिविल अस्पताल हजीरा में यह स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये यह अस्पताल सही मायने में मानव सेवा के मंदिर का रूप ले रहा है।    ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने अपनी माताश्री श्रीमती सुधा तोमर के कर कमलों से सिविल अस्पताल हजीरा में सीटी स्कैन व अल्ट्रा सोनोग्राफी मशीन एवं आईसीयू का शुभारंभ कराया। जनवरी माह तक आयोजित होने जा रहे नि:शुल्क नेत्र शिविर एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी सिविल अस्पताल में हुआ। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि सभी के साझा प्रयासों से सिविल अस्पताल में कैथ लैब (हृदय रोग चिकित्सा इकाई) की स्थापना भी कराई जायेगी।   मानव सेवा के लिए समर्पित इन पुनीत क्षणों के साक्षी बनने का सुअवसर महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार, नगर निगम सभापति श्री मनोज सिंह तोमर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद सक्सेना, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह, पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री ए के चौरसिया  सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, समाजसेवी व गणमान्य नागरिकों को मिला।   अपनों को बीमारी से बचाने के लिये शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लें – श्री तोमर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि अपने शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लें, जिससे हमारा कोई भी परिजन और मित्र गंदगी की वजह से फैलने वाली बीमारियों से ग्रसित न हो। श्री तोमर ने आहवान किया कि शहर को साफ-सुथरा रखने में न केवल स्वयं योगदान दें, अपितु दूसरों को भी प्रेरित करें। अगर हम साझा प्रयास करेंगे तो निश्चित ही हमारा शहर स्वच्छता में अव्वल बनेगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पाताली हनुमान से कांचमिल तक ग्रीन कोरीडोर बनायेंगे।   अस्पताल के दरवाजे से कोई भी मरीज बिना इलाज के न लौटने पाए ऊर्जा मंत्री श्री  तोमर ने कहा कि हम सबके ऐसे प्रयास हों कि सिविल अस्पताल हजीरा में हर प्रकार की बीमारी का इलाज हो। अस्पताल के दरवाजे से कोई भी व्यक्ति बिना इलाज के लौटने न पाए। इसके लिये सभी लोग एकजुट होकर अस्पताल में नई-नई स्वास्थ्य सुविधायें जोड़ने में योगदान दें। ऊर्जा मंत्री श्री  तोमर की पहल पर पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने सीएसआर मद से तीन करोड़ रूपए की धनराशि सिविल अस्पताल हजीरा में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिये उपलब्ध कराई है। इस मद से 32 स्लाईस सीटी स्कैन मशीन व अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन खरीदी गई है। साथ ही फर्नीचर व एसी और दो कक्षों का नवीनीकरण किया गया है।   मंत्री श्री तोमर के प्रयासों से अस्पताल में आईसीयू शनिवार को शुरू हुआ है। यहाँ पर बच्चों का आईसीयू पहले से ही सफलतापूर्वक संचालित है। इसके अलावा अस्पताल में डायलेसिस, एक्स-रे डिजिटल, ब्लड स्टोरेज यूनिट, पैथोलॉजी, यूसीजी, सर्जरी-जनरल ऑर्थों, टीबी यूनिट, फिजियो थैरेपी, नेत्र ओपीडी व ऑपरेशन, आकस्मिक सेवाएं, पुरुष, महिला व बाल रोगियों के अलग-अलग वार्ड एवं किचिन इत्यादि सुविधाएँ उपलब्ध हैं। सिविल अस्पताल हजीरा में आयोजित हुए आईसीयू एवं सीटी स्कैन मशीन के शुभारंभ कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री श्री  तोमर ने अपने स्व. बड़े भाई को याद करते हुए मार्मिक उदबोधन का कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों पर गहरा असर हुआ। उनके आह्वान पर देखते ही देखते रोगी कल्याण समिति की दान पेटी व खाते में 14 लाख रूपए जमा हो गए। सुरेश सिंह यादव व सुनील यादव ने अस्पताल के आधुनिकीकरण के लिये 5 लाख रूपए का दान दिया। इसके लिये उन्हें मंच से सम्मानित किया गया। अस्पताल के लिये श्री राजा भैया गुर्जर ने एक लाख 51 हजार व श्री संदीप सिंह राजावत ने 51 हजार रूपए दान में दिए हैं। अस्पताल के लिये 21 हजार रूपए देने वाले दानदाताओं में श्री अजीत कुमार जैन, श्री ए के सक्सेना, श्री जितेन्द्र सिंह तोमर व श्री प्रदीप सिंह सिकरवार शामिल हैं।   सिविल अस्पताल हजीरा में स्व. देवेन्द्र सिंह तोमर की स्मृति में आयोजित हुए रक्तदान शिविर में पहले दिन लगभग दो दर्जन लोगों ने रक्तदान किया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने सभी रक्तदाताओं से भेंट कर उनके प्रति आभार जताया। सिविल अस्पताल हजीरा में आने वाले मरीजों को आवागमन में बाधा न हो और वे  आसानी से इलाज व जांच करा सकें, इसके लिए जनकल्याण संघर्ष समिति द्वारा अस्पताल को 5 व्हील चेयर सौंपी गईं।   recent visitors 115

विजिबिलिटी बहुत कम होने के कारण रोड पर वाहनों की रफ्तार थम गई है और फ्लाइट संचालन बुरी तरह से प्रभावित

नई दिल्ली देश की राजधानी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार तड़के से ही घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी बहुत कम होने के कारण रोड पर वाहनों की रफ्तार थम गई है और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर फ्लाइट संचालन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। दिल्ली एयरपोर्ट ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "दिल्ली हवाई अड्डे पर लैंडिंग और टेक ऑफ जारी रहने के बावजूद, कैट-3 मानकों का पालन न करने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान संबंधी अपडेट जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। किसी भी असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है।" इससे पहले एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, "दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण उड़ानों का परिचालन प्रभावित हुआ है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ानों की अपडेट जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है।" वहीं, इंडिगो ने रात 1.05 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, "दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने से दिल्ली हवाई अड्डे पर आगमन और प्रस्थान फिलहाल रोक दिए गए हैं।" मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। हालांकि, कोहरे का कहर जारी रहेगा। आने वाले दिनों में दिल्ली में सर्दी और बढ़ सकती है तथा बारिश हल्की बारिश की भी आशंका है। जनवरी में भयंकर शीतलहर चलने का अनुमान है।   recent visitors 62

पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित जिले के सभी थानों के कंप्यूटर में दक्ष पुलिस कर्मचारी का साइबर एवं सीसीटीएनएस प्रशिक्षण

छतरपुर पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन के निर्देशन में आज पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल पुलिस लाइन छतरपुर में जिले के सभी थानों से कंप्यूटर में दक्ष पुलिस कर्मचारी के सीसीटीएनएस एवं साइबर प्रशिक्षण हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में एनसीआरपी पोर्टल, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर रिपोर्ट वेबसाइट में प्राप्त मनी फ्रॉड, साइबर क्राइम जैसी शिकायत एवं रिपोर्ट के अतिशीघ्र निराकरण हेतु प्रशिक्षण दिया गया। मोबाइल चोरी, गुमने संबंधी रिपोर्ट पर थाना स्तर पर अति शीघ्र कार्यवाही हेतु प्रशिक्षण दिया गया। वर्तमान में राज्य के सभी थाना चौकी क्षेत्र अंतर्गत नवीन सीमा निर्धारण हुआ है, एक दूसरे थानों के गांव जिनका थाना क्षेत्र परिवर्तन हुआ है सीसीटीएनएस अपडेशन संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया है। एक दिवसीय प्रशिक्षण में सीसीटीएनएस प्रभारी ओम शंकर सिंह, साइबर सेल प्रभारी किशोर पटेल, सीसीटीएनएस एवं साइबर पुलिस टीम, जिले के सभी थानों के कंप्यूटर दक्ष पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। recent visitors 104

कंगना रनौत की फिल्म इमरजेंसी का नया ट्रेलर 06 जनवरी को होगा रिलीज

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की आने वाली फिल्म इमरजेंसी का नया ट्रेलर 06 जनवरी को रिलीज होगा। ज़ी स्टूडियोज़ और मणिकर्णिका फ़िल्म्स निर्मित, 'इमरजेंसी' की कहानी वर्ष 1975 पर आधारित है, जब भारत में इमरजेंसी लागू हुई थी। इस फिल्म में कंगना रनौत, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के किरदार में नजर आयेंगी। इमरजेंसी के निर्माताओं ने घोषणा की है कि फिल्म का नया ट्रेलर 06 जनवरी को रिलीज होगा। सोशल मीडिया पर घोषणा साझा करते हुए, निर्माताओं ने लिखा, भारत के सबसे काले घंटे के 50 साल बाद – इमरजेंसी। भारत की सबसे शक्तिशाली महिला और घटना की अनकही कहानी का अनावरण करें जिसने राष्ट्र को हमेशा के लिए बदल दिया। #इमरजेंसी ट्रेलर 06 जनवरी 2025 को रिलीज होगा। 17 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में #इमरजेंसी को देखें। फिल्म ‘इमरजेंसी’ में कंगना रनौत के अलावा अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन,श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और दिवंगत सतीश कौशिक भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कंगना ने इमरजेंसी में अभिनय करने के साथ ही फिल्म का निर्माण और निर्देशन भी किया है।इमरजेंसी में अनुपम खेर जयप्रकाश नारायण,श्रेयस तलपड़े अटल बिहारी वाजपेयी, मिलिंद सोमन फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ,महिमा चौधरी पुपुल जयकर ,विशाक नायर संजय गांधी,और दिवंगत सतीश कौशिक जगजीवन राम के किरदार में नजर आयेंगे। यह फिल्म 17 जनवरी को रिलीज होगी।   recent visitors 71

डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन नियमों का सरकार ने ड्राफ्ट किया जारी

नई दिल्ली इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने डिजिटल पर्सनल डेटा सुरक्षा एक्ट के लिए ड्राफ्ट नियम जारी किए हैं, जिसके अनुसार डेटा फिड्युसरी (एक ऐसी संस्था या व्यक्ति, जो पर्सनल डेटा की सुरक्षा और गोपनीयता की जिम्मेदारी लेता है) के लिए बच्चे के किसी भी पर्सनल डेटा को प्रोसेस करने से पहले माता-पिता सहमति लेना अनिवार्य होगा। यह एक्ट अगस्त 2023 में संसद में पारित किया गया था और सरकार 18 फरवरी, 2025 तक एमवाईजीओवी पोर्टल के जरिए ड्राफ्ट नियमों पर लोगों के सुझाव मांग रही है। ड्राफ्ट नियमों के अनुसार, "डेटा फिड्युसरी को यह सुनिश्चित करने के लिए उचित तकनीकी और संगठनात्मक उपाय अपनाने होंगे कि बच्चे के किसी भी पर्सनल डेटा को प्रोसेस करने से पहले माता-पिता की वेरीफाई सहमति प्राप्त की जाए। इसके अलावा, यह जांचा जाना भी जरूरी होगा कि माता-पिता के रूप में खुद की पहचान करने वाला व्यक्ति वयस्क हो, जिसकी पहचान की जा सकती है।" पहचान सरकार द्वारा जारी आईडी या डिजिटल लॉकर जैसी पहचान सेवाओं से जुड़े डिजिटल टोकन के जरिए सत्यापित करनी होगी। सरकार के इस फैसला का उद्देश्य अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइट पर बच्चे की प्राइवेसी सुनिश्चित करना है। ड्राफ्ट नियमों में यह भी कहा गया है कि सहमति प्रबंधकों को डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड के साथ रजिस्टर्ड होना चाहिए और उनकी मिनिमम नेथ वर्थ 12 करोड़ रुपये होनी चाहिए। नियमों में एक रेगुलेटरी बॉडी के रूप में डेटा प्रोटेक्शन बोर्ड की स्थापना का प्रस्ताव है जो रिमोट हियरिंग के साथ एक डिजिटल ऑफिस के रूप में काम करेगा। ड्राफ्ट नियमों के अनुसार, एक डेटा फिड्युसरी अपने कब्जे में या अपने नियंत्रण में पर्सनल डेटा की रक्षा करेगा, जिसमें उसके द्वारा या उसकी ओर से डेटा प्रोसेसर द्वारा किए गए किसी भी प्रोसेसिंग को लेकर, पर्सनल डेटा ब्रीच को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय करना शामिल है। ऐसे कदमों में एन्क्रिप्शन के जरिए पर्सनल डेटा को सुरक्षित करना और डेटा के लिए इस्तेमाल कंप्यूटर रिसोर्स तक पहुंच को नियंत्रित करने के लिए उचित उपाय शामिल होंगे। नियमों में डेटा फिड्युसरी के लिए यह भी अनिवार्य किया गया है कि वह किसी भी पर्सनल डेटा ब्रीच की सूचना तुरंत "प्रत्येक प्रभावित डेटा प्रिंसिपल को छोटे, साफ और स्पष्ट तरीके से और बिना किसी देरी के" दे। नियमों में आगे कहा गया है कि भारत के बाहर पर्सनल डेटा की प्रोसेसिंग प्रतिबंधित होगी। हालांकि, केंद्र सरकार द्वारा विशेष आदेश जारी किया जाता है कि दूसरे देश, दूसरे देश की किसी संस्था या व्यक्ति को पर्सनल डेटा उपलब्ध करवाया जाए तो डेटा फिड्युसरी को ऐसा करना होगा। मंत्रालय ने कहा है कि परामर्श के दौरान किए गए सबमिशन का खुलासा नहीं किया जाएगा और नियमों को अंतिम रूप देने के बाद केवल प्राप्त फीडबैक का सारांश प्रकाशित किया जाएगा। नियमों पर टिप्पणी करते हुए, डेलॉइट इंडिया के पार्टनर मयूरन पलानीसामी ने कहा, "हमें लगता है कि सहमति के प्रबंधन में व्यवसायों को कुछ जटिल चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा क्योंकि यह कानून का मूल है।"   recent visitors 65

जाटव समाज का कबीरदास जी और माता मंदिर तोड़ने से रोकने पर दो पक्षों में मारपीट, समाज से किया बहिष्कार

शिवपुरी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहनिवास में शनिवार को जाटव समाज का कबीरदास जी और माता मंदिर तोड़ने से रोकने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि समाज की पंचायत बुलाई गई। इस पंचायत में मंदिर तोड़ने वाले परिवार का समाज से बहिष्कार करने के साथ ही रोटी-बेटी के सभी संबंध खत्म करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, ग्रामीणों की फरियाद पर चार लोगों पर केस दर्ज किया गया है। दादा ने मंदिर के लिए दान में दी जमीन शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सिंह निवास के जाटव मोहल्ले में करीब 80 परिवार वहां कई दशकों से निवास कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले प्रहलाद, रामस्वरूप, भरत, लखन, राजू पुत्रगण लैंडू जाटव के दादा ने उसकी जमीन समाज के मंदिर के लिए दान दी थी। इसके बाद चंदा कर वहां पर संत कबीरदास व माता का मंदिर बनवाया। इसी क्रम में कुछ दिन पहले प्रहलाद, रामस्वरूप आदि को पता चला कि यह जमीन अभी भी उनके स्वजनों के नाम पर दर्ज है, तो उक्त लोगों ने मंदिर पर रह रहे संत कमलगिरी महाराज को मारपीट कर वहां से भगा दिया था। पोतों ने तोड़ दी मंदिर कुछ दिन पहले उनकी मृत्यु हो गई। अब प्रहलाद व रामस्वरूप के परिवार के लोगों ने मंदिर तोड़कर वहां अपने मकान बनाना शुरू कर दिया है। जब समाज के लोगों ने जब उक्त मंदिर तोड़ने तथा सरकारी कुएं का रास्ता बंद करने से रोका तो विवाद बढ़ गया। शनिवार को एक महिला के साथ मारपीट भी कर दी गई। अंतत: मामला थाने की चौखट तक जा पहुंचा। समाज का कहना है कि इसी के चलते आपस में पंचायत कर उक्त परिवार का बहिष्कार कर दिया है। मारपीट के मामले में चार पर केस दर्ज शनिवार की दोपहर गांव के महिला पुरुष ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर कोतवाली पहुंचे। यहां कमलेश पत्नी राजू जाटव की शिकायत पर मंदिर तोड़ने वाले वीरू जाटव, संजय जाटव, राजू जाटव, राजेन्द्र जाटव के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर कर्रवाई शुरू की है। recent visitors 38