MP: Uproar over illegal extortion on highway; constable snatches driver’s mobile phone and flees—suspended following a road blockade.
ग्वालियर । हाइवे पर जिस परिवहन उड़नदस्ते की नियम कायदों को रोकने की जिम्मेदारी थी वही उड़नदस्ता खुद ट्रकों से वसूली के विवाद में है। मामला बुधवार का है जब डबरा में सिंध नदी से पहले ही हाइवे पर उड़नदस्ते के परिवहन आरक्षक ने ट्रक को रोका। शिकायत है कि आरक्षक ने ट्रक काे वसूली के लिए रोका था और इसके बाद ड्राइवर और आरक्षक में विवाद भी हुआ।
दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल छीन लिए थे और आरक्षक जब ड्राइवर का मोबाइल लेकर निकल गया तो ट्रक चालकों ने जाम लगा दिया। जाम लगने की खबर ग्वालियर के अधिकारियों से लेकर भोपाल तक पहुंच गई। अधिकारियों ने जानकारी ली और परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने परिवहन आरक्षक बालाजी गुर्जर को प्राथमिक तौर पर दोषी पाते हुए निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
मोबाइल छीना-झपटी के बाद चालकों ने लगाया जाम
- जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग का उड़नदस्ता हाइवे पर वाहनों की चेकिंग करता है। इस उड़नदस्ते की इन दिनों डबरा हाइवे पर डयूटी थी और डबरा में सिंध नदी से ठीक पहले ही परिवहन आरक्षक बालाजी गुर्जर व टीम चेकिंग कर रही थी। यहीं एक ट्रक को रोका और वसूली की गई, यही शिकायत सामने आई।
- परिवहन आरक्षक ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी लेने पर बताया कि वह चेकिंग कर रहा था और ट्रक चालक ने अभद्रता कर उसका मोबाइल छीन लिया। चालक ने मोबाइल छीन लिया तो परिवहन आरक्षक ने भी मोबाइल छीन लिया। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद गुस्से में वहां से आरक्षक चालक का मोबाइल लेकर निकल आया।
- आरक्षक के जाने के बाद मौके पर उस ट्रक चालक सहित कई चालकों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। जाम की खबर पुलिस अधिकारियों तक पहुंची और मामला परिवहन की चेकिंग से जुड़ा पाया तो परिवहन के अधिकारियों को बताया गया। उड़नदस्ता के प्रभारी एएसआइ नीलम मिंज हैं जो मौके पर थे या नहीं यह अधिकारी जांच कर रहे हैं।
परिवहन आरक्षक की पहले भी शिकायतें
परिवहन आरक्षक बालाजी गुर्जर की पहले भी कई शिकायतें अफसरों तक पहुंची हैं। उड़नदस्ते को किसी भी मार्ग पर चेकिंग का अधिकार है जिसको लेकर शिकायतें भी ट्रांसपोर्टर कर चुके हैं। मालवा कालेज तिराहा से शीतला माता मंदिर रोड पर जाने वाले मार्ग पर भी उड़नदस्ता की भूमिका पर सवाल खड़े हो चुके हैं।
मामले की जांच कर रहे हैं
डबरा में सिंध नदी से पहले उड़नदस्ता के आरक्षक की अवैध वसूली की शिकायत पर मुख्यालय स्तर कार्रवाई की गई है, ट्रक चालकों ने जाम भी लगाया और विवाद भी होना पता चला है। मामला दिखवा रहे हैं। विक्रमजीत सिंह कंग, आरटीओ, ग्वालियर