Tuesday, July 7, 2026 10:59 am

पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में पार्टी ने बड़े कदम उठाने शुरू कर दिए

जयपुर  गुजरात में हाल ही में संपन्न हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन (Congress National Adhiveshan) के बाद संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में पार्टी ने बड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. राजस्थान इस दिशा में सबसे पहला मॉडल स्टेट बना है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) के निर्देश पर 58 हजार से अधिक मंडल, ब्लॉक, जिला और बूथ पदाधिकारियों का डिजिटल डाटा तैयार कर लिया गया है. कौन पदाधिकारी सक्रिय है, कौन निष्क्रिय, और किस स्तर पर कौन-कौन सी संगठनात्मक गतिविधियां चल रही हैं, इससे पूरी डिटेल ऑनलाइन हो गई है. यह डाटा अब सीधे AICC और प्रदेश नेतृत्व की निगरानी में रहेगा और निष्क्रिय नेताओं की पहचान कर उनके स्थान पर नए ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है. निष्क्रिय नेताओं की उलटी गिनती शुरू इस डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से पार्टी उन नेताओं की लिस्ट तैयार कर रही है जो वर्षों से पदों पर जमे हैं, लेकिन संगठनात्मक रूप से निष्क्रिय बने हुए हैं. ये वह चेहरे हैं जिन पर अब तक पार्टी के पास निगरानी की कोई सटीक व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब एक क्लिक में पता चलेगा कि किसने कितनी बैठकें अटेंड कीं, कितने कार्यकर्ता जोड़े और संगठन के लिए जमीनी स्तर पर कितना काम किया. 'परफॉर्मेंस ही प्रमोशन का आधार बनेगा' राजस्थान कांग्रेस का यह डिजिटलाइजेशन मॉडल अब राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद पूरे देश में लागू किया जा सकता है. अधिवेशन में “संगठन निर्माण” को लेकर जिस विचार को बल दिया गया था, वह अब धरातल पर उतरता नजर आ रहा है. डोटासरा ने कहा, यह कदम केवल डेटा एंट्री नहीं, बल्कि कांग्रेस संगठन की रीब्रांडिंग है, जहां परफॉर्मेंस ही प्रमोशन का आधार बनेगा. एक क्लिक में प्रदेश का संगठनात्मक ब्लूप्रिंट इस डिजिटलीकरण के बाद कार्यकर्ताओं की ट्रैकिंग अब आसान होगी. मंडल, ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति, सक्रियता और सहभागिता का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार किया जा सकता है. प्रशिक्षण शिविरों, बैठकों और अभियानों में भागीदारी का डिजिटल विश्लेषण होगा. निष्क्रिय पदाधिकारियों की तत्काल पहचान और रिपोर्टिंग हो सकेगी. एक क्लिक में पूरे प्रदेश का संगठनात्मक ब्लूप्रिंट सामने आ जाएगा. संगठन में व्यापक फेरबदल की तैयारी सूत्रों के मुताबिक, इस डिजिटल डाटा के आधार पर जल्द ही संगठन में व्यापक फेरबदल की तैयारी है. कई वर्षों से पदों पर जमे नेताओं को हटाकर युवाओं, महिलाओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने की योजना बनाई जा रही है. इस पूरी प्रक्रिया का डाटा कांग्रेस की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा और राष्ट्रीय नेतृत्व इसे सीधा देख सकेगा. इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संगठन के किसी भी स्तर पर निष्क्रियता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. recent visitors 43

रायपुर : दियाबार जलाशय योजना के कार्य के लिए 78.78 लाख रूपए स्वीकृत

रायपुर छत्तीसगढ़ शासन, जल संसाधन विभाग द्वारा कबीरधाम जिले के विकासखंड-बोड़ला की अपर दियाबर जलाशय मरम्मत, नहरों का जीर्णोद्धार एवं सी.सी. लाईनिंग कार्य के लिए 78 लाख 78 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना के कार्य पूर्ण हो जाने पर क्षेत्र में इस जलाशय से कुल 61 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। जल संसाधन विभाग मंत्रालय महानदी भवन से सिंचाई योजना के कार्यों को पूर्ण कराने के लिए मुख्य अभियंता महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। recent visitors 18

एबीसीडी का तीसरा सीक्वल बनाने जा रहे रेमो डिसूजा

मुंबई मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर रेमो डिसूजा एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. खबर है कि वो एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म और फिल्म एबीसीडी का तीसरा सीक्वल बनाने जा रहे हैं. इस बात से उनके फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में है. सूत्रों का कहना है कि इसमें नई कहानी और बेहतरीन कोरियोग्राफी देखने को मिलने वाली है. एक सूत्र ने खुलासा करते हुए बताया कि “फिल्ममेकर का सुझाव है कि नई फिल्म शुरुआती चरण में है, जिसमें नई कहानी और दमदार कोरियोग्राफी होगी. नई कहानी के साथ ही पिछली फिल्मों की तरह ही जोश और उत्साह भी बरकरार रहेगा.” एबीसीडी  के तीसरे सीक्वल में पुराने चेहरे के साथ कई नए लोग भी नजर आ सकते हैं. वहीं, रेमो डिसूजा एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म पर भी काम कर रहे हैं. एक सूत्र ने बताया, “इस फिल्म में प्यार के साथ-साथ डांस भी देखने को मिलेगा, लेकिन बहुत अलग तरीके से.” रेमो डिसूजा की फिल्म साल 2020 में आई स्ट्रीट डांसर 3डी  काफी हिट साबित हुआ थी. बता दें कि स्ट्रीट डांसर 3डी में वरुण धवन और श्रद्धा कपूर, प्रभु देवा और राघव जुयाल थे. इसके अलावा इसी साल मार्च में आई फिल्म बी हैप्पी को भी रेमो डिसूजा ने डारेक्ट किया था. recent visitors 38

एमसीबी : महावीर जयंती पर जैन युवाओं का परोपकारी समर्पण रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

एमसीबी सत्य, अहिंसा और जीवदया के प्रेरणा स्रोत केवल्य ज्ञानी तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की 2624वीं जयंती के अवसर पर मनेंद्रगढ़ में जैन समाज के युवाओं ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए रक्तदान कर समाज सेवा का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शैलेश जैन, पार्श्वनाथ जैन मंदिर के अध्यक्ष रितेश जैन, मंत्री सौरभ जैन सहित राजेश कुमार, श्रीमती रत्ना जैन, श्रीमती शुभ्रा जैन, अंकित जैन, मयंक जैन, अनुराग जैन व अन्य युवाओं ने मिलकर केंद्रीय जिला अस्पताल में रक्तदान किया। इन युवाओं का कहना है कि भगवान महावीर ने जिस प्रकार सांसारिक मोह-माया से मुक्त होकर परोपकार और जीवदया का मार्ग दिखाया, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है। यदि हमारा जीवन किसी और के जीवन के काम आ जाए, तो यही जीवन की सच्ची सार्थकता है। भगवान महावीर का संदेश सम्यक दर्शन, सम्यक ज्ञान एवं सम्यक चरित्र भगवान महावीर ने समाज को सम्यक दृष्टि, सम्यक ज्ञान और सम्यक आचरण की राह दिखाई जिसमें जीव मात्र के प्रति दया सर्वोपरि है। उनके अनुसार हर प्राणी को जीवन जीने का अधिकार है क्योंकि उसका जीवन उसके कर्मों का परिणाम है। इस दर्शन में समस्त जीवों के कल्याण की भावना निहित है। समाज के हर व्यक्ति में जीव दया और करुणा का भाव जागृत हो, ताकि भारतवर्ष न केवल जीवों के प्रति दया भाव रखे बल्कि जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण में भी अग्रणी भूमिका निभा सके। यही भगवान महावीर की शिक्षाओं का सार है। वीतरागता का पथ और मोक्ष की ओर अग्रसर आत्मा जैन मुनि दीक्षा लेने के पश्चात सांसारिक बंधनों और परिग्रह से मुक्त होकर आत्मकल्याण के पथ पर अग्रसर हो जाते हैं। वे राग, द्वेष और मोह से ऊपर उठकर वीतरागी जीवन जीते हुए केवल ज्ञान प्राप्त करते हैं और फिर सिद्ध अवस्था को प्राप्त कर मोक्ष में विराजमान हो जाते हैं। जैन दर्शन के अनुसार ऐसी आत्माएं ही सिद्ध गति को प्राप्त कर जन्म-मरण के चक्र से मुक्त होकर अनंत आत्मिक सुखों में सदाकाल के लिए लीन हो जाती हैं। यही आत्मा की सर्वोच्च उपलब्धि है। इस पावन अवसर पर जैन समाज के युवाओं द्वारा किया गया यह रक्तदान न केवल समाज को प्रेरित करता है, बल्कि भगवान महावीर की शिक्षाओं को व्यावहारिक रूप में जीवन में उतारने का सार्थक प्रयास भी है। recent visitors 19

एमसीबी : खनिज विभाग की बड़ी उपलब्धि: लक्ष्य से अधिक राजस्व संग्रह कर रचा नया कीर्तिमान

एमसीबी वित्तीय वर्ष 2024-25 में खनिज विभाग, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर ने अपने अथक परिश्रम और सजग निगरानी से राजस्व प्राप्ति के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा जिले के लिए 75 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध विभाग ने 78.92 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली कर 105 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। यह सफलता विभाग की योजनाबद्ध कार्यशैली, सतत निगरानी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण का प्रतिफल है। खनिज विभाग द्वारा जिले में संचालित मुख्य खनिज कोयला सहित गौण खनिज-गिट्टी (साधारण पत्थर) रेत आदि की नियमित निगरानी की गई। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर कड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र भ्रमण को लगातार प्राथमिकता दी गई। इस दौरान अवैध गतिविधियों से संबंधित 186 प्रकरणों को चिन्हित करते हुए विभाग ने कठोर कार्रवाई की और कुल 42.73 लाख रुपये की अर्थदंड/समझौता राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई। खनिज विभाग की इस शानदार सफलता में खनि अधिकारी दयानंद तिग्गा के नेतृत्व में खनि निरीक्षक आदित्य मानकर, खनिज सुपरवाइजर सुंदरलाल साहू, खनिज सिपाही उपेन्द्र सिंह, राजकुमार यादव, भूषण लाल चौहान, सहायक ग्रेड-02 दिनेश सिंह तथा अनुरेखक श्रीमती कविता सिंग की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। खनिज विभाग की यह उपलब्धि जिले की आर्थिक प्रगति की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। recent visitors 23

इंदौर में लगातार बढ़ते AQI से प्रदूषण का स्तर चिंताजनक हालत में पहुंचा, मप्र में प्रदूषण का स्तर 8 से 9 गुना तक ज्यादा

इंदौर इंदौर में एक बार फिर से पॉल्यूशन बढ़ने लगा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार नीचे गिरता जा रहा है। 1 अप्रैल से इंदौर का AQI लेवल 100 के नीचे ही नहीं आया है। तापमान बढ़ने के साथ ही अब इसमें और वृद्धि होगी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार इसी हफ्ते इंदौर में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एयर क्वालिटी इंडेक्स, एक्यूआई) 158 तक पहुंच गया था। रविवार को यह 147 पर था। इसमें महत्वपूर्ण प्रदूषणकारी घटक पीएम-10 और नाइट्रो ऑक्साइड का औसत भी काफी अधिक हो गया था। अब गर्मी बढ़ने के साथ एक्यूआई बढ़ता रहेगा। रियल टाइम पॉल्युशन स्टेशन के आंकड़ों के अनुसार 16 मार्च को आखिरी बार एक्यूआई 96 रहा था। इसके बाद से एक्यूआई 100 से नीचे नहीं आया है। इसमें अब लगातार वृद्धि हो रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इतना बढ़ता हुआ प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। एक्यूआई को 100 से अधिक होने पर हानिकारक माना जाता है। इससे वृद्धों, बच्चों और सांस के मरीजों को दिक्कत हो सकती है। एक्यूआई 200 से अधिक होने से यह आम लोगों के लिए भी हानिकारक हो सकता है। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। आईआईटी इंदौर की स्टडी के अनुसार मप्र में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक आईआईटी इंदौर की स्टडी में यह सामने आया है कि मप्र में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। प्रदेशवासी हर साल 70 से 80 दिन बेहद खतरनाक हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। पहले यह साल में 15-25 दिन होती थी। यहां दिल्ली-एनसीआर और उप्र की तुलना में प्रदूषण कम है, लेकिन, मौजूदा स्तर भी चिंताजनक है। आईआईटी इंदौर की यह स्टडी एल्सेवियर के टेक्नोलॉजी इन सोसाइटी जर्नल में प्रकाशित हुई है। आईआईटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. मनीष कुमार गोयल और उनकी टीम की इस स्टडी में पाया कि मप्र में औसत वार्षिक पीएम 2.5 का स्तर 40-45 प्रति घन मीटर है, जो राष्ट्रीय मानक (40 प्रति घन मीटर में माइक्रोग्राम) के समान है। मगर प्रदूषण के चरम दिनों में यह 200-250 प्रति घन मीटर में माइक्रोग्राम तक पहुंच जाता है। मप्र में प्रदूषण का स्तर 8 से 9 गुना तक ज्यादा आईआईटी इंदौर के डायरेक्टर प्रो. सुहास जोशी का कहना है, मप्र में प्रदूषण का स्तर डब्ल्यूएचओ के मानकों से 8 से 9 गुना तक ज्यादा है। स्टडी के मुताबिक महिलाएं वायु प्रदूषण से अधिक प्रभावित हो रही हैं। इसका मुख्य कारण घर के अंदर ठोस ईंधन (लकड़ी, कोयला) से खाना पकाने के कारण होने वाला धुआं है। प्रो. मनीष गोयत बताते हैं, पीएम 2.5 के बढ़ते स्तर को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पीएम 2.5 का मतलब हवा में मौजूद 2.5 माइक्रो मीटर से भी छोटे कणों से है, जो फेफड़ों और रक्तप्रवाह में आसानी से प्रवेश कर सकते हैं। एक्यूआई बढ़ना मतलब प्रदूषण बढ़ा एक्यूआई में पीएम-10, पीएम-2.5, कार्बन और सल्फर डाईऑक्साइड, नाक्स गैसेस, ओजोन आदि का अनुपात होता है। बीते दिनों में एक्यूआई अधिक रहा है। इसमें पीएम 2.5, कार्बन व सल्फर डाई ऑक्साइड की उल्लेखनीय बढ़ोतरी मिली है। यह हमारी आबोहवा को प्रभावित कर रहे हैं। विकास कार्यों और गर्मी के कारण बढ़ रहा AQI लेवल मप्र में AQI लेवल के लगातार बढ़ने के सबसे महत्वपूर्ण कारणों में शहरों में हो रहे विकास कार्य, वाहनों की संख्या में इजाफा, गर्मी में ज्यादा मात्रा में एसी का चलना, हरियाली का कम होना है। पॉल्यूशन लेवल बढ़ने का एक प्रमुख कारण हवा का तेज गति से नहीं चलना भी है। अधिकारियों के मुताबिक तेज हवा चलने पर वह पॉल्यूशन पार्टिकल को अपने साथ दूर तक उड़ा ले जाती है। पॉल्यूशन एक्सपर्ट के अनुसार AQI लेवल 100 से ज्यादा होने पर आंख, गले और फेफड़े की तकलीफ बढ़ने लगती है। सांस लेते वक्त इन कणों को रोकने का हमारे शरीर में कोई सिस्टम नहीं है। ऐसे में पीएम 2.5 हमारे फेफड़ों में काफी भीतर तक पहुंचता है। recent visitors 34

बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी में तेज आंधी व बारिश की प्रबल संभावना

जयपुर राजस्थान में आज तेज अंधड़ चल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी राहत महसूस होगी लेकिन 13 अप्रैल के बाद से प्रदेश में फिर से गर्मी का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा और पारा 45 डिग्री के पार जा सकता है। आज बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर संभाग व शेखावाटी में तेज आंधी व बारिश की प्रबल संभावना है। वहीं 12 अप्रैल को उदयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर संभाग में तेज अंधड़ के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही 13 अप्रैल से प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा और 14 व 15 अप्रैल से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में फिर से तापमान में तेजी आएगी और जबरदस्त हीट वेव्स चलेंगी। आज इन शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने आज अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनू, करौली, राजसमंद, सवाई माधोपुर और सीकर में 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की जानकारी दी है। इसके साथ ही बीकानेर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है, दिन में यहां 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बारिश भी होने का अनुमान है। जोधपुर और नागौर में भी दिन में 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है, साथ ही बारिश भी हो सकती है। recent visitors 28