Friday, July 10, 2026 12:41 pm

अमृतधारा वाटरफॉल में डूबने से 2 SECL अधिकारियों की मौत, नहाते समय गहरे पानी में चले गए

एमसीबी एमसीबी(मनेद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर सोनहत) जिले के ग्राम लाई स्थित अमृतधारा जल प्रपात में पिकनिक मनाने आए दो एसईसीएल कर्मचारी की मंगलवार शाम को डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एसईसीएल हसहदेव क्षेत्र की हल्दीबाड़ी भूमिगत कोयला खदान में कार्यरत कर्मचारी सहित कुल आठ लोग अमृतधारा जलप्रपात पिकनिक मनाने आए थे। घटना पोड़ी थाना इलाके के नागपुर चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, मरने वालों की पहचान शुभम मलार निवासी शहडोल और पृथ्वी सेटी निवासी तेलंगाना के रूप में हुई है। दोनों SECL के अंडर मैनेजर के पद पर पदस्थ थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मनेंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। जानिए क्या है पूरा मामला दरअसल, SECL चिरमिरी में पदस्थ अधिकारियों समेत 8 लोग मंगलवार पिकनिक मनाने के लिए अमृतधारा वाटरफाल गए थे। वे शाम करीब 4 बजे जलप्रपात के नीचे हसदेव नदी में नहा रहे थे। इस दौरान नहाने समय 3 कर्मचारी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। एक कर्मचारी किसी तरह निकलने में सफल रहा। दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव घटना की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह की टीम और SECL की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। शुभम मलार और पृथ्वी सेटी को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित है इलाका बता दें कि, अमृतधारा जल प्रपात में नीचे जाकर नहाना प्रतिबंधित है। प्रशासन ने हादसों के कारण अमृतधारा जल प्रपात के कुछ इलाकों को प्रतिबंधित घोषित कर दिया है। यहां सावधानी के बोर्ड भी लगाए गए हैं लेकिन नियमित निगरानी नहीं की जाती है। ऐसे में यहां आने वाले लोग मनमाने तरीके से पानी में उतरकर नहाते हैं। recent visitors 29

RBI ने रेपो रेट में लगातार दूसरी बार की कटौती, सस्ते हो जाएंगे लोन, इकॉनमी को लगेंगे पंख

नई दिल्ली आरबीआई ने रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर दी है। लगातार दूसरी बार रेपो रेट में कटौती की गई है। इससे पहले फरवरी में भी रेपो रेट में 25 आधार अंक की कटौती की गई थी। यह करीब पांच साल में रेपो रेट में पहली कटौती थी। आज की कटौती के साथ अब रेपो रेट 6 फीसदी हो गया है। रेपो रेट वह दर होती है जिस पर आरबीआई बैंकों को लोन देता है। इसके कम होने से आपके होम लोन, पर्सनल लोन और कार लोन की किस्त कम होती है।आरबीआई की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी की बैठक में रेपो रेट में कटौती का फैसला लिया गया। आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। आरबीआई की एमपीसी की नए फाइनेंशियल ईयर में यह पहली बैठक थी। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि एमपीसी ने सर्वसम्मति से रेपो रेट में कटौती के पक्ष में वोट दिया। उन्होंने कहा कि नया वित्त वर्ष काफी उथलपुथल के साथ शुरू हुआ है। ट्रेड के मामले में कुछ आशंकाएं सही साबित हो रही हैं और ग्लोबल कम्युनिटी परेशान है। भारतीय अर्थव्यवस्था ने कीमतों में स्थिरता और नियमित विकास के मामले में अच्छी प्रगति की है। दुनिया में इकनॉमिक आउटलुक तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष की शुरुआत अमेरिकी शुल्क के साथ वैश्विक अनिश्चितता के साथ हुई है लेकिन आरबीआई स्थिति पर नजर रखे हुए है। भारतीय अर्थव्यवस्था लक्ष्यों के अनुरूप आगे बढ़ रही है और आर्थिक वृद्धि में सुधार जारी है। उन्होंने कहा कि मौद्रिक नीति समिति ने नीतिगत रुख को तटस्थ से बदलकर उदार करने का फैसला किया है। महंगाई में कमी आरबीआई गवर्नर ने कहा कि रियल जीडीपी ग्रोथ के इस फाइनेंशियल ईयर में 6.5% रहने का अनुमान है। पहले इसके 6.7 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया था। पहली तिमाही में इसके 6.5%, दूसरी तिमाही में 6.7%, तीसरी तिमाही में 6.6% और चौथी तिमाही में 6.3% रहने का अनुमान है। फाइनेंशियल ईयर 2026 में महंगाई दर 4 फीसदी रहने का अनुमान है जो फरवरी के 4.2 फीसदी अनुमान से कम है। पहली तिमाही में महंगाई की दर 3.6%, दूसरी तिमाही में 3.9%, तीसरी तिमाही में 3.8% और चौथी तिमाही में 4.4% रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि हमारा रुख नकदी प्रबंधन पर किसी मार्गदर्शन के बिना नीति दर मार्गदर्शन प्रदान करता है। वैश्विक निश्चितताओं से मुद्रा पर और दबाव पड़ सकता है। वैश्विक आर्थिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है, नवीनतम व्यापार संबंधी उपायों से अनिश्चितताएं और बढ़ गई हैं जिससे विभिन्न क्षेत्रों में परिदृश्य धुंधला गया है। महंगाई में कमी का असर माना जा रहा था कि आरबीआई रेपो रेट में 25 आधार अंक की कटौती कर सकता है। अधिकांश अर्थशास्त्रियों ने इसका अनुमान जताया था। उनका कहना था कि देश में महंगाई कम हो रही है, इसलिए आरबीआई रेपो रेट में कटौती कर सकता है। भारत की खुदरा महंगाई की दर फरवरी में 3.61% तक गिर गई थी। यह जनवरी में 4.26% थी। यह सात महीनों में पहली बार RBI के 4% के लक्ष्य से नीचे आई। अर्थशास्त्रियों का मानना है कि मार्च में भी महंगाई RBI के अनुमान से कम रहेगी। क्या होता है रेपो रेट? रेपो रेट के जरिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया वाणिज्यिक बैंकों को शॉर्ट टर्म लोन प्रदान करती है। ये एक तरह से बैंकों के लिए लोन ब्याज दर की तरह काम करता है। ये लोन एक समय सीमा के लिए निर्धारित किया जाता है। हालांकि अगर बैंक लंबे समय के लिए लोन लेना चाहे तो उन्हें बैंक रेट के आधार पर आरबीआई लोन ऑफर करती है। कैसे पड़ेगा आप पर प्रभाव? रेपो रेट में बढ़ोतरी का असर- अगर रेपो रेट में बढ़ोतरी आती है, तो इसका मतलब है कि बैंकों को लोन महंगा पड़ने वाला है, जिसका इनडायरेक्ट असर आपके लोन के ब्याज और ईएमआई पर देखने को मिलता है। रेपो रेट में कटौती का असर- अगर आरबीाई द्वारा रेपो रेट में कटौती की जाती है। तो इससे बैंकों को लोन सस्ता पड़ता है। वहीं लोग भी कम ब्याज दर पर लोन ले पाते हैं। इस तरह से रेपो रेट फिक्सड डिपॉजिट के फ्लोटिंग और फिक्सड रेट पर भी इनडायरेक्ट असर डाल सकता है। आरबीआई ने क्यों घटाया रेपो दर? हमारे देश की केंद्रीय बैंक रेपो रेट में कटौती और बढ़ोतरी कर अर्थव्यवस्था में मनी सप्लाई पर नियंत्रित करने की कोशिश करती है। रेपो रेट में कटौती और बढ़ोतरी का फैसला कई तरह के महत्वपूर्ण तथ्यों को देखकर लिया जाता है। इनमें से एक महंगाई भी है। रेपो रेट की खबर ने दी राहत इससे पहले 7 अप्रैल को पेट्रोल-डीजल के उत्पाद शुल्क बढ़ाना, एलपीजी गैस के दामों में इजाफा होने की खबर से लोगों को बड़े झटके मिले हैं। इस बीच आरबीआई का ये फैसला राहत दे सकता है हालांकि बढ़ते उत्पाद शुल्क का असर पेट्रोल डीजल के दामों में देखने को नहीं मिला है। आज भी इनमें दाम स्थिर है। recent visitors 47

सुशासन तिहार : प्रत्येक पंचायतों एवं नगरीय निकायों में लगाया गया है समाधान पेटी

 रायपुर “सुशासन तिहार 2025“ के प्रथम चरण के अंतर्गत मंगलवार 08 अप्रैल से समस्या, शिकायत और मांगों को लेकर आवेदन देने की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से प्रारम्भ हो गई है। आवेदन लेने की प्रक्रिया शुक्रवार 11 अप्रैल 2025 तक चलेगी। आवेदक उक्त स्थानों पर जाकर अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर प्रातः 10 बजे से शाम 05 बजे तक समाधान पेटी के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। पंचायतों, नगरीय निकायों के अलावा कलेक्टोरेट, जनपद और तहसील कार्यालयों में भी समाधान पेटी लगाए गए हैं। जहां नागरिक आवेदन लेकर पहुंच रहे हैं।       उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप सुशासन तिहार 2025 संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही आम जनता जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करना है। सुशासन तिहार 2025 का आयोजन तीन चरणों में होगा पहले चरण में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। दूसरे चरण में लगभग एक माह के भीतर प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। तीसरी एवं अंतिम चरण में 5 मई से 31 मई 2025 के बीच समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जांजगीर-चांपा कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशन में 8 से 11 अप्रैल 2025 तक प्रातः 10 से शाम 5 बजे तक प्रतिदिन आम जनता से समाधान पेटी में आवेदन प्राप्त करने अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।     इसके तहत आज कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे ने विकासखंड नवागढ़ के ग्राम पंचायत पेंड्री ज, खोखरा, विकासखंड अकलतरा के ग्राम तागा, विकासखंड पामगढ़ के ग्राम पंचायत मुड़पार(ब) एवं विकासखंड बलौदा के पिसौद में आवेदन लेने की प्रक्रिया, समाधान पेटी एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि किसी भी नागरिक को आवेदन देने में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने आम नागरिकों से बातचीत कर इस संबंध में जानकारी भी ली। इसके साथ उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत प्रगतिरत कार्यों का जायजा लिया और आवास समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। recent visitors 33

26/11 हमले के आरोपी आतंकी तहव्वुर राणा अमेरिका से प्रत्यर्पित, विशेष विमान से लाया जा रहा भारत

मुंबई  26/11 मुंबई आतंकी हमले (Mumbai Terror Attack) का मुख्य आरोपी तहव्वुर राणा (Tahawwur Rana), जो इस समय अमेरिका (United States Of America) की जेल में बंद है, भारत लाने की तैयारी शुरू हो गई है। भारत सरकार काफी समय से तहव्वुर के प्रत्यर्पण (Tahawwur Rana Extradition) की कोशिश कर रही थी और कुछ समय पहले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court Of US) ने भी इसे मंजूरी दे दी थी। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Indian Prime Minister Narendra Modi) के अमेरिका दौरे के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भी साफ कर दिया था कि तहव्वुर को जल्द से जल्द भारत के हवाले कर दिया जाएगा। तहव्वुर ने भारत प्रत्यर्पण को रोकने के लिए अलग-अलग मौकों पर याचिका भी लगाई, पर सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया गया। कुछ दिन पहले ही तहव्वुर की आखिरी याचिका भी खारिज कर दी गई। अब उसके भारत प्रत्यर्पण की तैयारी शुरू हो गई है। आज लाया जाएगा भारत तहव्वुर को आज ही भारत लाया जाएगा। भारतीय एजेंसियों की टीम उसे भारत लाने के लिए अमेरिका पहुंच चुकी है और बचा हुआ पेपरवर्क पूरा किया जा रहा है। तहव्वुर कल सुबह, यानी कि गुरुवार को भारत पहुंच सकता है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल (Ajit Doval) पूरी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं। तिहाड़ जेल में रखने की संभावना! तहव्वुर के भारत प्रत्यर्पण से पहले ही दिल्ली में तिहाड़ जेल और मुंबई की आर्थर रोड जेल में गतिविधियाँ बढ़ गई हैं और स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि मुंबई आतंकी हमले के आरोपी को इन दोनों में से एक जेल में NIA की निगरानी में बेहद सुरक्षित सेल में रखा जा सकता है। मुंबई आतंकी हमले में तहव्वुर की थी अहम भूमिका मुंबई आतंकी हमले में तहव्वुर ने अहम भूमिका निभाई थी। इस आतंकी हमले में 175 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 166 नागरिक और 9 आतंकी थे। इतना ही नहीं, 300 से ज़्यादा लोग इस आतंकी हमले में घायल भी हो गए थे। लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले को अंजाम दिया था और आतंकी संगठन के 10 आतंकियों ने इस हमले को अंजाम दिया था। 10 में से सिर्फ एक आतंकी अजमल कसाब ही इस हमले में ज़िंदा बच गया था और बाकी सभी मारे गए थे। कसाब को 2012 में फांसी दे दी गई थी। recent visitors 42

खाद्य मंत्री श्री बघेल ने समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान का तेजी से उठाव और कस्टम मिलिंग कराने के निर्देश दिए

रायपुर खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल आज दूसरे दिन मार्कफेड के अधिकारियों के बैठक लेकर राज्य में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान का तेजी से उठाव और कस्टम मिलिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्कफेड के अधिकारियों से कहा कि उपार्जन केंद्रों में शेष बचे धान के उठाव और कस्टम मिलिंग पश्चात् राईस मिलरों के साथ समन्वय बनाकर एफसीआई में चावल जमा कराई जाए।  श्री बघेल ने आज नया रायपुर स्थित आईपी. क्लब स्थित छत्तीसगढ़ राज्य विपणन सहकारी संघ के सभाकक्ष में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।  खाद्य मंत्री श्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार किसानों को प्राथमिकता में रखकर काम कर रही है। किसानों को सहूलियत पहुंचाना हमारी महती जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए अभी से तैयारी प्रारंभ की जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में को संग्रहण केंद्रों की स्थिति का जायजा लेने नए संग्रहण केंद्रों के निर्माण के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजा जाए। उन्होंने कहा कि धान उर्पाजन की स्थिति को देखते हुए संग्रहण केंद्र का निर्माण होना चाहिए ताकि उपार्जन केंद्रों से संग्रहण केंद्र ले जाने जो परिवहन लागत होती है उसको कमी लाई जा सके। आगामी खरीफ विपणन वर्ष की तैयारी के हिसाब से फेंसिंग कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपूर्ण व नए अधोसंरचना निर्माण के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मार्कफेड के प्रबंध संचालक श्री रमेश शर्मा, जिला विपणन अधिकारी तथा एनआईसी के अधिकारी बैठक में उपस्थित थे। recent visitors 23

जनसुनवाई में कलेक्टर ने संयुक्त जनसुनवाई करते हुये 44 आवेदकों को व्यक्तिगत रूप से सुना तथा आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित निर्देशित किया

बड़वानी मंगलवार को हुई जनसुनवाई में कलेक्टर सुश्री गुंचा सनोबर एवं संयुक्त कलेक्टर श्री सोहन कनास ने संयुक्त जनसुनवाई करते हुये 44 आवेदकों को व्यक्तिगत रूप से सुना तथा आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेजकर निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। दिलवाई जाये ट्रायसिकल     जनसुनवाई में ग्राम गुमड़ियाखुर्द निवासी श्री भारसिंग ने आवेदन देकर बताया कि उनके दिव्यांग है तथा उनके पास बैटरी वाली ट्रायसिकल नही है। जिसके कारण उन्हे आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। अतः उन्हे ट्रायसिकल दिलवाई जाये।     इस पर जनसुनवाई कर रहे संयुक्त कलेक्टर श्री सोहन कनास ने आवेदन को सामाजिक न्याय विभाग के सहायक संचालक को भेजकर नियमानुसार निराकरण हेतु निर्देशित किया। करवाया जाये भूमि का सीमांकन     जनसुनवाई में ग्राम टाकली निवासी संतोष पिता आटिया ने आवेदन देकर बताया कि राजस्व रिकार्ड में उनके नाम से भूमि दर्ज चली आ रही है। उन्होने अपनी भूमि के सीमांकन के लिए तहसील कार्यालय पानसेमल में आवेदन दिया परन्तु अभी तक सीमांकन नही हुआ है। अतः उनकी कृषि भूमि का सीमांकन किया जाये। इस पर जनसुनवाई कर रहे संयुक्त कलेक्टर श्री सोहन कनास ने आवेदन को तहसीलदार पानसेमल को भेजकर निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।          जनसुनवाई में ग्राम सांवरियापानी निवासी श्री दुलीचन्द ने आवेदन देकर बताया कि उनके ग्राम में पानी तो है, परन्तु लाइट कम आने से गांव वालों को पीने का पानी नही मिल रहा है। लाईट का वोल्टेज हमेशा कम रहता है। जिसके कारण खेत में भी सिंचाई के लिए पानी की समस्या है। खेत की साईड से कुआं भी है, परन्तु लाईट कम होने से विद्युत की मोटर भी नही चल पाती है।  इस पर जनसुनवाई कर रहे संयुक्त कलेक्टर श्री सोहन कनास ने आवेदन को विद्युत विभाग के अधिकारियों को भेजकर निराकरण हेतु निर्देशित किया। recent visitors 20

अधूरे कार्यों को बारिश से पहले पूर्ण करने के दिए निर्देश, काम में लापरवाही एवं उदासीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई

रायपुर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने आज मिशन अमृत 2.0 के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मिशन के कार्यों में देरी और लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों और एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधूरे कार्यों को बारिश से पहले पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। मिशन अमृत 2.0 के नोडल अधिकारी, अभियंता, प्रोजेक्ट डेवलपमेंट एंड मैनेजमेंट कन्सल्टेंट्स एवं उनके डिप्टी टीम लीडर्स, असिस्टेंट कन्सट्रक्शन मैनेजर्स तथा चयनित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद थे। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के अधिकारियों को मिशन अमृत 2.0 के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा फील्ड में जाकर प्रगति व गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगली समीक्षा बैठक में कार्यों की भौतिक प्रगति और समयबद्ध योजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने को कहा। उल्लेखनीय है कि मिशन अमृत 2.0 के तहत प्रदेश के 36 नगरीय निकायों में पेयजल परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें से 29 में कार्यादेश जारी हो चुके हैं। डॉ. बसवराजु ने सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मिशन के कार्य समय पर पूरे नहीं होने पर केंद्र सरकार से राशि नहीं मिलेगी, जिससे राज्य सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। मिशन अमृत 2.0 को मार्च-2026 तक पूरा करना है। यह केंद्र और राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। भारत सरकार और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को मिशन के कार्यों में कुशल मानव संसाधन लगाने के साथ ही ड्राइंग-डिजाइन, सर्वे डॉटा और अन्य कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु ने नगरीय निकायों को प्रत्येक स्वीकृत कार्य के लिए एक्शन प्लान तैयार करने और उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने लगातार पत्राचार के बाद भी कार्यों में उदासीनता बरतने वाले नगरीय निकायों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जनवरी-2024 के बाद से परियोजना के लिए 300 करोड़ रुपए आबंटित किए गए हैं और मार्च-2025 तक कोई भुगतान लंबित नहीं है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कार्य में देरी ठीक नहीं है। सुडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शशांक पाण्डेय और उप महाप्रबंधक श्री रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे। recent visitors 29