Sunday, July 5, 2026 7:46 am

जांजगीर में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

142 साल बाद जांजगीर को मिला नवीन तहसील भवन 4.21 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित है नवीन तहसील भवन रायपुर, सुशासन तिहार , संवाद से  समाधान के तहत औचक दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जांजगीरवासियों को  नवीन तहसील कार्यालय भवन के रूप में एक बड़ी सौगात दी है।  142 वर्षों बाद जांजगीर के नागरिकों को एक नई सौगात मिली है। आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आकस्मिक दौरे के दौरान जिले में नव-निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। अंग्रेजी शासन काल में 1883 में बना पुराना तहसील कार्यालय अब इतिहास बन गया है, और उसकी जगह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन लोगों की सेवा में समर्पित किया गया है। यह नवीन तहसील भवन चार करोड़ 21 लाख की लागत से तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर  कहा कि  “सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन तक सेवाओं की सरल और सुगम पहुँच सुनिश्चित हो। यह नवीन तहसील कार्यालय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने यह भी बताया कि यह भवन इस क्षेत्र के 54 गांवों और 24 पटवारी हल्कों के नागरिकों को राजस्व से संबंधित सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करायी जाएगी। नवीन तहसील कार्यालय में प्रशासनिक व न्यायिक कार्यों के बेहतर संचालन  के लिए प्रमुख  सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें लोक सेवा केंद्र – जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र जैसी अनेक  सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसी प्रकार आवक-जावक शाखा में दस्तावेजों का आगमन व प्रेषण, नजीर शाखा  मेंबन्यायालयीन दस्तावेजों का संधारण, निर्वाचन शाखा में मतदाता सूची व निर्वाचन संबंधी कार्य, कानूनगो शाखा में भूमि एवं राजस्व अभिलेखों का संधारण तथा मालजमादार कक्ष में राजस्व वसूली एवं आर्थिक प्रबंधन के कार्यो का संचालन किया जाएगा। साथ इस कार्यालय  भवन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं न्यायलय  अनुविभागीय दंडाधिकारी, तहसीलदार एवं न्यायालय तहसीलदार  कार्यपालिक दंडधिकारी , अतिरिक्त तहसीलदार एवं न्यायालय अतिरिक्त तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडधिकारी नायब तहसीलदार एवं न्यायालय नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडधिकारी  के  लिए सर्वसुविधायुक्त कक्ष  तैयार किया गया हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी,  पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, विधायक श्री व्यास कश्यप,  ज़िला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सत्यकला मिरी, पूर्व  विधायक श्री सौरभ सिंह, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री पी दयानंद , नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गदेवाल सहित  जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी,  स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। recent visitors 28

सभासद उपचुनाव: एक पद पर निर्दल, दूसरे पर सपा का कब्जा, दोनों सीटों पर भाजपा को मिली हार

अयोध्या नगर पंचायत बीकापुर और खिरौनी सुचितागंज में सभासद पद के उपचुनाव में निर्दल और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। दोनों सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। सोमवार को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। नगर पंचायत बीकापुर में सभासद पद के लिए नगर निकाय उपचुनाव में वार्ड संख्या तीन में निर्दल उम्मीदवार अंकिता कनौजिया ने भाजपा उम्मीदवार को रिकॉर्ड मतों से हराकर जीत दर्ज करके सभी को चौंका दिया। सोमवार सुबह तहसील सभागार में शुरू हुई मतगणना के बाद निर्दल उम्मीदवार अंकिता को 399 मत प्राप्त हुए। जबकि भाजपा उम्मीदवार गायत्री देवी को 290 मतों पर ही संतोष करना पड़ा।अंकिता कनौजिया 109 मतों से विजई घोषित की गईं। निर्वाचन अधिकारी खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने अंकिता को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। अनुसूचित महिला जाति के लिए आरक्षित वार्ड संख्या तीन तेंदुआमाफी की सभासद रहीं राधा कनौजिया का कुछ माह पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। उनके निधन के बाद उपचुनाव कराया गया। उप चुनाव में विजेता उम्मीदवार अंकिता दिवंगत सभासद राधा कनौजिया की बहू हैं। इसी तरह सोहावल की नगर पंचायत खिरौनी सुचितागंज में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वार्ड संख्या एक विसुहिया में सभासद पद पर हुए चुनाव की मतगणना में पहले राउंड में ही भाजपा प्रत्याशी बिंदु रावत से सपा प्रत्याशी पार्वती देवी ने बढ़त बना ली। पार्वती देवी पहले राउंड में 228 मत पाकर भाजपा की प्रत्याशी से 107 मतों से बढ़त बना चुकी थीं। पहले राउंड की मतगणना में सपा 228, भाजपा 101 और निर्दल लक्ष्मी को सात मत प्राप्त हुआ। दूसरे राउंड की गिनती में सपा 177,  भाजपा 248 और निर्दल प्रत्याशी को तीन मत मिले। इस तरह सपा की पार्वती देवी भाजपा की बिंदु रावत से 36 मतों से विजयी हुईं। दोनों राउंड की मतगणना समाप्ति के बाद अंतिम परिणाम घोषित किया गया। इसमें भाजपा की बिंदु रावत को 369 व सपा प्रत्याशी पार्वती देवी को 405 मत मिले। एक वोट नोटा पर भी गया है। इस प्रकार नगर पंचायत खिरौनी के उप चुनाव में भी यह सीट सपा के खाते में चली गई। यह सीट पहले भी सपा के खाते में गई थी। यहां की सपा सभासद तारा देवी के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। recent visitors 37

रामराजा लोक में निकला 17वीं सदी का इतिहास, खुदाई के दौरान जमीन में पांच फीट नीचे दबे चार ऐतिहासिक मेहराबदार गेट सामने आए

छतरपुर रामराजा लोक की खुदाई में ओरछा की जमीन से फिर इतिहास की अमूल्य धरोहरें सामने आईं। शनिवार को खनन के दौरान जमीन में पांच फीट नीचे दबे चार ऐतिहासिक मेहराबदार गेट सामने आए हैं। यह गेट एक क्रम में लंबी संरचनाएं हैं, जो संभवत: एक दूसरे से जुड़े हैं। 16 वीं एवं 17 वीं सदी के बीच में बनी ओरछा में धरातल के ऊपर दिखाई दे रहे मठ, मंदिर और महल जितने आकर्षक और बेजोड़ बुंदेली स्थापत्य कला को प्रदर्शित कर रहे हैं, उससे कहीं अधिक यहां के बेसमेंट में मिल रही संरचनाएं हैं। रामराजा लोक निर्माण के लिए चल रही खुदाई बता दें कि ओरछा में पर्यटन विभाग (Orccha Tourism Department) महाकाल लोक (Mahakal Lok) की तर्ज पर रामराजा लोक निर्माण में धर्मशाला से फूलबाग और हरदौल बैठका तक खुदाई हो रही है। इस खुलासे के बाद यहां काम बंद कर दिया है, जांच के लिए टीम बुलाई गई है। सर्वे के बाद ही आगे का काम होगा। गर्मी के दिनों में रहने को बनाया बेसमेंट पुरातत्व विभाग के क्यूरेटर घनश्याम बाथम का कहना है कि यह पूरा परिसर बेसमेंट युक्त है। सावन-भादौ स्तंभ के नीचे, पालकी महल, जुझार सिंह महल में पहले भी बेसमेंट सामने आ चुके हैं। बहुत संभावना है कि जगह-जगह बने यह बेसमेंट या तो कर्मचारियों के निवास होंगे या फिर गर्मी से बचने के लिए इनका निर्माण किया गया होगा। जो समय की धूल के साथ जमीन में दफन होते चले गए। अब रामराजा लोक के कार्य के लिए चल रही खुदाई में जमीन के अंदर छिपा इतिहास सामने आ रहा है। अब तक खुदाई में बेसमेंट से मिले -सावन-भादौ स्तम्भ के नीचे वातानुकूलित कक्ष -जानकी महल के नीचे मेहराबदार कक्ष -पार्किंग स्थल पर रहवासी बेसमेंट एरिया -जुझार सिंह महल के नीचे फव्वारा एवं कक्षनुमा संरचना recent visitors 32

बांग्लादेश का नया टी20 कप्तान बना लिटन, 2026 विश्व कप तक संभालेंगे जिम्मेदारी

ढाका बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रविवार को 30 साल के लिटन दास को नया टी20 कप्तान बनाया है। बीसीबी ने उन्हें अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप तक के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले सभी प्रारूपों में राष्ट्रीय कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए कप्तानी पद छोड़ने का फैसला लिया था। इसके बाद से यह पद खाली था। वेस्टइंडीज में तीन मैचों की टी20 सीरीज में टीम की सफलतापूर्वक अगुआई करने वाले लिटन अब अगले साल टी20 विश्व कप कमान संभालेंगे। इसी के साथ बीसीबी ने यूएई और पाकिस्तान में आगामी टी20 सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम की भी घोषणा की। यह पूर्णकालिक टी20 कप्तान के रूप में लिटन का पहला असाइनमेंट भी होगा। बांग्लादेश यूएई के खिलाफ उसके घर में 17 मई से दो मैचों की टी20 सीरीज खेलेगा। इसके बाद टीम 25 मई से पाकिस्तान की मेजबानी में उसके खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। बीसीबी के क्रिकेट संचालन अध्यक्ष नजमुल अबेदिन ने कहा कि उन्होंने लंबे समय की योजना को ध्यान में रखते हुए लिटन को चुना है। उन्होंने कहा, 'लिटन को चुनने में अनुभव एक महत्वपूर्ण कारक रहा है। मौजूदा सेटअप में हमारे पास ज्यादा अनुभवी खिलाड़ी नहीं हैं। लिटन के फॉर्म के बारे में चर्चा हुई थी, लेकिन हमारा मानना है कि उनमें क्षमता है। अगर वह अपने खेल को व्यवस्थित कर सकते हैं, तो वह टीम के लिए एक संपत्ति होंगे।' ऑलराउंडर मेंहदी हसन अगली दो टी20 सीरीज के लिए टीम के उपकप्तान होंगे। नजमुल ने कहा कि बोर्ड टेस्ट और वनडे कप्तानी के लिए दीर्घकालिक कप्तान खोजने पर भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा, 'हम जल्द ही वनडे और टेस्ट कप्तानों की घोषणा करेंगे। टेस्ट मैच दो-ढाई महीने के बाद है और हम उससे एक सप्ताह पहले कप्तान की घोषणा कर सकते हैं। नेतृत्व केवल मैच के बारे में नहीं है, यह एक पूर्णकालिक जिम्मेदारी है।' मुख्य चयनकर्ता गाजी अशरफ हुसैन ने कहा कि लिटन को आगे बढ़कर नेतृत्व करने की जरूरत है क्योंकि बांग्लादेश बदलाव के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि कई सीनियर क्रिकेटर अब राष्ट्रीय सेट-अप का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'हम टीम को अंतिम रूप देने से पहले हमेशा कप्तान और कोच से बात करते हैं। लेकिन इस बार निर्णय देर से आया और हमारे पास ज्यादा समय नहीं था। फिर भी, कोचिंग पैनल और चयनकर्ताओं ने एक साथ काम किया। विश्व कप से पहले हमें एशिया कप के अलावा श्रीलंका, पाकिस्तान और भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेलनी है। प्रयोग करने के भरपूर मौके मिलेंगे। लिटन इसमें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।' गाजी ने कहा कि लिटन को टी20 लाइनअप में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। यह एक ऐसा स्थान है जो स्थिरता और आक्रामकता दोनों की मांग करता है। यूएई और पाकिस्तान दौरे के लिए बांग्लादेश की टी20 टीम: लिटन दास (कप्तान), तंजीद हसन, परवेज हुसैन, सौम्य सरकार, नजमुल हुसैन शांतो, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जाकेर अली, रिशद हुसैन, मेहदी हसन (उप-कप्तान), तनवीर इस्लाम, मुस्ताफिजुर रहमान, हसन महमूद, तंजीम हसन साकिब, नाहिद राणा और शोरिफुल इस्लाम। recent visitors 33

CM ने लॉयर्स चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग का किया भूमिपूजन, 117 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

जबलपुर हाईकोर्ट में 117 करोड़ की लागत से लॉयर्स चेम्बर और मल्टी लेवल पार्किंग बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उच्च न्यायालय परिसर में प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री(CM Mohan Yadav) ने कहा कि अधिवक्ताओं की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हो रही है। इससे न केवल पार्किंग की दिक्कतें कम होगी बल्कि अधिवक्ताओं को बैठने की समुचित व्यवस्था हो सकेगी। ये रहे मौजूद भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जेके माहेश्वरी, जस्टिस एससी शर्मा तथा मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत, हाईकोर्ट जज संजीव सचदेवा, संजय द्विवेदी, जस्टिस विवेक कुमार जैन, महाधिवक्ता प्रशांत सिंह सहित मध्यप्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन एवं एडवोकेट्स बार एसोसिएशन से भी अन्य न्यायाधीश उपस्थित रहे। चार मंजिला होगी पार्किंग अधिवक्ताओं में इस परियोजना को लेकर खासा उत्साह देखा गया। चार मंजिला बनने वाली मल्टी लेवल पार्किंग के ऊपर के फ्लोर्स पर लायर्स चेम्बर्स की सुविधा होगी। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट में करीब 6 हजार अधिवक्ता कार्यरत हैं। इनको वाहनों की पार्किंग और बैठने को लेकर समस्या से जूझना पड़ता है। लंबे समय से चेम्बर्स और पार्किंग की मांग की जा रही थी। सर्किट हाउस में की मुलाकात मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह साढ़े दस बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचे। वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों से मझौली और पाटन के दौरे की तैयारियों के संबंध में चर्चा भी की। हाईकोर्ट परिसर में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री रीवा के लिए रवाना हुए। recent visitors 35

OYO Room में 500 में देता था रेलवे कर्मचारी रूम, छापा पड़ा तो मिला बम बनाने का सामान

रायपुर/दुर्ग छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में चौहान ग्रीन वैली कॉलोनी के एक फ्लैट से पुलिस ने चौंकाने वाली सामग्री बरामद की है. फ्लैट के मालिक, रेलवे में ग्रेड-2 कर्मचारी कमल किशोर नायक को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान फ्लैट से 100 से अधिक पुराने मोबाइल फोन, उनकी बैटरी, इस्तेमाल किए गए कंडोम, महिलाओं के बाल, ताले, ड्रिल मशीन, कंप्यूटर, सीडी, सिम कार्ड, और एक रजिस्टर बरामद किया, जिसमें 1950 से अब तक के रेल हादसों की न्यूज कटिंग्स चिपकाई गई थीं. इसके अलावा, बम बनाने की सामग्री भी मिली, जिससे कॉलोनी में दहशत फैल गई. कमल किशोर ने अपने फ्लैट को OLX और एक फर्जी OYO वेबसाइट पर 500 रुपये प्रतिदिन के किराए पर देने का विज्ञापन दिया था. कॉलोनीवासियों को फ्लैट में अजनबी लोगों की लगातार आवाजाही पर शक हुआ. एक युवक और युवती ने ग्राहक बनकर फ्लैट का जायजा लिया, जहां उन्हें एक 16 वर्षीय किशोर मिला, जो जोमैटो में काम करता था. संदिग्ध गतिविधियां देखकर उन्होंने इसकी सूचना दी. इसके बाद कमल किशोर ने युवक-युवती को कमरे में बंद कर दिया. शोर सुनकर कॉलोनीवासी जमा हुए और पुलिस को बुलाया. स्मृति नगर चौकी पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर कमल और किशोर को हिरासत में लिया. पुलिस को फ्लैट से बरामद रजिस्टर में रेल हादसों की कटिंग्स के साथ कमल की हस्तलिखित टिप्पणियां मिलीं, जिसने मामले को और रहस्यमय बना दिया. बम बनाने की सामग्री की बरामदगी से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं. पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि बरामद सामग्री की फॉरेंसिक जांच की जाएगी और फ्लैट में आने-जाने वालों की पहचान की जा रही है. स्थानीय निवासी निर्मला ने बम बनाने की सामग्री से डर का माहौल होने की बात कही और बैचलर युवक-युवतियों की जांच की मांग की. ग्रीन वैली सोसाइटी के प्रभारी पीएसएन राव ने बताया कि उन्हें लंबे समय से फ्लैट में संदिग्ध गतिविधियों का शक था, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. recent visitors 33

नगर सुराज संगम का आज से आगाज, डिप्टी सीएम अरुण का दो दिनी बैठक जारी

रायपुर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव प्रदेशभर के नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ पांच और छह मई को दो दिनों तक संवाद करेंगे। इसी क्रम में आज पांच मई सोमवार को निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ "नगर सुराज संगम" के विकास के विजन पर पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से रायपुर के एक निजी होटल में चर्चा कर रहे हैं। देश में पहली बार उप मुख्यमंत्री अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों को पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से चर्चा कर रहे हैं। दो दिनी कार्यक्रम में प्रत्येक नगरीय निकाय की आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना पर महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष तथा निकाय के अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में 5 मई और 6 मई को दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम-सह-कार्यशाला ’’नगर सुराज संगम’’ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 6 मई को कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करेंगे। उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौरों तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों को पाती लिखकर ’’नगर सुराज संगम’’ के लिए आमंत्रित किया है। अरुण साव कार्यशाला में नगरीय निकायों के महापौरों, सभापतियों, महापौर परिषद के सदस्यों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे। वे इस दौरान नगरीय निकायों की आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे। डॉ. बसवराजु ने बताया कि प्रबोधन-सह-कार्यशाला में नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नगरीय प्रशासन विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) की योजनाओं, कार्यों तथा विभिन्न अधिनियमों के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। शहरों के व्यवस्थित विकास के लिए अगले पांच वर्षों की कार्ययोजना पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री श्री साव के निर्देश पर नगरीय प्रशासन विभाग एवं राज्य शहरी विकास अभिकरण की योजनाओं पर विभाग द्वारा मार्गदर्शिका का प्रकाशन किया गया है। श्री साव शुभारंभ सत्र में इस ‘मार्गदर्शिका बुकलेट’ का विमोचन करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने पाती लिखकर दिया आमंत्रण उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौरों तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों को पाती लिखकर प्रबोधन-सह-कार्यशाला में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने अपनी पाती में नगरीय निकायों के आम निर्वाचन में निर्वाचित होने के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि हमारी सुशासन की सरकार के संकल्प पर आम जनता ने नगरीय निकायों के निर्वाचन में भी अपना विश्वास हमारी नीतियों एवं कार्यप्रणाली पर जताया है। भविष्य में भी हमारा प्रयास जनता के इस भरोसे को अपने जन हितकारी कार्यों से अक्षुण्ण बनाए रखना होगा। आप अपने शहर के प्रथम नागरिक हैं, जिससे आपका दायित्व भी बढ़ा है। हमारी सरकार आप सभी के सहयोग से शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधापूर्ण बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। साव ने महापौरों तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों को संबोधित करते हुए लिखा है कि हमारे संकल्पों के सोपान में एक पहल के रूप में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यशाला में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं अधिनियमों के महत्वपूर्ण प्रावधानों, कामकाज तथा हमारी सरकार की शहर के व्यवस्थित विकास के लिए आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना पर विस्तृत परिचर्चा की जाएगी।   recent visitors 30