कश्मीर
मौसम तेजी से बदल रहा है। ठंड बढ़ने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान गिरेगा। इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की उम्मीद है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और माहे में अलग-अलग जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी पूरे सप्ताह कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग और गुरेज सहित कश्मीर घाटी के ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। इससे तापमान में गिरावट आई और गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यटन स्थल गुलमर्ग में इस मौसम का पहला तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियय दर्ज किया गया। हिमपात के बाद गुलमर्ग घाटी के सबसे ठंडे स्थानों में से एक बन गया है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा शहर में पिछले 24 घंटों में 10.2 मिमी बारिश हुई।

कश्मीर में रात के तापमान में तेजी से गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी के बाद कश्मीर में रात के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान गिरकर 0.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, हिमाचल प्रदेश में बदलते मौसम के बीच राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में होने के कारण कई झीलें, नदी-नाले और झरने जमने लगे हैं। इस सर्दी के सीजन में पहली बार ताबो का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसके अलावा कुकुमसेरी व समदो का न्यूनतम तापमान भी माइनस में दर्ज किया गया है। केलांग का पारा शून्य तक पहुंच गया है। राजधानी शिमला में भी ठंड काफी बढ़ गई है।

दिल्ली में अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। रात के तापमान में गिरावट के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कोहरा छाया रहा। सुबह और शाम को ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम का दूसरा सबसे कम तापमान था। इस बीच सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता घटकर 300 मीटर रह गई तथा पूरे दिन आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत से 79 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने रविवार सुबह और शाम को धुंध और घना कोहरा रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 डिग्री सेल्सियस और 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

Loading spinner
यूजफुल टूल्स
QR Code Generator

QR Code Generator

Age Calculator

Age Calculator

Word & Character Counter

Characters: 0

Words: 0

Paragraphs: 0