Tuesday, July 7, 2026 4:02 am

12 संगठनों ने अलगाववाद से तोड़ा नाता, पीएम मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ सपने की जीत: अमित शाह

नई दिल्ली कश्मीर घाटी में अलगाववादी संगठन हुर्रियत को बड़ा झटका लगा है। जम्मू-कश्मीर मास मूवमेंट ने हुर्रियत कॉन्फ्रेंस से खुद को अलग कर लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी जानकारी खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दी। उन्होंने दावा किया कि अब 12 संगठनों ने अलगाववाद से नाता तोड़ लिया है। इसके साथ ही उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के दृष्टिकोण की जीत बताया। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''मोदी सरकार के तहत जम्मू-कश्मीर में एकता की भावना व्याप्त है। हुर्रियत से जुड़े एक अन्य संगठन जम्मू-कश्मीर मास मूवमेंट ने अलगाववाद को खारिज करते हुए भारत की एकता के लिए पूरी प्रतिबद्धता जताई है। मैं उनके इस कदम का तहे दिल से स्वागत करता हूं।'' उन्होंने आगे बताया, ''अब तक हुर्रियत से जुड़े 12 संगठन अलगाववाद से अलग हो चुके हैं और भारत के संविधान पर भरोसा जता रहे हैं।'' अमित शाह ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के सपने की जीत है। इससे पहले घाटी में तीन बड़े संगठनों ने हुर्रियत कॉन्फ्रेंस से नाता तोड़ लिया था। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा था, ''जम्मू-कश्मीर इस्लामिक पॉलिटिकल पार्टी, जम्मू कश्मीर मुस्लिम डेमोक्रेटिक लीग और कश्मीर फ्रीडम फ्रंट जैसे तीन और संगठनों ने हुर्रियत से खुद को अलग कर लिया है। यह घाटी के लोगों में भारत के संविधान के प्रति विश्वास का एक प्रमुख प्रदर्शन है। पीएम मोदी का एकजुट और शक्तिशाली भारत का सपना आज और भी मजबूत हो गया है, क्योंकि अब तक 11 ऐसे संगठनों ने अलगाववाद को त्याग दिया है और इसके लिए अटूट समर्थन की घोषणा की है।'' कुछ दिनों पहले गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के दौरे पर थे, जहां उन्होंने शहीद डीएसपी हुमायूं मुजम्मिल भट के परिवारवालों से मुलाकात भी की थी। उन्होंने इस मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए लिखा था, ''जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं मुजम्मिल भट ने 2023 में जम्मू-कश्मीर के कोकरनाग में आतंकवादियों के खिलाफ एक ऑपरेशन में सर्वोच्च बलिदान देकर वीरता और देशभक्ति की अमर मिसाल कायम की। आज श्रीनगर में शहीद के परिवार से मुलाकात की और अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।'' recent visitors 52

अक्षय कुमार ने शंकरन नायर से कराया रूबरू, बोले- उन्होंने कानून के साथ लड़ी ब्रिटिश साम्राज्य से लड़ाई

मुंबई, जलियांवाला बाग हत्याकांड पर बनी अभिनेता अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म ‘केसरी चैप्टर-2’ सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म में अभिनेता ब्रिटिश साम्राज्य को अदालत में घसीटने वाले वकील सी. शंकरन नायर की भूमिका में नजर आएंगे। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कुमार ने बताया कि नायर ने लड़ाई हथियार से नहीं, बल्कि कानून के साथ लड़ी। सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर अक्षय कुमार ने कैप्शन में लिखा, “दक्षिण का दिमाग और उत्तर की ताकत। साथ मिलकर हमने लड़ाई लड़ी। साथ मिलकर हमने तरक्की की। सी. शंकरन नायर की भूमिका निभाने का सम्मान मिला, जिन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद ब्रिटिश साम्राज्य को अदालत में घसीटा। शंकरन नायर ने हथियार से नहीं, बल्कि कानून और अपने भीतर मौजूद जुनून के साथ लड़ाई लड़ी।” 1919 में हुए जलियांवाला बाग हत्याकांड पर बनी फिल्म ‘केसरी: चैप्टर 2’ में अक्षय कुमार सी. शंकरन नायर की भूमिका में हैं, जो कोर्ट रूम में ब्रिटिश राज के खिलाफ दहाड़ते नजर आएंगे। बहुप्रतीक्षित फिल्म 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसका ट्रेलर 3 अप्रैल को फिल्म निर्माताओं ने जारी किया था। ट्रेलर में अभिनेता कहते नजर आए थे, “मैं जालियांवाला का सच दुनिया के सामने लाकर रहूंगा।” फिल्म को सेंसर बोर्ड ने ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया है, जिसका मतलब है कि फिल्म में ऐसे दृश्य हैं, जो केवल 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के दर्शकों के देखने के लिए ही सही माने गए हैं। जानकारी के अनुसार, बोर्ड ने फिल्म के कुछ दृश्यों में बदलाव करने की भी सिफारिश की है। फिल्म की कुल लंबाई 2 घंटे, 16 मिनट है। करण सिंह त्यागी के निर्देशन में बनी ‘केसरी चैप्टर 2: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ जलियांवाला बाग’ का निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस, केप ऑफ गुड फिल्म्स और लियो मीडिया ने किया है। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ अभिनेता आर. माधवन और अनन्या पांडे भी अहम भूमिकाओं में हैं।   recent visitors 44

अजित पवार ने कहा- अब तहव्वुर राणा बताएगा, कौन है 26/11 हमलों का मास्टरमाइंड

पुणे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को भारत लाए जाने पर कहा कि उस हमले के पीछे का मास्टरमाइंड कौन है? अजित पवार ने शुक्रवार को पुणे में मीडिया से बात करते हुए कहा, "जब 26/11 हमला हुआ था, तब हम भी मुंबई में थे। उस दौरान हमने घटनास्थल का भी जायजा लिया था। हमने यह पता लगाने की कोशिश की थी कि घटना के पीछे का असली मास्टरमाइंड कौन था। अब हमने तहव्वुर राणा को पकड़ लिया है और वह बताएगा कि घटना के पीछे का असली कारण क्या था और इसके पीछे का मास्टरमाइंड कौन है, जिसने उसे इस तरह की घटना को अंजाम देने का निर्देश दिया था।" तहव्वुर हुसैन राणा को गुरुवार शाम अमेरिका से भारत लाया गया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने नई दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर पहुंचते ही उसे हिरासत में लिया। इसके बाद राणा को पटियाला हाउस स्थित एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 18 दिन की हिरासत में भेज दिया गया। एनआईए अब राणा से 2008 के मुंबई हमलों की साजिश के बारे में विस्तार से पूछताछ करेगी, जिसमें 166 लोग मारे गए थे और 238 लोग घायल हुए थे। राणा को लॉस एंजेलिस से एनआईए और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की टीमों के साथ एक विशेष विमान से भारत लाया गया। अमेरिका में राणा ने अपने प्रत्यर्पण को रोकने के लिए कई कानूनी कोशिश की, जिसमें अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में आपातकालीन याचिका भी शामिल थी। हालांकि, सभी याचिकाएं खारिज होने के बाद प्रत्यर्पण संभव हो सका। भारत के विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ मिलकर इस प्रक्रिया को पूरा किया। मिडिया ने राणा के प्रत्यर्पण के लिए वर्षों तक प्रयास किए। एजेंसी ने अमेरिका की एफबीआई, न्याय विभाग (यूएसडीओजे) और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया। राणा पर आरोप है कि उसने मुंबई हमलों की साजिश में अहम भूमिका निभाई थी। recent visitors 40

विजय देवरकोंडा स्टारर ‘किंगडम’ का नया पोस्टर रिलीज

मुंबई, दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा स्टारर 'किंगडम' का नया पोस्टर रिलीज हो गया है। किंगडम (साम्राज्य) का टीज़र रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। विजय देवरकोंडा को इस अंदाज़ में पहले कभी नहीं देखा गया। उनके अंदर की रॉ एनर्जी, रग्ड चार्म और बेकाबू जोश, सब कुछ टीज़र में झलकता है। ऐसा लग रहा है मानो कोई तूफान आ रहा हो, जिसे रोकना नामुमकिन है। इस लुक में विजय पूरी तरह से ट्रांसफॉर्म हो गए हैं। फिल्म को लेकर क्रेज़ पहले से था, और अब टीज़र ने एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। 'किंगडम' के मेकर्स ने आज सोशल मीडिया पर एक जबरदस्त पोस्टर शेयर करते हुए फिल्म की रिलीज़ का काउंटडाउन शुरू कर दिया है।पोस्टर के साथ मेकर्स ने कैप्शन में लिखा है #किंगडमके राज का काउंटडाउन शुरू हो चुका है।महानता और मोक्ष की ओर गिनती शुरू, 50 दिन शेष। गौतम तिन्ननुरी निर्देशित फिल्म किंगडम 30 मई को रिलीज होगी।   recent visitors 46

सोना 1300 रुपए महंगा हुआ, 95 हजार प्रति 10 ग्राम के पार, हालांकि चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट

जयपुर राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोने (Gold) की कीमतों में एक बार फिर से लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। सोने की कीमतें ऑल टाइम हाई पर पहुँच गई हैं। बीते दिन सोने में 2700 रुपए की बढ़त देखने को मिली थी, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर सोने की कीमतों में बढ़त दर्ज की गई है। शुक्रवार को सोना 1300 रुपए महंगा हुआ, हालांकि चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट देखने को मिली है। शुक्रवार को जयपुर सर्राफा बाजार की ओर से जारी सोने और चांदी की कीमतों की बात करें तो बीते दिन के मुकाबले 24 कैरट सोने की कीमतों में 1300 रुपए का उछाल देखने को मिला, जिसके बाद 24 कैरेट सोने की कीमत 95 हजार 550 रुपए प्रति 10 ग्राम रही। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमतों में भी 1200 रुपए प्रति 10 ग्राम का उछाल देखने को मिला और 22 कैरेट सोने के दाम 87 हजार 450 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज किए गए। इस बीच, भारत के मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में जून डिलीवरी वाला सोना 11 अप्रैल को ₹93,736 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। चांदी में गिरावट सोने में तेजी के रुख के बाद चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को चांदी की कीमतों में 200 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद जयपुर सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 95 हजार 300 रुपए प्रति किलो पहुंच गई। जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल का कहना है कि अमेरिका में ट्रंप के सत्ता में आने के बाद सोने की कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है और इसका कारण है ट्रंप की नीतियाँ। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी रिसर्च विश्लेषक मानव मोदी ने बताया, “सोने की कीमतों ने $3,200 का नया रिकॉर्ड पार कर लिया है, जो पिछले सप्ताह की थोड़ी स्थिरता के बाद देखने को मिला। यह तेजी बाजार में अस्थिरता और अमेरिका-चीन के बीच व्यापारिक तनाव के चलते है। भले ही राष्ट्रपति ट्रंप ने टैरिफ पर 90 दिन की राहत दी है, लेकिन कुल मिलाकर चीनी आयात पर अब 145% तक शुल्क लगाया गया है, जिसमें 125% बेस रेट और अन्य जवाबी शुल्क शामिल हैं।” उन्होंने आगे कहा, “इस बार अमेरिका और चीन के बीच तनाव की रफ्तार 2016 के मुकाबले कहीं ज्यादा है। अगर जल्दी समाधान नहीं निकला, तो यह बाजार में और अनिश्चितता पैदा कर सकता है।” 22 कैरेट और 24 कैरेट में क्या अंतर है? 24 कैरेट सोना 99.9% शुद्धता वाला होता है और इसमें किसी अन्य धातु की मिलावट नहीं होती। जबकि 22 कैरेट सोना लगभग 91.67% शुद्ध होता है, जिसमें थोड़ी मात्रा में तांबा या चांदी जैसी मिश्रित धातुएं मौजूद होती हैं। यही कारण है कि 22 कैरेट सोना ज्यादातर गहनों में इस्तेमाल किया जाता है। recent visitors 41

अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ की शूटिंग शुरू

मुंबई, बॉलीवुड के सिंघम स्टार अजय देवगन की आने वाली फिल्म ‘धमाल 4’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है। कॉमेडी फिल्म फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ के अब तक तीन भाग रिलीज हो चुके हैं। फैंस फिल्म के अगले भाग का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब धमाल के चाहने वालों के लिए खुश कर देने वाली खबर सामने आई है।‘धमाल 4’ की शूटिंग जारी है और फिल्म का एक शेड्यूल भी पूरा हो गया है। अजय देवगन ने अपने एक्स अकाउंट पर अपनी आने वाली फिल्म धमाल 4 की कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वह अपने सह-कलाकारों के साथ दिख रहे हैं।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस फिल्म की टीम ने मालेश्वर घाट में पहले शेड्यूल की शूटिंग खत्म कर ली है। अजय देवगन ने एक्स पर लिखा, “मज़ा फिर से वापस आ गया है! धमाल 4 की शुरुआत हो चुकी है। मालेश्वर घाट शेड्यूल खत्म, मुंबई शेड्यूल की शूटिंग शुरू! हंसी का धमाल शुरू हो चुका है!” पहली तस्वीर में अजय, जावेद जाफरी, अंजलि आनंद, अरशद वारसी, संजय मिश्रा और संजीदा शेख के साथ नजर आए। दूसरी तस्वीर में वह फिल्म के निर्माता और निर्देशक इंद्र कुमार और भूषण कुमार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि धमाल वर्ष 2007 में रिलीज हुई एक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन इंद्र कुमार ने किया था। इस फिल्म की सफलता के बाद वर्ष 2011 में डबल धमाल और 2019 में टोटल धमाल का निर्माण हुआ।और अब धमाल सीरीज की चौथी फिल्म धमाल 4 का निर्माण किया जा रहा है।   recent visitors 44

वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय का अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक मेला

भोपाल वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय ने 11 अप्रैल, 2025 को अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक मेला 2025 का सफलतापूर्वक आयोजन किया, जिसने दुनिया भर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण ध्यान आकर्षित किया। यह आयोजन सीमा पार शैक्षणिक संवाद को बढ़ावा देने और उच्च शिक्षा में वैश्विक साझेदारी बनाने के लिए एक ऐतिहासिक मंच के रूप में कार्य किया।  इस वर्ष के मेले में वीआईटी के उपाध्यक्ष की उनके जन्मदिन के अवसर पर आभासी उपस्थिति देखी गई, जिसने दिन को एक प्रतीकात्मक महत्व दिया। इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित शिक्षा रणनीतिकार डॉ इंग्रिड ले गार्गासन ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उनकी उपस्थिति ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक उत्कृष्टता और सहयोगी शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। मेले में 75 प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों और संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, कनाडा और एशिया के विभिन्न देशों सहित कई देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 85 प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों ने भागीदारी दर्ज की।   विश्वविद्यालय के विशाल और जीवंत परिसर में आयोजित, अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक मेला 2025 ने छात्रों, शोध विद्वानों, संकाय सदस्यों और अकादमिक प्रशासकों को वैश्विक शिक्षा के अवसरों पर सार्थक आदान-प्रदान में शामिल होने के लिए एक समावेशी और इंटरैक्टिव स्थान प्रदान किया। उपस्थित लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय प्रवेश, छात्रवृत्ति कार्यक्रम, छात्र गतिशीलता, अनुसंधान सहयोग और संस्थागत गठजोड़ के लिए रास्ते तलाशे। इस कार्यक्रम में बौद्धिक रूप से समृद्ध गतिविधियों की एक श्रृंखला शामिल थी, जिसमें विशेषज्ञ के नेतृत्व वाली कार्यशालाएं, पैनल चर्चाएं, इंटरैक्टिव बूथ और नेटवर्किंग सत्र शामिल थे, जो सभी ज्ञान साझा करने और दीर्घकालिक शैक्षणिक सहयोग स्थापित करने की सुविधा के लिए डिज़ाइन किए गए थे। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने देशों में प्रवेश प्रक्रियाओं, शैक्षणिक संस्कृतियों और अध्ययन के बाद के मार्गों के बारे में अंतर्दृष्टि प्रदान की, जिससे प्रतिभागियों को अपने भविष्य के शिक्षा लक्ष्यों के बारे में सूचित निर्णय लेने में मदद मिली।  इस आयोजन ने अकादमिक कूटनीति को सफलतापूर्वक सुगम बनाया, छात्र विनिमय कार्यक्रमों, संकाय विकास पहलों और सहयोगी अनुसंधान अवसरों के लिए मार्ग तैयार किए। अंतर्राष्ट्रीय शैक्षिक मेला 2025 की सफलता शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय की अटूट प्रतिबद्धता, इसकी रणनीतिक वैश्विक भागीदारी और अधिक जुड़े और समावेशी शैक्षणिक भविष्य को आकार देने में इसकी सक्रिय भूमिका को दर्शाती है। recent visitors 30