Sunday, July 5, 2026 4:57 am

स्टंट बेस्ड शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ में नजर आ सकती हैं मल्लिका शेरावत

मुंबई बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत को साल 2004 में रिलीज हुई 'मर्डर' फिल्म से रातोंरात शोहरत मिली थी। इसमें वो इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं। इंडस्ट्री में लंबे समय तक काम किया तो ब्रेक भी लिया। उन्होंने 2024 में राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी की 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' से कमबैक किया। अब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वो स्टंट बेस्ड शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आ सकती हैं, जिसे रोहित शेट्टी होस्ट करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मल्लिका शेरावत को पहले भी 'खतरों के खिलाड़ी 15' का ऑफर दिया गया था, लेकिन पहले के कुछ कमिटमेंट के कारण वो इसमें हिस्सा नहीं ले पाई थीं। हालांकि, इस साल उनकी तरफ से चीजें पॉजिटिव दिख रही हैं। हालांकि, अभी तक ऑफिशियली ऐलान नहीं हुआ है। 'खतरों के खिलाड़ी 15' में ये आएंगे नजर? मल्लिका के अलावा एल्विश यादव, अविनाश मिश्रा, ओरी, दिग्विजय सिंह राठी, ईशा सिंह, चुम दरांग, सिद्धार्थ निगम, बसीर अली, गुल्की जोशी और भाविका शर्मा सहित कई अन्य हस्तियां शामिल हो सकती हैं। मोहसिन खान से शो का हिस्सा बनने के लिए संपर्क किया गया है। कब शुरू होगा 'खतरों के खिलाड़ी 15'? रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'खतरों के खिलाड़ी 15' की शूटिंग मई 2025 में शुरू होने वाली है और इस साल जून या जुलाई के आसपास इसका प्रीमियर होने की उम्मीद है। आप इस शो को कलर्स चैनल और जियो सिनेमा ऐप पर देख सकते हैं। बीते सीजन की बात करें तो इसे करण वीर मेहरा ने जीता था।   recent visitors 122

अबतक 10 लाख के आसपास किसानों ने पंजीयन कराया , गेहूँ की खरीदी उपार्जन केन्द्रों में 15 मार्च से 5 मई तक होगी

भोपाल  मध्य प्रदेश के किसानों के लिए काम की खबर है। जिन किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन नहीं करवाया है तो वे फटाफट करवा लें। पंजीयन की लास्ट डेट 31 मार्च 2025 है।अबतक 10 लाख के आसपास किसानों ने पंजीयन कराया है।गेहूँ की खरीदी उपार्जन केन्द्रों में 15 मार्च से 5 मई तक होगी। इस बार गेहूँ की खरीदी 2600 रूपये प्रति क्विंटल की दर से की जायेगी। इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रूपये है और 175 रूपये प्रति क्विंटल राज्य सरकार द्वारा बोनस दिया जाएगा। इस उपार्जन पर समर्थन मूल्य की राशि 19,400 करोड़ रूपये तथा बोनस की राशि 1400 करोड़ रूपये का किसानों को भुगतान किया जाना संभावित है। इस बार 80 लाख टन गेहूं उपार्जन का  अनुमान इस साल प्रदेश में लगभग 80 लाख मे. टन गेहूं उपार्जन अनुमानित है।मालवा निमाड़ में इंदौर, उज्जैन संभाग के कई किसान गेहूं का उत्पादन करते हैं, लेकिन देशभर में सबसे ज्यादा सीहोर का शरबती गेहूं मशहूर है। मार्च के पहले हफ्ते तक जिलों में हुए पंजीयन की स्थिति     न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ की बिक्री के लिए जिला बुरहानपुर में 31, खरगौन में 1616, बड़वानी में 99, अलीराजपुर में 46, खंडवा में 6079, धार में 15,940, झाबुआ में 2850, इंदौर में 27,075, मंदसौर 11,275, नीमच 3768, आगर-मालवा में 14,469, देवास में 26,904, रतलाम में 12,908।     शाजापुर में 35,346, उज्जैन में 56,805, अशोकनगर में 1276, शिवपुरी में 1670, ग्वालियर में 1612, दतिया में 2288, गुना में 2199, भिंड में 2266, श्योपुर में 3260, मुरैना में 1025, जबलपुर 1471, बालाघाट 112।     कटनी में 2093, पांढुर्णा 19, डिंडौरी में 658, छिंदवाड़ा में 3054, सिवनी में 8530, नरसिंहपुर में 6286, मंडला में 4598, हरदा में 1610, बैतूल में 3413, नर्मदापुरम में 27,222, विदिशा में 30,556, रायसेन में 31,197, राजगढ़ में 31,171, भोपाल में 17,182, सीहोर में 59,141, सतना में 2811।     रीवा में 1894, सिंगरौली में 369, मऊगंज 94, मैहर में 924, सीधी में 1382, अनूपपुर में 103, उमरिया में 1447, शहडोल में 2246, पन्ना में 2416, निवाड़ी में 431, दमोह में 7636, टीकमगढ़ में 2705, छतरपुर में 3676 और सागर में 20,378 किसानों ने पंजीयन कराया है। recent visitors 45

महू में देर रात को उपद्रव के बादआज शांति कायम, बाजार में अधिकतर दुकानें बंद

 महू दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच में भारत की जीत के बाद मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में बड़ा बवाल हो गया। महू में निकाले जा रहे विजयी जुलूस पर रविवार देर रात पथराव और आगजनी की गई। स्थिति को संभालने के बाद पुलिस ने जीत के जश्न में नफरत घोलने वालों पर ऐक्शन तेज कर दिया है। पुलिस ने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से कुछ पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। महू में देर रात को उपद्रव के बाद सोमवार को शांति कायम है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार स्थित पर नजर बनाए हुए है। हिंदू संगठनों के लोग बाजार भी बंद कराने निकले। हालांकि, सोमवार को महू में बाजार में अधिकतर दुकानें बंद रहती हैं। लेकिन कुछ दुकानें जो खुली थीं उन्हें हिंदूवादी कार्यकर्ता बंद कराते दिखे। घटना वाले इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। डीएम आशीष सिंह ने अब तक की स्थिति पर मीडिया से बाचती की और स्थिति को नियंत्रण में बताया। डीएम ने कहा, 'कल की जो घटना हुई थी जैसी ही इसकी सूचना मिली पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाला। पहले चरण में हमारा प्रयास था कि शांति पूरी तरह से स्थापित हो उसमें हम लोग सफल रहे। हम लोगों ने तुरंत पुलिस को मूव कराके यह सुनिश्चत किया कि जो घटनाएं हो रही थीं, आगजनी पथराव की, उनको तत्काल रोक लिया जाए। इसके बाद जांच शुरू की कि कौन लोग इसमें शामिल थे, किस तरह से घटना की शुरुआत हुई। एफआईआर के आधार पर 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ लोगों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी। कुछ और एफआईआर दर्ज किया जा सकता है। अभी पूरी तरह से शांति स्थापित है। कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं ना हो। एक भी जिम्मेदार व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। जहां तक बंद आदि की बात है, इसकी आवश्यकता नहीं है। शांति स्थापित हो चुका है।' चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के बाद देशभर की तरह महू में भी लोग सड़कों पर निकलकर जश्न मनाने लगे। लोग नारेबाजी करते हुए जश्न मना रहे थे। महू की जामा मस्जिद के पास जश्न के बीच अचानक एक पक्ष ने पथराव कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में टकराव हो गया। पथराव के बीच कुछ वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचीं। उपद्रवियों को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया। देर रात स्थिति को काबू कर लिया गया। घटना में घायल हुए कुछ लोगों को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। recent visitors 44

जज बागची बने सुप्रीम कोर्ट में नए जज, सबसे लंबा होगा कार्यकाल, 2031 में बनेंगे CJI

नई दिल्ली: कलकत्ता हाईकोर्ट के जज जस्टिस जॉयमाल्या बागची अब सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनेंगे. केंद्र सरकार ने शीर्ष अदालत के जज के तौर पर उनकी नियुक्ति को अधिसूचित कर दिया है. कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श के बाद जस्टिस जॉयमाल्या बागची को सुप्रीम कोर्ट में जज के रूप में नियुक्त किया है. 6 मार्च को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस बागची को सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत करने की सिफारिश की थी. जस्टिस बागची 2031 में जस्टिस केवी विश्वनाथन की जगह भारत के मुख्य न्यायाधीश बनने की कतार में होंगे. सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड किए गए कॉलेजियम के प्रस्ताव में कहा गया कि कॉलेजियम ने 6 मार्च, 2025 को हुई बैठक में सुप्रीम कोर्ट में नियुक्ति के लिए पात्र उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों और वरिष्ठ न्यायाधीशों के नामों पर विचार-विमर्श किया. योग्यता, निष्ठा और क्षमता का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन करने और कई विचारों को समायोजित करने के बाद जस्टिस जॉयमाल्या बागची (जो वर्तमान में कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायाधीश हैं) को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की. 2011 में कलकत्ता हाईकोर्ट के जज बने जस्टिस बागची को 27 जून 2011 को कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था. 4 जनवरी 2021 को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में उनका ट्रांसफर कर दिया गया था. 8 नवंबर 2021 को उन्हें कलकत्ता हाईकोर्ट में वापस भेज दिया गया और तब से वह वहीं कार्यरत हैं. कॉलेजियम ने कहा कि जस्टिस बागची ने 13 वर्षों से अधिक समय तक हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में सेवा दी है. उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कानून के विविध क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किया है. CJI बनने की कतार होंगे जस्टिस बागची 18 जुलाई 2013 को भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस अल्तमस कबीर के रिटायर्ड होने के बाद, कलकत्ता हाईकोर्ट से कोई भी जज भारत का मुख्य न्यायाधीश नहीं बना है. 25 मई 2031 को जस्टिस के.वी. विश्वनाथन के रिटायर होने पर जस्टिस जॉयमाल्या बागची भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण करने की कतार में होंगे. जस्टिस बागची का सुप्रीम कोर्ट में छह साल से अधिक का कार्यकाल होगा, वह 02 अक्टूबर 2031 को रिटायर होंगे. recent visitors 56

अटल जी के बताए मार्ग पर चलकर करना होगा विकास -डॉ.महेंद्र सिंह

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में भोपाल संभाग के नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के जनप्रतिनिधियों की बैठक को किया संबोधित ————————————————– प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विकसित भारत का संकल्प 2047 तक पूरा होगा -निकायों में ढाई साल में अच्छा काम हुआ, जनता की सेवा के लिए नवाचारों को अपनाते रहें -श्री अजय जामवाल -प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार में तेजी से हो रहा विकास -अटल जी के बताए मार्ग पर चलकर करना होगा विकास -डॉ.महेंद्र सिंह भोपाल भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने सोमवार को  भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल संभाग के नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 2047 तक भारत को विकसित देशों की पंक्ति में लाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने जब से देश की कमान संभाली है तभी से तेजी से विकास कार्य हो रहे है। हमें भी तन-मन और धन से अपने-अपने क्षेत्र का विकास करना होगा। देश की जनता का भरोसा हमारी पार्टी पर लगातार प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में बढ़ता जा रहा है। हमें लगातार जनता का समर्थन इसलिए मिल रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हर वर्ग के लिए विकास योजनाएं शुरू की गई हैं। प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार होने के नाते पिछले कुछ सालों में प्रदेश का विकास तेज रफ्तार से हुआ है। इसे हम सबको मिलकर आगे बढाना है। श्रद्वेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों को साकार करने के लिए उनके बताए मार्ग पर चलकर विकास करना होगा। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पकंज जोशी एवं जिलाध्यक्ष श्री रविंद्र यति मंचासीन रहे। जागरूकता, विश्वास और सुचिता के साथ काम करना होगा – श्री अजय जामवाल भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने कहा कि नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के जनप्रतिनिधियों का जनता से सीधा जुड़ाव होता है, क्योंकि वो दिन भर जनता के बीच में रहते हैं। केंद्र और राज्यों की योजनाओं को जमीन पर उतारने के अलावा उस क्षेत्र में नवाचारों के माध्यम से किस तरह जनता और समाज की सेवा की जा सकती है इस दिशा में भी तेजी से काम करने की आवश्यकता है, ताकि जिन लोगों ने हमें चुना है उनका भरोसा भाजपा पर बना रहे। हमें हमेशा जागरूकता, विश्वास और सुचिता के साथ समाज को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने की आवश्यकता है। आने वाले समय में हमारी पीढ़ियां महापुरुषों के बारे में जानकारी रखे इसके प्रयास करने होंगे, ताकि हमारे देश का इतिहास और सभ्यता का परिचय आने वाली पीढ़ियों को आसानी से मिल सके।   अटल जी को जानने के लिए उनके बारे में पढ़ना होगा-डॉ. महेंद्र सिंह भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन यानी केंद्र, राज्य और नगरीय और ग्रामीण निकायों में जनता की चुनी गई सरकारों के चलते प्रदेश में विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। पिछले ढाई सालों में बहुत काम हुआ है, लेकिन हमें यही रुकना नहीं है। श्रद्वेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी का जनशताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है, इसमें निरंतर विकास की रफ्तार को बनाए रखकर आम जनता के हितों से जुड़े हुए कार्यों को पूरा करना है। अटल जी को जानने के लिए हमें उन्हें पढ़ना होगा, तब हम उनके बताए गए मार्गों और विचारों को जानकार और बेहतर काम कर पाएंगे।   recent visitors 52

बेंगलुरु: रन्या राव की जमानत याचिका पर सुनवाई कल तक के लिए स्थगित

बेंगलुरु दुबई से सोना तस्करी कर बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पकड़ी गईं कन्नड़ अभिनेत्री रन्या राव को सोमवार को अदालत में पेश किया गया.  रन्या राव की जमानत याचिका पर सुनवाई कल तक के लिए स्थगित।अदालत में सुनवाई के दौरान रन्या ने डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) के अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न और गाली देने का आरोप लगाया. इस दौरान वह कोर्ट में रो पड़ीं. जबकि अधिकारियों ने उनके आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा कि एक्ट्रेस जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं. हाई-प्रोफाइल सोना तस्करी मामले में गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को आर्थिक अपराध की स्पेशल कोर्ट ने अभिनेत्री को पेश किया गया था, जहां से उन्हें (रन्या) को 24 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया. कोर्ट में रो पड़ीं रन्या पेशी के दौरान अदालत ने रन्या से कई सवाल पूछे. अदालत ने एक्ट्रेस से पूछा कि क्या आपको किसी परेशानी का सामना करना पड़ा? तो एक्ट्रेस कोर्ट में ही रो पड़ीं और उन्होंने डीआरआई  अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया. इसके बाद कोर्ट ने रन्या से पूछा कि क्या आपको मेडिकल उपचार मिला है? इस सवाल का जवाब देते हुए अभिनेत्री ने कांपती आवाज़ में दावा किया कि उसे मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है. 'मुझे धमकाते हैं…' रन्या ने कहा, 'अगर मैं जवाब नहीं देती तो वे मुझे धमकाते हैं. कहते हैं, 'तुम्हें पता है कि अगर तुम नहीं बोलोगी तो क्या होगा.' जज ने आगे सवाल किया कि बस इस सवाल का जवाब दें- क्या उन्होंने आपको चिकित्सा उपचार दिया या थर्ड-डिग्री पूछताछ की?. रान्या ने जवाब दिया, 'उन्होंने मुझे मारा नहीं, लेकिन उन्होंने मुझे बुरी तरह से गाली दी. इससे मुझे बहुत मानसिक परेशानी हुई है.' अभिनेत्री के जवाब में जज ने पूछा कि तुम्हें अपने वकील से बात करने के लिए 30 मिनट दिए गए थे. तुमने उन्हें क्यों नहीं बताया? उन्होंने इस बारे में याचिका क्यों नहीं दायर की? DRI ने आरोपों को किया खारिज वहीं, अदालत में एक्ट्रेस की पेशी के दौरान डीआरआई के छह से ज्यादा अधिकारी मौजूद थे. उन्होंने रन्या के दावे को खारिज करते हुए रन्या पर सवालों के जवाब ना देना और जांच में सहयोग ना करने का आरोप लगाया है. अदालती कार्यवाही के दौरान, जांच अधिकारी (आईओ) ने न्यायाधीश को सूचित किया कि रन्या को डीआरआई अधिकारियों द्वारा किसी भी तरह का उत्पीड़न नहीं किया गया है. 'हमने पूरी जांच की रिकॉर्ड' अधिकारी ने कहा, 'पूछताछ के दौरान वह किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार करती है. जब भी हम पूछते हैं, वह चुप रहती है. हमने पूरी जांच रिकॉर्ड कर ली है.' आईओ ने आगे आरोप लगाया, 'यहां तक कि जब उसे सबूत दिखाए गए और विशिष्ट सवाल पूछे गए, तब भी उसने कोई जवाब नहीं दिया. उसके वकीलों ने उसे अदालत में प्रवेश करते ही निर्देश दिया कि उसे क्या कहना है.' इसके बाद न्यायाधीश ने रन्या की कानूनी टीम से उसके बयानों को प्रभावित करने में उनकी कथित भूमिका के बारे में पूछताछ की. DRI ने 4 मार्च को किया गिरफ्तार आपको बता दें कि रन्या राव को डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने 4 मार्च 2025 को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था. वह दुबई से 14.8 किलोग्राम सोना तस्करी कर लाने की कोशिश कर रही थीं. इस सोने की कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये आंकी गई है.     recent visitors 51

रायगढ़ में तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत, एक गंभीर

रायगढ़ जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. तेज रफ्तार बाइक के पेड़ से टकराने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. यह घटना तमनार थाना क्षेत्र के रावणगुणा गांव के पास हुई है. देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. बताया जा रहा है कि मृतक युवक बिजना गांव के रहने वाले थे और रावणगुणा गांव में मेला देखने आए थे. हादसा देर रात हुआ, लेकिन इसकी जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली, जब उन्होंने मौके पर शव और घायल युवक को देखा. जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है. recent visitors 44