Wednesday, July 8, 2026 1:42 am

समारोह में एसडीएम महेश राजपूत ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा और पार्षदों को शपथ दिलाई

रायपुर उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आज कुम्हारी नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण संपन्न हुआ। विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। कुम्हारी के बाजार चौक स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में आयोजित समारोह में एसडीएम महेश राजपूत ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा और पार्षदों को शपथ दिलाई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों को बधाई और अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर पालिका की यह नई टीम कुम्हारीवासियों के लिए नवीन सुविधाएं विकसित करने के साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सक्रियता से काम करेगी। राज्य शासन द्वारा इसमें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा के शपथ के बाद 6-6 के समूह में कुल 24 पार्षदों ने शपथ ग्रहण किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा ने सभी अतिथियों और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। पूर्व संसदीय सचिव सियाराम साहू सहित गणमान्य नागरिक और शहरवासी बड़ी संख्या में शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। recent visitors 75

टाइगर रिजर्व में पदस्थ कार्यवाहक वनपाल रश्मि बान ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल कायम की

महिला सशक्तिकरण भोपाल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण चुनौतियों से भरा हुआ है। टाइगर रिजर्व में पदस्थ कार्यवाहक वनपाल रश्मि बान ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल कायम की है। उन्होंने हर चुनौती का सामना करते हुए जंगल की अवैध कटाई, वन्य-जीवों के शिकार और पर्यावरण से जुड़े अन्य अपराधों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। वनपाल रश्मि बान ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर वन और वन्य-जीव संरक्षण से जुड़े कई अभियानों का नेतृत्व किया। इससे जंगलों की सुरक्षा को मजबूती मिली है। रश्मि बान के प्रयासों से न केवल अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, बल्कि स्थानीय समुदायों में भी जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने वन संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिये विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी की है। वनपाल रश्मि बान ने ग्रामीणों और वन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर वन में निवास करने वाले वनवासियों की पुनर्वास परियोजना को सफलतापूर्वक लागू करने में अहम भूमिका निभाई है। इससे जंगलों का पुनर्निर्माण संभव हो सका है। रश्मि बान की मेहनत का नतीजा यह रहा कि कई वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगी और वन्य-जीवों को सुरक्षित माहौल भी मिला। वनपाल रश्मि बान का नेतृत्व यह साबित करता है कि महिला न केवल समाज में बदलाव ला सकती है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी प्रभावी निर्णय लेने और क्रियान्वित करने की क्षमता भी रखती है। उनकी संघर्षशीलता और संकल्पना ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल कायम की, जिससे महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी।   recent visitors 51

पर्यटन किसी भी राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़-राज्य मंत्री लोधी

भोपाल पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि पर्यटन किसी भी राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ है। वर्तमान में पर्यटन उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था में सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पर्यटन अधोसंरचनाओं के निर्माण और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए सतत प्रयास किए जा रहे है। राज्य मंत्री लोधी ने ITB बर्लिन 2025 में भारत पवेलियन और मध्यप्रदेश पवेलियन का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर जर्मनी में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते, अपर प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड सुबिदिशा मुखर्जी भी उपस्थित रही। राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि ITB बर्लिन पर्यटन उद्योग के लिए एक प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्किंग और व्यापार मंच है, जो विगत 60 वर्षों से विश्व पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।  राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश के पर्यटन को ITB बर्लिन में वैश्विक बढ़ावा मिलेगा। मध्यप्रदेश, अपनी प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक और धार्मिक संपदा के लिए प्रसिद्ध है। 8 टाइगर रिज़र्व, 12 राष्ट्रीय उद्यान, और 25 से अधिक वन्यजीव अभयारण्य इसे देश का टाइगर स्टेट बनाते हैं। ऐतिहासिक धरोहरों की बात करें तो खजुराहो, सांची और भीमबेटका जैसे तीन महत्वपूर्ण स्थल यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं, जबकि 11 अन्य स्थलों को अस्थायी सूची में स्थान मिला है। ITB बर्लिन में मध्यप्रदेश पवेलियन को विशेष रूप से प्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह मंच प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और ट्रैवल ऑपरेटर्स के समक्ष प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। वैश्विक पर्यटन कंपनियों के साथ संवाद राज्यमंत्री लोधी ने इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय ट्रैवल टूर ऑपरेटर्स, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के प्रतिनिधियों और विभिन्न देशों के पर्यटन अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने मध्यप्रदेश की पर्यटन नीति और निवेश के अवसरों पर चर्चा करते हुए, सभी को मध्यप्रदेश आने और प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित किया। ITB बर्लिन में भागीदारी से मध्यप्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत स्थान मिलेगा। इस आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने, पर्यटन निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर मिला है। recent visitors 45

‘रैम्प योजना’ के तहत मध्यप्रदेश की 40 मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी महिला उद्यमियों हैदराबाद में एक्सपोज़र विजिट पर

भोपाल सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम भारत सरकार की 'रैम्प योजना' के तहत मध्यप्रदेश की 40 मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी महिला उद्यमियों को हैदराबाद में 6 से 8 मार्च तक एक्सपोज़र विजिट पर भेजने की महत्वपूर्ण पहल की गयी है। मध्यप्रदेश के एमएसएमई विभाग का लघु उद्योग निगम इस महत्वपूर्ण दौरे में नोडल एजेंसी के रूप में साथ रहेगा। इस दौरे में महिला उद्यमी 'फिक्की फ्लो इंडस्ट्रियल पार्क' और 'वी-हब' जैसे महिला औद्योगिक पार्कों का दौरा करेंगी और उन्नत कार्यप्रणाली, नवीनतम तकनीकों और उन्नत कार्य के नवीनतम तौर-तरीकों को करीब से देख और समझ सकेंगी। माना जा रहा है कि महिला उद्यमी को अपने उद्यम के उन्ननयन मे सहायता मिलेगी। इस दौरान प्रदेश की महिला उद्यमी देश की प्रतिष्ठित महिला उद्योगपतियों से भी मिलेंगी और अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए उनसे संवाद कर सकेंगी। इन महिला उद्यमियों का चयन प्रदेश के जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्रों के द्वारा किया गया है। यह 40 सदस्यीय दल 6 मार्च को भोपाल एवं इंदौर से विमान द्वारा हैदराबाद रवाना होगा। इस यात्रा का उद्देश्य महिला उद्यमियों को सफल महिला उद्यमियों से मिलने, उनके अनुभवों से सीखने और अपने व्यापार में नए विचार और तकनीक अपनाने के अवसर प्रदान करना है। पहले दिन हैदराबाद में सफल महिला उद्यमियों द्वारा अपने संघर्ष, उद्यमिता विकास और व्यवसाय में अपनाए गए नए तरीकों की जानकारी दी जाएगी। अगले दिन 7 मार्च को महिला उद्यमी 'फिक्की फ्लो इंडस्ट्रियल पार्क' और 'वी-हब' का दौरा करेंगी, जहां वे देश की चार प्रमुख महिला उद्यमियों के उद्योगों का अवलोकन करेंगी। महिला उद्यमियों को यहां नवीनतम तकनीकों, योजनाओं के क्रियान्वयन और औद्योगिक पार्क की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा। यह जानने का अवसर भी मिलेगा कि किस प्रकार नए प्रयोग, आधुनिक तकनीकों का उपयोग और सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन एक सफल व्यवसाय की दिशा में सहायक होता है। इसके अतिरिक्त, महिला उद्यमी 'वीमेन इंडस्ट्रियल पार्क' का भी दौरा करेंगी, जहां वे विभिन्न महिला उद्यमियों से समन्वय स्थापित कर नए बाजारों और तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगी। इस कार्यक्रम से उन्हें अपने व्यवसाय को नए स्तर पर ले जाने और अपने क्षेत्र में नए अवसरों की पहचान करने का महत्वपूर्ण अनुभव मिलेगा। मध्यप्रदेश शासन एवं रेम्प योजना की इस पहल से राज्य की महिला उद्यमियों को न केवल प्रेरणा मिलेगी, बल्कि वे अपने उद्यमों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम बढ़ा सकेंगी।   recent visitors 47

माधव नेशनल पार्क होगा प्रदेश का 9वां बाघ संरक्षित क्षेत्र, जल्द ही एक नए टाइगर रिजर्व पार्क की सौगात: मोहन यादव

भोपाल मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि भारत में टाइगर स्टेट का दर्जा हासिल कर चुके मध्यप्रदेश को जल्द ही एक नए टाइगर रिजर्व पार्क की सौगात मिलने जा रही है। शिवपुरी जिले का माधव नेशनल पार्क प्रदेश का 9वां बाघ संरक्षित क्षेत्र होगा, जो चंबल क्षेत्र में वन्य जीव प्रेमियों के लिए पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि वे स्वयं बाघों का एक जोड़ा माधव नेशनल पार्क में छोड़ेंगे। चंबल रेंज में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि से स्थानीय युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। एशिया में पहली बार चीते भी चंबल के कूनो नेशनल पार्क में दिखाई दे रहे हैं। चंबल नदी क्षेत्र में घड़ियाल एवं डॉल्फिन प्रोजेक्ट पर भी कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री यादव ने मीडिया को जारी संदेश में कहा कि देश में सबसे ज्यादा टाइगर मध्यप्रदेश में हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक मध्यप्रदेश आते हैं। बाघ संरक्षित क्षेत्र में जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए सभी नेशनल पार्कों में सीजन भर पर्यटकों का आवागमन रहता है। recent visitors 42

झुग्गी वालों के आएंगे अच्छे दिन, DDA बनाएगा 10 हजार फ्लैट, स्लम बस्तियों के जीर्णोद्धार का काम जारी

नई दिल्ली देश की राजधानी दिल्ली में स्लम बस्तियों के जीर्णोद्धार का काम जारी है। इसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने एक निजी फर्म को ट्रांजेक्शन एडवाइजर बनाया है। झुग्गी बस्तियों में बनाए जाएंगे फ्लैट इस फर्म को 10 पुनर्वास प्रोजेक्ट के आकलन की जिम्मेदारी दी गई है। ज्ञात हो कि अशोक विहार इलाके के जेजे क्लस्टर में रहने वालों के लिए नए फ्लैट बनाए गए हैं। उसी तरह अन्य झुग्गी बस्तियों में भी फ्लैट बनाए जाएंगे। डीडीए ने दिया सात महीने का समय डीडीए ने पिछले साल 13 दिसंबर को व्यवहार्यता मूल्यांकन और डेवलपर्स की भागीदारी के लिए निजी फर्म को अनुबंध पत्र जारी किया था। 10 परियोजनाओं में दिल्ली के विभिन्न हिस्सों के 26,438 घरों वाले 19 जेजे (झुग्गी झोपड़ी) क्लस्टर शामिल हैं। आकलन के लिए डीडीए ने सात महीने का समय दिया है। लगभग 10,000 घरों वाले छह जेजे क्लस्टर शामिल इसके तहत दिलशाद गार्डन और कालकाजी में एक-एक जबकि शालीमार बाग और पीतमपुरा को कवर करने वाली एक अन्य परियोजना को प्राथमिकता दी गई है। तीन परियोजनाओं में लगभग 10,000 घरों वाले छह जेजे क्लस्टर शामिल हैं। यह जानकारी दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई है। इसके मुताबिक, दिल्ली में 675 जेजे बस्तियों में से 350 डीडीए के अधिकार वाली जमीन पर मौजूद है। नीति में बदलाव को दी थी मंजूरी डीडीए ने गत वर्ष नवंबर में एलजी वीके सक्सेना की अध्यक्षता में एक बैठक की थी, जिसमें इसने अपने झुग्गी बस्ती एवं पुनर्वास नीति में बदलाव को मंजूरी दी थी। डीडीए ने एक बयान में कहा था कि बदलाव इसलिए लाया गया है कि यह सुनिश्चित किया जा सके 100 प्रतिशत लाभार्थी उसी स्थान पर समायोजित हों। recent visitors 52

9 मार्च से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा, गेहूं किसानों की बढ़ेगी टेंशन

नई दिल्ली चार दिन बाद उत्तर भारत में मौसम करवट लेगा। दरअसल, 9 मार्च से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा। इसकी वजह से 11 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक असम के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव में आज अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। असम और मेघायल में बारिश देखने को मिलेगी। किसानों की मुश्किलें बढ़ाएंगी तेज हवाएं अगले 24 घंटे में दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बिगड़ेगा। यहां 25 से 45 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 8 मार्च को बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। यहां 30 से 40किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ऐसे में गेहूं किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। तेज हवाओं की वजह से फसल जमीन पर लेट सकती है। बिहार में तूफान का अलर्ट 7 और 8 मार्च को पश्चिम बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों और सिक्किम में बारिश होगी। 5 और 6 मार्च को केरल और माहे में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा। आज गुजरात में मछुआरों को समुद्र किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है। 7 मार्च को सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 8 मार्च को बिहार में तूफान के आसार हैं। कहां-कैसा है तापमान? महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा, सुदूर दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर आंतरिक तमिलनाडु के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 35-39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना है। तापमान कर्नाटक और तमिलनाडु के बाकी हिस्सों, आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा के अधिकांश स्थानों पर 30-35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना है। सोलापुर देश में सबसे गर्म उत्तर-पश्चिम भारत और पूर्वोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान 25-30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कल देश में सबसे अधिक तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस शोलापुर में दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इन स्थानों पर बढ़ा तापमान जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, पूर्वी तेलंगाना, दक्षिणी तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक के कई स्थानों पर तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। recent visitors 43