Sunday, July 5, 2026 10:08 am

मास्टरशेफ के विनर बने गौरव खन्ना, ट्रॉफी के साथ मिली प्राइज मनी

मुंबई  सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इस समय सभी का पसंदीदा शो बना हुआ है। अब इस शो को अपना विजेता भी मिल गया है, एक्टर गौरव खन्ना सेलिब्रिटी मास्टरशेफ के पहले सीजन के विजेता बन गए हैं। निक्की तंबोली शो की पहली रनर-अप रहीं जबकि तेजस्वी प्रकाश दूसरी रनर-अप रहीं।अनुपमा एक्टर ने ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी अपने नाम कर लिया है।  शेफ रणवीर बरार और शेफ विकास खन्ना शो के जज रहे और इसे होस्ट किया था  फराह खान ने। ग्रैंड फिनाले में शेफ संजीव कपूर भी मौजूद थे। उन्होंने गौरव के बनाए व्यंजनों की तारीफ की और जीत पर उन्हें गले भी लगाया। गौरव ने प्रतिष्ठित मास्टरशेफ कोट भी जीत लिया है, संजीव कपूर ने उन्हें सम्मान के साथ शेफ कोट पहनाया। गौरव का नाम जब जजों ने घोषित किया तो वह बेहद खुश दिखे। उनके चेहरे की मुस्कान साफ ​​बता रही थी कि यह जीत उनके लिए कितनी महत्वपूर्ण है। गौरव का शो में सफर शानदार रहा है। उन्होंने इस सफर में हर बार असफलताओं का सामना किया और सफल हुए।  उन्होंने गर्व से ट्रॉफी को हवा में उठाया और अपनी खुशी जाहिर की। उनके चेहरे पर कड़ी मेहनत साफ दिख रही थी। सेलिब्रिटी मास्टरशेफ के जज रणवीर बरार ने ट्रॉफी लिए गौरव खन्ना के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा- “यह मायने नहीं रखता कि आप कहां से शुरू करते हैं, बल्कि यह मायने रखता है कि आप कैसे खत्म करते हैं!! क्या सीज़न था! क्या कहानी थी! बधाई हो गौरव खन्ना, आपने वाकई हमारे दिलों में अपनी जगह बना ली है। तुम्हारी हर डिश में ज़िद, जुनून और क्रिएटिविटी थी…और मैं यह देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकता कि तुम्हारी खाने की यात्रा आगे कहां जाती है. शुभकामनाएं, हमारे पहले सेलिब्रिटी मास्टरशेफ़! recent visitors 72

प्रेम प्रसंग के चलते युवक को नग्न कर पीटा, पुलिस हिरासत में 6 आरोपी

सक्ती छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक को नग्न कर बीच चौराहे पर बर्बरता पूर्वक पीटा गया. इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं पीड़ित युवक दलित होने के कारण पीटने की बात कह रहा है. फिलहाल पूरे मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर जांच में जुट गई है. अभी तक 6 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. पूरा मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है. इस पूरे मामले में पुलिस जल्द ही खुलासा करने की बात भी कर रही है. खुलासे के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा कि आखिर इतने बर्बरता के साथ क्यों पिटाई की गई है. फिलहाल अभी तक जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार ग्राम बड़े रबेली में 8 अप्रैल की रात युवक गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचा था, जिसे घर के लोगों ने देख लिया और मारपीट की. इसका वीडियो भी सामने आया है. बहरहाल इस मामले में मालखरौदा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है. recent visitors 33

उत्तर प्रदेश में तेज आंधी तूफान के चलते पेड़ और बिजली के खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति ठप्प, 3 की मौत

फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में आई तेज आंधी और तूफान में जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया। बिजली के खंभे टूटने से जहां बिजली आपूर्ति ठप्प रही वहीं पेड़ टूटने के कारण हुए हादसों में तीन लोगों की मौत की जानकारी हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमाटर्म कराया है। तेज आंधी और तूफान ने एक बार बिजली व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया कई घंटे के बाद बिजली चालू हो सकी, कई स्थानों पर खंभे टूटने और बिजली के तार टूटने की जानकारी मिली है। तूफान से यातायात प्रभावित आंधी और तूफान में हवाओं का वेग इतना तेज था कि लोगों का सड़क पर चलना भी दुभर हो गया, जिससे दौरान यातायात प्रभावित रहा। वही जनपद के थाना रजावली क्षेत्र में बाइक सवार युवक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी अचानक पेड़ बाइक सवार के ऊपर गिर गया। हादसे की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने मृतक युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया जिसकी पहचान जनपद के ही थाना पचौखरा निवासी रिंकू उर्फ रचित पुत्र विजय सिंह के रूप में की गई है ।         पेड़ के नीचे सोते समय गिरा पेड़ दूसरी घटना थाना नगला खंगर क्षेत्र के तहत गांव पिंडारव निवासी कप्तान सिंह 50 वर्ष पुत्र फतेहसिंह जो कही से बाइक से आते समय पेड़ के नीचे खड़ा हो गया था तभी अचानक आंधी तूफान के वेग से पेड़ टूट कर उसके ऊपर गिर गया। पेड़ के नीचे दवजाने से कप्तान सिंह की भी मौके पर मौत हो गई। वहीं, तीसरी घटना थाना जसराना क्षेत्र के गांव नगला पांडे की है जहां रामभरोंसे 74 वर्ष पुत्र सीताराम जो अपने खेत पर रात में रखवाली कर रहा था। पेड़ के नीचे सोते समय पेड़ उनके ऊपर गिर पड़ा हादसे मे राम भरोसे की मौत हो गई । तीनों हादसों में संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस ने पहुंचकर हादसो का शिकार हुए लोगों के शवों का जिला अस्पताल में शनिवार को पोस्टमाटर्म करा कर परिजनों को सौंप दिए।  recent visitors 27

चरित्र शंका पर पति ने महिला नगर सैनिक की हत्या की

गरियाबंद जिले में महिला नगर सैनिक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. कस्तूरबा हॉस्टल गरियाबंद में पदस्थ 32 वर्षीय महिला नगर सैनिक ओमिका ध्रुव की उनके ही पति सोहन साहू ने गला दबाकर हत्या की है. वारदात के बाद आरोपी पति पाण्डुका थाना पहुंचकर खुद मामले की सूचना पुलिस को दी. बताया जा रहा कि चरित्र शंका पर पति ने वारदात को अंजाम दिया है. घटना की सूचना के बाद थाना प्रभारी जयप्रकाश नेताम फॉरेंसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रहे हैं. गले में नाखून के निशान है. थाना प्रभारी नेताम ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. चरित्र शंका पर आए दिन होते रहता था विवाद आरोपी पति और मृतका दोनों मुरमुरा गांव के हैं. 10 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था. दोनों के दो बच्चे भी हैं. पिछले एक सप्ताह से ओमिका अपने मां के घर रह रही थी. हास्टल ड्यूटी के बाद छुट्टी पर घर आई थी. आज ड्यूटी ज्वाइन करने पति के साथ बाइक से वापस जा रही थी. दोनों गांव से 10 किमी आगे पहुंचे थे, इसी बीच दोनों का विवाद हुआ. इस दौरान पति ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी. बताया जा रहा कि चरित्र शंका को लेकर आए दिन दोनों में विवाद होते रहता था. recent visitors 26

मुख्यमंत्री साय ने अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के 18वें त्रैवार्षिक अधिवेशन को किया संबोधित

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में आयोजित अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के 18वें त्रैवार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए।मुख्यमंत्री साय ने अधिवेशन में 21 राज्यों से आए श्रमवीरों का प्रभु श्रीराम के ननिहाल में स्वागत किया और उन्हें हनुमान जयंती की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि देशभर से आए श्रमवीरों ने यहाँ आकर एकता और सामंजस्य का बड़ा संदेश देने का कार्य किया है। साय ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने 14 वर्षों के वनवास में से 10 वर्ष यहाँ बिताए, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली सरकार का गठन हुआ था, तब उन्होंने श्रम राज्य मंत्री के रूप में श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए न्यूनतम पेंशन निर्धारित की गई और पीएफ की अनक्लेम राशि का उपयोग श्रमिकों के हित में किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली की महत्ता को सभी भली-भाँति समझते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली सरप्लस है, लेकिन आने वाले समय में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में 1350 और 850 मेगावाट की दो विद्युत परियोजनाओं की सौगात दी थी। साय ने आगे बताया कि ऊर्जा के क्षेत्र में 3 लाख 50 हज़ार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से प्रदेश में हर घर तक बिजली पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। इस पहल से हम हाफ बिजली से मुफ्त बिजली देने की ओर बढ़ रहे हैं और योजना के लिए राज्य सरकार ने सब्सिडी देने का बजट में प्रावधान भी किया है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर श्रमिकों के कल्याण के लिए आजीवन समर्पित रहे दत्तोपंत ठेंगड़ी का पुण्य स्मरण करते हुए उनके योगदानों को नमन किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के मंत्री और प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, मधुसूदन जोशी, श्रीमती शोभा सिंहदेव सहित देशभर के 21 राज्यों से आए विद्युत श्रमिक उपस्थित थे। recent visitors 24

MP सरकार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और ठोस कदम उठाया, सागर जिले में 258.64 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को प्रदेश का 25वां अभयारण्य प्रदान किया

सागर राज्य शासन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में एक अहम पर्यावरणीय निर्णय लेते हुए सागर जिले के 258.64 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर अभयारण्य’ के रूप में अधिसूचित किया है। यह प्रदेश का 25वां अभयारण्य होगा। मध्य प्रदेश सरकार ने भारत के संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के नाम पर वन्यजीव अभयारण्य की घोषणा की है। एक अधिकारी ने इसके बारे में जानकारी दी। सरकार ने शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर अभ्यारण्य के गठन के बारे में अधिसूचना जारी की। यह घोषणा 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली अंबेडकर की 134वीं जयंती से पहले की गई है। इसके साथ ही, बाघ अभयारण्यों के लिए मशहूर राज्य में 25 वन्यजीव अभयारण्य हो गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक बयान में कहा कि नए अभयारण्य के बनने से संरक्षण प्रयासों को बल मिलेगा और वन एवं वन्यजीवों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के अलावा, नए अभयारण्य से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। डॉ. भीमराव अंबेडकर अभ्यारण्य सागर जिले के उत्तर सागर वन प्रभाग, तहसील बंडा और शाहगढ़ वन के 258.64 वर्ग किलोमीटर आरक्षित वन क्षेत्र में फैला होगा। नए अभ्यारण्य की जानकारी संपर्क अधिकारी केके जोशी ने दी। उन्होंने बताया कि अभयारण्य के गठन से वन एवं वन्य-प्राणियों का संरक्षण एवं संवर्धन होगा। यह नया संरक्षित क्षेत्र उत्तर सागर वन मंडल की तहसील बंडा एवं शाहगढ़ के आरक्षित वन क्षेत्र को सम्मिलित करता है। अभयारण्य का उद्देश्य वन एवं वन्य-प्राणियों के संरक्षण और पारिस्थितिकीय संतुलन को सुदृढ़ बनाना है। इसके साथ ही, राज्य सरकार को उम्मीद है कि यह कदम पर्यटन को प्रोत्साहित करेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। प्राकृतिक पारिस्थितिक तंत्र को संरक्षित करने की दिशा में यह कदम राज्य की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता को दर्शाता है। recent visitors 29

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आप सुजिरा अमृतः सुवर्चाः शंभू मयोभू,अर्थात जल न केवल अमृतस्वरूप है

जल गंगा संवर्धन भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि “आपः सुजिरा अमृतः सुवर्चाः शंभू मयोभूः", अर्थात जल न केवल अमृतस्वरूप है, बल्कि शुभ, पवित्र और जीवनदायक भी है। उन्होंने कहा है कि जल जीवन जीने का संसाधन मात्र नहीं, अपितु हमारा सनातन संस्कार है। हमारे ग्रंथ कहते हैं कि जल की हर बूंद में जीवन है और हर स्रोत में आने वाले कल का भविष्य छिपा है। इसलिए इस अमूल्य धरोहर की किसी भी मूल्य पर रक्षा करना हमारा दायित्व है। इसी दायित्व की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इसमें नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के साथ-साथ पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं का जीर्णोद्धार, जल स्त्रोतों और जल वितरण प्रणालियों की साफ सफाई, जल स्त्रोतों के आस-पास पौध रोपण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। जन-जागरुकता अभियानों के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इस अभियान में जन-भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। छिंदवाड़ा जिले में सक्रिय जनसहयोग छिंदवाड़ा जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में 30 मार्च से शुरू हुए कार्यों के अंतर्गत कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने जनपद पंचायत जुन्नारदेव पहुंच कर बुधवारा गांव में तालाब के गहरीकरण हेतु ग्रामवासियों के साथ मिलकर श्रमदान किया। तालाब के जीर्णोद्धार के साथ ही इसमें जमा गाद निकालकर सफाई की जा रही है। इसी के साथ छिंदवाड़ा जिले की जन अभियान परिषद शाखा ने कन्हांन नदी तट की सफाई करते हुए जल संरक्षण की शपथ दिलाई। बुरहानपुर में जल संरक्षण के साथ पर्यावरण संतुलन का प्रयास जल गंगा संवर्धन अभियान में वन विभाग द्वारा जिले के वन क्षेत्रों में स्थित जल-स्त्रोतों की सफाई, तालाब, बावड़ियों, स्टॉप डेम का गहरीकरण और पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। सोलाबरडी और गढ़ताल रेंज वन क्षेत्रों समेत जिले के 67 चिन्हित जल-स्त्रोतों की सफाई और गहरीकरण का काम किया जा रहा है। वन विभाग का अमला स्थानीय नागरिकों की भागीदारी से नदी, तालाबों, बावड़ियों में जमा कचरा, सूखे पत्ते, गाद और झाड़ियां को हटा रहा है। अमरावती नदी के तटों पर भी वृहद स्तर पर सफाई अभियान जारी है। इससे मानसून के दौरान इन स्त्रोतों में पानी का भराव आसानी से हो सकेगा। जल संरचनाओं में पानी का भराव होने से वन्य जीवों और पक्षियों को भी राहत मिलेगी और भूजल स्तर बना रहने से पर्यावरण भी संतुलित रहेगा। देवास जिले में नये एवं पुराने जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को साकार करने के उद्देश्य से देवास जिले में भी ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ 30 मार्च से 30 जून तक चल रहा है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं जिला पंचायत के सीईओ हिमांशु प्रजापति के मार्गदर्शन में नये तालाबों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही पुराने तालाबों, बावड़ियों, नदियों एवं कुँओं का जीर्णोद्धार व पौधारोपण के कार्य जन-भागीदारी से किये जा रहे हैं। जिले की जनपद पंचायत खातेगांव में ग्राम पंचायत बछखाल के बोरदा गांव में तालाब का गहरीकरण किया गया है। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं ग्रामीणों के जनसहयोग से जिले की जनपद पंचायत देवास की ग्राम पंचायत गदाईशा पीपल्या में तालाब का गहरीकरण किया जा रहा है। इससे बारिश के दिनों में जल-संचय बढ़ेगा जिससे पेयजल एवं कृषि दोनों के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।  शिवपुरी एवं शहडोल में हनुमान जन्मदिवस पर सामुदायिक श्रमदान शिवपुरी जिले के विकासखंड शिवपुरी में निवर्तमान नवांकुर संस्था, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बूढ़ीबरोद, सेक्टर सुरवाया व ग्राम विकास समिति धुवानी के संयुक्त प्रयास से ग्राम धुवानी तालाब में श्रमदान कर मिट्टी हटाई गई और जल संरक्षण हेतु प्रेरणा दी गई। वहीं, शहडोल जिले में हनुमान जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन एवं नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में प्राचीन विराटेश्वर मंदिर परिसर में स्थित बाणगंगा कुण्ड में सफाई अभियान चलाया गया। विधायक मनीषा सिंह, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने इस अभियान में भाग लेते हुए जल संरक्षण की शपथ भी ली। अभियान का समग्र उद्देश्य इस अभियान के अंतर्गत नई जल संरचनाओं का निर्माण और पुरानी संरचनाओं का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। जल स्रोतों और जल वितरण प्रणालियों की सफाई के साथ-साथ उनके आस-पास पौधारोपण को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जन-जागरुकता अभियानों के माध्यम से लोगों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का उद्देश्य न केवल जल संरचनाओं के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार में सहायता प्रदान करना है, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले जल स्रोतों को पुनर्जीवित करते हुए वर्तमान एवं भविष्य की पीढ़ियों में भारत के स्वर्णिम अतीत से परिचय एवं प्रेरणा का संचार करना भी है। अभियान में मशीन, सामग्री व श्रम का समुचित नियोजन कर आमजन, स्थानीय समुदाय, जनप्रतिनिधि एवं सरकार का संयुक्त प्रयास सुनिश्चित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्त्वपूर्ण अभियान में एकजुटता के साथ भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं, क्योंकि “जल है तो कल है”।   recent visitors 32