आधी रात को निकाली श्रृंगार यात्रा, छत्तीसगढ़-जगदलपुर की ‘माई दंतेश्वरी’ के किन्नर समाज ने सबसे पहले किए दर्शन

जगदलपुर। बस्तर में भी शारदीय नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. गुरुवार सुबह से ही बस्तर के सभी देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है. वहीं बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में सुबह से ही लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. नवरात्रि के पहले दिन देवी की पहली पूजा किन्नर समाज द्वारा किए जाने की लंबे समय से परंपरा चली आ रही है. किन्नर समाज ने बाकायदा बुधवार और गुरुवार को आधी रात शहर में श्रृंगार यात्रा निकाली. साज-श्रृंगार किए किन्नरों ने आधी रात में बग्धी में सवार होकर श्रृंगार यात्रा निकालकर दंतेश्वरी मंदिर पहुंचते हैं, और सुबह के करीब 4 बजे जैसे ही मां दंतेश्वरी का दरबार खुलता है, वैसे ही पहला दर्शन किन्नरों द्वारा किया जाता है. इसके बाद माता को पहली चुनरी और श्रृंगार किन्नरों द्वारा चढ़ाई जाती है. किन्नर समाज की अध्यक्ष रिया परिहार ने बताया कि हर साल किन्नरों के श्रृंगार यात्रा में जगदलपुर के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिशा से भी किन्नर भव्य यात्रा में शामिल होने के लिए बस्तर पहुंचते हैं, और नवरात्रि के पहले दिन हर साल सात श्रृंगार किए किन्नरों द्वारा श्रृंगार यात्रा निकाली जाती है. इसे बस्तरवासियों का भी समर्थन मिलता है. रिया परिहार ने बताया कि मां दंतेश्वरी के प्रति किन्नरों की गहरी आस्था है. यही वजह है कि हर साल नवरात्रि के पहले दिन चुनरी और श्रृंगार का समान किन्नरों द्वारा ही माता को चढ़ाया जाता है. इस पूजा के पीछे उनका उद्देश्य होता है कि सभी व्यापारियों व बस्तरवासियों पर किसी तरह की कोई समस्या ना आए और किसी की गोद खाली ना रहे, इसलिए मां दंतेश्वरी से वे प्रार्थना करने पहुंचते हैं. recent visitors 126

पठानकोट: चक्की दरिया में पूजा सामग्री प्रवाह करने गए बाप-बेटा दरिया में डूब गए, हुई मौत, सोचा न था हो जाएगा ऐसा

पठानकोट पठानकोट में बहते चक्की दरिया में दर्दनाक हादसा होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार चक्की दरिया में पूजा सामग्री प्रवाह करने गए बाप-बेटा दरिया में डूब गए। एन.डी.आर.एफ. और पुलिस द्वारा दरिया में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पिता का शव बरामद कर लिया गया है। उनकी पहचान विनय महाजन निवासी बसंत कॉलोनी के रूप में हुई है और बेटे की तलाश अभी जारी है।   मौके पर मौजूद मौहल्ले के लोगों द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि दोपहर के समय बाप-बेटा पूजा सामग्री प्रवाह करने के लिए चक्की दरिया के पास आए थे। कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब वह घर न पहुंचे तो परिवार द्वारा उनकी तलाश शुरू की गई। परिवार ने चक्की दरिया के किनारे उनकी स्कूटी देखी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।    पुलिस द्वारा एन.डी.आर.एफ. की टीम के साथ चक्की दरिया में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्हें विनय महाजन का शव बरामद हुआ। लोगों का कहना है कि पूजा सामग्री प्रवाह करते समय उनका पैर फिलसने से यह हादसा हुआ लगता है। अभी भी एन.डी.आर.एफ. की टीम द्वारा विनय महाजन के बेटे की तलाश की जा रही है पर पानी का बहाव तेज होने के चलते इसमें समय लग सकता है।  recent visitors 134

रैली निकालकर किया स्वागत, छत्तीसगढ़-रायपुर में सशस्त्र सैन्य समारोह में पहुंचा सेना का भीष्म टी-90 टैंक

रायपुर। भारतीय सेना का भीष्म टी-90 टैंक और अन्य आर्टिलरी आज राजधानी रायपुर पहुंचा, जिसका शहर में रैली निकालकर स्वागत किया गया. बता दें कि रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 5 और 6 अक्टूबर को सैन्य शक्ति प्रदर्शन आर्मी मेले का एक बड़ा आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भारतीय सैनिकों का जौहर देखने का मौका मिलेगा. इसी के तहत तैयारियां जोरों से जारी है. जिला प्रशासन की ओर से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने भीष्म टैंक का स्वागत किया. इसके बाद एक रैली के रूप में टैंक और अन्य सैन्य उपकरणों को तेलीबांधा, मरीन ड्राइव, कलेक्ट्रेट, जयस्तंभ और आश्रम चौक होते हुए साइंस कॉलेज मैदान तक ले जाया गया. रैली के दौरान रायपुर के नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला. सैकड़ों लोग इस शानदार रैली को अपने मोबाइल फोन में कैद करते हुए नजर आए. इस कार्यक्रम को लेकर राजधानी में सकारात्मक माहौल बना हुआ है और नागरिक इसे लेकर उत्सुक हैं. recent visitors 68

सावरकर खाते थे गोमांस कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री का विवादित बयान

बेंगलुरु कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने वीर सावरकर को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि सावरकर एक ब्राह्मण थे, फिर भी मांसाहारी थे। वो बीफ खाते थे। उन्होंने कभी गाय के वध का विरोध नहीं किया। इस विषय पर उनकी सोच काफी आधुनिक थी। उनके विचार एक तरह से कट्टरपंथी थे, जबकि दूसरी तरफ वह आधुनिकता को अपनाते थे। कुछ लोग यह भी कहते हैं कि वह एक ब्राह्मण होने के नाते खुलकर मांस खाते थे और इसका प्रचार करते थे। उन्होंने मोहम्मद अली जिन्ना के मुकाबले सावरकर को ज्यादा कट्टरपंथी बताया है। जिन्ना नहीं थे कट्टरपंथी: राव मोहम्मद अली जिन्ना का जिक्र करते हुए राव ने कहा कि उन्होने एक और चरमपंथ का प्रतिनिधित्व किया। वे कभी भी कठोर इस्लामवादी नहीं रहे, और कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने सूअर का मांस भी खाया। हालांकि वह बाद में मुसलमानों के लिए एक प्रतीक बन गए। जिन्ना कभी भी कट्टरपंथी नहीं थे, लेकिन सावरकर थे। राव ने ये भी कहा कि महात्मा गांधी एक सख्त शाकाहारी थे और हिंदू सांस्कृतिक रूढ़िवाद में उनकी गहरी आस्था थी। उन्होंने गांधी को एक लोकतांत्रिक व्यक्ति बताया, जो अपनी सोच में प्रगतिशील थे। 'बांटों और राज करो' नीति को अपना रही कांग्रेस उन्होंने आगे कहा, 'पहले राहुल गांधी ऐसा कर रहे थे। वहीं अब उनके नेता बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस हिंदू समाज को जातियों में बांटकर चुनाव जीतना चाहती है। यह अंग्रेजों की फूट डालो और राज करो की नीति की तरह है। सावरकर के बीफ खाने और गोहत्या का समर्थन करने का बयान गलत है। मैं उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराऊंगा।' उन्होंने यह भी कहा कि इंदिरा गांधी ने सावरकर की नीतियां अपनाई थीं। उन्होंने कभी गांधी या नेहरू की कोई नीति नहीं अपनाई। भाजपा नेता ने भी कांग्रेस पर बोला हमला भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, 'इन लोगों की ऐसी जानकारी साबित करती है कि ये अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। अगर वे इस तरह की जानकारी देते रहेंगे तो समाज उन्हें गंभीरता से नहीं लेगा। उन्हें बेहतर होने और देश की महान हस्तियों के बारे में ज्ञान हासिल करने के लिए एक मानसिक संस्थान में जाना चाहिए।' ये लोग सावरकर के बारे में कुछ नहीं जानते: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'ये लोग सावरकर के बारे में कुछ नहीं जानते। बार-बार उनका अपमान करते हैं। सावरकर ने गाय पर अपनी राय बखूबी रखी है। उन्होंने कहा था कि किसान के जन्म से लेकर मरने तक गायों ने उनकी मदद की है। तो गाय को भगवान का दर्जा दिया गया है। राहुल गांधी ने सावरकर पर इस तरह के झूठे बयान देने का सिलसिला शुरू किया और मुझे लगता है कि वे इसे आगे ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।' सावरकर के पोते करवाएंगे मानहानि का केस दर्ज कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव के इस बयान पर सावरकर के पोते रंजित सावरकर ने इसे लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सावरकर को बार-बार बदनाम करने की कांग्रेस की रणनीति है, खासकर जब चुनाव आ रहे हैं। सावरकर के बीफ खाने और गोहत्या का समर्थन करने का बयान गलत है। मैं उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराऊंगा। फडनवीस ने बोला कांग्रेस पर हमला कर्नाटक सरकार के मंत्री दिनेश गुंडूराव के बयान पर भाजपा नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ये बार-बार सावरकर का अपमान करते हैं। सावरकर जी ने गाय पर अपने विचार स्पष्ट तौर पर रखे हैं। उन्होंने कहा है कि किसान को जन्म से लेकर मृत्यु तक गाय मदद करती है इसलिए हमने गाय को ईश्वर का दर्ज़ा दिया है। सावरकर जी पर गलत बयानबाजी करना राहुल गांधी ने शुरू किया है, उसी को आगे ले जाने का प्रयास ये लोग कर रहे हैं। recent visitors 81

इजरायली सेना का बड़ा दावा- एक और दुश्मन हुआ ढेर, एयर स्ट्राइक में हमास के प्रमुख रावी मुश्तहा की हुई मौत

यरूशलम इजरायल (Israel) की सेना ने हमास (Hamas) के तीन वरिष्‍ठ नेताओं को मार गिराने का दावा किया है. इजरायल डिफेंस फोर्सेज (Israel Defense Forces) ने गुरुवार को कहा कि तीन महीने पहले एक हमले में गाजा में हमास के तीन सीनियर लीडर मारे गए थे. इनमें हमास सरकार का प्रमुख रावी मुश्‍तहा भी शामिल है. मुश्‍तहा को हमास प्रमुख याह्या सिनवार का करीबी माना जाता है. इजरायल की सेना गाजा में करीब एक साल से हमास के खिलाफ हमले कर रही है. आईडीएफ ने एक्‍स पर पोस्‍ट में कहा कि गाजा पट्टी में हमास सरकार के प्रमुख रावी मुश्तहा और हमास के राजनीतिक ब्यूरो के सुरक्षा विभाग को संभालने वाले समेह अल सिराज और एक कमांडर सामी औदेह की मौत हो गई. इजरायली सेना ने कहा कि तीनों कमांडरों ने उत्तरी गाजा में एक भारी सुरक्षा वाले अंडरग्राउंड कैंपस में शरण ली थी. इस जगह का इस्तेमाल वे अपने कमांड और कंट्रोल सेंटर के रूप में भी करते थे. 3 महीने पहले किया था हमला IDF ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'लगभग 3 महीने पहले गाजा में IDF और ISA के संयुक्त हमले में कई आतंकवादियों को मार गिराया गया, जिसमें गाजा में हमास सरकार के प्रमुख रावी मुश्तहा, हमास के पॉलिटिकल ब्यूरो और हमास की लेबर कमेटी में सिक्योरिटी पोर्टफोलियो रखने वाले समेह अल-सिराज, हमास के सामान्य सुरक्षा तंत्र के कमांडर समी औदेह शामिल हैं. IAF के लड़ाकू विमानों ने उत्तरी गाजा में एक किलेबंद और अंडरग्राउंड कंपाउंड में छिपे आतंकवादियों पर हमला किया और उन्हें मार गिराया.' आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करता रहेगा इजरायल IDF ने आगे कहा, यह कंपाउंड हमास के कमांड और कंट्रोल सेंटर के रूप में काम करता था और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को लंबे समय तक इसके अंदर रहने में सहूलियत थी. IDF ने कहा कि वह 7 अक्टूबर के नरसंहार के लिए जिम्मेदार सभी आतंकवादियों को खोजना जारी रखेगा और इजरायल को धमकी देने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा. मुश्तहा हमास के एक टॉप नेता याह्या सिनवार का करीबी सहयोगी था, जिसने 7 अक्टूबर को इजरायल पर हुए हमले की साजिश रचने में मदद की थी, जिसमें 100 से अधिक लोग मारे गए थे. पिछले सप्ताह लेबनान के बेरूत में एक हमले में इजरायल ने हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह को भी मार गिराया. recent visitors 62

देश में यदि कांग्रेस की सरकार नहीं होती तो 75 साल पहले ही अयोध्या में राम मंदिर बन जाता -सरमा

पलवल इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग की गूंज अब हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी सुनाई दे रही है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने  पलवल की एक रैली के दौरान हिजबुल्लाह के प्रमुख हसन नसरल्लाह के मारे जाने का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने भगवान से इरायल को शक्ति देने की प्रार्थना भी की। सरमा ने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस की हरियाणा में सरकार बनी तो पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा बुलंद होगा और मामन खान हिंदुओं को बाहर निकाल देगा। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि देश के कोने-कोने से बाहर को बाहर निकालना है। उन्होंने कहा, 'पूरे भारत में कांग्रेस ने तुष्टिकरण का महौल बनाकर रखा है। जहां भी जाओ कांग्रेस की एक ही बात है मियां और मुसलमान को कैसे अपने अपने जगह में ले जा सकता है। यदि देश में कांग्रेस की सरकार नहीं होती तो 75 साल पहले ही अयोध्या में राम मंदिर बन जाता। कांग्रेस ने बाबर को पालकर रखा था। अब बाबर की जगह रामलला आ गए, लेकिन देश के कोने-कोने में बाबर छिपे हैं। इन बाबर को हमें देश से धक्का मारकर निकालना है। इसके लिए भाजपा को बार-बार जितवाना है।' हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता मामन खान का जिक्र करते हुए कहा, 'वह कहते हैं कि हिंदुओं से हिसाब लेंगे। मैं मामन को कहना चाहता हूं आपने देखा है ना आंतक के खिलाफ इजरायल ने जैसा काम किया है, हमारे भारत में भी आतकंवाद के खिलाफ काम होगा। कोई आतंकवादी को बचा नहीं पाएगा। यह देश हिंदू ने बनाया है और कोई हिंदू से हिसाब नहीं ले सकता है। हिंदू ने इस देश को बनाया और हिंदू ही देश को सुपरपावर बनाएगा।' सरमा ने कहा कि इजरायल ने नसरल्लाह को मार गिराया तो INDI गठबंधन रो रहा है। उन्होंने पूछा कि क्या सीमा पर सैनिकों के मारे जाने पर ये लोग रोते हैं? उन्होंने कहा, 'जब हिजबुल्लाह का कमांडर मरता है तो ये रोते हैं। मैं तो मन में यही कामना करता हूं कि विश्व में आतंकवाद खत्म होना चाहिए। भगवान इजरायल को और शक्ति दे कि वह आतंकवाद खत्म कर दे। हम शांतप्रिय लोगों के साथ हैं, लेकिन उनके साथ नहीं जो आतंकवाद को अपना धर्म मानते हैं। भगवान इजरायल को और शक्ति दे कि देश-विदेश में जितना नसरल्लाह है, सबका खात्मा हो जाए।' recent visitors 65

बाईपास सड़क निर्माण कार्य में लाएं तेजी- कलेक्टर

बाईपास सड़क निर्माण कार्य में लाएं तेजी- कलेक्टर कलेक्टर ने की बाईपास सड़क निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश अनूपपुर  कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने आज कलेक्ट्रेट कक्ष में अनूपपुर में बनाए जा रहे बाईपास सड़क के प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य में गंभीरता लाने तथा तेजी से कार्य कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने प्रतिदिन कार्य की मॉनिटरिंग करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी अनूपपुर एवं तहसीलदार को दिए। बैठक में कलेक्टर ने बाईपास निर्माण से संबंधित समस्याओं के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।    बैठक में कलेक्टर ने अनूपपुर बायपास रोड के प्रारूप (नोटिस) को अतिशीघ्र वितरित करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी पीडब्ल्यूडी को दिए तथा ठेकेदार से बेहतर समन्वय स्थापित कर अनुबंध के अनुसार समय में कार्य पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने वृक्षों की कटाई, सड़क की परिसीमन, किसानो की अधिग्रहण भूमि, मार्ग में कार्य की प्रगति सहित और विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।   बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्रीमती दीपशिखा भगत सहित संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित थे। recent visitors 98