विराट कोहली की फैन फॉलोइंग देख पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर हुए हैरान, बोले- इज्जत इसको बोलते हैं

नई दिल्ली पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली दिल्ली और रेलवे के बीच रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान विराट कोहली के प्रशंसकों की भारी भीड़ देखकर हैरान रह गए। भारत के सबसे बड़े आइकन में से एक विराट कोहली ने रेलवे के खिलाफ डोमेस्टिक मैच खेलने का फैसला करके रणजी ट्रॉफी को फिर से सुर्खियों में ला दिया। पिछले काफी समय से विराट कोहली बल्ले से संघर्ष कर रहे थे। यहां तक कि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में पर्थ में शतक जड़ने के बाद वे लय में नहीं दिखे। ऐसे में अपनी खोई लय वापस पाने के लिए विराट को रणजी ट्रॉफी में वापस आना पड़ा। हालांकि, रणजी ट्रॉफी मैच में भी वे सिर्फ 6 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। इस तरह वे फॉर्म हासिल नहीं कर पाए, लेकिन ये मैच इसलिए सुर्खियों में रहा, क्योंकि इस मैच को देखने के लिए भारी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंचे थे। बासित अली इस बात से हैरान थे कि विराट कोहली के प्रति दिल्ली के फैंस में उनके लिए कैसी दीवानगी है। रणजी ट्रॉफी मैच के लिए वैसे तो फैंस बहुत कम स्टेडियम पहुंचते हैं, लेकिन फैंस विराट का मैच देखने के लिए भारी संख्या में पहुंचे थे। ऐसे में बासित अली ने पूछा है कि विराट दिल्ली कैपिटल्स से आईपीएल क्यों नहीं खेलते? बासित अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "ये बंदा दिल्ली से क्यों नहीं खेलता आईपीएल में, आरसीबी से क्यों खेलता है?" पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने ये भी स्वीकार किया है कि विराट कोहली पाकिस्तान में भी ट्रेंड में थे। उन्होंने कहा, "मैंने अपने जीवन में बहुत कम खिलाड़ी देखे हैं, शायद 2-3 ही होंगे, जिनकी इतनी फैन फॉलोइंग हो। आज तो पाकिस्तान में भी ट्रेंड बना हुआ था। सब लिख रहे, 'देखो इज्जत इसको बोलते हैं'।" विराट कोहली करीब 12 साल के बाद रणजी ट्रॉफी मैच खेलने उतरे थे। recent visitors 36

सीएम साय ने रोकथाम के दिए दिशा निर्देश, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में मिला बर्ड फ्लू का केस

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बर्ड फ्लू का मामला सामने आया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में बर्ड फ्लू के मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य भर में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए हैं। राज्य में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए रेपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन करते हुए सभी कलेक्टरों और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने, सतर्कता बरतने और बायोसिक्योरिटी निर्देशों का पालन के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रदेश के रायगढ़ जिले स्थित शासकीय कुक्कट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) के मामले की पुष्टि हुई है। 30 जनवरी 2025 को कुक्कट पालन प्रक्षेत्र में बड़ी संख्या में पक्षियों की अकस्मिक मृत्यु की सूचना के बाद, पशु चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई थी। जांच के बाद राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल ने 31 जनवरी को बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि की है। मुर्गी, अंडे और आहार समेत सामान भी नष्ट   संचालक पशु चिकित्सक सेवाएं के निर्देश पर बर्ड फ्लू के रोकथाम के लिए रायगढ़ जिले में प्रभावित कुक्कट पालन प्रक्षेत्र के एक किलोमीटर क्षेत्र को संक्रमित जोन घोषित कर कुक्कट, अंडे, आहार और अन्य सामग्रियों को नष्ट किया गया है। प्रभावित क्षेत्र के 1 से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्वलेंस जोन घोषित कर पोल्ट्री और अंडे की दुकानों को बंद कर दिया गया है और सीरो सर्वलेंस कार्य शुरू कर दिया गया है। पोल्ट्री प्रोडक्ट की आवाजाही प्रतिबंधित जिला प्रशासन रायगढ़ की ओर से कुक्कुट पालकों को भारत सरकार की ओर से निर्धारित दरों पर मुआवजा देने के निर्देश भी दिए गए हैं। रायगढ़ कुक्कुट प्रक्षेत्र में इन्फेक्टेड जोन से पोल्ट्री प्रोडक्ट की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट किट का उपयोग भी करने कहा गया है। आम जनता से अपील संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं की ओर से आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, क्योंकि संक्रामित क्षेत्र में सभी आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है। पोल्ट्री उत्पादों का सेवन स्वच्छता और सावधानी से किया जा सकता है, क्योंकि ये पोषण से भरपूर होते हैं और कुपोषण दूर करने में मदद करते हैं। उन्होंने  कहा कि यह भी सुनिश्चित किया है कि राज्य के अन्य हिस्सों में बर्ड फ्लू के मामलों की कोई सूचना नहीं मिली है। क्या इंसान भी हो सकते हैं संक्रमित? एवियन एनफ्लूएंजा एक घातक संक्रामक रोग है, जो पक्षियों में फैलता है। हालांकि अब तक भारत में इस वायरस के मानवों में संक्रमण का कोई मामला नहीं देखा गया है। फिर भी वायरस के लक्षण और संक्रमण के जोखिम को लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। recent visitors 52

मच्छर रोकने जल निकायों में क्यों छोड़ी जा रहीं आक्रामक मछलियां, एनजीटी ने केंद्र से मांगा जवाब

नई दिल्ली। मच्छरों को नियंत्रित करने के लिए जैविक एजेंट के रूप में आक्रामक और विदेशी प्रजाति की मछलियां भारत के तालाबों और नदियों में छोड़ी जा रही हैं। इसके खिलाफ एनजीटी में याचिका दायर की गई है, जिस पर एनजीटी ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है। याचिका में कहा गया है कि दो मछली प्रजातियां गंबूसिया एफिनिस (Mosquitofish) और पोसिलिया रेटिकुलाटा (Guppy)को विभिन्न राज्यों के जल निकायों में छोड़ा जा रहा है। जलीय पारिस्थितिकी के लिए खतरनाक — यह याचिका आक्रामक प्रजाति विशेषज्ञ ग्रुप ने दायर की है। याचिका में कहा गया है कि इन दोनों मछली प्रजातियों को आक्रामक और विदेशी घोषित किया गया है और ये स्थानीय जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर विपरीत असर डालती हैं। इससे स्थानीय मछली प्रजातियों के भोजन की कमी हो सकती है। ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड देशों में तो मच्छर मछली पर बाकायदा प्रतिबंध भी है। याचिका के अनुसार, मच्छर मछली दुनिया की 100 सबसे खतरनाक मछली प्रजातियों में शामिल है। याचिका में कहा गया है कि मच्छर मछली को असम, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पंजाब और आंध्र प्रदेश के जल निकायों में छोड़ा गया है। वहीं महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब और ओडिशा में मछली की गप्पी प्रजाति को छोड़ा गया था। 6 मई को सुनवाई करेगा एनजीटी — याचिका पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव और विशेषज्ञ सदस्य ए सेंथिल वेल की पीठ ने 24 जनवरी को दिए अपने आदेश में केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। इस मामले में केंद्र सरकार की तरफ से केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण और राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र जवाब दाखिल करेंगे। एनजीटी इस मामले पर अगली सुनवाई 6 मई को करेगा। recent visitors 37

गोंगाडी तृषा ने किया कमाल का प्रदर्शन, प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ जीता प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड

नई दिल्ली गोंगाडी तृषा ने कमाल का प्रदर्शन आईसीसी अंडर 19 वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2025 में टीम इंडिया के लिए किया। एक ऑलराउंडर के तौर पर आने वाले समय में भारतीय महिला टीम को एक जबरदस्त प्लेयर मिल सकती है। गोंगाडी तृषा ने बल्ले और बॉल से तूफानी प्रदर्शन फाइनल में भी जारी रखा। तीन विकेट चटकाने के साथ-साथ लो स्कोरिंग मैच में 44 रनों की नाबाद पारी खेली। इस तरह उनको ना सिर्फ फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला, बल्कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी उन्होंने ही अपने नाम किया। लगातार दूसरी बार गोंगाडी तृषा ने इस टूर्नामेंट का फाइनल खेला। हालांकि, अगले टूर्नामेंट के लिए वे योग्य नहीं होंगी, क्योंकि उनकी उम्र ज्यादा हो चुकी होगी। 19 वर्षीय गोंगाडी तृषा ने इस टूर्नामेंट में 300 से ज्यादा रन बनाए। अब तक दो बार ये टूर्नामेंट आयोजित हो चुका है, लेकिन कोई भी खिलाड़ी 300 से ज्यादा रन नहीं बना पाया है। उन्होंने कुल सात मैचों में 309 रन बल्ले से बनाए और गेंदबाजी में 7 विकेट अपने नाम किए। फाइनल में उनको 3 सफलताएं मिलीं। इस तरह साउथ अफ्रीका के सामने उन्होंने अद्भुत प्रदर्शन किया। बता दें कि गोंगाडी तृषा एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने आईसीसी अंडर 19 वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में शतक जड़ा है। पिछली बार ये टूर्नामेंट खेला गया था, उस समय किसी बल्लेबाज ने शतक नहीं जड़ा था, जबकि इस बार सिर्फ गोंगाडी तृषा ने ये कमाल किया और वे दुनिया की पहली क्रिकेटर अंडर 19 टी20 वर्ल्ड कप में सेंचुरी जड़ने वाली बनीं। गोंगाडी तृषा ने प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद बताया कि वे अपने ही देश की पूर्व क्रिकेटर मिताली राज को अपना आइडल मानती हैं। इसके अलावा उन्होंने अपना प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड अपने पिता को डेडिकेट किया, क्योंकि पिता के योगदान के कारण ही गोंगाडी तृषा यहां तक पहुंच सकी हैं। recent visitors 40

दूल्हे ने अपनी बारात में किया चोली के पीछे गाने पर किया डांस, दामाद के डांस से नाराज ससुर ने तोड़ी शादी

नई दिल्ली भारतीय शादियों में फिल्मी गानों पर दूल्हा-दुल्हन का डांस करना आम बात है। सोशल मीडिया पर इस तरह के अनेक वीडियो देखने को मिल जाते हैं। हम सभी ने ऐसे कई वायरल वीडियो और रील देखे हैं, जिनमें दूल्हे या दुल्हन को अपनी शादी में डांस करते दिखाया जाता है। सोशल मीडिया में वायरल ऐसी ही एक खबर के मुताबिक, दिल्ली में एक दूल्हे को अपनी शादी में डांस करना काफी महंगा पड़ गया। दूल्हे के डांस से भड़के दुल्हन के पिता ने नाराज होकर शादी तोड़ दी। अपने रिश्तेदारों का मनोरंजन करने के लिए दूल्हे ने चोली के पीछे गाने पर डांस किया तो लड़की के पिता ने शादी की कैंसल कर दी। इस खबर के साथ एक विज्ञापन है, जिसमें लिखा है – फ्री मनोरंजन तो सबको अच्छा लगता है। 'जेवियर अंकल' नाम के यूजर ने कैप्शन लिखा – यकीनन मैंने आज से पहले विज्ञापन का ऐसा प्लेसमेंट नहीं देखा! रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली में 18 जनवरी को एक शादी समारोह में कथित तौर पर दूल्हे द्वारा दोस्तों की फरमाईश पर बॉलीवुड के मशहूर सॉन्ग 'चोली के पीछे क्या है' पर डांस करना दोनों पक्षों के परिवारों के लिए महंगा साबित हुआ। ऐसा दावा है कि दूल्हे का डांस देख दुल्हन के पिता ने नाराज होकर शादी तोड़ दी। बैंड की धुनों पर नाचते हुए, दूल्हे के दोस्तों ने जोर देकर कहा कि वह उनके साथ लोकप्रिय गाने 'चोली के पीछे क्या है' पर डांस करे। इस दौरान कुछ मेहमानों और परिवार के सदस्यों ने नाचते हुए दूल्हे का उत्साहवर्धन किया, तभी अचानक वहां पहुंचे दुल्हन के पिता को अपने होने वाले दामाद की हरकतें पसंद नहीं आईं। उन्होंने इस पर ऐतराज जताते हुएए जश्न में हस्तक्षेप किया। इतना ही नहीं, दुल्हन के पिता ने दूल्हे के डांस से नाराज होकर शादी समारोह रोक दिया और शादी रद्द कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, दुल्हन के पिता ने यह कहते हुए गुस्से में आकर अपनी बेटी की शादी तोड़ दी कि दूल्हे की हरकतों से उनके परिवार के संस्कार का अपमान हुआ है। बताया जा रहा है कि दुल्हन रो पड़ी, जबकि दूल्हे ने दुल्हन के पिता को सांत्वना देने की कोशिश की। हालांकि, उसकी कोशिशें बेकार गईं और शादी रद्द कर दी गई। recent visitors 30

खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा- ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ धीरे-धीरे एक उत्सव का रूप ले रही है

नई दिल्ली 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' लोगों को फिटनेस अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने रविवार को कहा कि यह पहल धीरे-धीरे एक उत्सव का रूप ले रही है। 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया गया तथा बताया गया कि सफलता प्राप्त करने के लिए स्वस्थ शरीर महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया 'फिट इंडिया' अभियान का समर्थन कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य पूरे देश में फिटनेस और स्वास्थ्य की संस्कृति का निर्माण करना है। केंद्रीय खेल मंत्री ने साइकिलिंग इवेंट की बढ़ती सफलता पर कहा, "फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' धीरे-धीरे एक उत्सव का रूप ले रहा है, जिसमें प्रत्येक रविवार को अलग-अलग थीम पर पूरे देश में साइकिलिंग इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। आज, मुझे दिल्ली और पूरे देश के डॉक्टरों को रविवार को साइकिल चलाते और अपना संदेश फैलाते हुए देखकर खुशी हो रही है। मोटापे से लड़ने के लिए हमें अपने आहार पर नियंत्रण रखना चाहिए। एक अच्छा आहार एक स्वस्थ भारत और मोटापे के खिलाफ एक मजबूत लड़ाई सुनिश्चित करेगा।" यह पहल अनेक लोगों को पसंद आई है, जिनमें साइकिल चालक और एथलीट भी शामिल हैं, जो इसे जागरूकता पैदा करने और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानते हैं। साइकिल चालक महेश कुमार ने फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "हमारे वेदों में इस बात पर जोर दिया गया है कि फिटनेस हर किसी के लिए जरूरी है। एक फिट व्यक्ति सफल होता है और इससे एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण होता है। खेल मंत्री और प्रधानमंत्री मोदी सक्रिय रूप से 'फिट इंडिया' अभियान को बढ़ावा दे रहे हैं। इस बड़े पैमाने की पहल का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को स्वस्थ भविष्य के लिए प्रेरित करना है।" एथलीट भी इस अभियान को अपना समर्थन दे रहे हैं। पैरालंपिक एथलीट और कांस्य पदक विजेता शूटर रुबीना फ्रांसिस ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा, "एक एथलीट के तौर पर मैं जानती हूं कि 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' अभियान युवा पीढ़ी के लिए बहुत फायदेमंद है। विभिन्न क्षेत्रों के लोग इस अभियान के लिए एक साथ आए हैं और मैं उनका समर्थन करने के लिए यहां हूं। सरकार की यह पहल भावी पीढ़ियों के बीच जागरूकता बढ़ाने और उन्हें फिटनेस के प्रति प्रेरित करने का एक शानदार तरीका है।" 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम भारत में फिटनेस के बढ़ते महत्व का प्रमाण है, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है।   recent visitors 35

जेनेलिया देशमुख ने शेयर किए पुणे यूनाइटेड टीम की जीत के पल

मुंबई अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख वर्ल्ड पिकलबॉल लीग के नए सीजन में अपनी टीम पुणे यूनाइटेड की जीत का जश्न मनाती नजर आईं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर जीत के पलों को शेयर करते हुए प्रशंसकों को झलक दिखाई। अभिनेत्री कभी मजेदार तो कभी काम से जुड़े पोस्ट के साथ सोशल मीडिया पर खासा उपस्थिति दर्ज कराती हैं। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज के सेक्शन पर तस्वीरों के साथ कुछ वीडियो को भी शेयर किया, जिसमें वह फैमिली के साथ जीत के पलों का लुत्फ उठाती नजर आईं। जेनेलिया और उनके पति रितेश देशमुख टीम के सह-मालिक हैं। पुणे यूनाइटेड ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर फाइनल की एक तस्वीर शेयर की। टीम ने बड़ी जीत के पीछे टीम की मेहनत और आत्मविश्वास को श्रेय देते हुए बताया कि टीम ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, यही काफी है। कैप्शन में लिखा, "सबसे मुश्किल और खास समय में इस टीम ने हमेशा अच्छा प्रदर्शन किया है। जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, हमने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और जीत हासिल की। हर पॉइंट, हर प्रयास ने हमें यहां तक पहुंचाया। इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।" इससे पहले जेनेलिया ने अपना वजन घटाने का सफर प्रशंसकों के साथ शेयर किया था। वीडियो के साथ उन्होंने अपने ट्रेनर को धन्यवाद भी दिया था। इससे पहले अभिनेत्री ने अपनी एक कैंडिड तस्वीर शेयर की थी जिसमें वह कैमरे से दूर देखती नजर आई थीं। उनके हाथ पर टैटू में तीन 'आर' अक्षर के साथ दिल की धड़कन दिखाई दी थी, जो उनके पति रितेश देशमुख और उनके दोनों बेटों रियान और राहिल की ओर इशारा करता है। जेनेलिया और रितेश ने कई सालों की डेटिंग के बाद 3 फरवरी, 2012 में शादी की थी। उन्होंने मराठी रीति-रिवाजों से शादी की थी। अगले दिन चर्च में ईसाई तरीके से शादी की थी। इस जोड़ी के दो बच्चे हैं, जिनका नाम उन्होंने रियान और राहिल रखा है। जेनेलिया के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेत्री अपनी आगामी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ के लिए तैयार हैं, जिसमें आमिर खान और दर्शील सफारी अहम भूमिका में हैं। अभिनेत्री के पास तेलुगू फिल्म ‘जूनियर’ भी है।   recent visitors 42