Monday, July 6, 2026 4:58 am

रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम पहला मुकाबला कल खेलेगी, टिकट काउंटर पर हुआ जमकर हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस

नई दिल्ली भारत और इंग्लैंड के बीच कल से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। जिसके लिए दोनों टीमें जमकर तैयारी कर रही हैं। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम ने 4-1 से टी20 सीरीज अपने नाम की थी और अब रोहित की टीम की बारी है। रोहित की अगुवाई में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला गुरुवार को खेलेगी। वहीं दूसरे मैच के लिए ऑफलाइन टिकट की ब्रिकी शुरू हो गई। कटक में होने वाले इस मुकाबले को देखने के लिए फैंस के बीच काफी क्रेज है और इसी वजह से बुधवार को टिकट काउंटर पर काफी भीड़ जुट गई थी और भगदड़ जैसे हालात हो गए थे लेकिन पुलिस ने सही समय पर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। फैंस को काउंटर से हटाने के लिए पुलिस ने उन पर पानी की बौछारें भी की। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि दूसरा वनडे कटक में खेला जाएगा, जिसके ऑफलाइन टिकट के लिए बुधवार को टिकट काउंटर पर जमकर बवाल हुआ। बाराबती स्टेडियम के बाहर सुबह से ही फैंस की लंबी लाइन मौजूद थी। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें फैंस टिकट काउंटर के ऊपर चढ़ गए हैं और पुलिस उन्हें कंट्रोल करने की कोशिश कर रही है। दूसरे वनडे के लिए मैच के लिए टिकटों की ऑफलाइन बिक्री आज सुबह 9 बजे शुरू हुई। बुधवार और गुरुवार को टिकट खरीद सकेंगे। हालांकि पहले दिन ही भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। वहीं अधिकारियों ने बताया कि रविवार को भारत-इंग्लैंड क्रिकेट मैच से पहले ओडिशा के कटक में बाराबती स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी। भारत बनाम इंग्लैंड वनडे टीम इस प्रकार है:- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत, रवींद्र जड़ेजा, हर्षित राणा (पहले दो वनडे), जसप्रीत बुमराह (तीसरा वनडे) और वरुण चक्रवर्ती। recent visitors 64

अब आम आदमी की टोल समस्या होगी जल्द दूर, नितिन गडकरी ने देश में बड़े बदलाव के दिए संकेत

नई दिल्ली केंद्र सरकार टोल से भी जल्द ही बड़ी राहत देने जा रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ऐसे संकेत दिए हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया है कि टोल को लेकर सभी की 'शिकायतें' खत्म होने वाली हैं। खास बात है कि सरकार ने बजट 2025 में 12 लाख रुपये की आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगाकर बड़ी राहत का ऐलान किया था। मीडिया से बातचीत में गडकरी से जब टोल से राहत को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, 'जल्द ही मिल जाएगी।' उन्होंने कहा, 'हमारा अध्ययन पूरा हो गया है। हम जल्द ही ऐसी स्कीम लाएंगे कि सभी लोगों को टोल से एक प्रकार से तकलीफें खत्म हो जाएंगी।' हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया, लेकिन कहा, 'पर मैं जल्द ही स्कीम जारी करके इसे खत्म करूंगा।' उन्होंने कहा, 'मेरे भी बहुत कार्टून निकलते हैं। सोशल मीडिया पर लोग ट्रोल करते हैं। टोल को लेकर लोग नाराज ही हैं। मैं बस इतना ही कह सकता हूं आने वाले कुछ ही दिनों में यह नाराजगी दूर हो जाएगी।' केंद्रीय मंत्री ने टोल कलेक्शन के तरीके में भी बदलाव के संकेत दिए हैं। जब टोल टैक्स के लिए बार-बार रुकने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, 'देखिए 99 फीसदी फास्टैग हैं। रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी कहीं।' उन्होंने संकेत दिए हैं कि इसे सैटेलाइट से जोड़ने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकार कई नीतियां जारी करेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को बजट पेश करने के दौरान मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए 12 लाख रुपये की सालाना आय पर कर छूट की घोषणा की है। वेतनभोगी करदाताओं के लिए 75,000 रुपये की मानक कटौती के साथ अब 12.75 लाख रुपये तक कोई कर नहीं लगेगा। साथ ही सरकार इनकम टैक्स को लेकर नया बिल भी इस सप्ताह पेश करने जा रही है। recent visitors 92

विजय माल्या ने दावा किया है कि किंगफिशर एयरलाइंस पर करीब 6200 करोड़ का कर्ज था, उससे कहीं अधिक बैंकों ने वसूल लिए

कर्नाटक भगोड़े कारोबारी विजय माल्या ने कर्नाटक हाई कोर्ट में किंगफिशर एयरलाइंस के खिलाफ चल रही कर्ज वसूली प्रक्रिया को चुनौती दी है। विजय माल्या ने दावा किया है कि किंगफिशर एयरलाइंस पर करीब 6200 करोड़ का कर्ज था। बैंक के अधिकारियों ने प्रारंभिक कर्ज की राशि की तुलना में कहीं अधिक वसूल लिया है। आपको बता दें कि यह याचिका 3 फरवरी 2025 को दायर की गई थी। इस मामले पर न्यायमूर्ति आर देवदास द्वारा बुधवार को संक्षिप्त सुनवाई की गई। विजय माल्या के लिए पेश हुए वरिष्ठ वकील साजन पूवैया ने हाईकोर्ट को बताया कि वह किसी अंतरिम राहत के लिए नहीं कह रहे हैं, जब तक कि संबंधित पक्षों से सुनवाई न हो जाए। कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए दस बैंकों, एक वसूली अधिकारी और एक एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनी को नोटिस जारी किया है। आपको बता दें कि इन्हें याचिका में पार्टी बनाया गया है। विजय माल्या ने इस सप्ताह की शुरुआत में कई राष्ट्रीय और प्राइवेट बैंकों (जिनमें भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और एक एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनी शामिल हैं) के खिलाफ उनकी वसूली प्रक्रिया को चुनौती दी थी। अपनी याचिका में माल्या ने कोर्ट से यह अनुरोध किया कि फिलहाल इस रिकवरी की प्रक्रिया को रोकी जाए और अंतरिम स्थगन आदेश जारी किया जाए। पिछले साल दिसंबर महीने में विजय माल्या ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि बैंकों ने 6,203 करोड़ के कर्ज की राशि के अलावा ब्याज भी वसूल लिया है। यह राशि डेब्ट रिकवरी ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारित की गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में लोकसभा में यह कहा था कि विजय माल्या की 14,131.6 करोड़ की संपत्तियां सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को लौटा दी गई हैं। आपको बता दें कि विजय माल्या 2016 में ब्रिटेन भाग गए थे। भारत में किंगफिशर एयरलाइंस को दिए गए कई बैंकों के कर्जों में डिफॉल्ट के कारण वह वांटेड हैं। recent visitors 21

राजस्थान के बारां और दौसा जिलों में सड़क हादसे , कुल 5 लोगों मौत

राजस्थान राजस्थान के बारां और दौसा जिलों में दर्दनाक सड़क हादसे हुए, जिनमें कुल 5 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बारां में सगाई के दिन ही एक युवक और उसके दो रिश्तेदारों की मौत हो गई, वहीं दौसा में श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलटने से दो महिलाओं की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। बारां जिले के मांगरोल में एक कार हादसे में 23 वर्षीय पराग, देवकरण (65) और बद्रीलाल (50) की जान चली गई। पराग ने कुछ ही घंटे पहले अपनी मंगेतर को अंगूठी पहनाई थी और घर लौटते समय यह हादसा हो गया। हादसे में जीवनलाल और विष्णु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह दुर्घटना मांगरोल से मध्य प्रदेश के श्योपुर जाने वाले हाईवे पर मऊ बालाजी के पास हुई, जब पराग की कार सामने से आ रही गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पराग को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद दूसरी कार के ड्राइवर और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पराग की सगाई सीसवाली गांव की एक युवती से हुई थी। हादसे के बाद पराग और उसके रिश्तेदारों का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। परिवार में गहरे शोक का माहौल है, वहीं जिस लड़की से पराग की सगाई हुई थी, उसके घर में भी मातम छा गया है। दौसा में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 2 की मौत, 16 घायल राजस्थान के दौसा जिले में एक और बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। दुर्घटना बालाहेड़ी थाना क्षेत्र के पीपलखेड़ा गांव में सुबह करीब साढ़े 4 बजे हुई, जब महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस एक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे का कारण सड़क पर अचानक आए पशु को बचाने के प्रयास में ड्राइवर का नियंत्रण खो बैठना बताया जा रहा है। बस में अधिकतर महिलाएं सवार थीं, जो हादसे के वक्त गहरी नींद में थीं। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, स्थानीय लोगों ने तुरंत यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों में 7 को दौसा रेफर किया गया, जबकि 5 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर रेफर किया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।   recent visitors 35

कवर्धा में 20 लाख रुपए की शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा आबकारी विभाग और कवर्धा पुलिस की संयुक्त टीम को शराब तस्करी मामले में बड़ी सफलता मिली है. 20 लाख रुपए से अधिक की शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. मध्यप्रदेश से बड़ी मात्रा में शराब ट्रक में भरकर आ रही थी. जिसे नगरीय निकाय चुनाव में खपाए जाने की आशंका जताई जा रही है. यह मामला चिल्फी थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में शराब भरकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रही है. आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात नाकेबंदी कर शराब तस्कर को पकड़ा. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश जमरे और इंदौर का रहने वाला बताया. ट्रक पर MP09GH5531 नंबर लिखा हुआ था. पुलिस को चेकिंग में ट्रक में से 393 पेटी देसी शराब और 100 पेटी अंग्रेजी शराब मिली. आरोपी राजेश जामरे को धारा 34(1)क, 34(2) 36,59 (क) के तहत गिरफ्तार किया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. recent visitors 24

फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद मिल्‍कीपुर में मतदान के बीच राममय हुए अवधेश प्रसाद

मिल्‍कीपुर उत्‍तर प्रदेश की मिल्‍कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान चल रहा है। इस बीच फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें वो अपने में हाथ में हनुमान चालीसा लिए पाठ करते नज़र आ रहे हैं। सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद मिल्‍कीपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्‍मीदवार हैं। वीडियो आज सुबह का बताया जा रहा है। इसमें सांसद अवधेश प्रसाद अयोध्‍या के इनायत नगर स्थित अपने घर में पूजा के लिए बैठे दिख रहे हैं। सांसद के घर के इस कोने में देवी-देवताों के सथ हनुमान जी एक बड़ी तस्‍वीर लगी है। सांसद उसके सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करते दिख रहे हैं। बता दें कि मिल्‍कीपुर सीट से 2022 के चुनाव में अवधेश प्रसाद ही जीते थे लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में सांसद का चुनाव जीतने के बाद उन्‍होंने इस सीट से इस्‍तीफा दे दिया था। उसके इस्‍तीफे के बाद यह सीट खाली हो गई थी। इसी वजह से इस पर उपचुनाव हो रहा है। सपा से उम्‍मीदवार बने अपने बेटे अजीत प्रसाद को जिताने के लिए सांसद अवधेश प्रसाद ने पूरी ताकत लगाई हुई थी। पिछले दिनों सांसद का रोने का एक वीडियो वायरल हुआ था। एक युवती की हत्‍यारोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सांसद ने एक प्रेस कॉन्‍फ्रेन्‍स बुलाई थी। जैसे ही कैमरे ऑन हुए सांसद फूट-फूट कर रोने लगे थे। युवती की हत्‍या के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर‍ लिया।   मतदान के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप जारी मिल्‍कीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए हो रहे मतदान के बीच भाजपा और सपा के बीच आरोप-प्रत्‍यारोप का सिलसिला जारी है। जहां एक ओर सपा सुबह से ही ईवीएम मशीनों की खराबी और कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी के आरोप लगा रही है वहीं भाजपा कार्यकर्ता भी सपा प्रत्‍याशी पर सांसद पिता के रसूख का गलत इस्‍तेमाल करने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों ओर से चुनाव आयोग से निष्‍पक्ष चुनाव कराने की मांग की जा रही है। recent visitors 31

जयपुर जिले में बुधवार को होगा किसान रजिस्ट्री शिविरों का आगाज, हर किसान को मिलेगी 11 अंकों की एक विशिष्ट पहचान

   जयपुर में 31 मार्च तक ग्राम पंचायतों में होगा किसान रजिस्ट्री शिविरों का आयोजन जिला कलक्टर के निर्देश पर जिला स्तरीय हेल्प डेस्क का किया गया गठन फार्मर आईडी के अलावा किसानों को विभागीय योजनाओं से भी किया जाएगा लाभांवित   जयपुर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की अनुपालना में बुधवार, 5 फरवरी से जयपुर जिले की ग्राम पंचायतों में किसान रजिस्ट्री शिविरों का आयोजन होगा। शिविरों के सफल आयोजन के लिए जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला स्तरीय हेल्प डेस्क का गठन किया गया है। अपनी ग्राम पंचायत में शिविर के आयोजन सहित अन्य जानकारियां हासिल करने के लिए आमजन एवं किसान दूरभाष नंबर 0141-2209905, 0141-2209906 पर संपर्क कर सकते हैं। 5 फरवरी को जयपुर जिले के मौजमाबाद के मोखमपुरा, किशनगढ़-रेनवाल के लुनियावास, जयपुर के सुमेल, जोबनेर के ढाणी नागान, आमेर के लबाना, सांगानेर के गोनेर, फुलेरा-सांभरलेक के हबसपुरा, जमवारामगढ़ के भानपुरा कलां, बस्सी के कानोता, कालवाड़ के बेगस, चौमूं के नांगल कलां, शाहपुरा के नायन, तुंगा के माधोगढ़, माधोराजपुरा के ढाबिच, फागी के लदाना, चाकसू के टुटोली, दूदू के सुनाड़िया सहित कोटखावदा और आंधी ग्राम पंचायत में शिविरों लगेंगे। किसान रजिस्ट्री शिविरों के सफल आयोजन एवं आमजन की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन के उच्चाधिकारी मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। फार्मर रजिस्ट्री किसानों को सशक्त करने के लिए उन्हें डिजिटल रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जयपुर जिले में किसान रजिस्ट्री शिविरों के सफल आयोजन एवं जिले के समस्त किसानों का एग्रीस्टैक पर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने शिविरों के व्यापक प्रचार प्रसार के भी निर्देश दिये हैं ताकि जिले के प्रत्येक किसान को ना केवल शिविरों के आयोजन की जानकारी हो बल्कि शिविरों में किसान फार्मर आईडी बनाने के साथ-साथ अन्य विभागीय योजनाओं से लाभांवित हों सकें। प्रातः 9:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक होगा शिविरों का आयोजन— एग्रीस्टैक योजनांतर्गत जयपुर में किसान रजिस्ट्री अभियान का आयोजन ग्राम स्तर पर 5 फरवरी से 31 मार्च तक किया जायेगा। इसके तहत ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में किसानों की विशिष्ट किसान आईडी बनाई जायेगी। शिविरों का आयोजन प्रातः 9ः30 बजे से सायं 5ः30 बजे तक किया जाएगा। शिविर में किसान आईडी तैयार करने के साथ साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री आरोग्य आयुष्मान योजना, किसान क्रेडिट कार्ड मंगला पशु बीमा योजना, पशु टीकाकरण, पशु चिकित्सा एवं उपचार सहित पशुपालन विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं से भी किसानों को लाभांवित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक किसान को विशिष्ट फार्मर आईडी 11 अंकों की प्रदान की जायेगी। किसानों द्वारा आईडी बनवाने के लिये आधार कार्ड, जमाबंदी, मोबाईल नम्बर की जरूरत होगी। भविष्य में किसानों को सरकारी योजनाओं व सेवाओं तक आसान पहुंच करने, प्रधानमंत्री किसान/मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिये फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से प्राप्त आईडी उपयोगी होगी। बेहद सरल है फार्मर आईडी बनवाने की प्रक्रिया— शिविर कार्यक्रमानुसार 5 फरवरी से राज्य में सभी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शिविर आयोजित करवाये जा रहे हैं। कृषि भूमि से संबंधित व्यक्ति ग्राम पंचायत के शिविर में जाकर फार्मर आईडी बनवा सकते हैं। फार्मर आईडी बनाने के लिए किसान को महज अपना आधार कार्ड, आधार से लिंक्ड मोबाइल नम्बर वाला फोन और नवीनतम जमाबंदी लेकर शिविर में आना होगा। अपनी ग्राम पंचायत में शिविर कार्यक्रम की जानकारी www.rjfrc.rajasthan.gov.in पोर्टल पर जाकर प्राप्त की जा सकती है। हर किसान को मिलेगी 11 अंकों की एक विशिष्ट पहचान— किसान रजिस्ट्री, एग्रीस्टैक परियोजना के तहत कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की एक पहल है। कृषक विवरण (कृषक का जनसांख्यिकीय विवरण, उसके द्वारा धारित कृषि भूमि का विवरण, प्रत्येक कृषि भूखण्ड के जीपीएस निर्देशांक, उस पर बोई गई फसलों का विवरण आदि) को डिजिटल इन्फास्ट्रक्चर में संकलित किया जाकर, प्रदेश के प्रत्येक किसान को ’आधार’ आधारित एक 11 अंकों की एक यूनिक आईडी (विशिष्ट किसान आईडी) आवंटित की जाएगी, जिससे किसान डिजिटल रूप से अपनी पहचान प्रमाणित कर सकेंगे। किसान आईडी डिजिटली सत्यापन योग्य पहचान है, जिसे www.rjfr.agristack.gov.in पोर्टल पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं। फार्मर आईडी जनरेट होने के बाद भूमि संशोधन (खसरा जोड़ने या हटाने) के लिए पटवारी, भू-अभि. निरीक्षक या तहसीलदार से सम्पर्क किया जा सकता है। इस हेतु मोबाइल एप/वेबसाइट द्वारा प्रदेश के समस्त कृषकों के स्वामित्व वाले सभी खसरों को सम्मिलित करते हुए कृषक के 'आधार' से लिंक कराया जाएगा, तत्पश्चात कृषक से ऑनलाइन सहमति प्राप्त करते हए ई-हस्ताक्षर की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। इसलिए उपयोगी है किसान रजिस्ट्री— भविष्य में प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक है। राज्य एवं भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों को प्रदान करने के लिए फार्मर आईडी आवश्यक होगी। भविष्य में नामांतरण एवं क्रय-विक्रय पंजीयन की प्रक्रिया में भी फार्मर आईडी आवश्यक होगी। किसान रजिस्ट्री से किसानों को लाभ— किसान आईडी (बिना अतिरिक्त दस्तावेज) के माध्यम से सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं तक पहुंच आसान हो सकेगी। पात्र किसान का प्रधानमंत्री-किसान/मुख्यमंत्री-किसान सम्मान निधि योजना, अन्य योजनाओं में स्वतः जुड़ना सम्भव होगा। किसानों से फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्यों एवं अन्य योजनाओं में त्वरित (बिना किसी अतिरिक्त दस्तावेज के) खरीद संभव हो सकेगी। किसान की फसल के अनुसार डिजिटल तरीके से फसलों का बीमा संभव होगा। इसके अतिरिक्ति किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड द्वारा ऋण आसानी एवं शीघ्रता से मिल सकेगा। किसानों को फसलों के लिए सेवाओं और बाजारों का व्यापक विकल्प मिल सकेगा। किसान अपनी फसलों, मृदा की स्थिति और कृषि-जलवायु परिस्थितियों के अनुसार परामर्श सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही, सरकारी योजनाओं में लाभों का समान वितरण सुनिश्चित हो सकेगा, साथ ही लाभ से वंचित पात्र किसानों की पहचान संभव होगी । recent visitors 42