Rajasthan Panchayat Elections Live: Voting brisk in some areas, sluggish in others; 18% turnout in Ramgarh, 5.71% in Kumbhalgarh. झालावाड़: भवानीमंडी में 15.46% मतदान, अकलेरा में सबसे कम 7.71%झालावाड़ जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 12.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए जारी आंकड़ों के अनुसार, भवानीमंडी में सबसे ज्यादा 15.46 प्रतिशत मतदान हुआ। डग में 14.85 प्रतिशत और मनोहरथाना में 13.49 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, अकलेरा में सुबह 10 बजे तक 7.71 प्रतिशत मतदान हुआ, जो दिए गए आंकड़ों में सबसे कम है। नागौर: जिला परिषद के 21 वार्डों में सुबह 10 बजे तक 12.59% मतदाननागौर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद के 21 वार्डों में मतदान जारी है। गुरुवार सुबह 10 बजे तक जिले में 12.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिला परिषद नागौर के 21 वार्डों में कुल 6,53,641 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से सुबह 10 बजे तक 82,289 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह सुबह 10 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 12.59 रहा। सिरोही: आबूरोड में सबसे ज्यादा 13.85% मतदान, कालंद्री में सबसे कमसिरोही जिले में पंचायतीराज चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत गुरुवार को मतदान जारी है। जिले की चार पंचायत समितियों—मंडार, आबूरोड, शिवगंज और कालंद्री—में सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं। सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, आबूरोड में सबसे ज्यादा 13.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शिवगंज में 13.04 प्रतिशत, मंडार में 10.10 प्रतिशत और कालंद्री में 9.99 प्रतिशत मतदान हुआ। पहले चरण में जिला परिषद की 13 सीटों और चार पंचायत समितियों की 72 सीटों के लिए मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुबह के आंकड़ों में आबूरोड मतदान प्रतिशत के मामले में आगे रहा, जबकि कालंद्री में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी दर्ज की गई। केकड़ी: सरवाड़ में मतदान की रफ्तार तेज, केकड़ी में सबसे कम वोटिंगकेकड़ी क्षेत्र में पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही केकड़ी, सरवाड़ और सावर पंचायत समितियों के मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंच रहे हैं। सुबह के समय मतदान केंद्रों पर महिलाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।सुबह 10 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, सरवाड़ पंचायत समिति में 16.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि सावर में 12.89 प्रतिशत और केकड़ी में 11.31 प्रतिशत मतदान हुआ। इस तरह तीनों पंचायत समितियों में सरवाड़ मतदान प्रतिशत के मामले में आगे रहा, जबकि केकड़ी में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया। व्हीलचेयर पर पोते के साथ वोट डालने पहुंचीं 70 वर्षीय जैता देवी केकड़ी क्षेत्र की सावर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 12 के अंतर्गत ग्राम पंचायत कालेड़ा कंवरजी के बूथ संख्या 26 पर 70 वर्षीय जैता देवी व्हीलचेयर पर अपने पोते के साथ मतदान करने पहुंचीं। उनकी मौजूदगी मतदान में भागीदारी के प्रति उत्साह को दर्शाती है। भीलवाड़ा: सुबह 10 बजे तक 11.26% मतदान, व्हीलचेयर पर पहुंचीं मोहनी देवीभीलवाड़ा जिले में जिला परिषद के 28 वार्डों और पहले चरण में पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक जिले में 1,00,765 मतदाताओं ने वोट डाले। इस दौरान कुल मतदान प्रतिशत 11.26 दर्ज किया गया। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बिजौलिया के सलावटिया मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की भीड़ रही। मतदाता कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। इसी बूथ पर मोहनी देवी व्हीलचेयर पर पहुंचकर मतदान करने आईं। वहीं, आरोली के रसदपुरा मतदान केंद्र पर भी महिला मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। राजसमंद: देलवाड़ा में सबसे ज्यादा 13.19% मतदान, कुंभलगढ़ में रफ्तार धीमीराजसमंद जिले में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक जिले में कुल 10.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। देलवाड़ा में सबसे ज्यादा 13.19 प्रतिशत और खमनोर में 13.13 प्रतिशत मतदान हुआ। आमेट में 11.40 प्रतिशत, चारभुजा में 10.37 प्रतिशत और कुंभलगढ़ में 5.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में जिले के 3,68,917 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला परिषद के 13 निर्वाचन क्षेत्रों और पांच पंचायत समितियों के 81 वार्डों में मतदान कराया जा रहा है। इसके लिए जिले में 428 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पंचायत समितियों में कम मतदान कम मतदान वाले क्षेत्रों में राजसमंद की कुंभलगढ़ पंचायत समिति 5.71 प्रतिशत के साथ सबसे नीचे रही। उदयपुर की भिंडर पंचायत समिति में 5.73 प्रतिशत और कुराबड़ में 7.10 प्रतिशत मतदान हुआ। झालावाड़ की अकलेरा पंचायत समिति में 7.71 प्रतिशत और पाली की रानी स्टेशन पंचायत समिति में 8.67 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। शुरुआती आंकड़ों में अलवर की रामगढ़ पंचायत समिति मतदान प्रतिशत के मामले में आगे रही, जबकि राजसमंद की कुंभलगढ़ में वोटिंग की रफ्तार धीमी रही। मतदान के आगे के आंकड़ों में बदलाव संभव है। recent visitors 2