HC ने दिया था एक हफ्ते का समय, आज से संभल जामा मस्जिद की रंगाई-पुताई शुरू

संभल संभल की शाही जामा मस्जिद के बाहरी हिस्‍से में रंगाई-पुताई का काम शुरू हो गया है। रविवार की सुबह नौ मजदूरों ने काम शुरू कर दिया है। फिलहाल, सफेद रंग से ही मस्जिद की पुताई की जा रही है। एएसआई की दो सदस्‍यीय टीम ने शनिवार को श्रमिकों के साथ मस्जिद का निरीक्षण किया था। साथ ही मैटेरियल को लेकर भी चर्चा की थी। मस्जिद पर मौजूद जिम्‍मेदार लोगों का कहना है कि रंगाई-पुताई का काम जल्‍द से जल्‍द पूरा करने के लिए यदि आवश्‍यकता महसूस हुई तो मजदूर बढ़ाए भी जाएंगे। हाईकोर्ट ने तीन दिन पहले एक हफ्ते में रंगाई पुताई कराने का आदेश दिया था। इसमें चार दिन बचे हैं। शनिवार को शाही जामा मस्जिद के निरीक्षण के लिए आए एएसआई के अधिकारियों ने कल देखा था कि रंगाई-पुताई में क्‍या-क्‍या मैटेरियल और उपकरण लगेंगे। मस्जिद कमेटी के सदर जफर अली ने कहा कि हाईकोर्ट ने सात दिन में काम पूरा करने का आदेश दिया है। मस्जिद सचिव फारूखी ने बताया कि तीन दिन का समय निकल चुका है। चार दिन में काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि संभल जामा मस्जिद की रंगाई-पुताई के लिए दिल्‍ली से पेशेवर पेंटर बुलाए गए हैं। पेंटरों को हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए सावधानी से रंगाई-पुताई का काम करने को कहा गया है। बता दें कि 24 नवंबर 2024 को संभल में हुई हिंसा के बाद शाही मस्जिद कमेटी ने रमजान का महीना शुरू होने पर एएसआई से रंगाई-पुताई की इजाजत मांगी थी। एएसआई ने इससे मना कर दिया था। इसके बाद मस्जिद कमेटी ने 25 फरवरी को रंगाई-पुताई के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। 12 मार्च को न्‍यायाधीश रोहित रंजन अग्रवाल ने सुनवाई के दौरान सात दिन के अंदर सफेदी पूरी करने के निर्देश दिए। recent visitors 50

मिलिट्री स्कूल की 34 वर्षीय महिला अकाउंटेंट अलका चौरसिया ने अपने मायके में फांसी लगा ली

ग्वालियर मिलिट्री स्कूल की 34 वर्षीय महिला अकाउंटेंट अलका चौरसिया ने अपने मायके में फांसी लगा ली। एक माह पहले ही अलका की शादी भोपाल निवासी धीरज चौरसिया से हुई थी। उसने होलिका दहन से ठीक पहले पति से फोन पर झगड़ा होने के बाद ही आत्महत्या कर ली। यह घटना माधौगंज क्षेत्र की है। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। मायके वालों के बयान भी ले लिए हैं। माधौगंज स्थित प्रीतमपुर कालोनी में रहने वाली अलका चौरसिया राजस्थान के धौलपुर स्थित मिलिट्री स्कूल में अकाउंटेंट थी। 14 फरवरी को ही उसकी शादी भोपाल के धीरज चौरसिया से हुई। धीरज निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करता है। शादी के बाद पहली बार होली पर अलका अपने मायके आई थी। होलिका दहन वाले दिन उसके पति को आना था। अगले दिन उसे ससुराल जाना था, लेकिन उसका पति नहीं आया। जब अलका ने फोन किया तो झगड़ा भी हुआ। इसके बाद ही अलका ने अपने मायके में फांसी लगा ली। आत्महत्या से पहले भाई को कुछ मैसेज किए थे अलका के मायके वालों ने बताया कि अलका को शादी के तुरंत बाद ही ससुराल में परेशान किया जा रहा था वह मानसिक रूप से बहुत परेशान थी। उसने आत्महत्या करने से पहले कुछ मैसेज भाई के मोबाइल पर किए, जो उसने डिलीट भी कर दिए थे।   ससुराल वाले नहीं आए माधौगंज थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया गया है। मायके वालों के बयान हो गए हैं। ससुराल वालों को सूचना दी, लेकिन वह लोग नहीं आए। अब आगामी कार्रवाई की जाएगी। नवविवाहिता की आत्महत्या का मामला है, इसलिए इस मामले में जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।   recent visitors 39

आईपीएल 2025: क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर, क्यूआर/बारकोड वाले मैच टिकट यात्रा टिकट के रूप में भी काम करेंगे

नई दिल्ली पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने शनिवार को आईपीएल 2025 के लिए चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड (सीएमआरएल) और मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एमटीसी) के साथ विशेष साझेदारी की घोषणा की, ताकि टीम के घरेलू मैचों के दौरान प्रशंसकों की सुविधाओं में इजाफा किया जा सके। एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेपॉक सीएमआरएल के साथ साझेदारी के जरिये मैच टिकट वाले प्रशंसक बिना किसी अतिरिक्त कीमत के मेट्रो रेल में यात्रा कर सकते हैं। क्रिकेट प्रेमियों को अब कतारों में इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी, क्यूआर/बारकोड वाले मैच टिकट यात्रा टिकट के रूप में भी काम करेंगे। मैचों के बाद प्रशंसकों की सुरक्षित वापसी की सुविधा के लिए मेट्रो रेल सेवाओं को भी 90 मिनट तक बढ़ाया जाएगा। सीएसके के एमडी केएस विश्वनाथन ने कहा कि 2023 में इसी तरह की साझेदारी को अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी और हमें विश्वास है कि इस सीजन में भी चेन्नई सुपर किंग्स के कई प्रशंसक मेट्रो सेवाओं का उपयोग करते हुए दिखाई देंगे। “ हम प्रशंसकों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और चेपॉक में सीएसके मैचों का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।” चेन्नई सुपर किंग्स 23 मार्च को चेपॉक में सीजन का पहला घरेलू मैच खेलेगी। सीएसके की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उसने प्रशंसकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार दूसरे वर्ष एमटीसी के साथ सहयोग की घोषणा की है। सीएसके के घरेलू मैचों के टिकट वाले प्रशंसक मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले से एमटीसी बसों (गैर एसी) में मुफ्त यात्रा कर सकते हैं। मैच के टिकट यात्रा टिकट के रूप में भी काम करेंगे। विश्वनाथन ने कहा, “ यह साझेदारी सीएसके की एक सहज और प्रशंसक-अनुकूल अनुभव बनाने की प्रतिबद्धता के एक हिस्से के रूप में है, यह सुनिश्चित करते हुए कि समर्थक अपने घरों से निकलते ही मैच के दिन के उत्साह का आनंद ले सकें।" उन्होंने आगे कहा, "हम प्रशंसकों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और चेपॉक में सीएसके के मैचों का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। 2024 में प्रत्येक खेल के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों से लगभग 8000 प्रशंसक बस सेवाओं का उपयोग करेंगे, इसलिए हमें उम्मीद है कि प्रशंसक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए अधिक समर्थन देंगे।” recent visitors 47

मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी के तीखे तेवर के बीच छाए बादल, 15 जिलों में बारिश के आसार

भोपाल मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी के तीखे तेवर के बीच बादल छाने लगे हैं। मौसम विभाग ने आज ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में बारिश के आसार हैं। ऐसे में उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोकनगर, भिंड, मुरैना और श्योपुर में बारिश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा तापमान मध्य प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर बरकरार हैं। इसी क्रम में शनिवार को दिन का सबसे अधिक तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रात का सबसे कम 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकॉर्ड किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 15 डिग्री सेल्सियस पर रहा। भिंड के अटेर में हुई बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक भिंड के अटेर में एक मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवाओं के साथ नमी आने लगी है। इससे बादल भी छाने लगे हैं। रविवार को ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान एवं उससे लगे दक्षिणी हरियाणा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो राजस्थान और उससे लगे हरियाणा पर बने चक्रवात से होकर गुजर रही है। मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवाओं का रुख दक्षिणी बना हुआ है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण बादल छाने लगे हैं। आज ग्वालियर, चंबल एवं उज्जैन संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। recent visitors 37

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसलें बर्बाद, कलेक्टर ने लिया जायजा

जयपुर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण जयपुर समेत कई जिलों में फसलें बर्बाद हो गई हैं। वर्तमान में प्रदेश में रबी फसलों की कटाई का सीजन चल रहा है, खासकर गेहूं और चने की कटाई शुरू हो चुकी है। लेकिन अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, गेहूं की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलें बिछ गईं, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रभावित इलाकों का निरीक्षण जयपुर जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर राजस्व अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में जाकर ओलावृष्टि, बारिश और तेज हवाओं से हुई क्षति का निरीक्षण किया। स्वयं जिला कलक्टर भी रामपुरा, सोनकोटड़ा, डागरवाड़ा सहित अन्य प्रभावित तहसीलों में पहुंचे और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों को मिलेगी मदद कलेक्टर डॉ. सोनी ने फसल बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावित किसानों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को भी इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। इसके अलावा, किसानों को टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई, जिससे वे अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें। सरकार से राहत की उम्मीद क्षेत्रीय किसान सरकार से मुआवजे की उम्मीद लगाए बैठे हैं। प्रशासन द्वारा तैयार की जा रही रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। किसानों के लिए महत्वपूर्ण सलाह विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे बारिश के पानी की निकासी का प्रबंध करें और प्रभावित फसलों की स्थिति का आंकलन कर बीमा कंपनियों से शीघ्र संपर्क करें। प्रशासन भी हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। प्रदेश में मौसम के इस बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में प्रशासन और सरकार की त्वरित कार्यवाही ही किसानों को इस संकट से उबारने में मदद कर सकती है।   recent visitors 48

गांव में घुसे हाथियों ने मचाया उतपात, मक्का की फसल की बर्बाद

रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ वन मंडल में हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है. देर रात प्रतापपुर सर्किल के ग्राम बगड़ा में चार हाथी जंगल से निकलकर गांव में घुस आए और किसानों की मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया. गांव में अचानक हाथियों के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन वन विभाग की मदद के बिना ही ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालते हुए हाथियों को भगाने का प्रयास किया. धर्मजयगढ़ वन मंडल में लगातार हाथियों की संख्या बढ़ रही है, जिससे आसपास के कई गांवों में डर का माहौल है. किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है. recent visitors 41

पाक में बस में विस्फोट, पांच की मौत

क्वेटा पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान के नौशकी में सुरक्षा बलों को लेकर जा रही बस में विस्फोट हो गया। हमले में पांच सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई। जबकि 12 सैन्यकर्मी घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं बलूचिस्तान सरकार ने हमले की निंदा की है। पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी सेना की बसें सुरक्षा बलों को लेकर जा रही थीं। स्थानीय पुलिस प्रमुख जफर जमानानी ने बताया कि बलूचिस्तान के नौशकी जिले में नौशकी-दलबंदिन राजमार्ग पर एक बस के पास सड़क किनारे बम विस्फोट हुआ। विस्फोट से पास की एक दूसरी बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों और घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने हमले की निंदा की। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना एक क्रूर कृत्य है। रिंद ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। रिंद ने कहा कि शत्रु तत्व देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। आतंक के जरिये लोगों का मनोबल नहीं गिराया जा सकता। हम दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि हमला बलूच लिबरेशन आर्मी ने कराया है। ट्रेन कर ली गई थी हाईजैक मंगलवार को क्वेटा से पेशावर के लिए रवाना हुई जफर एक्सप्रेस को विद्रोहियों ने गुडलार और पीरू कुनरी की पहाड़ी इलाकों के पास एक सुरंग में बंधक बना लिया था। विद्रोहियों ने पटरी को उड़ा दिया और ट्रेन के रुकते ही उस पर कब्जा जमा लिया था। नौ डिब्बों की ट्रेन में 400 से अधिक यात्री सवार थे। बीएलए ने हमले की जिम्मेदारी ली थी और 214 यात्रियों को बंधक बनाने का दावा किया था। विद्रोहियों ने जब ट्रेन पर हमला किया था तब 21 यात्रियों की हत्या कर दी थी। जवाब में सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर सभी 33 हमलावरों को मार गिराया था।   recent visitors 43