BJP कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोप पर बवाल, एरोड्रम TI समेत 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड

Uproar over allegations of assault on BJP workers; 7 police personnel, including the Aerodrome TI, suspended.

इंदौर । शहर के एरोड्रम थाने में शुक्रवार देर रात बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने पहुंचे पं. जयदीप दुबे और पंकज चौबे के साथ पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज और मारपीट की और उन्हें घसीटकर अंदर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक गोलू शुक्ला के 400 से ज्यादा समर्थक थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव कर दिया और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। देर रात हंगामे के बीच एरोड्रम थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह कुशवाह समेत सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया।

पड़ोसी से विवाद के बाद शिकायत करने पहुंचे थे जयदीप
मामले की शुरुआत शुक्रवार शाम करीब 6 बजे हुई। एरोड्रम क्षेत्र में रहने वाले बीजेपी कार्यकर्ता पं. जयदीप दुबे का अपने पड़ोसी से विवाद हो गया था। जयदीप का आरोप है कि इस दौरान पड़ोसी ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी और वीडियो स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला को भेजा। इसके बाद विधायक के कहने पर जयदीप शिकायत दर्ज कराने एरोड्रम थाने पहुंचे।

जयदीप का आरोप है कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय टालमटोल करते रहे। शाम से रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर मामला बढ़ने लगा। इसी बीच रात करीब 11 बजे बीजेपी कार्यकर्ता पंकज चौबे भी थाने पहुंच गए।

रात 11 बजे बढ़ा विवाद
पंकज चौबे के थाने पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि थाने में मौजूद एसआई, एएसआई और अन्य पुलिसकर्मियों ने जयदीप दुबे और पंकज चौबे के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें घसीटकर अंदर ले जाया गया। घटना की खबर पार्टी के दूसरे कार्यकर्ताओं तक पहुंची तो उन्होंने विधायक गोलू शुक्ला को इसकी जानकारी दी। इसके बाद देर रात बड़ी संख्या में समर्थक एरोड्रम थाने पहुंचने लगे। कुछ ही देर में थाने के बाहर भीड़ जमा हो गई और नारेबाजी शुरू हो गई।

CCTV फुटेज का हवाला देकर कार्रवाई की मांग
थाने पहुंचे समर्थकों का कहना था कि पुलिसकर्मियों की ओर से की गई मारपीट थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने फुटेज की जांच कराने और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। समर्थक कार्रवाई होने तक थाने से हटने को तैयार नहीं थे। इस दौरान थाने के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

TI समेत पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
मामला बढ़ने पर एडिशनल डीसीपी सुमित केरकट्टा पुलिस बल के साथ एरोड्रम थाने पहुंचे। उन्होंने नाराज कार्यकर्ताओं से बात कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। हालांकि समर्थक संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग पर अड़े रहे। देर रात पुलिस प्रशासन ने थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह कुशवाह समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

Loading spinner
Advertisement