Sunday, July 5, 2026 8:56 am

विनोद मालवीय के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया

छिंदवाड़ा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक ऑडियो वायरल किए जाने के मामले में परासिया नगरपालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय के खिलाफ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह मामला भाजपा नेता और पार्षद अनुज पाटकर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पाटकर ने आरोप लगाया कि उनके परिवार की महिलाओं के बीच हुई एक निजी बातचीत की ऑडियो क्लिप को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे उनकी और उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। उनका आरोप है कि यह क्लिप नपा अध्यक्ष विनोद मालवीय द्वारा वायरल की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शुक्रवार को विनोद मालवीय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। परासिया डीएसपी जितेन्द्र जाट ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है और नियमानुसार अगली कार्रवाई की जा रही है। उधर, नपा अध्यक्ष विनोद मालवीय ने कहा है कि उन्हें इस संबंध में किसी भी मामले की जानकारी नहीं है और जब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिलती, वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब विनोद मालवीय सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में घिरे हों। वर्ष 2021 में भी उनके खिलाफ इसी तरह का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वे न्यायिक हिरासत में भी रह चुके हैं।   recent visitors 23

भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कुछ स्थानों पर लू चलने की भी चेतावनी

भोपाल  मध्यप्रदेश में गर्मी स्थिर हो गई है। एमपी में पिछले 24 घंटे के दौरान सभी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा। छिंदवाड़ा के अलावा प्रदेश के किसी भी जिले में गर्मी का अधिक प्रभाव नहीं देखा गया। अधिकतम तापमान स्थिर बना हुआ है। हालांकि अधिकतम तापमान वाले जिलों को देखें तो यहां अधिकांश जिलों का तामपान 42 डिग्री सेल्सियस पार जा चुका है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान खजुराहो में 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान देखें तो भोपाल में 41.02, ग्वालियर में 43, नर्मदापुरम में 42.02, इंदौर में 40, पचमढ़ी में 36.2, रतलाम में 43, शिवपुरी में 44, उज्जैन में 41.4, जबलपुर में 41.5, खजुराहो में 44.6, मंडला में 43, सतना में 43 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के तापमान में बदलाव तापमान का विश्लेषण करें तो यह अंदाजा लगता है कि प्रदेश की अधिकांश जिलों का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। ऐसे में जिलों में तेज गर्मी महसूस की जाने लगी है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी काफी बदलाव दर्ज हुआ है। जबलपुर में 22.6, नरसिंहपुर में 24.2, छिंदवाड़ा में 26, सिवनी में 25.2, उज्जैन में 21.1, रतलाम में 25.6, इंदौर में 24, ग्वालियर में 21.3, भोपाल में 25.02 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। 10 जिलों में लू का अलर्ट मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि शुक्रवार को प्रदेश के करीब 10 जिलों में लू चल सकती है। इन जिलों में बुरहानपुर, खंडवा, रतलाम, शिवपुरी, दतिया, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा जिले शामिल हैं। राजधानी भोपाल के मौसम के बारे में वैज्ञानिकों ने बताया है कि यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। यहां गर्मी से राहत की उम्मीद वहीं मौसम विभाग ने अपने दृष्टिकोण में बताया है कि पश्चिम मध्य प्रदेश की न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि दो दिन बाद फिर तापमान में मामूली वृद्धि आ सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन दो दिन बाद अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है यानी पूर्व मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हो सकती है। इन संभागों में होगी बारिश     मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू पर पर द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-दक्षिणी द्रोणिका मराठवाड़ा के उत्तरी भाग से मन्नार की खाड़ी तक आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु से होते हुए जा रही है।     हवा के साथ कुछ नमी आने के कारण शनिवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, विदिशा, सागर, नरसिंहपुर, जबलपुर, शहडोल, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इन्हीं क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू का प्रभाव भी रह सकता है। शनिवार को भोपाल व इंदौर में संभाग छाए रहेंगे बादल     मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि हवा का रुख पश्चिमी बने रहने के कारण अरब सागर से कुछ नमी आ रही है। इस वजह से भोपाल, इंदौर संभाग में कहीं-कहीं बादल भी छाए हुए हैं।     शनिवार को भी प्रदेश के दक्षिणी भाग में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि उत्तरी भाग में कुछ तपिश भी बढ़ सकती है। हालांकि नमी रहने के कारण कई शहरों में गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। मौसम का इस तरह का मिजाज तीन दिनों तक बना रह सकता है।   recent visitors 23

पंजाब की हो सकती है बल्ले-बल्ले, जीते तो टॉप-4 में मिलेगी जगह, KKR को दोहरा जख्म देने उतरेंगे श्रेयस अय्यर

नई दिल्ली पिछले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जीताने वाले श्रेयस अय्यर अब प्लेऑफ क्वालीफिकेशन की उसकी राह में सबसे बड़ी बाधा होंगे जब उनकी कप्तानी में पंजाब किंग्स आईपीएल के अहम मैच में शनिवार को ईडन गार्डंस पर मेजबान के खिलाफ उतरेगी। 12 महीने पहले अय्यर की कप्तानी में केकेआर ने एक दशक में पहला आईपीएल खिताब जीता था। शनिवार को वह विरोधी टीम की जर्सी पहनेंगे और आत्मविश्वास से ओतप्रोत पंजाब को प्लेऑफ में पहुंचाने की दिशा में अगला कदम बढाने के इरादे से उतरेंगे। पंजाब इस सीजन एक बार कोलकाता को धूल चटा चुका है, ऐसे में उनकी नजरें मेजबानों को दोहरा जख्म देने पर होगी। केकेआर ने उन्हें रिलीज करके सभी को हैरत में डाल दिया था लेकिन पंजाब किंग्स की कप्तानी अय्यर को रास आ रही है। दिल्ली कैपिटल्स के अपने मेंटोर रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर अय्यर ने पंजाब को आठ में से पांच मैच जिताकर पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया। इस साझेदारी ने अय्यर को आत्मविश्वास के साथ कप्तानी की छूट भी दी जिसके दम पर वह अब तक तीन अर्धशतक समेत 263 रन बना चुके हैं। अब उनका इरादा शतक जड़ने का होगा। अब उनके पास अपने बल्ले से जवाब देने का सुनहरा मौका है जैसे नाबाद अर्धशतक जमाकर केएल राहुल ने अपनी पूर्व टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाकर किया था। केकेआर 8 में से पांच मैच हार चुका है और एक और हार से प्लेऑफ की उसकी राह असंभव हो जायेगी। उसका शीर्षक्रम चल नहीं पा रहा और मिडिल ऑर्डर जिम्मेदारी से नहीं खेला। स्पिन आक्रमण अपने गढ ईडन गार्डंस पर नाकाम साबित हुआ है। उसे अगले छह में से पांच मैच हर हालत में जीतने होंगे। केकेआर के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह और रमनदीप फिनिशिंग टच नहीं दे पाये जिससे टीम में बदलाव करना पड़ सकता है। केकेआर अब कैरेबियाई हरफनमौला रोवमैन पॉवेल को उतार सकती है। अंगकृष रघुवंशी को अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल जैसे गेंदबाजों की चुनौती का बखूबी सामना करना होगा। कप्तान अजिंक्य रहाणे को भी बेहतर प्रदर्शन करना होगा जो तेज खेलकर टीम को जीत तक ले जाने में नाकाम रहे हैं। उन्हें चहल से बचकर रहना होगा जिसने पिछले सप्ताह खतरनाक स्पैल डालकर रहाणे, रघुवंशी, रिंकू और रमनदीप के विकेट चटकाये थे। केकेआर की गेंदबाज हर्षित राणा और पंजाब के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य की टक्कर भी देखने लायक होगी। केकेआर ने इस बार अपने मैदान में चार में से एक ही मैच जीता है। पिच को लेकर क्यूरेटर सुजन मुखर्जी से गैर जरूरी विवाद भी सुर्खियों में रहा है। पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर, सूर्यांश शेडगे, प्रवीण दुबे, विजयकुमार विशक, हरप्रीत बराड़, अजमतुल्लाह उमरजई, जोश इंग्लिस, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद, आरोन हार्डी, कुलदीप सेन। हरनूर सिंह, मुशीर खान, प्याला अविनाश। कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, लवनिथ सिसौदिया, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, मोइन अली, रमनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, एनरिक नॉर्टजे, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडे, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती और चेतन सकरिया। recent visitors 23

आतंकी हमले के विरोध में आज आधे दिन बंद रहेगा भोपाल-इंदौर, इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी

  भोपाल /इंदौर भोपाल और इंदौर में पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में 26 अप्रैल को आधे दिन का बंद रहेगा। भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) ने इस बंद का आह्वान किया है, जिसे शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने समर्थन दिया है। इस बंद के दौरान आपातकालीन सेवाएं, जैसे मेडिकल स्टोर्स और थोक दवा बाजार, खुले रहेंगे। साथ ही, दूध की आपूर्ति और चाय-नाश्ते की दुकानें भी सामान्य रूप से संचालित होंगी। बीसीसीआई के अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली ने बताया कि पहलगाम में हुए इस जघन्य आतंकी हमले के विरोध में और मृतकों के परिजनों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए यह बंद बुलाया गया है। उन्होंने कहा, "हम सभी व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर इस आतंकी घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।" दोपहर 12 बजे भोपाल के कोहेफिजा स्थित बीसीसीआई कार्यालय में मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। न्यू मार्केट व्यापारी संरक्षण समिति ने भी बंद का समर्थन किया है। समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार गंगराड़े, पवन वरदानी, प्रदीप कुमार गुप्ता और अजय देवनानी ने बताया कि सभी व्यापारियों ने सर्वसम्मति से आधे दिन तक दुकानें बंद रखने का फैसला किया है। पुराने भोपाल के व्यापारियों ने भी इस बंद को समर्थन देते हुए अपने प्रतिष्ठान आधे दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। आपातकालीन सेवाओं को बंद से छूट दी गई है। भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने कहा, "मेडिकल स्टोर्स और थोक दवा बाजार खुले रहेंगे, क्योंकि ये आवश्यक सेवाएं हैं। लेकिन हम इस बंद का पूर्ण समर्थन करते हैं और श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे।" इंदौर में भी कांग्रेस शहर कमेटी ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में 26 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक स्वैच्छिक बंद का आह्वान किया है। कमेटी ने केंद्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। इंदौर के चार प्रमुख व्यापारिक संगठनों, जिसमें सियागंज व्यापारी एसोसिएशन, क्लॉथ मार्केट व्यापारी एसोसिएशन, छावनी अनाज मंडी एसोसिएशन और महारानी रोड व्यापारी एसोसिएशन शामिल हैं, ने इस बंद को समर्थन दिया है। इसके अलावा, कई अन्य व्यापारिक, सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक संगठनों ने भी बंद में शामिल होने की अपील की है। इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने सभी व्यापारियों, संगठनों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस बंद में हिस्सा लेकर पहलगाम में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करें। दोनों शहरों में व्यापारी और नागरिक इस आतंकी घटना के खिलाफ एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। recent visitors 20

मध्यप्रदेश के पुलिस अफसर-अधिकारी अब सांसद-विधायकों को सैल्यूट करेंगे

भोपाल मध्य प्रदेश में पुलिसकर्मियों को सांसदों और विधायकों को सैल्यूट करने का फरमान जारी किया गया है. यह आदेश डीजीपी कैलाश मकवाना की ओर से जारी किया गया है. डीजीपी की ओर से सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश जारी करते हुए लिखा गया है कि 'माननीय संसद सदस्यों एवं विधायकों के शासकीय कार्यक्रम/सामान्य भेंट के दौरान उनका अभिवादन वर्दीधारी अधिकारी/कर्मचारी सेल्यूट के माध्यम से करें. डीजीपी ने आगे लिखा है कि माननीय संसद सदस्यों एवं विधायकों द्वारा प्रेषित पत्रों का उत्तर अपने हस्ताक्षर से समय सीमा में प्रेषित करें और जब कभी कोई माननीय संसद सदस्य या विधायक किसी अधिकारी से उनके कार्यालय में मिलने आये तो उनसे सर्वोच्च प्राथमिकता से मिले और मिलने के प्रयोजन का विधिसम्मत निराकरण करें. विधायकों और सांसदों से करें शिष्ट व्यवहार अपने आदेश में डीजीपी ने आगे लिखा है कि माननीय संसद सदस्यों एवं विधायकों द्वारा जब भी पुलिस अधिकारी/कर्मचारी को दूरभाष पर जन समस्या को लेकर संपर्क किया जाता है, तब वे उन्हें ध्यानपूर्वक सुने और शिष्टतापूर्वक विधिसम्मत जवाब दें. पहले भी जारी हुए हैं ये आदेश यह पहली बार नहीं है, जब मध्य प्रदेश में इस तरह का आदेश दिया गया है. इससे पहले 23 जनवरी 2004, 18 मई 2007, 22 मार्च 2011, 24 अक्टूबर 2017, 19 जुलाई 2019, 11 दिसंबर 2019, 12 नवंबर 2021 और 4 अप्रैल 2022 को जारी किया जा चुका है. चार महीने पहले ये सर्कुलर जारी हुआ चार महीने पहले, पूर्व DGP सुधीर सक्सेना के रिटायरमेंट से पहले स्पेशल डीजी शैलेष सिंह ने एक सर्कुलर जारी किया था. इसमें 2007 के सर्कुलर का जिक्र करते हुए कहा गया था कि मुख्यमंत्री, मंत्री और अन्य पुलिस अधिकारियों को सलामी परेड देने की परंपरा खत्म कर दी गई है. अब केवल राज्यपाल को ही सलामी दी जा सकती है. यह पत्र सभी रेंज आईजी, डीआईजी और पुलिस अधीक्षकों को भेजा गया था, जिसके कारण पूर्व डीजीपी की विदाई बिना सलामी परेड के हुई.   recent visitors 35

घाटी में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई आतंकियों के घर किये ध्वस्त, दो सहयोगी गिरफ्तार

पुलवामा जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है. पुलवामा में सक्रिय आतंकवादी के घरों को भारतीय सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया है. नई कार्रवाई में घाटी के अंदर सक्रिय आतंकियों के दो और घरों को ध्वस्त कर दिया गया है. जून 2023 से लश्कर के सक्रिय कैडर एहसान अहमद शेख के दो मंजिला घर को सुरक्षा बलों ने आईईडी का उपयोग करके उड़ा दिया है. वह पुलवामा के मुर्रान का रहने वाला है. ऐसी ही एक अन्य कार्रवाई में 2 साल पहले लश्कर में शामिल हुए शाहिद अहमद के घर को शोपियां के चोटीपोरा इलाके में विस्फोट कर उड़ा दिया गया है. पहलगाम हमले के बाद पिछले 48 घंटे में कुल 6 आतंकियों के घरों को ध्वस्त किया जा चुका है. आतंकियों के 5 घर ध्वस्त इसके अलावा, कल रात कुलगाम के क्विमोह में ज़ाकिर गनी के तीसरे घर को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया, वह 2023 में लश्कर में शामिल हो गया था. पहलगाम आतंकी हमले के बाद से सक्रिय लश्कर कैडर के आतंकियों के कुल 5 घरों को उड़ा दिया गया है. जिसकाभारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दिया। इसी बीच खबर मिली है कि कुलगाम जिले के कैमोह इलाके में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के थोकरपोरा में पुलिस ने दो आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया। जवनोपन का कहना है कि, ये लोग हमले में आतंकवादियों के मददगार है। पहलगाम हमले के बाद सेना और पुलिस आतंकियों की कमर तोड़ने में लगी है। कश्मीर में सक्रिय आतंकियों के घरों को ध्वस्त किया जा रहा है। लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी एहसान अहमद शेख का दो मंजिला घर पुलवामा के मुर्रान में IED से उड़ा दिया गया। वह जून 2023 से सक्रिय था। वहीं, शाहिद अहमद का घर शोपियां के चोटीपोरा में विस्फोट से ढहा दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक पांच आतंकियों के घर तोड़े जा चुके हैं। LoC पर तनाव और भारत की जवाबी कार्रवाई 25-26 अप्रैल 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना ने LoC पर बिना उकसावे के कई जगहों पर फायरिंग की। यह सीजफायर उल्लंघन 2021 के बाद से कम देखा गया था, लेकिन पहलगाम हमले के बाद तनाव बढ़ गया है। भारतीय सेना ने बयान जारी कर कहा, "हमारे सैनिकों ने छोटे हथियारों से उचित जवाब दिया। भारतीय पक्ष से कोई हताहत नहीं हुआ।" सेना ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की। गौरतलब है कि, 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसारन मीडो में हुए हमले में 26 लोग मारे गए। शुरुआती जांच में पता चला कि 5-7 आतंकी शामिल थे, जिन्हें पाकिस्तान में ट्रेनिंग दी गई थी। दो स्थानीय आतंकियों ने उनकी मदद की। हमले की जिम्मेदारी रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली, जो लश्कर-ए-तैयबा का हिस्सा है। जांच में पाकिस्तान से लिंक की पुष्टि हुई है।     आदिल गोजरी (बिजबेहरा)     आसिफ शेख (त्राल)     अहसान शेख (पुलवामा)       शाहिद कुट्टे (शोपियां)     जाकिर गनी (कुलगाम)     हारिस अहमद (पुलवामा) शुक्रवार की रात सुरक्षा बलों ने कुलगाम के क्विमोह में जाकिर गनी के घर को उड़ा दिया, वह 2023 में लश्कर में शामिल हुआ था. इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने बिजबेहरा में सुरक्षा बलों ने आदिल थोकर के घर को उड़ा दिया. वहीं, त्राल में कल सुरक्षा बलों ने आसिफ शेख के घर को उड़ा दिया. पुलवामा में आतंकी का घर ध्वस्त करने से पहले पहलगाम हमले में शामिल स्थानीय आतंकी आदिल हुसैन थोकर के अनंतनाग जिले के बिजबेहरा के गोरी इलाके में स्थित घर को सुरक्षा बलों ने बम से उड़ा दिया था. आदिल थोकर उर्फ ​​आदिल गुरी के रूप में पहचाने जाने वाले इस आतंकी पर पहलगाम की ​बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में पाकिस्तानी आतंकवादियों की मदद करने का आरोप है. वहीं, इस हमले में शामिल दूसरे स्थानीय आतंकी आसिफ शेख के त्राल स्थित घर को जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया. सैन्य सूत्रों ने बताया कि स्टील टिप वाली गोलियों, एके-47 राइफलों और बॉडी कैमरा पहने हुए लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के चार आतंकवादियों के एक समूह ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों के बीच हिंदुओं को निशाना बनाया और उन पर गोलियों की बौछार कर दी. इस आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे और भारत के अलग-अलग राज्यों से जम्मू-कश्मीर घूमने पहुंचे थे. आतंकवादियों में दो स्थानीय भी शामिल थे. सूत्रों ने बताया कि दोनों स्थानीय आतंकियों की पहचान बिजबेहरा निवासी आदिल हुसैन थोकर और त्राल निवासी आसिफ शेख के रूप में हुई है. टेरर कैंप में ली थी ट्रेनिंग सैन्य सूत्रों के मुताबिक, आदिल ने साल 2018 में अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए वैध तरीके से पाकिस्तान की यात्रा की थी. अपने पाकिस्तान प्रवास के दौरान उसने टेरर कैम्प में ट्रेनिंग ली थी और पिछले साल जम्मू-कश्मीर लौटा था. पहलगाम हमले के कुछ चश्मदीदों ने बताया​ कि कुछ आतंकी आपस में पश्तून भाषा में बातचीत कर रहे थे. सूत्रों ने इस बात पर जोर दिया कि हमले में शामिल सभी आतंकवादी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैं. हालांकि द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने भी इस हमले की जिम्मेदारी ली है. उन्होंने कहा कि टीआरएफ लश्कर-ए-तैयबा का एक मुखौटा आतंकी संगठन है, जिसका इस्तेमाल हमले को एक स्वदेशी समूह के काम के रूप में दिखाने के लिए किया गया.   recent visitors 22

शोध पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के शोध कार्यक्रमों को संचालित करने के लिए दोनों संस्थान एक-दूसरे को मान्यता देंगे

रायपुर छत्तीसगढ़ के दो प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थान इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.), भिलाई शिक्षा, शोध तथा प्रौद्योगिकी विकास के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। दोनों संस्थानों के विद्यार्थियां के प्रशिक्षण, गुणवत्तापूर्ण स्नातकोत्तर शोध, संकाय शोध तथा अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी विकास की संयुक्त परियोजनाओं के क्रियान्वयन हेतु आज यहां दोनों संस्थानों के मध्य पांच वर्षीय समझौता किया गया। समझौता ज्ञापन पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई के निदेशक डॉ. राजीव प्रकाश ने हस्ताक्षर किये। प्रदेश के दो उत्कृष्ट शिक्षा संस्थानों के बीच हुए समझौते से राज्य में शोध, अनुसंधान, नवाचार और प्रौद्योगिकी विकास को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.), भिलाई एवं छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी के मध्य स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एवं प्रौद्योगिकी विकास में सहयोग हेतु भी समझौता ज्ञापन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई के मध्य संपन्न समझौते के तहत दोनो संस्थानों में स्नातकोत्तर तथा शोध पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के शोध कार्यक्रमों को संचालित करने के लिए दोनों संस्थान एक-दूसरे को मान्यता देंगे। दोनों पक्ष चुनौतीपूर्ण शोध समस्याओं पर केन्द्रित संयुक्त सहयोगी शोध में भी संलग्न होंगे, जिससे समस्या की पहचान, जैविक सामग्री के आदान-प्रदान तथा शोध कार्यां का संपादन किया जा सकेगा। दोनों संस्थानों में उपलब्ध शोध सुविधाओं और पुस्तकालय सुविधाओं का उपयोग भी किया जा सकेगा। शैक्षणिक शोध और प्रशिक्षण के लिए छात्रों का आदान-प्रदान होगा तथा वे दोनों संस्थानों में उपलब्ध छात्रावास सुविधा का लाभ भी ले सकेंगे। दोनों संस्थान उपलब्ध सूचनाओं, वैज्ञानिक या तकनीकी डेटा, प्रौद्योगिकी तथा अन्य जानकारियों का भी परस्पर उपयोग कर सकेंगे। समझौते के तहत दोनों संस्थानों के संकाय सदस्य भी एक-दूसरे संस्थान में शोध एवं अनुसंधान कार्य संपादित कर सकेंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में संपन्न समझौता समारोह में कृषि महाविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. जी.के. दास, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता डॉ. विनाय पाण्डेय, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. ए.के. दवे, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा, निदेशक विस्तार डॉ. एस.एस. टुटेजा, निदेश प्रक्षेत्र एवं बीज डॉ. राजेन्द्र लाकपाले सहित अनक प्राध्यापक एवं वैज्ञानिक तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भिलाई के प्राध्यापक एवं वैज्ञानिक भी उपस्थित थे। recent visitors 28